rashtriyaswabhimaan.com
Hindi News / Bharat

Illegal Bus Operation: सुलतानपुर में अवैध रूप से संचालित बसों पर कार्रवाई, चार बसें सीज और 24 के चालान

Illegal Bus Operation
Illegal Bus Operation
Article Top Ad

Illegal Bus Operation: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में परिवहन विभाग ने विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन कर संचालित की जा रही बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान चार बसों को सीज किया गया, जबकि 24 बसों समेत कई अन्य वाहनों के चालान काटे गए।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) भूपेश कुमार गुप्ता ने बताया कि विभाग को शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ बस संचालक ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट (एआईटीपी) का दुरुपयोग कर विभिन्न ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्मों के माध्यम से सीटवार टिकट बुकिंग कर रहे हैं। टूरिस्ट परमिट वाली इन बसों का संचालन नियमों के विपरीत सामान्य यात्री बसों की तरह किया जा रहा था।

शिकायतों के बाद परिवहन विभाग की टीम ने लोहरामऊ बाईपास, पयागीपुर चौराहा, अमहट चौराहा, गुप्तारगंज और सेमरी रोड सहित जिले के प्रमुख स्थानों पर व्यापक जांच अभियान चलाया।

निरीक्षण के दौरान परमिट शर्तों के उल्लंघन में लिप्त पाए जाने पर चार बसों को तत्काल सीज कर दिया गया। इसके अतिरिक्त 24 बसों के चालान किए गए। मोटर वाहन अधिनियम और केंद्रीय मोटरयान नियमों के उल्लंघन के मामलों में 15 अन्य वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। बस चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन संचालित करने वाले लोगों को रोककर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

इस अभियान में यात्री एवं मालकर अधिकारी शैलेंद्र कुमार तिवारी, यातायात निरीक्षक राम निरंजन, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) सुरेश चंद्र यादव तथा परिवहन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी शामिल रहे।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad