Tag: Vasai Virar News

  • VVMC Update: पहली ही बारिश में बह गए मनपा के दावे, जाम नालों ने खोली प्री-मानसून तैयारियों की पोल!

    VVMC Update: पहली ही बारिश में बह गए मनपा के दावे, जाम नालों ने खोली प्री-मानसून तैयारियों की पोल!

    VVMC Update: नालासोपारा मानसून की पहली ही बारिश ने वसई-विरार शहर महानगरपालिका की प्री-मानसून तैयारियों की वास्तविकता सामने ला दी। नालासोपारा पूर्व के मोरेगांव स्थित विवांता होटल के समीप बहने वाला नाला कचरे, गाद और झाड़ियों से अटा पड़ा मिला, जिससे जलनिकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

    गौरतलब है कि मानसून शुरू होने से पहले क्षेत्र के सांसद, विधायक, महापौर, मनपा आयुक्त, सहायक आयुक्त, नगरसेवक और अन्य जनप्रतिनिधि अपने समर्थकों के साथ विभिन्न नालों एवं जलनिकासी व्यवस्था का निरीक्षण करते नजर आए थे। उस समय दावा किया गया था कि बरसात के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

    लेकिन पहली ही बारिश ने इन दावों की हकीकत उजागर कर दी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते नालों की प्रभावी सफाई कराई गई होती तो ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती। जाम नालों के कारण पानी की निकासी प्रभावित हो रही है और लगातार बारिश होने पर जलभराव की आशंका बढ़ गई है। इससे आसपास के रहवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

    नागरिकों ने सवाल उठाया है कि जब निरीक्षण और दावों के बावजूद पहली ही बारिश में नालों की यह स्थिति है, तो आखिर प्री-मानसून कार्यों की निगरानी कितनी प्रभावी रही? लोगों ने महानगरपालिका प्रशासन से तत्काल नालों की सफाई, जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

  • Drug-Free Vasai-Virar: यूथ आइकॉन्स फाउंडेशन की पहल नशा मुक्त हो वसई – विरार; समीर वानखेड़े और अनिल गलगली करेंगे मार्गदर्शन!

    Drug-Free Vasai-Virar: यूथ आइकॉन्स फाउंडेशन की पहल नशा मुक्त हो वसई – विरार; समीर वानखेड़े और अनिल गलगली करेंगे मार्गदर्शन!

    Drug-Free Vasai-Virar: युवाओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से दूर रखने तथा समाज में अमली पदार्थों के खिलाफ जनजागृति फैलाने के उद्देश्य से यूथ आइकॉन्स फाउंडेशन द्वारा “नशा मुक्त वसई-विरार” अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम आगामी 28 जून 2026 (रविवार) को नालासोपारा पूर्व स्थित रेजेंसी हॉल में आयोजित होगा।

    आयोजन के दौरान भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के अधिकारी समीर वानखेड़े मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि प्रख्यात आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली विशेष वक्ता के रूप में नशे के दुष्प्रभावों एवं सामाजिक जागरूकता पर अपने विचार व्यक्त करेंगे। फाउंडेशन के संस्थापक एवं कार्यक्रम आयोजक मनोज शांडिल्य ने बताया कि वर्तमान समय में युवाओं के बीच नशे की बढ़ती लत समाज के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है।

    इसे देखते हुए जागरूकता अभियान के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम रविवार सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित होगा। इसका आयोजन रेजेंसी हॉल, फायर ब्रिगेड के सामने, नालासोपारा (पूर्व) में किया जाएगा।

    आयोजकों ने क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शिक्षण संस्थानों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर अभियान को सफल बनाने की अपील की है। इस अवसर पर नशे के खिलाफ सामूहिक जनआंदोलन खड़ा करने तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

  • Vasai-Virar District Cadre Training: प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण की प्रमुख उपस्थिति में भाजपा वसई-विरार जिला कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर संपन्न

    Vasai-Virar District Cadre Training: प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण की प्रमुख उपस्थिति में भाजपा वसई-विरार जिला कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर संपन्न

    Vasai-Virar District Cadre Training: भाजपा महाराष्ट्र प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण की प्रमुख उपस्थिति में भाजपा वसई-विरार जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में देश के समक्ष चुनौतियां, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा संगठनात्मक मजबूती जैसे विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन किया गया।

    पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के वसई-विरार जिला संयोजक मनोज बारोट ने जानकारी देते हुए बताया कि महाभियान के अंतर्गत प्रत्येक तीन वर्ष में बूथ स्तर से लेकर केंद्रीय स्तर तक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाते हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय सिद्धांत के आधार पर भाजपा का कार्य चलता है।

    नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं में अंत्योदय की भावना विकसित करने तथा अन्य दलों से आए कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक प्रशिक्षण देने का उद्देश्य इस शिविर का प्रमुख केंद्र रहा। दिनांक 23 एवं 24 मई को रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी में आयोजित इस दो दिवसीय आवासीय शिविर का आयोजन पालघर सांसद डॉ. हेमंत सवरा, नालासोपारा विधायक राजन नाईक तथा वसई विधायिका स्नेहा दुबे पंडित के मार्गदर्शन में एवं जिला अध्यक्षा प्रज्ञा पाटील के नेतृत्व में किया गया।

    संबंधित खबरें: Thane Scholarship Exam: स्कॉलरशिप परीक्षा में ठाणे ज़िले का शानदार प्रदर्शन; ज़िले के 395 स्टूडेंट्स क्वालिफ़ाई हुए!

    शिविर में पार्टी की विचारधारा, कार्यपद्धति, संगठन विस्तार, देश के समक्ष चुनौतियां तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित कुल 11 सत्र आयोजित किए गए। इस प्रशिक्षण शिविर में 128 पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। शिविर का उद्घाटन भाजपा नेता रघुनाथ कुलकर्णी, विधायक राजन नाईक, जिला अध्यक्षा प्रज्ञा पाटील, विरोधी पक्षनेता मनोज पाटील एवं गटनेता अशोक शेळके द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

    शिविर में प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। साथ ही सांसद डॉ. हेमंत सवरा, रघुनाथ कुलकर्णी, विधायक संजय केळकर, विधायक अतुल भातखळकर, विधायक मनीषा चौधरी, विधायक माधवी नाईक, नरेंद्र पवार, प्रतिक कर्पे एवं अवधूत वाघ ने विभिन्न सत्रों में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

    समापन अवसर पर विधायक राजन नाईक ने संबोधित किया, जबकि जिला अध्यक्षा प्रज्ञा पाटील ने आभार प्रदर्शन कर शिविर के समापन की घोषणा की। शिविर में जिला पदाधिकारी, नगरसेवक, नगरसेविकाएं, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

  • Vijay Nagar-Sopara Hospitals Inspection: विजय नगर व सोपारा अस्पताल का स्वास्थ्य सभापति निलेश देशमुख ने किया निरीक्षण!

    Vijay Nagar-Sopara Hospitals Inspection: विजय नगर व सोपारा अस्पताल का स्वास्थ्य सभापति निलेश देशमुख ने किया निरीक्षण!

    Vijay Nagar-Sopara Hospitals Inspection: वसई विरार शहर महानगरपालिका के स्वास्थ्य सभापति निलेश नलिनी दामोदर देशमुख ने आज महानगरपालिका क्षेत्र अंतर्गत विजय नगर अस्पताल एवं सोपारा अस्पताल का निरीक्षण दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की।

    निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, मानव संसाधनों की स्थिति, दवाओं के भंडार, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया गया। इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

    संबंधित ख़बरें: Thane Fire: आग पर काबू पाने की कोशिश में दो कर्मचारियों की मौत और दो घायल!

    अस्पताल प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ हुई चर्चा में शहर की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सशक्त, गुणवत्तापूर्ण एवं नागरिक-केंद्रित बनाने पर विशेष जोर दिया गया। नागरिकों को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, अस्पतालों की सुविधाओं को मजबूत करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए आवश्यक उपाय योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

    इस अवसर पर स्वास्थ्य सभापति देशमुख ने कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना महानगरपालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वास्थ्य विभाग को और अधिक सक्षम एवं प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के समन्वय से ठोस कदम उठाए जाएंगे।

  • Vasai-Virar Municipal Corporation: शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक पर सख्त हुई मनपा, महापौर आजीव पाटिल ने बुलाई अहम बैठक!

    Vasai-Virar Municipal Corporation: शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक पर सख्त हुई मनपा, महापौर आजीव पाटिल ने बुलाई अहम बैठक!

    Vasai-Virar Municipal Corporation: वसई-विरार महानगरपालिका के महापौर आजीव पाटिल द्वारा में सोमवार को शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती आबादी एवं उससे नागरिकों को हो रही परेशानियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पशुप्रेमी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा महानगरपालिका के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

    बैठक में नागरिकों द्वारा आवारा कुत्तों के काटने, रात में झुंड बनाकर घूमने, राहगीरों एवं बच्चों में भय का वातावरण पैदा होने जैसी समस्याओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। कई क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या से आमजन को हो रही असुविधाओं पर भी चर्चा हुई।

    संबंधित ख़बरें: Digital Arrest: डिजिटल अरेस्ट के नाम पर साइबर ठगी से सावधान; नवी मुंबई पुलिस की जनता से अपील!

    साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि इस समस्या का समाधान आवश्यक है, लेकिन पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और उनका संरक्षण करना भी समाज का मानवीय दायित्व है। इसलिए किसी भी प्रकार की क्रूरता के बजाय मानवीय एवं संतुलित उपाय अपनाने पर जोर दिया गया।

    बैठक में आवारा कुत्तों के टीकाकरण, नसबंदी अभियान, स्वास्थ्य जांच, भोजन एवं पानी की व्यवस्था तथा नागरिकों और पशुप्रेमियों के बीच समन्वय स्थापित कर प्रभावी उपाय लागू करने पर सकारात्मक चर्चा हुई। इसके अलावा कुत्तों को पकड़कर नियमानुसार सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने तथा उनकी देखरेख की व्यवस्था को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

    महानगरपालिका की ओर से बताया गया कि नागरिकों की सुरक्षा और पशु संरक्षण दोनों को ध्यान में रखते हुए आने वाले समय में प्रभावी एवं ठोस कदम उठाए जाएंगे। इस अवसर पर उपमहापौर मार्शल लोपीस, स्वास्थ्य उपसभापति निषाद चोरघे, पूर्व नगरसेवक हार्दिक राऊत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।