Tag: Local Body Elections

  • BNCMC Election Controversy: 24 उम्मीदवारों को चौथी नोटिस, 15 जून को सचिवालय में पेश होने का आदेश

    BNCMC Election Controversy: 24 उम्मीदवारों को चौथी नोटिस, 15 जून को सचिवालय में पेश होने का आदेश

    BNCMC Election Controversy: भिवंडी महानगरपालिका चुनाव संपन्न हुए लगभग साढ़े पांच महीने बीत चुके हैं, लेकिन चुनाव लड़ने वाले 24 उम्मीदवार अब तक अपने चुनावी खर्च का विवरण जमा नहीं कर पाए हैं। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए चुनाव खर्च जांच दल ने चौथी बार नोटिस जारी कर सभी उम्मीदवारों को 15 जून 2026 को सचिवालय में सुनवाई के लिए उपस्थित रहने का आदेश दिया है। लगातार नोटिस के बावजूद जवाब नहीं देने वाले उम्मीदवारों पर अब कार्रवाई की तलवार लटक रही है।

    गौरतलब है कि भिवंडी महानगरपालिका का सार्वजनिक चुनाव 15 जनवरी 2026 को संपन्न हुआ था। 23 प्रभागों के 90 वार्डों में कुल 438 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। चुनाव नियमों के अनुसार परिणाम घोषित होने के एक माह के भीतर प्रत्येक उम्मीदवार को अपने चुनावी खर्च और खातों का पूरा ब्यौरा संबंधित चुनाव अधिकारी के पास जमा करना अनिवार्य होता है।

    हालांकि अधिकांश उम्मीदवारों ने समय पर अपना लेखा-जोखा जमा कर दिया, लेकिन 24 उम्मीदवार ऐसे हैं जिन्होंने चुनाव परिणाम आने के पांच माह बाद भी अपने खर्च का विवरण प्रस्तुत नहीं किया है। इनमें कुछ उम्मीदवार चुनाव हारने के बाद जानकारी देने से बच रहे हैं, जबकि कुछ पर जानबूझकर नियमों की अनदेखी करने का आरोप है।

    नगर परिषद शाखा, कोंकण विभाग के उपयुक्त डॉ. सागर घोलप ने 11 जून 2026 को चौथी नोटिस जारी करते हुए इन 24 उम्मीदवारों को 15 जून को सुनवाई के लिए तलब किया है। इससे पहले भी तीन बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन संबंधित उम्मीदवारों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

    सूत्रों के अनुसार नोटिस प्राप्त करने वालों में 7 महिला और 17 पुरुष उम्मीदवार शामिल हैं। चुनाव खर्च निरीक्षण दल का मानना है कि बार-बार नोटिस के बावजूद जानकारी न देना चुनावी नियमों का उल्लंघन है, जिसके चलते संबंधित उम्मीदवारों के खिलाफ कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है।

    चौथी नोटिस जारी होने के बाद संबंधित उम्मीदवारों में हड़कंप मच गया है। अब 15 जून की सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं, जहां अनुपस्थित रहने या संतोषजनक स्पष्टीकरण न देने वाले उम्मीदवारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

  • Dr. Shrikant Shinde: मतदाता सूची अभियान में जुटें शिवसैनिक, काम करने वालों को ही मिलेगा संगठन में मान-सम्मान: डॉ. श्रीकांत शिंदे

    Dr. Shrikant Shinde: मतदाता सूची अभियान में जुटें शिवसैनिक, काम करने वालों को ही मिलेगा संगठन में मान-सम्मान: डॉ. श्रीकांत शिंदे

    Dr. Shrikant Shinde: राज्य में 24 वर्षों बाद होने जा रहे मतदाता सूची के व्यापक पुनरीक्षण अभियान को गंभीरता से लेते हुए शिवसेना संसदीय दल के नेता एवं सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ इस अभियान में जुटने का आह्वान किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संगठन में पद और सम्मान केवल काम करने वालों को मिलेगा, सिफारिश करने वालों को नहीं।

    शिवसंवाद दौरे के तहत खानदेश पहुंचे डॉ. शिंदे ने चाळीसगाव और अमळनेर में आयोजित समीक्षा बैठकों में कहा कि आगामी तीन महीनों तक पार्टी के बीएलए और समन्वयकों को मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि फर्जी मतदाताओं के नाम हटाने और समर्थक मतदाताओं के नाम सूची में सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर सत्यापन प्रक्रिया पर नजर रखें।

    बैठकों में सांसद मिलिंद देवरा, मंत्री गुलाबराव पाटिल, विधायक दिलीप लांडे, किशोरअप्पा पाटिल, अमोल पाटिल, चंद्रकांत सोनावणे, चंद्रकांत पाटिल, शिवसेना सचिव भाऊसाहेब चौधरी, राज्य संगठन प्रमुख एवं पूर्व सांसद आनंद परांजपे, पूर्व विधायक शिरीष चौधरी, पूर्व सांसद उन्मेष पाटिल सहित जिले के अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।

    चाळीसगाव में पाचोरा, एरंडोल और चाळीसगाव विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. शिंदे ने कहा कि 30 जून से घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन किया जाएगा। ऐसे में बीएलओ के कार्यों पर बीएलए और समन्वयकों को सतर्क निगरानी रखनी होगी।

    संबंधित खबर: Firozpur Incident: ट्रक और पिकअप की भीषण टक्कर में एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत!

    उन्होंने कहा कि शिवसेना में कार्य करने वालों को ही अवसर दिया जाता है। इसी सोच के तहत सामान्य परिवार से आने वाली ज्योतीताई वाघमारे को राज्यसभा भेजा गया और किसान नेता बच्चू कडू को विधान परिषद में स्थान मिला। उन्होंने कहा कि भविष्य में संगठनात्मक नियुक्तियां भी केवल कार्य और योगदान के आधार पर की जाएंगी।

    डॉ. शिंदे ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि चाळीसगाव क्षेत्र में शिवसेना का भगवा और अधिक मजबूती से लहराएगा। उन्होंने कहा कि उन्मेष पाटिल के पार्टी में आने से क्षेत्र में संगठन को नई ताकत मिली है।

    अमळनेर में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने बीएलए-1 और बीएलए-2 के कार्यों की निगरानी के लिए समन्वयक नियुक्त करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी समर्थक का नाम मतदाता सूची से छूट जाता है तो उसका तत्काल अनुसरण किया जाए। जलगांव जिले में शिवसेना का वर्चस्व बनाए रखने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा।

    इस अवसर पर पालकमंत्री गुलाबराव पाटिल ने कहा कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार ने किसान कर्जमाफी, एनडीआरएफ नियमों में राहत तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जनता का विश्वास जीता है। इसी कारण महायुति को राज्य में ऐतिहासिक जनसमर्थन प्राप्त हुआ।

    दो दिनों में 19 विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा
    शिवसंवाद दौरे के दौरान सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने नंदुरबार, धुले और जलगांव जिलों के कुल 19 विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा की। इससे पूर्व वे मराठवाड़ा क्षेत्र के जालना, नांदेड़, परभणी, हिंगोली और बीड जिलों का भी दौरा कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा कर चुके हैं।

  • Punjab Municipal Corporations Elections: पंजाब में 26 मई को होंगे आठ नगर निगम, 76 नगर परिषद और 21 नगर पंचायतों के चुनाव!

    Punjab Municipal Corporations Elections: पंजाब में 26 मई को होंगे आठ नगर निगम, 76 नगर परिषद और 21 नगर पंचायतों के चुनाव!

    Punjab Municipal Corporations Elections: पंजाब राज्य चुनाव आयोग ने राज्य की आठ नगर निगमों, 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों (कुल 105 शहरी निकायों) के आम चुनाव की घोषणा कर दी है। राज्य चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी ने सोमवार को बताया कि मतदान 26 मई को कराया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही संबंधित सभी नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायत क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गयी है, जो चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहेगी। चौधरी ने कहा कि उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 13 मई से शुरू होगी, जो 16 मई तक चलेगी।

    नामांकन संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यालयों में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक जमा किये जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 18 मई को होगी और 19 मई को अपराह्न तीन बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। नामांकन पत्र के साथ निर्धारित शपथ पत्र देना अनिवार्य होगा। यदि उम्मीदवार किसी राजनीतिक दल द्वारा प्रायोजित है, तो उसे पार्टी का अधिकृत पत्र भी जमा करना होगा।

    संबंधित खबरें: Anand Villa Fire Breaks: ठाणे के आनंद विला में मीटर बॉक्स में आग लगी – 35 बिजली मीटर जल गए!

    उम्मीदवारों की केवाईसी जानकारी जिला वेबसाइटों पर अपलोड की जाएगी। मतदान 26 मई को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक होगा। मतों की गिनती 29 मई (शुक्रवार) को निर्धारित मतगणना केंद्रों पर की जाएगी। इन चुनावों के लिए कुल 36,72,932 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें पुरुष, 18,98,990, महिलाएं 17,73,716 और अन्य मतदाता 226 हैं। राज्यभर में कुल 3,977 मतदान केंद्र स्थापित किये गये हैं।

    आयोग द्वारा उम्मीदवारों के लिए चुनाव खर्च सीमा भी तय की गयी है, जिसके अनुसार नगर निगम के लिए चार लाख रुपये नगर परिषद श्रेणी-एक- 3.60 लाख रुपये नगर परिषद श्रेणी-दो -2.30 लाख रुपये,नगर परिषद श्रेणी-तीन – दो लाख रुपये और नगर पंचायत चुनाव में 1.40 लाख रुपये खर्च किये जा सकेंगे।

    चुनाव ड्यूटी के लिए करीब 36,000 चुनाव कर्मियों और 35,500 पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। प्रत्येक जिले में निगरानी के लिए आईएएस और पीसीएस अधिकारियों को प्रेक्षक नियुक्त किया जाएगा। जिला मजिस्ट्रेट की निगरानी में सुरक्षा योजना भी तैयार कर ली गयी है। राज्य चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी ने कहा कि आयोग ने चुनावों को निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए हैं।