Tag: Narpoli Police

  • Thief Arrested: मंदिर से पौने चार लाख के गहने चुराने वाला नेपाल सीमा से गिरफ्तार, नारपोली पुलिस की बड़ी कामयाबी!

    Thief Arrested: मंदिर से पौने चार लाख के गहने चुराने वाला नेपाल सीमा से गिरफ्तार, नारपोली पुलिस की बड़ी कामयाबी!

    Thief Arrested: भिवंडी शहर के नारपोली इलाके में स्थित हनुमान मंदिर से लगभग 3,75,500 रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले आरोपी को नेपाल सीमा से गिरफ्तार करने में नारपोली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

    पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले महीने धामणकर नाका से अंजूरफाटा मार्ग के बीच स्थित हनुमान मंदिर में एक अज्ञात चोर ने घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी मंदिर से 74,000 रुपये मूल्य के चांदी के दो मुकुट, चार छत्र सहित अन्य आभूषण तथा करीब 3 लाख रुपये मूल्य का सोने का छत्र चुराकर फरार हो गया था।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय कादबाने के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक आकाश पवार और उनकी टीम ने जांच शुरू की। शुरुआती दौर में कोई ठोस सुराग नहीं मिलने के बावजूद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की।

    जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान हुई। फुटेज खंगालने पर पता चला कि वह भिवंडी से कल्याण रेलवे स्टेशन पहुंचा और वहां से काशी एक्सप्रेस के जरिए उत्तर प्रदेश के गोरखपुर रवाना हो गया। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने भिवंडी और कल्याण रेलवे स्टेशन के करीब 18 सीसीटीवी कैमरों की जांच की।

    तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को संदिग्ध का मोबाइल नंबर मिला, जिससे उसकी पहचान अजय रामअवतार पासी (उम्र 23 वर्ष, निवासी कुशवाहागांव, नेपाल) के रूप में हुई। आगे की जांच में पता चला कि वह उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में छिपा हुआ है।

    नारपोली पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से तलाश शुरू की, लेकिन आरोपी लगातार नौ दिनों तक पुलिस को चकमा देता रहा। वह दिन में मोबाइल चालू रखता और रात में बंद कर देता था। साथ ही क्षेत्र घने जंगलों और झाड़ियों से घिरा होने के कारण पुलिस के लिए कार्रवाई चुनौतीपूर्ण बनी रही।

    आखिरकार पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी सिद्धार्थनगर के परसा रेलवे स्टेशन रोड क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर नारपोली पुलिस ने शोहरतगढ़ पुलिस और एसटीएफ टीम के सहयोग से जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

    पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से 26,250 रुपये मूल्य के लगभग 350 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आगे की जांच जारी है।

  • Bhiwandi: भिवंडी से 17 वर्षीय किशोर लापता, अज्ञात व्यक्ति पर बहला-फुसलाकर ले जाने का शक!

    Bhiwandi: भिवंडी से 17 वर्षीय किशोर लापता, अज्ञात व्यक्ति पर बहला-फुसलाकर ले जाने का शक!

    Bhiwandi: भिवंडी के टेमघर पाडा क्षेत्र से 17 वर्षीय किशोर के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने कई दिनों तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर शांतीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस के अनुसार, टेमघर पाडा, भादवड स्थित मंगलादेवी की चाल में रहने वाले 62 वर्षीय कुल्फी विक्रेता ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनका 17 वर्षीय पुत्र 5 जून 2026 की सुबह करीब 8 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों, मित्रों और भिवंडी के विभिन्न इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

    लगातार खोजबीन के बावजूद किशोर नहीं मिलने पर परिवार ने 9 जून को शांतीनगर पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।शिकायत में आशंका जताई गई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने किशोर को किसी प्रकार का लालच या प्रलोभन देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।

    इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।पुलिस ने किशोर की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक अवसारे कर रहे हैं।

  • Bhiwandi Crime News: बाथरूम में वीडियो बनाने का आरोप, पड़ोसी युवक पर पॉक्सो सहित मामला दर्ज

    Bhiwandi Crime News: बाथरूम में वीडियो बनाने का आरोप, पड़ोसी युवक पर पॉक्सो सहित मामला दर्ज

    Bhiwandi Crime News: भिवंडी तालुका के सारंग गांव में एक पड़ोसी युवक द्वारा बाथरूम की खिड़की के पास मोबाइल फोन लगाकर पड़ोसी परिवार की महिलाओं का कथित रूप से वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर नारपोली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस के अनुसार, नारपोली पुलिस स्टेशन में 16 वर्षीय एक नाबालिग छात्रा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 8 जून 2026 की रात करीब 11.15 बजे पड़ोस में रहने वाले अमित मोतीराम पाटील ने एक डंडे की सहायता से मोबाइल फोन को उनके घर के बाथरूम की खिड़की के पास पहुंचाकर उसकी मां और मौसी का वीडियो रिकॉर्ड किया।

    शिकायत के मुताबिक, नाबालिग ने आरोपी के मोबाइल फोन में उक्त वीडियो देखा, जिससे उसे मानसिक आघात पहुंचा। इसके बाद वह पुलिस स्टेशन पहुंची और घटना की जानकारी पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नारपोली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 77 तथा बालकों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, 2012 की धारा 8 और 12 के तहत मामला दर्ज किया है।

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है और उसकी तलाश जारी है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक सुनील बिन्हाडे कर रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की पुष्टि जांच के दौरान की जाएगी। आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोप शिकायत के आधार पर दर्ज किए गए हैं।