
मुंबई: बीजेपी नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया को गोवंडी-शिवाजीनगर में अनधिकृत मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकर के खिलाफ शिकायत करने पर धमकी मिली है। शनिवार को उन्होंने शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में इस मुद्दे पर बयान दर्ज कर कार्रवाई की मांग की थी। सोमैया पिछले कुछ महीनों से इस मुद्दे को उठा रहे हैं।
सोमवार को ख्वाजा गरीब नवाज संस्था के महाराष्ट्र अध्यक्ष यूसुफ उमर अंसारी ने वीडियो कॉल के जरिए सोमैया को धमकी दी, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में अंसारी ने कहा कि मस्जिदों के स्पीकर नहीं हटने चाहिए और बीजेपी पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए सोमैया से 12 बजे उनके घर पर सवाल करने की बात कही।
इसके जवाब में बीजेपी मानखुर्द-शिवाजीनगर विधानसभा इकाई ने शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक बापुरा देशमुख को बयान सौंपकर धमकी देने वाले के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की। बयान में चेतावनी दी गई कि ऐसा न होने पर बीजेपी उग्र आंदोलन करेगी। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष लाल बहादुर यादव, मंडल अध्यक्ष डॉ. सतीश तिडके, हेमंत भास्कर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
गोवंडी-शिवाजीनगर में मस्जिदों पर स्पीकर का मुद्दा फिर गरमाया है। कुछ साल पहले मनसे नेता राज ठाकरे ने भी इस पर आवाज उठाई थी, जिसके बाद सरकार ने अस्थायी प्रतिबंध लगाया था। अब हिंदुत्ववादी संगठन सरकार की कार्रवाई पर नजर रखे हैं।

