‘हनुमान’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म देने वाले निर्देशक प्रशांत वर्मा अब अपने सुपरहीरो यूनिवर्स का अगला धमाकेदार अध्याय लेकर आ रहे हैं — “महाकाली”। इस बार कहानी के केंद्र में है भारत की पहली महिला सुपरहीरो, जिसका किरदार निभा रही हैं अभिनेत्री भूमि शेट्टी।
फिल्म का नया पोस्टर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर सनसनी मच गई है। पोस्टर में भूमि शेट्टी का महाकाली अवतार बेहद शक्तिशाली, रहस्यमयी और दिव्य दिखाई दे रहा है। उनकी आंखों में प्रतिशोध की जो चमक है, वह फिल्म के टाइटल को पूरी तरह न्याय देती है। फैंस इसे “देवी शक्ति का आधुनिक रूप” बता रहे हैं और पोस्टर पर लाखों लाइक्स और शेयर मिल चुके हैं।
इससे पहले फिल्म से अक्षय खन्ना का “दैत्य गुरु शुक्राचार्य” वाला इंटेंस लुक जारी हुआ था, जिसने दर्शकों में रोमांच बढ़ा दिया था।
भव्य पैमाने पर बन रही ‘महाकाली’ का निर्माण आरकेडी स्टूडियोज, आरके दुग्गल और रिवाज दुग्गल द्वारा किया जा रहा है। फिल्म में भारतीय पौराणिक कथाओं और आधुनिक तकनीक का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।
निर्देशक प्रशांत वर्मा ने कहा,
“यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय नारी की शक्ति, साहस और दिव्यता का प्रतीक है।”
‘महाकाली’ के जरिए दर्शकों को एक बार फिर हनुमान यूनिवर्स की झलक देखने को मिलेगी, जहाँ अच्छाई और बुराई के बीच एक नई महागाथा लिखी जाएगी। भूमि शेट्टी का यह दमदार रूप भारतीय सिनेमा के इतिहास में पहली महिला सुपरहीरो के रूप में मील का पत्थर साबित हो सकता है।

