भिवंडी।
सड़क दुर्घटनाओं में हो रही लगातार बढ़ोतरी और दुपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नारपोली यातायात विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा अभियान (Sadak Suraksha Abhiyan) के तहत हेलमेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत 50 दुपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए।

कार्यक्रम का आयोजन नारपोली यातायात शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक ज्ञानेश्वर साबले के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान सहायक पुलिस निरीक्षक शैलेंद्र म्हात्रे और पुलिस उपनिरीक्षक एस.बी. महाले ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व के बारे में जागरूक किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में दुपहिया वाहन चालकों की मौत का प्रमुख कारण हेलमेट न पहनना है। यदि समय पर सुरक्षा उपाय अपनाए जाएं, तो कई जानें बचाई जा सकती हैं।
इस अवसर पर किसान संगठन के राजू पाटिल, टेम्पो एवं रिक्शा चालक संगठन के प्रतिनिधि, विभिन्न परिवहन संस्थाओं के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में यातायात शाखा के पुलिस कर्मी नितिन लहारे और उनके सहयोगियों ने विशेष भूमिका निभाई। यातायात विभाग ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं की सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

