Tri-Nation ODI Series: जून में श्रीलंका में होने वाली त्रिकोणीय वनडे सीरीज के लिए भारत ए दल में वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्य को जगह मिली है। टीम की अगुवाई तिलक वर्मा के पास होगी जबकि रियान पराग को टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। विकेटकीपर के तौर पर दल में प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र को शामिल किया गया है।
सूर्यवंशी अंडर-19 विश्व कप 2026 में भारत की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ थे और उन्होंने फ़ाइनल में 80 गेंदों पर 175 रनों की पारी भी खेली थी। सूर्यवंशी को पहली बार भारत ए के दल के लिए बुलावा आया है। तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण में टीम में यश ठाकुर, युधवीर सिंह, अंशुल कम्बोज और अरशद ख़ान को जगह दी गई है।
संबंधित ख़बरें: RCB vs KKR: आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का किया फैसला!
स्पिन आक्रमण में हर्ष दुबे और विप्रज निगम को शामिल किया गया है। ऑलराउंड विकल्प में सूर्यांश शेडगे और निशांत सिंधु को शामिल किया गया है। इस त्रिकोणीय सीरीज़ में श्रीलंका ए के अलावा एक अन्य टीम अफ़ग़ानिस्तान की होगी। त्रिकोणीय सीरीज के बाद भारत ए श्रीलंका ए के ख़िलाफ़ दो लाल गेंद मुक़ाबले भी खेलेगा।
सफ़ेद गेंद सीरीज दाम्बुला में खेली जाएगी जबकि बहुदिवसीय मुक़ाबले गॉल में खेले जाएंगे। त्रिकोणीय सीरीज का आग़ाज 9 जून को होगा जबकि इसका फ़ाइनल 21 जून को खेला जाएगा। भारत ए अपना पहला मुक़ाबला 9 जून को ही श्रीलंका ए के ख़िलाफ खेलेगी।
त्रिकोणीय सीरीज़ के लिए भारत ए का दल: तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (उपकप्तान), आयुष बदोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, युधवीर सिंह, अंशुल कम्बोज, अरशद ख़ान

