Category: Maharashtra

  • Mumbai में गैस संकट गहराया, सिलेंडर की कमी से कई होटल बंद

    Mumbai में गैस संकट गहराया, सिलेंडर की कमी से कई होटल बंद

    मुंबई | एलपीजी गैस की भारी कमी के कारण शहर के कई इलाकों में होटल और खानावली बंद होने की स्थिति पैदा हो गई है। गैस सिलेंडर की कमी के चलते गुरुवार को शहर के प्रमुख क्षेत्रों में कई होटल बंद रहे, जिससे खाने के लिए आने वाले लोगों को बंद शटर देखकर वापस लौटना पड़ा।

    ऑफिस इलाकों में सबसे ज्यादा असर

    Lower Parel और Currey Road जैसे इलाकों में बड़ी संख्या में कार्यालय हैं। यहां काम करने वाले कर्मचारी आमतौर पर दोपहर के भोजन के लिए आसपास के होटल और खानावलों पर निर्भर रहते हैं। लेकिन गैस खत्म होने के कारण कई होटल गुरुवार को बंद रहे।

    करी रोड स्थित एक होटल के मैनेजर सचिन शेटे ने बताया कि उनके पास केवल दो दिन का गैस स्टॉक बचा है। इसके बाद ओवन में सिर्फ पिज्जा जैसे सीमित व्यंजन ही बनाए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि इंडक्शन स्टोव खरीदने की कोशिश की, लेकिन बाजार में वहां भी भारी भीड़ है और कई व्यंजन इंडक्शन पर बनाना संभव नहीं है।

    खानावलों की भी मुश्किलें बढ़ीं

    घर जैसा खाना देने वाली एक खानावली चलाने वाले रामचंद्र पाटील ने बताया कि उनके पास भी गैस लगभग खत्म हो गई है। इंडक्शन पर खाना बनाने में सामान्य से दोगुना समय लगता है, इसलिए सभी व्यंजन बनाना संभव नहीं है। ऐसे में केवल सीमित भोजन ही तैयार कर खानावली चलाने की कोशिश की जाएगी।

    कई होटल बंद होने की कगार पर

    Hotel and Restaurant Association of Western India के उपाध्यक्ष प्रदीप शेट्टी के अनुसार, राज्य के कई होटलों ने गैस की कमी के कारण मेन्यू कम कर दिया है, जबकि कई होटल पूरी तरह बंद हो चुके हैं या अपने संचालन रोक चुके हैं।गैस संकट अगर जल्द खत्म नहीं हुआ तो शहर के होटल उद्योग और ग्राहकों दोनों के लिए स्थिति और गंभीर हो सकती है।

  • APMC में निर्यात गिरावट और LPG संकट से सब्जियों के दाम धड़ाम

    APMC में निर्यात गिरावट और LPG संकट से सब्जियों के दाम धड़ाम

     APMC और Kalyan APMC में सब्जियां सप्लाई करने वाले किसानों को भारी संकट का सामना करना पड़ रहा है। पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष और घरेलू एलपीजी आपूर्ति संकट के कारण सब्जियों की मांग अचानक गिर गई है, जिससे कीमतें रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई हैं।

    किसानों और व्यापारियों के अनुसार भिंडी, करेला, खीरा, मिर्च, अदरक, सहजन (मोरिंगा) और शिमला मिर्च जैसी सब्जियां पहले बड़ी मात्रा में अमेरिका और पश्चिम एशिया के कई देशों में निर्यात होती थीं। लेकिन मौजूदा हालात के कारण अंतरराष्ट्रीय मांग लगभग खत्म हो गई है, जिसके चलते निर्यात के लिए तैयार माल अब स्थानीय बाजारों में आ रहा है और कीमतें तेजी से गिर रही हैं।

    पहले करीब 50 रुपये प्रति किलो बिकने वाली भिंडी अब सिर्फ 10 रुपये प्रति किलो के आसपास बिक रही है। किसानों का कहना है कि इतनी कम कीमत पर तोड़ाई और परिवहन का खर्च भी निकलना मुश्किल हो रहा है।

    ट्रकों की आवाजाही भी घटी

    जगदीश रेड्डी के मुताबिक, कुछ हफ्ते पहले तक शाहपुर एपीएमसी में हर दिन 50 से ज्यादा ट्रक सब्जियां लेने आते थे, लेकिन अब निर्यात ऑर्डर बंद होने से ट्रकों की संख्या लगभग खत्म हो गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अगले 10 दिनों में हालात नहीं सुधरे तो किसानों और व्यापारियों के लिए स्थिति और गंभीर हो सकती है।

    एलपीजी संकट से होटल उद्योग भी प्रभावित

    एलपीजी की कमी के कारण क्षेत्र के कई होटल और रेस्टोरेंट ने सब्जियां खरीदना कम या बंद कर दिया है। गैस की कमी से कई रसोई बंद हैं, जिससे स्थानीय मांग भी तेजी से घट गई है।

    ओमकार गुप्ता के अनुसार, निर्यात बंद होने से बाजार में भारी असंतुलन पैदा हो गया है। जो सब्जियां केवल निर्यात के लिए उगाई जाती थीं, वे अब स्थानीय बाजार में बिक रही हैं, जिससे कीमतें 50% से 70% तक गिर चुकी हैं।

    होटल बंद होने का खतरा

    Rठाणे नगर क्षेत्र में करीब 1200 होटल एपीएमसी से सब्जियां खरीदते हैं, लेकिन इनमें से केवल लगभग 120 होटलों के पास पाइपलाइन गैस कनेक्शन है। बाकी लगभग 1000 होटल एलपीजी सिलेंडर पर निर्भर हैं और गैस संकट जारी रहा तो अगले 2–3 दिनों में कई होटल बंद होने की नौबत आ सकती है।किसानों का कहना है कि अगर यही स्थिति जारी रही तो उन्हें फसल काटे बिना ही खेत में छोड़ने का कठिन फैसला लेना पड़ सकता है, जिससे पूरे कृषि आपूर्ति तंत्र पर गंभीर असर पड़ सकता है।

  • दिवा-मुंब्रा में दहशत फैलाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार,48 चोरी कर फैला दी थी दहशत

    दिवा-मुंब्रा में दहशत फैलाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार,48 चोरी कर फैला दी थी दहशत

    ठाणे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बंद घरों को निशाना बनाकर लगातार चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 1 करोड़ 39 लाख रुपये कीमत के लगभग 1.03 किलो सोने के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, पिछले दो वर्षों से मुंब्रा और दिवा पूर्व इलाके में बंद घरों में खिड़कियों की ग्रिल तोड़कर या दरवाजों के कुंडे तोड़कर चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इस मामले में Mumbra Police Station में 48 घरफोड़ियों की शिकायतें दर्ज की गई थीं। गिरफ्तार आरोपी का नाम शिवाजी सांतें (31) है, जो Titwala का रहने वाला है। वह बंद घरों की पहचान कर बेहद सुनियोजित तरीके से चोरी करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए अलग-अलग परिवहन साधनों का इस्तेमाल करता था और कई बार उल्टी दिशा में चलकर अपना सुराग छिपाता था। इस मामले की जांच Ashutosh Dumbre के निर्देश पर चल रही थी। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन गायकवाड़ के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी का पता लगाते हुए 2 मार्च को टिटवाला से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने मुंब्रा इलाके में 48 चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। मामले की आगे की जांच जारी है, ऐसी जानकारी पुलिस उपायुक्त Amar Singh Jadhav ने दी। 

  • BDD Chawl Naigaon बीडीडी चॉल पुनर्विकास पर सियासत तेज,आदित्य ठाकरे का सरकार पर बड़ा आरोप 

    BDD Chawl Naigaon बीडीडी चॉल पुनर्विकास पर सियासत तेज,आदित्य ठाकरे का सरकार पर बड़ा आरोप 

    BDD Chawl Naigaon के पुनर्विकास प्रोजेक्ट को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। Aditya Thackeray ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रोजेक्ट पूरा होने के बावजूद लोगों को अब तक उनके घरों की चाबियां नहीं दी गई हैं।आदित्य ठाकरे का कहना है कि बीडीडी चॉल के निवासियों के लिए बनाई गई हाईराइज इमारतें पूरी तरह तैयार हैं और घरों का आवंटन भी हो चुका है। इसके बावजूद पिछले करीब दो महीनों से लोग अपने घरों की चाबियों का इंतजार कर रहे हैं। उनका आरोप है कि सरकार सिर्फ “मुहूर्त” के इंतजार में चाबियां देने में देरी कर रही है।

    ग्राउंड पर जाकर सुनी लोगों की समस्या

    आदित्य ठाकरे ने नायगांव स्थित बीडीडी चॉल इलाके का दौरा कर वहां के निवासियों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर उन्होंने Devendra Fadnavis से भी अनुरोध किया था, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला।

    किराए के मकानों में रह रहे लोगों की बढ़ी परेशानी

    घर का पजेशन न मिलने के कारण कई परिवार फिलहाल किराए के मकानों में रह रहे हैं, जिससे उनके ऊपर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। कई लोग इस दुविधा में हैं कि उन्हें अपने मौजूदा घर का रेंट एग्रीमेंट रिन्यू कराना चाहिए या नहीं।

    16 मार्च को चाबियां मिलने की संभावना

    सूत्रों के मुताबिक, सरकार 16 मार्च को इन घरों की चाबियों का वितरण कर सकती है। अगर ऐसा होता है, तो लंबे समय से इंतजार कर रहे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और वे गुड़ी पड़वा के शुभ अवसर पर अपने नए घरों में प्रवेश कर सकेंगे।

  • पैदल परिक्रमा कर रहे जैन मुनि की सड़क हादसे में मौत

    पैदल परिक्रमा कर रहे जैन मुनि की सड़क हादसे में मौत

    मुंबई |मुंबई – अहमदाबाद हाइवे पर पैदल परिक्रमा कर रहे एक जैन मुनि की भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। इस दुखद घटना से इलाके में शोक का माहौल है।

    जानकारी के अनुसार यह हादसा Virar के पास भालिवली इलाके में, Mandvi Police Station की सीमा में गुरुवार तड़के करीब 5:15 बजे हुआ।हादसे में जान गंवाने वाले जैन मुनि का नाम नम्ररत्न विजय महाराज (उम्र 21 वर्ष) बताया जा रहा है। वे मूल रूप से Gujarat के रहने वाले थे। वह पालघर जिले के सातीवली प्रतापधाम से विरार के शिरसाड फाटा की ओर पैदल परिक्रमा करते हुए जा रहे थे।

    कैसे हुआ हादसा

    • भालिवली इलाके में हाईवे पर एक ट्रक खराब होकर खड़ा था।
    • उसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार का नियंत्रण चालक से छूट गया।
    • कार ने पहले खड़े ट्रक को जोरदार टक्कर मारी।
    • इसके बाद सड़क पर पैदल चल रहे जैन मुनि को भी टक्कर लग गई।

    इस भीषण दुर्घटना में नम्ररत्न विजय महाराज की मौके पर ही मौत हो गई।पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज कर लिया है और कार चालक तथा ट्रक चालक दोनों को हिरासत में ले लिया गया है। आगे की जांच Mandvi Police Station की पुलिस कर रही है।

  • मीरा रोड में ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर हमला, आरोपी फरार 🚨

    मीरा रोड में ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर हमला, आरोपी फरार 🚨

    मीरा रोड |काशीमीरा इलाके में ड्यूटी के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर हमला किए जाने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है।

    मिली जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक पुलिसकर्मी किरण सहाणे अमर पैलेस इलाके में ट्रैफिक नियंत्रण की ड्यूटी कर रहे थे। उसी दौरान दो बाइक सवारों के बीच एक-दूसरे को कट मारने को लेकर विवाद शुरू हो गया।झगड़ा बढ़ता देख पुलिसकर्मी किरण सहाणे ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की। लेकिन इसी दौरान एक बाइक सवार ने गुस्से में आकर पुलिसकर्मी पर ही हमला कर दिया और उनके साथ मारपीट की। अचानक हुई इस घटना से इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।हमला करने के बाद आरोपी इस मामले में Kashimira Police Station में केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

    ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पर हुए इस हमले से स्थानीय लोगों में नाराज़गी और चिंता का माहौल है। 🚓

  • Navi Mumbai: पुलिस का कॉम्बिंग ऑपरेशन: देसी कट्टा, कारतूस और ब्राउन शुगर बरामद, एक गिरफ्तार

    Navi Mumbai: पुलिस का कॉम्बिंग ऑपरेशन: देसी कट्टा, कारतूस और ब्राउन शुगर बरामद, एक गिरफ्तार

    नवी मुंबई।नवी मुंबई में अपराध और अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए रबाळे पुलिस ने बड़े स्तर पर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने नशे के कारोबार, अवैध शराब, गुटखा बिक्री और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज किए हैं। वहीं एक आरोपी को देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है।

    यह विशेष कॉम्बिंग ऑपरेशन पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे और पुलिस उपायुक्त (परिमंडल-1) पंकज डहाणे के मार्गदर्शन में चलाया गया। अभियान में परिमंडल-1 के अंतर्गत आने वाले सात पुलिस थानों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इसमें 4 पुलिस निरीक्षक, 16 सहायक पुलिस निरीक्षक (API) और करीब 184 पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

    वाहनों की जांच करती पुलिस

    पुलिस ने यह अभियान नोसिल नाका, अर्जुनवाड़ी, घनसोली साईनाथवाड़ी और रबाळे क्षेत्र में चलाया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कई स्थानों पर एक साथ मास रेड की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध धंधों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।

    पुलिस आयुक्तालय की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत नशे के कारोबारियों, नशा करने वालों, अवैध शराब बेचने वालों, गुटखा तस्करों और जुआ क्लब संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इसके साथ ही अवैध रूप से रहने वाले बांग्लादेशी और नाइजीरियन नागरिकों की जांच भी की गई। पुलिस ने होटल और लॉज में ठहरे संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करते हुए उनके दस्तावेजों की भी पड़ताल की।

    अभियान के दौरान पुलिस ने कई जगह नाकाबंदी कर वाहनों की भी सघन जांच की। कुल 229 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से नियमों का उल्लंघन करने वाले 92 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा 22 संदिग्ध अपराधियों की पहचान कर उनकी जांच की गई। वहीं 12 वांछित आरोपियों की भी जांच की गई, जिनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली।

    कार्रवाई के दौरान विभिन्न कानूनों के तहत कई मामले दर्ज किए गए। शराबबंदी कानून की धारा 65(E) के तहत 1 मामला दर्ज किया गया, जबकि एनडीपीएस एक्ट के तहत नशा सेवन के 5 मामले और नशा रखने का 1 मामला सामने आया। इसके अलावा अवैध गुटखा बिक्री के 2 मामले दर्ज किए गए, वहीं भारतीय दंड संहिता की धारा 285 के तहत 4 मामले दर्ज किए गए।

    सबसे बड़ी कार्रवाई उस समय सामने आई जब पुलिस ने एक आरोपी को पकड़कर उसके पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और ब्राउन शुगर की करीब 100 पुड़िया बरामद की। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

  • LPG Cylinder: यूएस-इजरायल और ईरान तनाव के बीच भारत ने एलपीजी सप्लाई को सुरक्षित रखा लेकिन जनता कालाबाजारी से बेहाल

    LPG Cylinder: यूएस-इजरायल और ईरान तनाव के बीच भारत ने एलपीजी सप्लाई को सुरक्षित रखा लेकिन जनता कालाबाजारी से बेहाल

    ;

    नई दिल्ली/मुंबई: यूएस-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने दुनिया भर में ऊर्जा संकट पैदा कर दिया है, जिससे एलपीजी (LPG Cylinder) की सप्लाई पर भी असर पड़ा। भारत सरकार ने एलपीजी की घरेलू आपूर्ति को सुरक्षित रखने के लिए कई कदम उठाए हैं और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने दावा किया है कि घरेलू डिलीवरी सामान्य समय पर ही जारी रहेगी।

    लेकिन वास्तविक स्थिति जनता के लिए भयावह बनी हुई है। कई शहरों में एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी और ऊँचे होलसेल दाम आम जनता को परेशान कर रहे हैं। कुछ रिपोर्टों के अनुसार बड़े कारोबारी और डीलर एलपीजी की उपलब्धता को नियंत्रित कर उसके दाम बढ़ा रहे हैं। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को सिलेंडर खरीदने में मुश्किल हो रही है, और सरकारी राहत की योजनाएं प्रभावी रूप से जमीन पर नहीं पहुंच पा रही हैं।

    पेट्रोलियम मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने एलपीजी की सुरक्षित सप्लाई और नए LNG कार्गो की व्यवस्था का हवाला देते हुए कहा कि घरेलू सेक्टर को प्राथमिकता दी जा रही है और नॉन-डोमेस्टिक सेक्टर जैसे हॉस्पिटल और एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन को भी जरूरत के अनुसार आवंटन किया जा रहा है। वहीं एलपीजी बुकिंग के बीच न्यूनतम अंतराल को 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है।

    सरकार का दावा है कि घरेलू डिलीवरी सामान्य रूप से 2.5 दिन में होगी, लेकिन जनता का कहना है कि होलसेल दामों और कालाबाजारी के कारण सिलेंडर आसानी से नहीं मिल रहा। BPCL, IOC और HPCL की संयुक्त समिति मांग और आवंटन की समीक्षा कर रही है, लेकिन कई क्षेत्रों में लोग निजी डीलरों के बढ़ते दाम और काले बाजारी आपूर्ति से परेशान हैं।

    केंद्रीय गृह सचिव ने राज्यों के डीजीपी और सचिवों से कहा है कि कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएँ। हालांकि जनता का अनुभव बताता है कि इस दिशा में कार्रवाई पर्याप्त नहीं हो रही है।

    विशेषज्ञों का कहना है कि सरकार के उपायों और अतिरिक्त LNG आयात के बावजूद स्थानीय डीलरों द्वारा किए जा रहे मनमाने दामों और कालाबाजारी पर नजर रखना बेहद जरूरी है, वरना आम जनता की परेशानी और बढ़ सकती है।

    सरकार का दावा और जनता का अनुभव फिलहाल आमने-सामने हैं, और एलपीजी संकट को लेकर वास्तविक राहत जनता तक पहुँचने में देरी हो रही है।

  • महेश सहकारी बैंक (पुणे) की नई शाखा का 12 मार्च 2026 को भव्य उद्घाटन

    महेश सहकारी बैंक (पुणे) की नई शाखा का 12 मार्च 2026 को भव्य उद्घाटन

    पुणे:महेश सहकारी बैंक लि.(पुणे) की नई शाखा का आज(12 मार्च 2026) शिवणे क्षेत्र में भव्य उद्घाटन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 12 मार्च 2026 को शाम 5:00 बजे से 8:30 बजे तक आयोजित होगा। नई शाखा का उद्घाटन बैंक के संस्थापक अध्यक्ष हीरालालजी मालू के हाथों किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष एवं उद्योगपति गिरधरजी काले विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
    कार्यक्रम में बैंक के अध्यक्ष जुगलकिशोर पुंगालिया, उपाध्यक्ष अजय लद्धा तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी मिलिंद गवासाने सहित बैंक के सभी निदेशक मंडल और प्रबंधन समिति के सदस्य मौजूद रहेंगे। बैंक प्रबंधन ने शहर के नागरिकों, ग्राहकों और शुभचिंतकों से उद्घाटन समारोह में उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने का आग्रह किया है।


    नई शाखा का पता सर्वे नंबर 31/2, फ्लोर शॉप नंबर 1 व 2, एनडीए रोड, इंगले कॉलोनी, शिवणे, पुणे – 411023 है। बैंक प्रशासन ने सभी अतिथियों से अनुरोध किया है कि समारोह में किसी प्रकार के उपहार या बुके न लाएं और अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को सफल बनाएं।

  • Torrent Power की इफ्तार पार्टी, 20 वर्षों से कायम है सौहार्द की परंपरा

    Torrent Power की इफ्तार पार्टी, 20 वर्षों से कायम है सौहार्द की परंपरा

    भिवंडी। भिवंडी के गोपालनगर स्थित पाटीदार हॉल में मंगलवार, 10 मार्च की शाम टोरेंट पावर कंपनी (Torrent Power)की ओर से रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शहर के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी, नगरसेवक, मीडियाकर्मी और हिंदू-मुस्लिम समुदाय के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।

    इफ्तार कार्यक्रम की शुरुआत से पहले मुस्लिम धर्मगुरु मुफ्ती हुजैफा ने रोजे के धार्मिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने टोरेंट पावर द्वारा आयोजित इस इफ्तार पार्टी की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन देश में एकता, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करते हैं।

    कार्यक्रम में शहर के विभिन्न पुलिस स्टेशनों के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, भिवंडी मनपा के अधिकारी, विभिन्न पावरलूम संगठनों के प्रतिनिधि और शहर के कई प्रतिष्ठित नागरिक मौजूद थे। टोरेंट पावर की ओर से जीवन क्लर्क (उपाध्यक्ष), जय पांड्या, सुधीर देशमुख और पीआरओ चेतन बदियानी सहित कंपनी के अधिकारियों ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

    इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने टोरेंट पावर द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सहयोग, शांति और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देते हैं।

    टोरेंट पावर के पीआरओ चेतन बदियानी ने बताया कि कंपनी पिछले 20 वर्षों से लगातार रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन कर रही है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज में सौहार्दपूर्ण माहौल बनाना और कंपनी व स्थानीय समुदाय के बीच संबंधों को मजबूत करना है।

    गौरतलब है कि इन दिनों भिवंडी में रोजा इफ्तार पार्टियों का दौर चल रहा है, लेकिन टोरेंट पावर द्वारा आयोजित यह इफ्तार कार्यक्रम अपनी भव्यता और व्यापक सहभागिता के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।