Tag: Entrepreneurship

  • MSME Pride Walkathon 2026: उद्यमियों, नवाचारकों और युवाओं ने विकसित भारत 2047 के संकल्प को दी नई ऊर्जा!

    MSME Pride Walkathon 2026: उद्यमियों, नवाचारकों और युवाओं ने विकसित भारत 2047 के संकल्प को दी नई ऊर्जा!

    MSME Pride Walkathon 2026: अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस 2026 के अवसर पर इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) दिल्ली ने करनैल सिंह स्टेडियम में “एमएसएमई प्राइड वॉकाथॉन 2026” का आयोजन किया। “गुणवत्ता, नवाचार, उद्यमिता और रोजगार के लिए साथ-साथ चलें” विषय पर आधारित इस कार्यक्रम का उद्देश्य उद्यमिता को बढ़ावा देना और विकसित भारत 2047 के विजन को जन-आंदोलन का रूप देना रहा।

    भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के सहयोग से आयोजित इस वॉकाथॉन में अटल इन्क्यूबेशन सेंटर-जेएनयू, बनारसीदास चांदीवाला इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, जम्मू-कश्मीर बैंक, रन एंड रैली क्लब तथा अचीवर्स स्क्वॉड सहित कई संस्थाओं ने सहभागिता निभाई।

    आईआईए दिल्ली की स्टेट चेयरपर्सन डॉ. ममतामयी प्रियदर्शिनी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि, स्टार्टअप संस्थापक, नवाचारक, शिक्षाविद, छात्र, गुणवत्ता विशेषज्ञ और नीति निर्माता बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाकर नवाचार, उद्यमिता और रोजगार सृजन के माध्यम से विकसित भारत 2047 के संकल्प को गति देना था।

    राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। स्वागत संबोधन में डॉ. ममतामयी प्रियदर्शिनी ने कहा कि एमएसएमई केवल व्यावसायिक इकाइयां नहीं, बल्कि देश के आर्थिक और सामाजिक विकास की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने युवाओं से नौकरी खोजने के बजाय रोजगार उपलब्ध कराने वाले उद्यमी बनने की अपील की।

    मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं बिहार विधान परिषद सदस्य डॉ. संजय मयूख ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और यह रोजगार सृजन, नवाचार तथा राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान दे रहा है। उन्होंने युवाओं और उद्यमियों से भारत की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उद्योग, सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य, स्टार्टअप मार्गदर्शन और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित भी किया गया।

  • 10 Women Entrepreneurs Honoured: डीपी वर्ल्ड और नीति आयोग ने ‘वी राइज’ कार्यक्रम में 10 महिला उद्यमियों को किया सम्मानित!

    10 Women Entrepreneurs Honoured: डीपी वर्ल्ड और नीति आयोग ने ‘वी राइज’ कार्यक्रम में 10 महिला उद्यमियों को किया सम्मानित!

    10 Women Entrepreneurs Honoured: डीपी वर्ल्ड और नीति आयोग के महिला उद्यमिता मंच (डब्ल्यूईपी) ने ‘वी राइज’ कार्यक्रम के समापन समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 10 महिला उद्यमियों को सम्मानित किया। सम्मानित उद्यमियों ने खाद्य एवं पेय पदार्थ, हस्तशिल्प, उपभोक्ता उत्पाद, ब्यूटी एवं वेलनेस सहित कई क्षेत्रों में नवाचार और व्यवसायिक सफलता का परिचय दिया है।

    कार्यक्रम के लिए देशभर से 600 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 10 महिला उद्यमियों का चयन किया गया। यह पहल महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यमों की बढ़ती भागीदारी और भारत की आर्थिक प्रगति में उनके योगदान को रेखांकित करती है।

    समारोह में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज ने कहा कि किसी भी सफलता के पीछे तैयारी, दृढ़ता और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का साहस महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

    नीति आयोग की कार्यक्रम निदेशक एवं डब्ल्यूईपी की मिशन निदेशक एना रॉय ने कहा कि भारत वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है और ऐसे समय में महिला उद्यमियों की भागीदारी बढ़ाना अधिक समावेशी एवं सशक्त अर्थव्यवस्था के निर्माण के लिए आवश्यक है।

    डीपी वर्ल्ड इंडिया के प्रबंध निदेशक हेमंत कुमार रुइया ने कहा कि महिला उद्यमी नवाचार को बढ़ावा देने, रोजगार के नए अवसर सृजित करने और देश की आर्थिक प्रगति को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के नेतृत्व वाले व्यवसाय भारत के विकास की नई दिशा तय कर रहे हैं।