नवी मुंबई। नवी मुंबई महानगरपालिका (New Mumbai Municipal Corporation) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजटीय लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए संपत्ति कर वसूली अभियान तेज कर दिया है। 31 मार्च 2026 की अंतिम तिथि को देखते हुए मुख्यालय सहित शहर के आठों विभागीय कर संग्रहण कार्यालय अब साप्ताहिक अवकाश और सार्वजनिक छुट्टियों में भी खुले रहेंगे।

महापालिका के अनुसार शनिवार-रविवार के साथ गुड़ी पड़वा, श्रीराम नवमी और महावीर जयंती जैसे अवकाश के दिनों में भी कर केंद्र सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक कार्यरत रहेंगे, ताकि करदाता अंतिम समय की भीड़ से बचते हुए समय पर भुगतान कर सकें।
ऑनलाइन भुगतान को बढ़ावा
नागरिक आधिकारिक वेबसाइट और ‘My NMMC’ मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे संपत्ति कर जमा कर सकते हैं। डेबिट कार्ड, आरटीजीएस, नेट बैंकिंग और यूपीआई माध्यमों से भी भुगतान की सुविधा उपलब्ध है।
बकायेदारों पर सख्ती
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लंबे समय से कर बकाया रखने वालों के खिलाफ जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। नोटिस के बावजूद भुगतान न करने वालों पर नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।
महापालिका आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे ने नागरिकों से 31 मार्च 2026 से पहले बकाया कर जमा करने की अपील की है, ताकि शहर के विकास कार्यों—सड़क, जल आपूर्ति, स्वच्छता और बुनियादी ढांचे—को मजबूती मिल सके।

