Tag: Bhiwandi

  • Bhiwandi: भाजपा महिला नेता पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप, भिवंडी में एफआईआर दर्ज!

    Bhiwandi: भाजपा महिला नेता पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप, भिवंडी में एफआईआर दर्ज!

    Bhiwandi: सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने के आरोप में भाजपा से जुड़ी बताई जा रही महिला नेता नाजिया इलाही खान के खिलाफ शांतिनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 67 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में इस्लाम धर्म, पैगंबर मोहम्मद और मुस्लिम समुदाय के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। यह शिकायत अदनान अब्दुलसलाम अंसारी द्वारा दर्ज कराई गई है। पुलिस वीडियो समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

    इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एमआईएम प्रवक्ता रवीश मोमिन ने कहा कि किसी भी धर्म, धार्मिक व्यक्तित्व या समुदाय के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी समाज में वैमनस्य फैलाने का काम करती है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

    वहीं समाजसेवक जाहिद मुख्तार ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई कर सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

    शांतिनगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनायक गायकवाड़ ने बताया कि मामले की जांच जारी है। वीडियो की सत्यता और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • Kendriya Vidyalaya in Bhiwandi: भिवंडी में सांसद बाल्या मामा के प्रयास से केंद्रीय विद्यालय खोलने की पहल को मिली गति!

    Kendriya Vidyalaya in Bhiwandi: भिवंडी में सांसद बाल्या मामा के प्रयास से केंद्रीय विद्यालय खोलने की पहल को मिली गति!

    Kendriya Vidyalaya in Bhiwandi: भिवंडी ग्रामीण क्षेत्र के दापोडे ग्राम पंचायत परिसर में एक बैठक में सांसद सुरेश म्हात्रे बाल्या मामा ने उपस्थित नागरिकों को बताया कि भिवंडी लोकसभा क्षेत्र में कोई केंद्रीय विद्यालय न होने के कारण, यहाँ के छात्रों को राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

    इस आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र लिखकर भिवंडी लोकसभा क्षेत्र में एक नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए लगातार प्रयास किया था। इन प्रयासों को अब बल मिल रहा है और ग्राम पंचायत दापोडे में प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय के निर्माण की प्रक्रिया पूरी गति से चल रही है।

    इसी क्रम में आज प्रस्तावित स्थल का भौतिक निरीक्षण और मापन किया गया।इस अवसर पर दापोडे गांव के ग्रामीणों के साथ एक विस्तृत बैठक आयोजित की गई और उन्हें बताया गया कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं और एक बेहतर शिक्षण वातावरण प्राप्त होगा।

    यह भी माना जा रहा है कि यह विद्यालय भिवंडी लोकसभा क्षेत्र के सभी छात्रों के लिए उच्च शिक्षा के नए अवसर खोलेगा।केंद्रीय विद्यालय की स्थापना केवल एक शैक्षणिक संस्थान की स्थापना नहीं है, बल्कि भिवंडी लोकसभा क्षेत्र के हजारों छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उठाया गया एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम है।

  • Bhiwandi: भिवंडी में अवैध देसी शराब भट्टी पर पुलिस का छापा, ₹1.35 लाख का माल जब्त!

    Bhiwandi: भिवंडी में अवैध देसी शराब भट्टी पर पुलिस का छापा, ₹1.35 लाख का माल जब्त!

    Bhiwandi: कारिवली गांव परिसर में चल रही अवैध देसी शराब निर्माण भट्टी पर पुलिस ने छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने करीब ₹1.35 लाख का मुद्देमाल जब्त किया।

    पुलिस के अनुसार, इलाके में अवैध रूप से देसी शराब का निर्माण और बिक्री की जा रही थी, जिस पर कार्रवाई करते हुए शराब बनाने का सामान और अन्य सामग्री कब्जे में ली गई।

    पुलिस ने कहा कि अवैध शराब का निर्माण और बिक्री समाज के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे बेकायदेशीर धंधों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

  • Bhiwandi temporary bus stand: विधायक महेश चौघुले के प्रयासों से भिवंडी में अस्थायी बस स्टैंड निर्माण की प्रक्रिया शुरू!

    Bhiwandi temporary bus stand: विधायक महेश चौघुले के प्रयासों से भिवंडी में अस्थायी बस स्टैंड निर्माण की प्रक्रिया शुरू!

    Bhiwandi temporary bus stand: भिवंडी शहर में प्रस्तावित अत्याधुनिक बस स्टैंड के निर्माण कार्य को गति मिलने के साथ ही यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्थायी वैकल्पिक बस स्टैंड के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के मुंबई क्षेत्रीय कार्यकारी अभियंता कार्यालय ने इसके लिए 72 लाख 84 हजार 808 रुपये की लागत का ई-टेंडर जारी किया है।

    गौरतलब है कि भिवंडी में लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से नए आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त बस स्टैंड के निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है। निर्माण कार्य शुरू होने के दौरान यात्रियों और एसटी बस सेवाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विधायक ** ने वैकल्पिक अस्थायी बस स्टैंड की मांग की थी। उनकी इस मांग को परिवहन विभाग और महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम ने स्वीकृति प्रदान की है।

    भिवंडी को आधुनिक बस अड्डे की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विधायक महेश चौघुले पिछले कई वर्षों से लगातार प्रयासरत रहे हैं। उन्होंने विधानसभा में इस विषय को उठाने के साथ-साथ परिवहन मंत्री और निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कई बैठकें कर परियोजना को मंजूरी दिलाने एवं उसे गति देने का कार्य किया।

    अधिकारियों के अनुसार, नए बस स्टैंड के निर्माण के दौरान एसटी बसों का संचालन और यात्रियों की आवाजाही बिना किसी व्यवधान के जारी रहे, इसके लिए यह अस्थायी बस स्टैंड तैयार किया जाएगा। इससे प्रतिदिन यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी और सार्वजनिक परिवहन सेवाएं नियमित रूप से संचालित होती रहेंगी।

    भिवंडी के विकास की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नया बस स्टैंड तैयार होने के बाद यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं, बेहतर प्रतीक्षालय, सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था तथा अधिक सक्षम परिवहन सेवाएं उपलब्ध होंगी।

    इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी मिलने पर विधायक महेश चौघुले ने राज्य सरकार, परिवहन विभाग तथा महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है और उम्मीद जताई है कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

  • MH CET Law Results: एमएच सीईटी लॉ में भिवंडी के जीत संजय बर्दापूरकर ने प्राप्त किए 100 पर्सेंटाइल

    MH CET Law Results: एमएच सीईटी लॉ में भिवंडी के जीत संजय बर्दापूरकर ने प्राप्त किए 100 पर्सेंटाइल

    MH CET Law Results: राज्य की प्रतिष्ठित विधि प्रवेश परीक्षा एमएच सीईटी लॉ 2026 में भिवंडी के छात्र जीत संजय बर्दापूरकर ने शानदार सफलता हासिल करते हुए 100 पर्सेंटाइल प्राप्त किया है। इस वर्ष तीन वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आयोजित परीक्षा में केवल चार विद्यार्थियों ने 100 पर्सेंटाइल हासिल किए हैं, जिनमें महाराष्ट्र के दो तथा राज्य के बाहर के दो विद्यार्थी शामिल हैं। जीत संजय बर्दापूरकर का नाम इस गौरवशाली सूची में शामिल होने से भिवंडी का नाम भी रोशन हुआ है।

    अपनी सफलता के बारे में बताते हुए जीत ने कहा कि उन्होंने किसी भी कोचिंग संस्थान की मदद नहीं ली। उन्होंने स्व-अध्ययन, यूट्यूब लेक्चर्स और घर पर नियमित अध्ययन के माध्यम से परीक्षा की तैयारी की। उनके अनुसार अंग्रेजी विषय पर मजबूत पकड़ तथा पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का गहन विश्लेषण उनकी सफलता का प्रमुख आधार रहा।

    जीत ने बताया कि उन्हें 100 पर्सेंटाइल प्राप्त होने की उम्मीद नहीं थी, क्योंकि उन्होंने अपेक्षाकृत कम समय में स्वयं तैयारी की थी। परिणाम घोषित होने के बाद उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। गौरतलब है कि एमएच सीईटी लॉ 2026 परीक्षा का आयोजन 1 और 2 अप्रैल को चार सत्रों में किया गया था।

    परीक्षा के लिए कुल 83,487 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 69,473 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। जीत संजय बर्दापूरकर की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उनके परिजनों, मित्रों, शुभचिंतकों तथा भिवंडीवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है।

  • Bhiwandi: भिवंडी से 17 वर्षीय किशोर लापता, अज्ञात व्यक्ति पर बहला-फुसलाकर ले जाने का शक!

    Bhiwandi: भिवंडी से 17 वर्षीय किशोर लापता, अज्ञात व्यक्ति पर बहला-फुसलाकर ले जाने का शक!

    Bhiwandi: भिवंडी के टेमघर पाडा क्षेत्र से 17 वर्षीय किशोर के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने कई दिनों तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर शांतीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस के अनुसार, टेमघर पाडा, भादवड स्थित मंगलादेवी की चाल में रहने वाले 62 वर्षीय कुल्फी विक्रेता ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनका 17 वर्षीय पुत्र 5 जून 2026 की सुबह करीब 8 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों, मित्रों और भिवंडी के विभिन्न इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

    लगातार खोजबीन के बावजूद किशोर नहीं मिलने पर परिवार ने 9 जून को शांतीनगर पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।शिकायत में आशंका जताई गई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने किशोर को किसी प्रकार का लालच या प्रलोभन देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।

    इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।पुलिस ने किशोर की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक अवसारे कर रहे हैं।

  • Bhiwandi: भिवंडी में सड़क पर मलबा और रैपिड मिट्टी फेंकने वालों की खैर नहीं, डंपर मालिक पर हुई कार्रवाई!

    Bhiwandi: भिवंडी में सड़क पर मलबा और रैपिड मिट्टी फेंकने वालों की खैर नहीं, डंपर मालिक पर हुई कार्रवाई!

    Bhiwandi: भिवंडी मनपा क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से रैपिड मिट्टी और निर्माण मलबा फेंकने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मनपा स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर शांतीनगर पुलिस ने वाहन मालिक और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।जिसे लेकर हड़कंप मच गया है।

    भिवंडी मनपा जनसंपर्क विभाग के अनुसार, 3 जून 2026 को दोपहर करीब 3:04 बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बाबला कंपाउंड रोड, अप्सरा टॉकीज के पीछे स्थित क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान डंपर क्रमांक MH-04-LQ-9089 द्वारा बड़ी मात्रा में रैपिड मिट्टी तथा निर्माण एवं ध्वस्तीकरण (सी एंड डी) कचरा सार्वजनिक स्थान पर बिना अनुमति डाले जाने का मामला सामने आया।

    संबंधित ख़बरें: Eknath Shinde: महायुति के विकास कार्यों पर जीत की मुहर; एकनाथ शिंदे ने भरोसा जताया कि 17 उम्मीदवार जीतेंगे!

    अधिकारियों ने बताया कि इस अवैध डंपिंग के कारण इलाके में धूल प्रदूषण, गंदगी, यातायात में बाधा और नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका उत्पन्न हो गई थी। मौके पर पंचनामा कर फोटो और अन्य साक्ष्य भी एकत्र किए गए। आयुक्त के निर्देश पर मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित वाहन मालिक और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ शांतीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

    आरोपियों पर ठोस कचरा प्रबंधन नियम, निर्माण एवं ध्वस्तीकरण कचरा प्रबंधन नियम, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम तथा अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की किसी भी सार्वजनिक जगह पर रैपिड मिट्टी, निर्माण मलबा या किसी भी प्रकार का कचरा फेंकना दंडनीय अपराध है।

    ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों, वाहन मालिकों, ठेकेदारों और संस्थाओं के खिलाफ आर्थिक दंड के साथ-साथ आपराधिक कार्रवाई भी की जाएगी।मनपा ने नागरिकों से शहर को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।