Category: BNCMC

  • Dowry Harassment Case: दहेज में कार न मिलने पर विवाहिता को किया प्रताड़ित, पति समेत चार पर केस

    Dowry Harassment Case: दहेज में कार न मिलने पर विवाहिता को किया प्रताड़ित, पति समेत चार पर केस

    Dowry Harassment Case: भिवंडी के कोनगांव क्षेत्र में दहेज में चार पहिया वाहन न दिए जाने से नाराज ससुराल वालों द्वारा विवाहिता को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देने का मामला सामने आया है।महिला की शिकायत पर शांतीनगर पुलिस ने पति, सास और दो ननदों सहित चार लोगों दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस के अनुसार रामनगर स्थित चाविंद्रा रोड क्षेत्र की रहने वाली 23 वर्षीय विवाहिता ने शिकायत दर्ज कराई है कि विवाह के बाद से उसके ससुराल पक्ष के लोग लगातार उसे मायके से चार पहिया वाहन खरीदने के लिए पैसे लाने का दबाव बना रहे थे।

    कोनगांव स्थित सिद्धि विनायक अपार्टमेंट में रहते वाले उसके पति राजकुमार लालताप्रसाद गुप्ता, सास कलावती गुप्ता, ननद प्रियंका और शीतल ने आपस में मिलकर 15 जुलाई 2021 से लेकर अब तक उसे बार-बार ताने दिए, गाली-गलौज की और मारपीट कर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।

    पीड़िता का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसे ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया जिसके बाद वह शांतीनगर पुलिस स्टेशन पहुंची और चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 85, 115(2), 352, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

    मामले की जांच महिला पुलिस अधिकारी मनाली फर्डे कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • Bhiwandi: भिवंडी से 17 वर्षीय किशोर लापता, अज्ञात व्यक्ति पर बहला-फुसलाकर ले जाने का शक!

    Bhiwandi: भिवंडी से 17 वर्षीय किशोर लापता, अज्ञात व्यक्ति पर बहला-फुसलाकर ले जाने का शक!

    Bhiwandi: भिवंडी के टेमघर पाडा क्षेत्र से 17 वर्षीय किशोर के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने कई दिनों तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर शांतीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस के अनुसार, टेमघर पाडा, भादवड स्थित मंगलादेवी की चाल में रहने वाले 62 वर्षीय कुल्फी विक्रेता ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनका 17 वर्षीय पुत्र 5 जून 2026 की सुबह करीब 8 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों, मित्रों और भिवंडी के विभिन्न इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

    लगातार खोजबीन के बावजूद किशोर नहीं मिलने पर परिवार ने 9 जून को शांतीनगर पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।शिकायत में आशंका जताई गई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने किशोर को किसी प्रकार का लालच या प्रलोभन देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।

    इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।पुलिस ने किशोर की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक अवसारे कर रहे हैं।

  • Bhiwandi Crime News: बाथरूम में वीडियो बनाने का आरोप, पड़ोसी युवक पर पॉक्सो सहित मामला दर्ज

    Bhiwandi Crime News: बाथरूम में वीडियो बनाने का आरोप, पड़ोसी युवक पर पॉक्सो सहित मामला दर्ज

    Bhiwandi Crime News: भिवंडी तालुका के सारंग गांव में एक पड़ोसी युवक द्वारा बाथरूम की खिड़की के पास मोबाइल फोन लगाकर पड़ोसी परिवार की महिलाओं का कथित रूप से वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर नारपोली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस के अनुसार, नारपोली पुलिस स्टेशन में 16 वर्षीय एक नाबालिग छात्रा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 8 जून 2026 की रात करीब 11.15 बजे पड़ोस में रहने वाले अमित मोतीराम पाटील ने एक डंडे की सहायता से मोबाइल फोन को उनके घर के बाथरूम की खिड़की के पास पहुंचाकर उसकी मां और मौसी का वीडियो रिकॉर्ड किया।

    शिकायत के मुताबिक, नाबालिग ने आरोपी के मोबाइल फोन में उक्त वीडियो देखा, जिससे उसे मानसिक आघात पहुंचा। इसके बाद वह पुलिस स्टेशन पहुंची और घटना की जानकारी पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नारपोली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 77 तथा बालकों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, 2012 की धारा 8 और 12 के तहत मामला दर्ज किया है।

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है और उसकी तलाश जारी है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक सुनील बिन्हाडे कर रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की पुष्टि जांच के दौरान की जाएगी। आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोप शिकायत के आधार पर दर्ज किए गए हैं।

  • Shramjeevi Sanghatana Protests: घटिया कंक्रीट सड़क के खिलाफ श्रमजीवी संगठन का प्रदर्शन, सार्वजनिक निर्माण विभाग कार्यालय पर मोर्चा

    Shramjeevi Sanghatana Protests: घटिया कंक्रीट सड़क के खिलाफ श्रमजीवी संगठन का प्रदर्शन, सार्वजनिक निर्माण विभाग कार्यालय पर मोर्चा

    Shramjeevi Sanghatana Protests: भिवंडी तालुका के गोमतारा किला से देपोली मार्ग पर जिला योजना समिति के माध्यम से लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कंक्रीट सड़क की गुणवत्ता को लेकर श्रमजीवी संगठन ने तीव्र विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने भादवड स्थित सार्वजनिक निर्माण विभाग (लोनिवि) कार्यालय पर मोर्चा निकालकर धरना दिया और सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग की।

    जानकारी के अनुसार, पिळंझे ग्राम पंचायत के अंतर्गत देपोली से गोमतारा किला मार्ग पर स्थित भवरपाडा, नंबरपाडा और खरमपाडा जैसे आदिवासी बस्तियों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2022-23 में जिला योजना समिति के माध्यम से दो करोड़ रुपये की निधि मंजूर की गई थी।

    श्रमजीवी संगठन का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण कार्य अत्यंत निम्न गुणवत्ता का किया गया है। इस संबंध में स्थानीय ग्रामीणों और संगठन की ओर से 16 मार्च को सार्वजनिक निर्माण विभाग को लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने न तो स्थल निरीक्षण किया और न ही तकनीकी जांच कर कोई कार्रवाई की।

    विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व श्रमजीवी संगठन के तालुका सचिव विश्वनाथ पासारी, उपाध्यक्ष चंद्रकांत रायत, महापोली गुट अध्यक्ष दयानंद पाटील सहित तानाजी लहांगे, सुरेश ठाकरे, दशरथ गवळी, किशोर पाटील, विठ्ठल पस्टे, निलेश शेलार, भीमाबाई पवार और सुनीताबाई भवर ने किया।

    प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सड़क निर्माण शुरू करते समय नियमानुसार परियोजना की जानकारी, स्वीकृत निधि और कार्य विवरण दर्शाने वाला सूचना फलक नहीं लगाया गया। इसके अलावा सड़क निर्माण के दौरान आवश्यक रोलर कॉम्पैक्शन नहीं किया गया और सीमेंट कंक्रीट सड़क पर निर्धारित मानकों के अनुसार पानी का छिड़काव भी नहीं किया गया।

    संगठन का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही सड़क पर कई स्थानों पर बड़ी-बड़ी दरारें दिखाई देने लगी हैं। सड़क किनारे बनाई गई नालियां भी निम्न गुणवत्ता की सामग्री के कारण टूटने और ध्वस्त होने की स्थिति में पहुंच गई हैं। कई जगहों पर सड़क की मोटाई स्वीकृत अनुमान (एस्टीमेट) से कम होने का आरोप भी लगाया गया है, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका व्यक्त की गई है।

    श्रमजीवी संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों की लापरवाही और उदासीनता के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है तथा संबंधित ठेकेदार को संरक्षण दिया जा रहा है। संगठन ने मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य की तत्काल निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए, ठेकेदार का भुगतान रोका जाए तथा निर्धारित मानकों और स्वीकृत बजट के अनुसार सड़क का पुनर्निर्माण कराया जाए। साथ ही, कार्य की निगरानी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाए।

  • Sanitary Pad Disposal Machine: भिवंडी के आदर्श पार्क में सैनिटरी पैड डिस्पोजल मशीन का उद्घाटन

    Sanitary Pad Disposal Machine: भिवंडी के आदर्श पार्क में सैनिटरी पैड डिस्पोजल मशीन का उद्घाटन

    Sanitary Pad Disposal Machine: महिलाओं के स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भिवंडी महानगरपालिका के वार्ड क्रमांक-1 स्थित आदर्श पार्क में सैनिटरी पैड डिस्पोजल मशीन का उद्घाटन नगरसेविका नेहा काठवले के हाथों किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उपस्थित रहकर इस पहल का स्वागत किया।

    नगरसेविका नेहा काठवले ने बताया कि महिलाओं के सम्मान, स्वास्थ्य और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए यह मशीन उनके स्वखर्च से स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं को सैनिटरी कचरे के सुरक्षित एवं वैज्ञानिक निस्तारण की सुविधा प्रदान करेगी। उनके अनुसार भिवंडी में इस प्रकार की यह पहली जनहितकारी पहल है।

    उद्घाटन समारोह में नगरसेवक मयुरेश पाटील, सामाजिक कार्यकर्ता नवीन काठवले, मनपा स्वास्थ्य निरीक्षक उत्तम एस. जाधव तथा बड़ी संख्या में स्थानीय महिला नागरिक उपस्थित थीं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को मशीन का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कर इसकी कार्यप्रणाली समझाई गई।

    साथ ही मासिक धर्म स्वच्छता, सैनिटरी कचरे के सुरक्षित निपटान तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी जानकारी दी गई। नगरसेवक मयुरेश पाटील ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता से संबंधित ऐसे उपक्रमों को महानगरपालिका स्तर पर व्यापक रूप से लागू किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को इसका लाभ मिल सके।

    वहीं स्वास्थ्य निरीक्षक उत्तम एस. जाधव ने सैनिटरी कचरे के उचित निस्तारण, सार्वजनिक स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतों को अपनाने का आह्वान किया। इस पहल को लेकर क्षेत्र की महिलाओं में विशेष उत्साह देखा गया।

    उपस्थित महिलाओं ने नगरसेविका नेहा काठवले का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुविधा न केवल महिलाओं के लिए उपयोगी साबित होगी, बल्कि मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।

  • Bhiwandi Assault: दूसरी सगाई से नाराज पूर्व पति पर हमले का आरोप, युवती समेत परिजनों से मारपीट!

    Bhiwandi Assault: दूसरी सगाई से नाराज पूर्व पति पर हमले का आरोप, युवती समेत परिजनों से मारपीट!

    Bhiwandi Assault: भिवंडी के शांतीनगर थाना क्षेत्र में एक युवती की दूसरी जगह सगाई होने से नाराज उसके पूर्व पति द्वारा कथित रूप से मारपीट और हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस के अनुसार, जैतूनपुरा निवासी रिक्शा चालक अरफात अर्शद अंसारी (19) ने शांतीनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि उनकी बहन मुब्बाशीरा कैफ अंसारी (21) का पूर्व में सलमान अलीम अंसारी (25) के साथ विवाह हुआ था। पारिवारिक कारणों से दोनों के बीच तलाक हो गया था, जिसके बाद मुब्बाशीरा की सगाई दूसरे युवक से तय हुई थी।

    शिकायतकर्ता के अनुसार, इसी बात से नाराज सलमान अंसारी ने पहले भी कल्याण नाका क्षेत्र में मुब्बाशीरा के साथ विवाद किया था। बाद में समझौते और बातचीत के बहाने उसने मुब्बाशीरा, उसके होने वाले पति कैफ अंसारी, भाई अरफात अंसारी तथा रिक्शा मालिक साजिद को गायत्रीनगर स्थित कादरिया मस्जिद के पास बुलाया।

    आरोप है कि 6 जून 2026 की तड़के लगभग 3 बजे हुई मुलाकात के दौरान सलमान अंसारी ने मुब्बाशीरा के साथ गाली-गलौज की और थप्पड़ मारकर उसकी पिटाई की। जब परिजन और अन्य लोग बीच-बचाव के लिए आगे आए तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया गया।

    शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने अपने पास मौजूद किसी धारदार वस्तु से मुब्बाशीरा की पीठ पर वार किया, जिससे वह घायल हो गई। घटना में युवती को चोटें आई हैं और उसका उपचार कराया गया।

    शांतीनगर पुलिस ने आरोपी सलमान अलीम अंसारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत गुन्हा क्रमांक 537/2026 दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

    प्रकरण की जांच सहायक पुलिस उपनिरीक्षक योगेश गायकर कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • Bhiwandi Municipal Corporation: अगर गरीबों के घरों पर बुलडोजर चला, तो हम चुप नहीं बैठेंगे; सुरेश म्हात्रे की चेतावनी!

    Bhiwandi Municipal Corporation: अगर गरीबों के घरों पर बुलडोजर चला, तो हम चुप नहीं बैठेंगे; सुरेश म्हात्रे की चेतावनी!

    Bhiwandi Municipal Corporation: भिवंडी महानगरपालिका ने विकास प्राधिकरण बनाते समय अमीर और रसूखदार लोगों को फायदा पहुँचाने का काम जानबूझकर किया है। लेकिन, अगर इसकी वजह से आम जनता के घरों पर बुलडोजर चलाया जाएगा, तो हम चुप नहीं बैठेंगे। यह तीखी प्रतिक्रिया सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ बाळ्या मामा ने दी है।

    शहर के टेमघर इलाके के रहने वाले राजेश म्हात्रे के घर के पास की सड़क पहले विकास प्राधिकरण के नक्शे में छोटी थी। लेकिन, बिल्डरों को फायदा पहुँचाने के लिए जानबूझकर उस सड़क को राजेश म्हात्रे के घर की तरफ खिसका दिया गया है, जिससे उनका घर इसकी चपेट में आ रहा है।

    इस संबंध में राजेश म्हात्रे ने सांसद सुरेश म्हात्रे से मुलाकात कर अपनी व्यथा सुनाई। इसके तुरंत बाद, सांसद ने सीधे नगर निगम के नगर रचना विभाग के सहायक निदेशक नितिन जाधव को फोन किया और मिलने का समय लिया। परंतु, शुक्रवार को जब सांसद सुरेश म्हात्रे नगर निगम मुख्यालय पहुँचे, तो अधिकारी नितिन जाधव वहाँ मौजूद नहीं थे।

    संबंधित ख़बरें: Bhiwandi Environment Day: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भिवंडी में जगह-जगह वृक्षारोपण

    उनकी अनुपस्थिति में सांसद ने अजय साबले से चर्चा की। उस समय भड़के सांसद सुरेश म्हात्रे ने बेहद सख्त रुख अपनाते हुए अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “भिवंडी शहर का विकास प्राधिकरण किसे फायदा पहुँचाने के लिए बनाया गया है, इससे हमारा कोई लेना-देना नहीं है।

    यह विकास प्राधिकरण दो बार बदला गया है। अगर किसी को बचाना है, तो शौक से बचाइए; लेकिन अगर उसकी वजह से किसी गरीब का घर तबाह होगा, तो हम हाथ पर हाथ धरकर नहीं बैठेंगे।” सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ बाळ्या मामा ने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि अधिकारियों को फोन करके मिलने का समय तय करने के बाद भी वे अनुपस्थित रहे।

    ठीक है, वे कभी न कभी तो दफ्तर आएँगे ही तब उनसे यह जवाब ज़रूर माँगा जाएगा कि एक सीधी सड़क को जानबूझकर क्यों मोड़ा गया? यह बड़े और अमीर लोगों के साथ सांठगांठ करके आम जनता को परेशान करने का सीधा मामला है।

  • Bhiwandi Environment Day: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भिवंडी में जगह-जगह वृक्षारोपण

    Bhiwandi Environment Day: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भिवंडी में जगह-जगह वृक्षारोपण

    Bhiwandi Environment Day: 5 जून को जब पूरी दुनिया में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जा रहा है, तब भारत में यह पर्यावरण दिवस एक पेड़ माँ के नाम, एक पेड़ राष्ट्र के नाम’ की संकल्पना के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में भिवंडी महानगरपालिका की ओर से महापौर नारायण चौधरी के द्वारा अंजुर फाटा ओसवाल पार्क क्षेत्र में वृक्षारोपण किया गया।

    इस अवसर पर विधायक महेश चौगुले, भाजपा शहराध्यक्ष रवि सावंत, जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन 1 सी फेडरेशन की अध्यक्षा मनीषा भांगरे, हलारी ओसवाल समाज के अध्यक्ष जयेंद्र सावला सहित स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस दौरान जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से गणमान्य अतिथियों को ‘सीड्स बॉल’ भेंट की गईं।

    संबंधित ख़बरें: Majhi Vasundhara Abhiyan 7.0: राहनाळ ग्रामपंचायत की ओर से ‘माझी वसुंधरा अभियान 7.0’ के तहत स्वच्छता अभियान उत्साहपूर्वक संपन्न!

    दूसरी ओर, महानगरपालिका आयुक्त अनमोल सागर और अतिरिक्त आयुक्त विठ्ठल डाके के द्वारा कल्याण नाका फ्लाईओवर क्षेत्र और पालिका मुख्यालय के प्रांगण में वृक्षारोपण किया गया। इस मौके पर उपायुक्त बालकृष्ण क्षीरसागर, सहायक आयुक्त सुधीर गुरव और जनसंपर्क अधिकारी श्रीकांत परदेशी उपस्थित थे।

    “पर्यावरण की रक्षा के लिए नागरिकों का वृक्षारोपण के लिए आगे आना बेहद जरूरी है। सिर्फ पौधा लगाने तक ही सीमित न रहकर, उन वृक्षों के देखभाल और संरक्षण के लिए भी आगे बढ़कर जिम्मेदारी उठाने की आवश्यकता है।”

  • Majhi Vasundhara Abhiyan 7.0: राहनाळ ग्रामपंचायत की ओर से ‘माझी वसुंधरा अभियान 7.0’ के तहत स्वच्छता अभियान उत्साहपूर्वक संपन्न!

    Majhi Vasundhara Abhiyan 7.0: राहनाळ ग्रामपंचायत की ओर से ‘माझी वसुंधरा अभियान 7.0’ के तहत स्वच्छता अभियान उत्साहपूर्वक संपन्न!

    Majhi Vasundhara Abhiyan 7.0: राहनाळ ग्रामपंचायत की ओर से महाराष्ट्र सरकार के ‘माझी वसुंधरा अभियान 7.0’ के अंतर्गत स्वच्छता अभियान बेहद उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखना और नागरिकों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य था। इस उपक्रम के तहत ग्रामपंचायत परिसर के साथ-साथ गाँव के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता मुहिम चलाई गई।

    प्रभारी सरपंच प्रताप पाटिल के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में ग्रामपंचायत सदस्य मनीषा भोईर, दीपक भोईर, उमेश पाटिल, पूर्व पंचायत समिति सभापति ललिता प्रताप पाटिल, ग्रामीण और ग्रामपंचायत कर्मचारी शामिल हुए। इन सभी ने गाँव की सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और आस-पास के कचरे को इकट्ठा कर सफाई की।

    संबंधित ख़बरें: Bhiwandi: भिवंडी में सड़क पर मलबा और रैपिड मिट्टी फेंकने वालों की खैर नहीं, डंपर मालिक पर हुई कार्रवाई!

    स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझाने के लिए नागरिकों के बीच जागरूकता बढ़ाई गई। इस अवसर पर नागरिकों से गाँव को स्वच्छ रखने के लिए आगे आने की अपील की गई। पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए हर व्यक्ति को वृक्षारोपण व उनका संरक्षण, प्लास्टिक का कम उपयोग, कचरे का सही प्रबंधन और स्वच्छता की आदतों को अपनाना आवश्यक बताया गया।

    जानकारी देते हुए प्रभारी सरपंच प्रताप पाटिल ने कहा कि “स्वच्छ गाँव, सुंदर गाँव और हरित गाँव बनाने के लिए सभी नागरिकों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। यदि नागरिक सरकार की विभिन्न पर्यावरण-अनुकूल योजनाओं में सक्रिय रूप से भाग लेंगे, तो गाँव के विकास को गति मिलेगी। ऐसे आयोजनों से समाज में एक सकारात्मक संदेश जाता है और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा होती है।” इस अभियान में ग्रामपंचायत पदाधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

  • Bhiwandi: भिवंडी में सड़क पर मलबा और रैपिड मिट्टी फेंकने वालों की खैर नहीं, डंपर मालिक पर हुई कार्रवाई!

    Bhiwandi: भिवंडी में सड़क पर मलबा और रैपिड मिट्टी फेंकने वालों की खैर नहीं, डंपर मालिक पर हुई कार्रवाई!

    Bhiwandi: भिवंडी मनपा क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से रैपिड मिट्टी और निर्माण मलबा फेंकने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मनपा स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर शांतीनगर पुलिस ने वाहन मालिक और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।जिसे लेकर हड़कंप मच गया है।

    भिवंडी मनपा जनसंपर्क विभाग के अनुसार, 3 जून 2026 को दोपहर करीब 3:04 बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बाबला कंपाउंड रोड, अप्सरा टॉकीज के पीछे स्थित क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान डंपर क्रमांक MH-04-LQ-9089 द्वारा बड़ी मात्रा में रैपिड मिट्टी तथा निर्माण एवं ध्वस्तीकरण (सी एंड डी) कचरा सार्वजनिक स्थान पर बिना अनुमति डाले जाने का मामला सामने आया।

    संबंधित ख़बरें: Eknath Shinde: महायुति के विकास कार्यों पर जीत की मुहर; एकनाथ शिंदे ने भरोसा जताया कि 17 उम्मीदवार जीतेंगे!

    अधिकारियों ने बताया कि इस अवैध डंपिंग के कारण इलाके में धूल प्रदूषण, गंदगी, यातायात में बाधा और नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका उत्पन्न हो गई थी। मौके पर पंचनामा कर फोटो और अन्य साक्ष्य भी एकत्र किए गए। आयुक्त के निर्देश पर मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित वाहन मालिक और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ शांतीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

    आरोपियों पर ठोस कचरा प्रबंधन नियम, निर्माण एवं ध्वस्तीकरण कचरा प्रबंधन नियम, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम तथा अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की किसी भी सार्वजनिक जगह पर रैपिड मिट्टी, निर्माण मलबा या किसी भी प्रकार का कचरा फेंकना दंडनीय अपराध है।

    ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों, वाहन मालिकों, ठेकेदारों और संस्थाओं के खिलाफ आर्थिक दंड के साथ-साथ आपराधिक कार्रवाई भी की जाएगी।मनपा ने नागरिकों से शहर को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।