कल्याण। बी. के. बिड़ला महाविद्यालय, कल्याण के शारीरिक शिक्षण एवं खेल विभाग द्वारा आयोजित वार्षिक खेल महोत्सव ‘ऊर्जा-03’ का सफलतापूर्वक समापन हो गया। दो दिनों तक चले इस खेल महोत्सव में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ महाविद्यालयों के कुल 1596 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन का आधिकारिक वेब पार्टनर ‘इको कैम्पस’ रहा।
खेल महोत्सव का उद्घाटन महाविद्यालय के शिक्षा निदेशक डॉ. नरेश चन्द्र, प्राचार्य डॉ. अविनाश पाटील, शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डॉ. अनिल तिवारी, खेल निदेशक डॉ. वाई. डी. बागराव, प्रा. रोहिणी पाटील एवं दर्शन फुले की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बॉक्स क्रिकेट मैदान, लम्बी कूद पिट, गोला फेंक एवं चक्र फेंक जैसी नई खेल सुविधाओं का भी उद्घाटन किया गया।
खेल महोत्सव के प्रथम दिन शतरंज, टेबल टेनिस एवं फ्री फायर जैसे एकाग्रता बढ़ाने वाले खेलों में विद्यार्थियों की विशेष सहभागिता देखने को मिली। वहीं दूसरे दिन त्रिस्तरीय दौड़ प्रतियोगिता, लम्बी कूद, गोला फेंक, रस्साकसी, कैरम, बैडमिंटन, बीजीएमआई ई-स्पोर्ट्स सहित अन्य खेलों का आयोजन किया गया। इस दौरान लगाए गए ‘फन स्टाल’ छात्रों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
गौरतलब है कि बी. के. बिड़ला महाविद्यालय पिछले एक दशक से खेल के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। महाविद्यालय के खेल विभाग से जुड़े कई छात्र बॉक्सिंग और कुश्ती में राष्ट्रीय स्तर, जबकि योग एवं रग्बी में फ्रांस और जर्मनी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।
खेलों को बढ़ावा देने में महाविद्यालय की प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ओ. आर. चितलांगे का निरंतर सहयोग, शिक्षा निदेशक डॉ. नरेश चन्द्र का प्रोत्साहन तथा प्राचार्य डॉ. अविनाश पाटील का मार्गदर्शन उल्लेखनीय रहा है। विद्यार्थियों को खेल संबंधी अत्याधुनिक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सशक्त मंच मिल रहा है।

