Category: Uncategorized

  • DADA SAHEB FALKE INTERNATIONAL FILM FESTIVAL:श्वेता रॉय दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के एडवाइजरी बोर्ड में शामिल

    DADA SAHEB FALKE INTERNATIONAL FILM FESTIVAL:श्वेता रॉय दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के एडवाइजरी बोर्ड में शामिल

    मुंबई: भारतीय सिनेमा को समर्पित देश के सबसे प्रतिष्ठित मंच दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (DPIFF) ने एसआर क्वींस मीडिया प्राइवेट लिमिटेड की फाउंडर और डायरेक्टर श्वेता रॉय को अपने एडवाइजरी बोर्ड में शामिल करने की घोषणा की है। यह कदम कला, संस्कृति, महिला सशक्तिकरण और रचनात्मक नेतृत्व के संगम का प्रतीक माना जा रहा है।

    DPIFF, भारतीय सिनेमा के जनक दादासाहेब फाल्के की विरासत से प्रेरित होकर भारतीय फिल्म उद्योग में कलात्मक उत्कृष्टता, नवाचार और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने का कार्य करता है। यह फिल्म फेस्टिवल हर साल देशभर के फिल्ममेकर्स, कलाकारों और तकनीशियनों को सम्मानित करता है और भारत की सिनेमा शक्ति को वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में निरंतर अग्रसर है।

    श्वेता रॉय, एक प्रसिद्ध उद्यमी और महिला सशक्तिकरण की अग्रणी समर्थक हैं। वह एसआर क्वींस मीडिया प्राइवेट लिमिटेड की फाउंडर और प्रबंध निदेशक हैं — जो भारत के ग्लोबल ब्यूटी पेजेंट सेक्टर को नई पहचान दे रही है। उनके नेतृत्व में आयोजित “मिसेज़ इंडिया क्वीन” प्रतियोगिता ने सुंदरता के साथ उद्देश्य, आत्मविश्वास और नेतृत्व को केंद्र में रखते हुए ब्यूटी पेजेंट की परंपरा को एक नया आयाम दिया है। यह मंच विभिन्न पृष्ठभूमियों से आने वाली महिलाओं को अपनी पहचान, आवाज़ और नेतृत्व कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर देता है।

    अपनी नियुक्ति पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए श्वेता रॉय ने कहा,

    “दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल जैसे संस्थान का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। यह मंच भारतीय सिनेमा के महान दूरदर्शी की विरासत को संजोए हुए है। सिनेमा हमेशा से परिवर्तन और प्रेरणा का एक शक्तिशाली माध्यम रहा है, और इस यात्रा का हिस्सा बनना मेरे लिए गर्व और प्रेरणा दोनों है।”

    DPIFF का यह निर्णय भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में महिला नेतृत्व, सशक्तिकरण और रचनात्मक सहयोग को और मजबूत करने वाला साबित होगा।

  • पेटीएम मनी ने घटाई MTF ब्याज दरें, अब सिर्फ़ 7.99% से शुरू

    पेटीएम मनी ने घटाई MTF ब्याज दरें, अब सिर्फ़ 7.99% से शुरू

    मुंबई: अग्रणी वेल्थ-टेक प्लेटफ़ॉर्म पेटीएम मनी ने अपनी मार्जिन ट्रेडिंग फैसिलिटी (MTF) की ब्याज दरों में बड़ी कटौती की है। अब निवेशक 7.99% से 9.99% प्रति वर्ष की दरों पर फंडिंग का लाभ उठा सकेंगे।

    नई संरचना के तहत,

    • ₹1 लाख तक की फंडिंग पर ब्याज दर 7.99%,
    • ₹1 लाख से ₹1 करोड़ तक 9.99%,
    • और ₹1 करोड़ से अधिक पर 8.99% रखी गई है।

    पहले जहां दरें 14.99% तक थीं, अब अधिकतम दर घटकर 9.99% रह गई है — यानी निवेशकों की लागत में लगभग एक-तिहाई की कमी।

    कंपनी ने कहा कि यह कदम ट्रेडिंग को और किफ़ायती व सुलभ बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। पेटीएम मनी का दावा है कि उनकी नई दरें उद्योग में सबसे प्रतिस्पर्धी हैं और निवेशकों को अपने लाभ का अधिक हिस्सा बनाए रखने में मदद करेंगी।

  • भाजपा महायुति सरकार के खिलाफ कांग्रेस का 20 अक्टूबर को पूरे राज्य में ‘पिठला-भाखर आंदोलन’

    भाजपा महायुति सरकार के खिलाफ कांग्रेस का 20 अक्टूबर को पूरे राज्य में ‘पिठला-भाखर आंदोलन’

    मुंबई। महाराष्ट्र में किसानों की दुर्दशा और सरकार की नीतियों के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने 20 अक्टूबर को पूरे राज्य में ‘पिठला-भाखर आंदोलन’ करने की घोषणा की है। इस दिन कांग्रेस कार्यकर्ता किसानों के साथ बैठकर पिठला-भाखर और ठेचा खाएंगे और भाजपा महायुति सरकार की किसान-विरोधी नीतियों का विरोध दर्ज कराएंगे।

    कांग्रेस ने कहा है कि अतिवृष्टि के कारण राज्य के 30 जिलों के 350 तालुकों में लाखों एकड़ फसलें बर्बाद हो गई हैं। किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है, लेकिन सरकार ने जो राहत पैकेज घोषित किया है, वह बेहद कमज़ोर और भ्रामक है। पार्टी का कहना है कि सरकार ने केवल पुरानी योजनाओं को जोड़कर 32,000 करोड़ रुपये का “फसवा पैकेज” घोषित किया है, जिससे किसानों को कोई वास्तविक सहायता नहीं मिली है।

    कांग्रेस ने मांग की थी कि किसानों को प्रति हेक्टेयर 50,000 रुपये, जबकि पूरी तरह बह गई जमीन के लिए प्रति हेक्टेयर 5 लाख रुपये की सहायता और साथ ही पूर्ण कर्जमाफी दी जाए। लेकिन सरकार ने इन मांगों को नज़रअंदाज़ कर दिया है।

    कांग्रेस नेताओं ने कहा कि “देश का अन्नदाता इस दिवाली पर काली दिवाली मना रहा है और इसके लिए पूरी तरह भाजपा महायुति सरकार ज़िम्मेदार है।” पार्टी ने घोषणा की कि यह आंदोलन राज्य के हर ज़िले, हर तालुके और हर गांव में एक साथ आयोजित किया जाएगा ताकि किसानों की आवाज़ सरकार तक पहुंचाई जा सके।

  • NBMC News: भिवंडी मनपा प्रभाग समिति तीन कार्यालय के सामने कचरे का अंबार, बदबू से फैल रही बीमारियाँ

    NBMC News: भिवंडी मनपा प्रभाग समिति तीन कार्यालय के सामने कचरे का अंबार, बदबू से फैल रही बीमारियाँ

    भिवंडी। भिवंडी मनपा के प्रभाग समिति तीन कार्यालय के सामने इन दिनों कचरे का बड़ा ढेर जमा हो गया है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और स्थानीय लोग बीमारी के खतरे का सामना कर रहे हैं।

    स्थानीय निवासी और समाजसेवी रितेश जाधव ने बताया कि रोजाना कचरा न उठाए जाने के कारण पूरे क्षेत्र में दमघोंटू बदबू फैल रही है। कचरे में पनप रहे मच्छरों के कारण डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

    उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई ठेकेदार और मनपा के स्वच्छता कर्मचारियों की उदासीनता के कारण 16 नंबर वार्ड में कचरा कई दिनों तक नहीं उठाया गया। वार्ड में दवा का छिड़काव और धुंआ नहीं होने के कारण मच्छरों का आतंक बढ़ता जा रहा है।

    रितेश जाधव ने चेतावनी दी कि अगर मनपा कर्मचारी अपने कार्यालय के सामने से रोजाना कचरा नहीं उठा सकते, तो पूरे वार्ड की सफाई की उम्मीद करना मुश्किल है। उन्होंने मांग की है कि:

    • सफाई निरीक्षक को निलंबित किया जाए।
    • ठेकेदार का ठेका रद्द कर उसे ब्लैकलिस्ट किया जाए।

    समाजसेवी ने कहा कि अगर कर्मचारियों से काम नहीं हो सकता तो सभी को सामूहिक रूप से इस्तीफा दे देना चाहिए।

    प्रभाग समिति दो के सहायक आयुक्त सुरेंद्र भोईर और उपायुक्त से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन शनिवार होने के कारण उन्होंने कॉल का जवाब नहीं दिया।

    स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है और वार्डवासियों का कहना है कि सफाई व्यवस्था सुधारना अब समय की मांग है।

  • म्हाडा इंजीनियर 40,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

    म्हाडा इंजीनियर 40,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

    मुंबई। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बांद्रा स्थित म्हाडा कार्यालय में सिविल इंजीनियरिंग सहायक रंजीत बालासाहेब चव्हाण को 40,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। यह रिश्वत 2 लाख रुपये के सौदे की पहली किश्त थी।

    जानकारी के अनुसार, इंजीनियर ने शिकायतकर्ता से 4 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी, लेकिन दोनों पक्षों के बीच सौदा 2 लाख रुपये में तय हुआ। रंजीत चव्हाण ने शिकायतकर्ता को रो हाउस पर अनधिकृत निर्माण और पेइंग गेस्ट व्यवसाय के संबंध में कार्रवाई रिपोर्ट भेजने की धमकी दी थी।

    भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने जाल बिछाकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। इस कार्रवाई का निरीक्षण पुलिस निरीक्षक गणपत परचाके ने किया, जबकि सहायक पुलिस आयुक्त मानसिंह पाटिल के नेतृत्व में यह कार्रवाई संपन्न हुई।

    कार्यवाई में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संदीप दीवान, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अनिल घेरडीकर और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेंद्र सांगले का मार्गदर्शन भी शामिल था।

    यह मामला मुंबई में सरकारी अधिकारियों की भ्रष्टाचार के खिलाफ की जा रही सतत कार्रवाई का एक उदाहरण है।

  • नवी मुंबई में देश का नया हवाई द्वार तैयार: पीएम मोदी 8 अक्टूबर को करेंगे उद्घाटन

    नवी मुंबई में देश का नया हवाई द्वार तैयार: पीएम मोदी 8 अक्टूबर को करेंगे उद्घाटन

    राष्ट्रीय स्वाभिमान संवाददाता

    नवी मुंबई | बहुप्रतीक्षित नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन 8 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। सिडको के प्रबंध निदेशक विजय सिंघल ने बताया कि उद्घाटन के बाद पीएम मोदी लगभग दो घंटे तक हवाई अड्डे के परिसर में रहकर विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे।

    हवाई अड्डे में दो विशाल रनवे बनाए गए हैं, जिसमें से एक पूरी तरह तैयार है। सभी टर्मिनल आपस में जुड़े होंगे, जिससे यात्रियों को एकीकृत और सुगम अनुभव मिलेगा। यह परियोजना पर्यावरण–अनुकूल सिद्धांत पर आधारित है, जिसमें हरित ऊर्जा, वर्षा जल संचयन और कार्बन-न्यूट्रल संचालन पर विशेष ध्यान दिया गया है।

    यात्रियों की सुविधा के लिए अटल सेतु से कोष्ठल रोड तक नई सड़क बनाई जा रही है। मेट्रो लाइन-8 को भी जल्द मंज़ूरी मिलने वाली है, जिससे नवी मुंबई और मुंबई हवाई अड्डों के बीच सीधी कनेक्टिविटी होगी। मेट्रो स्टेशन पर ही सीधा चेक-इन काउंटर उपलब्ध होगा।

    कुल ₹19,600 करोड़ के इस मेगा प्रोजेक्ट में सिडको ने भूमि विकास पर ₹3,500 करोड़ खर्च किए हैं। हवाई अड्डे पर 350 विमानों की पार्किंग क्षमता और दोनों रनवे के लिए स्वतंत्र टैक्सीवे तैयार किए गए हैं।

    टर्मिनल के भीतर डिजिटल आर्ट के माध्यम से भारत की समृद्ध संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके संचालन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) तकनीक का उपयोग होगा और यात्रियों को ‘वन-अप एंड टू-एंड बैगेज फैसिलिटी’ उपलब्ध कराई जाएगी। सिडको एमडी विजय सिंघल के अनुसार, यह हवाई अड्डा केवल ढांचा नहीं बल्कि भारत की तेज़ रफ्तार प्रगति का प्रतीक बनेगा और मुंबई की हवाई भीड़ कम कर महाराष्ट्र के आर्थिक और पर्यटन विकास में नई ऊर्जा देगा।

  • Kojagiri Purnima: शरद पूर्णिमा अमृत बरसाने वाली रात, स्वास्थ्य और समृद्धि से जुड़ी परंपराएं

    Kojagiri Purnima: शरद पूर्णिमा अमृत बरसाने वाली रात, स्वास्थ्य और समृद्धि से जुड़ी परंपराएं

    नई दिल्ली। भारतीय संस्कृति में हर पर्व के पीछे गहन वैज्ञानिक और धार्मिक दृष्टि निहित होती है। उनमें से एक है शरद पूर्णिमा, जिसे कोजागरी पूर्णिमा भी कहा जाता है। आश्विन मास की यह पूर्णिमा स्वास्थ्य, आरोग्य और समृद्धि से जुड़ी मानी जाती है।

    मान्यता है कि इस रात चंद्रमा अपनी 16 कलाओं के साथ धरती पर अमृतमयी किरणें बरसाता है, जो शरीर और मन दोनों को सशक्त बनाती हैं। शास्त्रों के अनुसार, चंद्रमा की रश्मियों में औषधीय गुण सक्रिय हो जाते हैं।

    परंपरा है कि शरद पूर्णिमा की रात गाय के दूध, चावल, केसर और किशमिश से बनी खीर को चांदनी में रखकर प्रातः सेवन किया जाए। आयुर्वेद के अनुसार यह खीर मानसिक स्वास्थ्य और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक है, खासकर बच्चों के लिए अत्यंत लाभकारी।

    कथाओं के अनुसार, इस रात वृंदावन में श्रीकृष्ण ने महारास रचा था, इसलिए इसे रास पूर्णिमा भी कहा जाता है। साथ ही, मान्यता है कि शरद पूर्णिमा की रात लक्ष्मी सूक्त का पाठ करने से जीवन में धन-धान्य की वृद्धि होती है।

    विज्ञान भी मानता है कि चंद्रमा का जल और मानसिक संतुलन पर प्रभाव होता है। समुद्र में ज्वार-भाटा से लेकर हमारे मानसिक स्वास्थ्य तक, चंद्रमा की गतियां जीवन को गहराई से प्रभावित करती हैं।

  • Politics on Ratnagiri Development:रत्नागिरी की टूटी सड़कों पर UBT शिवसेना का हल्लाबोल,भाजपा सरकार पर भड़की सेना

    Politics on Ratnagiri Development:रत्नागिरी की टूटी सड़कों पर UBT शिवसेना का हल्लाबोल,भाजपा सरकार पर भड़की सेना

    उबाठा नेताओं ने बोला, “जनता अब गड्ढों और झूठे वादों से तंग आ चुकी है”

    रत्नागिरी। महाराष्ट्र की महायुति सरकार और पालकमंत्री उदय सामंत के खिलाफ शिवसेना (ठाकरे गुट) का गुस्सा अब सड़कों पर फूट पड़ा है। रत्नागिरी की खस्ताहाल सड़कों, जगह-जगह बने गड्ढों और प्रशासन की उदासीनता से त्रस्त नागरिकों ने शुक्रवार को शिवसेना (ठाकरे गुट) के साथ मिलकर जोरदार प्रदर्शन किया। मारुति मंदिर परिसर में आयोजित इस आंदोलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने 15 मिनट का प्रतीकात्मक चक्का जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

    पूरा परिसर “डांबरचोर पालकमंत्री हाय हाय”, “आधी रस्ते पाहिजेत, अच्छे दिन नको” और “रस्ते नाही, फक्त खड्डे आणि वेदना” जैसे नारों से गूंज उठा। शिवसैनिकों और स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ ने भाजपा सरकार के खिलाफ रोष जताया। आंदोलन का नेतृत्व शिवसेना (ठाकरे गुट) के उपनेता बाल माने ने किया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाने का प्रयास है।

    बाल माने ने फडणवीस सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, “रत्नागिरी की सड़कें मौत का जाल बन चुकी हैं। हर दिन लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं, लेकिन भाजपा के पालकमंत्री उदय सामंत जनता की पीड़ा सुनने के बजाय विदेश दौरों में व्यस्त हैं।” उन्होंने तीखी चेतावनी दी, “अगर 15 दिनों में सड़कें दुरुस्त नहीं की गईं, तो 16वें दिन शिवसेना (ठाकरे) उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।”

    आंदोलन के दौरान पुलिस ने भारी बंदोबस्त किया था, जिस पर नाराज़गी जताते हुए माने ने कहा, “क्या हम शहरी नक्सलवादी हैं, जो इतनी पुलिस लगाई गई? हम लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठा रहे हैं, सरकार हमें डराकर चुप नहीं करा सकती।”

    शिवसेना नेताओं ने बताया कि रत्नागिरी नगरपालिका के अंतर्गत करीब 95 किलोमीटर लंबे रस्तों में से अधिकतर जर्जर हो चुके हैं। स्मार्ट सिटी और एमआईडीसी के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद नतीजे शून्य हैं। जनता बारिश में कीचड़ और गड्ढों में गिरकर परेशान है, लेकिन सरकार आंखें मूंदे बैठी है।

    बाल माने ने अंत में कहा, “यह आंदोलन जनता के सब्र का इम्तिहान नहीं, सरकार की नींद तोड़ने की कोशिश है। अगर भाजपा सरकार ने अब भी रत्नागिरी की जनता की आवाज नहीं सुनी, तो शिवसेना (ठाकरे गुट) सड़कों से लेकर विधान भवन तक हल्लाबोल करेगी।”

  • Namo Yuva Run: अंबरनाथ में ‘नमो युवा रन’ मैराथन का आयोजन, नशामुक्त भारत का दिया गया संदेश

    Namo Yuva Run: अंबरनाथ में ‘नमो युवा रन’ मैराथन का आयोजन, नशामुक्त भारत का दिया गया संदेश

    अंबरनाथ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सेवा पखवाड़े’ के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी द्वारा रविवार, 28 सितंबर 2025 को अंबरनाथ में ‘नमो युवा रन’ मैराथन का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य ‘नशामुक्त भारत…स्वस्थ भारत’ की संकल्पना को जन-जन तक पहुँचाना था। मैराथन में चार समूहों के तहत 4,000 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

    मैराथन प्रतियोगिता ओपन ग्रुप, 17 वर्ष से ऊपर, 14 वर्ष से ऊपर और 12 वर्ष से ऊपर इन चार श्रेणियों में आयोजित की गई। कार्यक्रम का मार्गदर्शन कल्याण जिला महासचिव अभिजीत करंजुले पाटिल और अंबरनाथ पूर्व मंडल नगर अध्यक्ष विश्वजीत करंजुले पाटिल ने किया।

    राज्य मंत्री रवींद्र चव्हाण ने इस अवसर पर कहा कि ‘नशामुक्त भारत…फिट इंडिया’ के उद्देश्य से प्रत्येक युवा को आगे आकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना चाहिए। उन्होंने मैराथन में भाग लेने वाले सभी युवाओं का अभिनंदन करते हुए इसे एक प्रेरणादायक पहल बताया।

    यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बना, बल्कि युवाओं को नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित करने का संदेश भी सफलतापूर्वक प्रसारित किया। आयोजकों ने इसे जनसहभागिता और सामाजिक चेतना का प्रतीक बताया।

  • Nilambari Foundation: नीलांबरी फाउंडेशन द्वारा अनोखा कवयित्री समागम, मुंबई में देशभर की कवियित्रियों का सम्मान

    मुंबई। मुंबई यूनिवर्सिटी के शंकरराव चव्हाण शिक्षण-प्रशिक्षण अकादमी भवन, सांताक्रुज कलीना में नीलांबरी फाउंडेशन द्वारा एक अनोखे कवयित्री समागम का आयोजन किया गया, जिसमें देशभर से आईं कवियित्रियों ने भाग लिया। इस साहित्यिक आयोजन में एटा, लखनऊ से आईं मुख्य अतिथि डॉ. शैलजा दूबे ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति से श्रोताओं का मन मोह लिया। उनके साथ-साथ अन्य कवियित्रियों की रचनाओं ने भी सभागार में उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
    रोमा झा और डॉ. सुषमा शुक्ला की नई कलम ने विशेष प्रभाव छोड़ा। कार्यक्रम के अंत में संस्कृत शिक्षिका और प्रसिद्ध कवयित्री प्रमिला शर्मा को नीलांबरी फाउंडेशन का उपाध्यक्ष घोषित किया गया। इसी क्रम में डॉ. प्रमोद पल्लवित ने डॉ. नीलिमा पाण्डेय को राष्ट्रीय लाल साहित्य साधना मंच का महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया।


    कार्यक्रम में सिने कलाकारों, कवियित्रियों और साहित्य प्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रमुख नामों में श्रुति भट्टाचार्य, अलका पाण्डेय, रेखा किंगर, प्रोमिला शुक्ला, पल्लवी रानी, लक्ष्मी यादव, उषा मधु लक्ष्मी गुप्ता, सुषमा तिवारी, मनीषा श्रेयसी, अर्चना वर्मा सिंह, कविता पटेल, विद्या शर्मा, नताशा गिरी, वैष्णवी तिवारी सहित कई अन्य साहित्य साधकों की सहभागिता रही।
    कार्यक्रम का संचालन डॉ. नीलिमा पाण्डेय ने किया और आभार प्रदर्शन ओजकवि लक्ष्मीकांत कमलनयन ने किया। यह समागम साहित्यिक सौंदर्य, भावनात्मक अभिव्यक्ति और महिला सशक्तिकरण का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।