Tag: Two Dead in Road Accident

  • East Champaran: सड़क हादसे में दो की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने भारतमाला हाईवे को किया जाम!

    East Champaran: सड़क हादसे में दो की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने भारतमाला हाईवे को किया जाम!

    East Champaran: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार को भारतमाला हाईवे को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाना क्षेत्र के बदला गांव के समीप भारतमाला रोड किनारे गुरुवार की सुबह दो शव बरामद किए गए।

    मृतकों की पहचान बड़कागांव वार्ड संख्या-13 निवासी सत्यनारायण राम (65) एवं सूरज कुमार (19) के रूप में की गई है। सत्यनारायण राम पूजा-पाठ का कार्य करते थे, जबकि सूरज कुमार हजाम का काम करता था। बताया जाता है कि दोनों बुधवार रात रामपुरवा गांव में आयोजित मटकोर पूजा कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।

    देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों ने बड़कागांव ढाला के पास भारतमाला हाईवे किनारे दो शव पड़े होने की सूचना दी। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क दुर्घटना में मौत का आरोप लगाते हुए भारतमाला हाईवे जाम कर दिया।

    संबंधित खबरें: Bihar Cabinet Expansion: 7 मई को बिहार कैबिनेट का विस्तार, चिराग पासवान ने दिया फॉर्मूले का संकेत!

    ग्रामीण मृतकों के परिजनों को मुआवजा एवं दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया। सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलने पर पकड़ीदयाल थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

    बाद में पूर्व मुखिया विजय सिंह एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया है।
    थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है तथा मामले की जांच की जा रही है।