Tag: Reliance Leadership Transition

  • Reliance Leadership Transition: मुकेश अंबानी ने अगली पीढ़ी को सौंपी दैनिक प्रबंधन की जिम्मेदारी

    Reliance Leadership Transition: मुकेश अंबानी ने अगली पीढ़ी को सौंपी दैनिक प्रबंधन की जिम्मेदारी

    Reliance Leadership Transition: रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कंपनी में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया को लगभग पूरा होने की घोषणा करते हुए कहा कि अगली पीढ़ी अब रिलायंस के रोजमर्रा के संचालन की जिम्मेदारी संभाल रही है।

    रिलायंस इंडस्ट्रीज की 49वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में मुकेश अंबानी ने अपने संबोधन का बड़ा हिस्सा पुत्र आकाश अंबानी, पुत्री ईशा अंबानी और पुत्र अनंत अंबानी को सौंपा, जिससे कंपनी में पीढ़ीगत नेतृत्व परिवर्तन का स्पष्ट संकेत मिला। बाद में उन्होंने बताया कि रिलायंस के दैनिक प्रबंधन का हस्तांतरण लगभग पूर्ण हो चुका है।

    मुकेश अंबानी ने कहा कि ईशा, आकाश और अनंत अंबानी को कंपनी के निदेशक मंडल में शामिल हुए तीन वर्ष पूरे हो चुके हैं। ईशा अंबानी उपभोक्ता कारोबार का नेतृत्व कर रही हैं, आकाश अंबानी प्रौद्योगिकी व्यवसाय की कमान संभाल रहे हैं, जबकि अनंत अंबानी ऊर्जा क्षेत्र की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

    उन्होंने कहा, “ईशा, आकाश और अनंत अलग-अलग व्यावसायिक क्षेत्रों का नेतृत्व कर रहे हैं, लेकिन वे रिलायंस के समग्र विकास के लिए एकजुट होकर काम कर रहे हैं। वे तीन शरीर और एक आत्मा की तरह हैं, और उनकी आत्मा रिलायंस है। रिलायंस आज भी अविभाज्य है और हमेशा रहेगी।”

    मुकेश अंबानी ने कहा कि किसी भी महान कंपनी की पहचान केवल उसके किसी एक नेता से नहीं होती, बल्कि उस मजबूत और दीर्घकालिक संस्था से होती है, जिसे वह तैयार करती है। इसी सोच के तहत रिलायंस में संस्थागत निरंतरता बनाए रखने के लिए ‘5-एस विजन’ लागू किया गया है, जिसमें उत्तराधिकार (Succession) को प्रमुख स्थान दिया गया है।

    हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह आगे भी रिलायंस को सक्रिय नेतृत्व प्रदान करते रहेंगे। उन्होंने शेयरधारकों को भरोसा दिलाया कि कंपनी का भविष्य ऐसे हाथों में है, जो रिलायंस को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सक्षम हैं।