Category: Maharashtra Police

  • Government-Owned PEC Ltd Allegedly Duped of ₹631 Crore by  Soumit Ranjan Jena and His Wife: सरकारी कंपनी पीईसी लिमिटेड को मोहन भागवत के फंटर सौमित रंजन जेना और उसकी पत्नी प्रीति ने लगाई 631 करोड़ की चपत

    Government-Owned PEC Ltd Allegedly Duped of ₹631 Crore by Soumit Ranjan Jena and His Wife: सरकारी कंपनी पीईसी लिमिटेड को मोहन भागवत के फंटर सौमित रंजन जेना और उसकी पत्नी प्रीति ने लगाई 631 करोड़ की चपत

    PEC Limited कंपनी से सौमित ने चीन को लौह अयस्क की सप्लाई के लिए थे 348 करोड़, व्याज सहित हो गए 613 करोड़

    मुंबई। सरकारी कंपनी पीईसी लिमिटेड से जुड़े 613 करोड़ रुपये के कथित वित्तीय घोटाले को लेकर चार्टर्ड अकाउंटेंट विजय डागर ने जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए संबंधित एजेंसियों से मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच की मांग की है। डागर का दावा है कि उन्होंने इस मामले में उपलब्ध दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन का अध्ययन कर कई महत्वपूर्ण बिंदु जांच एजेंसियों के समक्ष रखे हैं।
    डागर के अनुसार, वर्ष 2011-12 में पिसीज एक्सिम के मुंबई यूनिट के प्रोपराइटर सौमित जेना ने पीईसी लिमिटेड से चीन को लौह अयस्क निर्यात के लिए करीब 613 करोड़ रुपये का ऋण लिया था। उनका आरोप है कि बाद में कंपनी की संरचना में बदलाव कर कुछ कर्मचारियों को पिसीज एक्सिम (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड का निदेशक बनाया गया और जेना तथा उनकी पत्नी ने निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया। डागर का दावा है कि इस प्रक्रिया के जरिए ऋण की जिम्मेदारी नए निदेशकों वाली कंपनी पर डाल दी गई।
    डागर स्वयं पिसीज एक्सिम (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के वित्त वर्ष 2011-12 के वैधानिक ऑडिटर थे। उनके खिलाफ गोवा में SPCC/10/2019 मामला दर्ज होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उन पर सरस्वत को-ऑपरेटिव बैंक से लिए गए करीब 3 करोड़ रुपये के सुरक्षित ऋण को कंपनी की पुस्तकों में नहीं दिखाने का आरोप लगाया गया। डागर का कहना है कि उक्त ऋण वास्तव में पिसीज एक्सिम के प्रोपराइटर सौमित जेना की प्रोपराइटरी इकाई से संबंधित था और ऋण की राशि उसी खाते में दर्ज एवं बाद में चुकाई गई थी।
    डागर का कहना है कि इस तथ्य को स्पष्ट करने के लिए उन्होंने सरस्वत बैंक से संबंधित बैंक स्टेटमेंट हासिल करने का प्रयास किया, लेकिन बैंक ने उन्हें तीसरा पक्ष बताते हुए स्टेटमेंट उपलब्ध नहीं कराया। उनका आरोप है कि बैंक खाते और उसमें हुए लेन-देन की विस्तृत जांच होने पर 613 करोड़ रुपये के कथित वित्तीय लेन-देन और धन के हस्तांतरण की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकती है।


    उन्होंने SPCC/11/2019 और SPCC/12/2019 का भी उल्लेख करते हुए दावा किया कि पिसीज एक्सिम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में बाद में बनाए गए कुछ निदेशकों को भी मामले में आरोपी बनाया गया, जबकि उनकी भूमिका और नियुक्ति की परिस्थितियों की स्वतंत्र जांच आवश्यक है। डागर ने एक पूर्व कानूनी प्रबंधक की मौत का भी उल्लेख किया है और इस संबंध में जांच की मांग की है।
    डागर ने आरोप लगाया कि कथित घोटाले में निर्यात से प्राप्त धन के स्थानांतरण, नकद निकासी, कथित फर्जी कारोबार तथा दुबई स्थित खातों में धन भेजे जाने जैसे कई पहलुओं की जांच की जरूरत है। हालांकि, इन गंभीर आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित एजेंसियों अथवा न्यायालय के अंतिम निष्कर्ष का इंतजार है।


    उन्होंने यह भी दावा किया कि मामले में आरोपी बताए जा रहे सौमित जेना वर्ष 2018 में भारत से बाहर चला गया, उसकी इतनी पहुंच थी कि उसने अपने रसूख से दो दिन के अंदर अपना और अपनी पत्नी का पासपोर्ट रिन्यू कराकर नेपाल के रास्ते प्राईवेट जेट से दुबई चला गया. सीबीआई दावा करती है कि दुबई की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है लेकिन खुलासा अभी तक नहीं हुआ है। इस कांड में मोहन भागवत का हाथ है और उनकी सह पर सौमित रंजन जेना वर्ष 2018 में सरकारी कंपनी पीईसी लिमिटेड द्वारा दिए गए ऋण को गटकने में सफल हो सका।


    डागर ने भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान (ICAI) और नेशनल फाइनेंशियल रिपोर्टिंग अथॉरिटी (NFRA) से भी इस मामले के लेखांकन पक्ष पर विशेषज्ञ राय देने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि यदि 3 करोड़ रुपये के बैंक ऋण की वास्तविक प्रकृति और उधारकर्ता की स्थिति स्पष्ट हो जाती है तो उनके खिलाफ चल रही कार्यवाही के महत्वपूर्ण पहलुओं का समाधान हो सकता है।
    उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय, गृह मंत्रालय, कानून एवं न्याय मंत्रालय, केंद्रीय सतर्कता आयोग, सीबीआई और अन्य संस्थानों को शिकायतें भेजे जाने का भी दावा किया है। डागर का आरोप है कि वर्ष 2022 में उनसे मामला समाप्त कराने के लिए रिश्वत की मांग की गई थी। इस आरोप की भी स्वतंत्र जांच आवश्यक है।
    डागर का कहना है कि पिछले कई वर्षों से वह इस मामले में न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्हें दो बार जान से मारने की धमकी भी मिली है। उनका कहना है कि इतने बड़े सरकारी वित्तीय मामले में केवल आरोपियों की पहचान करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि बैंकिंग लेन-देन, निर्यात प्राप्तियों और धन के अंतिम उपयोग का फॉरेंसिक ऑडिट कर वास्तविक लाभार्थियों और जिम्मेदार लोगों की पहचान की जानी चाहिए।
    उन्होंने केंद्र सरकार, सीबीआई, संबंधित न्यायिक संस्थाओं और वित्तीय नियामक एजेंसियों से पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने के लिए शिकायत की गई है तथा यदि सरकारी धन की हेराफेरी प्रमाणित होती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

    पीईसी लिमिटेड 613 करोड़ रुपये का वित्तीय घोटाला

    • घोटाले का स्वरूप: वर्ष 2011-12 में ‘पिसीज एक्सिम’ के मुंबई यूनिट के प्रोपराइटर सौमित जेना द्वारा सरकारी कंपनी पीईसी लिमिटेड से चीन को लौह अयस्क निर्यात के नाम पर लगभग 613 करोड़ रुपये का ऋण लिया गया था।
    • कंपनी संरचना में बदलाव का आरोप: आरोप है कि बाद में कंपनी की संरचना बदलकर कुछ अन्य कर्मचारियों को ‘पिसीज एक्सिम (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड’ का निदेशक बना दिया गया, जबकि जेना और उनकी पत्नी ने निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया। इस प्रक्रिया के जरिए ऋण की देयता नई कंपनी पर डाले जाने का दावा किया गया है।
    • फॉरेंसिक ऑडिट और निष्पक्ष जांच की मांग: मामले के वित्तीय लेन-देन, निर्यात प्राप्तियों, धन के अंतिम उपयोग, दुबई स्थित खातों में धन ट्रांसफर और नकद निकासी की गहराई से फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की गई है।

    चार्टर्ड अकाउंटेंट विजय डागर के दावे और पक्ष

    • वैधानिक ऑडिटर की भूमिका: विजय डागर वर्ष 2011-12 के दौरान पिसीज एक्सिम (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के वैधानिक ऑडिटर थे।
    • गोवा मामला (SPCC/10/2019): डागर पर सरस्वत को-ऑपरेटिव बैंक से लिए गए लगभग 3 करोड़ रुपये के सुरक्षित ऋण को कंपनी की पुस्तकों में नहीं दिखाने का आरोप है। डागर का स्पष्ट कहना है कि यह ऋण सौमित जेना की प्रोपराइटरी इकाई से संबंधित था और उसी खाते में दर्ज एवं चुकाया गया था।
    • अन्य मामले: डागर ने SPCC/11/2019 और SPCC/12/2019 का हवाला देते हुए बाद के निदेशकों की भूमिका और नियुक्ति की परिस्थितियों की स्वतंत्र जांच की मांग की है। साथ ही, उन्होंने एक पूर्व कानूनी प्रबंधक की संदिग्ध मौत की जांच की भी मांग उठाई है।
    • संस्थानों से अपील: डागर ने भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान (ICAI) और नेशनल फाइनेंशियल रिपोर्टिंग अथॉरिटी (NFRA) से इस मामले के लेखांकन पक्ष पर विशेषज्ञ राय देने का आग्रह किया है।
    • सुरक्षा और धमकियां: डागर का दावा है कि वह लंबे समय से न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं और इस दौरान उन्हें दो बार जान से मारने की धमकियां भी मिली हैं। साथ ही उन्होंने वर्ष 2022 में मामला समाप्त करने के एवज में रिश्वत मांगे जाने का भी गंभीर आरोप लगाया है।

    एजेंसियों और सरकार से मांग

    • प्रधानमंत्री कार्यालय, गृह मंत्रालय, कानून एवं न्याय मंत्रालय, केंद्रीय सतर्कता आयोग और सीबीआई जैसी प्रमुख संस्थाओं को शिकायतें भेजी गई हैं।
  • Tiranga March:नीट पेपर लीक के खिलाफ मुंबई में कल होगा तिरंगा मार्च, मनसे-शिवसेना (यूबीटी) समेत विपक्षी दलों का शक्ति प्रदर्शन

    Tiranga March:नीट पेपर लीक के खिलाफ मुंबई में कल होगा तिरंगा मार्च, मनसे-शिवसेना (यूबीटी) समेत विपक्षी दलों का शक्ति प्रदर्शन

    शिवाजी पार्क से सिद्धिविनायक मंदिर तक निकलेगा मार्च, राज ठाकरे बोले- यह राजनीति नहीं, छात्रों के भविष्य की लड़ाई

    मुंबई | देशभर में चर्चा का विषय बने नीट पेपर लीक मामले को लेकर रविवार, 26 जुलाई को मुंबई में विशाल तिरंगा मार्च निकाला जाएगा। छात्रों को न्याय दिलाने और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर आयोजित इस मार्च में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे), शिवसेना (यूबीटी) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) सहित कई विपक्षी दलों ने समर्थन दिया है।

    मार्च को लेकर मुंबई में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। हाल ही में शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे से मुलाकात की थी। वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने भी इस आंदोलन को अपना आधिकारिक समर्थन देने की घोषणा की है।

    शनिवार को तैयारियों की समीक्षा के लिए राज ठाकरे ने मुंबई के सभी 36 विभागों के मनसे पदाधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि यह किसी राजनीतिक दल का प्रदर्शन नहीं, बल्कि छात्रों के भविष्य की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि मार्च में शामिल होने वाले सभी लोग केवल राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर ही शामिल हों और किसी भी राजनीतिक दल का झंडा या बैनर न लाएं। साथ ही कार्यकर्ताओं को छात्रों और उनके अभिभावकों से सीधे संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को मार्च में शामिल करने के निर्देश दिए गए।

    मार्च का कार्यक्रम

    • तारीख: 26 जुलाई 2026 (रविवार)
    • समय: सुबह 10:00 बजे
    • प्रारंभिक स्थल: छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क, दादर
    • समापन स्थल: श्री सिद्धिविनायक मंदिर, प्रभादेवी
    • मार्ग: शिवाजी पार्क → गोखले रोड → सिद्धिविनायक मंदिर

    700 समन्वयकों की विशेष टीम रहेगी तैनात

    मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मनसे ने 500 से 700 विशेष समन्वयकों की टीम तैयार की है। मुंबई के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से लगभग 20 स्वयंसेवकों को चुना गया है, जो पुलिस के साथ समन्वय कर संदिग्ध गतिविधियों, असामाजिक तत्वों और मोबाइल चोरों पर नजर रखेंगे। किसी भी गड़बड़ी की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाएगी।

    दादर स्टेशन से मुफ्त बाइक सेवा

    दूर-दराज से आने वाले छात्रों और अभिभावकों की सुविधा के लिए मनसे नेता संदीप देशपांडे ने दादर रेलवे स्टेशन से शिवाजी पार्क तक मुफ्त बाइक सेवा उपलब्ध कराने की घोषणा की है। ट्रेन से आने वाले छात्र और नागरिक इस सेवा का लाभ लेकर सीधे मार्च स्थल तक पहुंच सकेंगे।

  • Two Rape Cases Reported in Bhiwandi: शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाने वाला गिरफ्तार, जीजा पर साली से दुष्कर्म का केस

    Two Rape Cases Reported in Bhiwandi: शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाने वाला गिरफ्तार, जीजा पर साली से दुष्कर्म का केस

    नारपोली पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार, दूसरे मामले में कर्नाटक पुलिस से मिली जांच के बाद फरार आरोपी की तलाश जारी

    भिवंडी | संवाददाता

    भिवंडी के नारपोली पुलिस थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं।(Two Rape Cases Reported in Bhiwandi) पहले मामले में शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरे मामले में एक महिला ने अपने जीजा पर लंबे समय तक दुष्कर्म करने और बदनामी की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस मामले में कर्नाटक पुलिस द्वारा दर्ज प्रकरण की जांच अब नारपोली पुलिस को सौंप दी गई है।

    पुलिस के अनुसार शांतिनगर क्षेत्र की 21 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराई कि गुलजार नगर निवासी शाकीर हारुन शेख (28) ने उसे मिलने के बहाने वन्हालदेवी मंदिर के सामने स्थित पहाड़ी क्षेत्र में बुलाया। वहां आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत के अनुसार 15 अप्रैल 2026 को आरोपी ने युवती को रांजणोली नाका स्थित एक होटल में बुलाकर फिर से उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने शादी की बात की तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और उसे धमकी दी।

    पीड़िता की शिकायत पर नारपोली पुलिस ने मामला दर्ज कर 22 जुलाई 2026 को आरोपी शाकीर हारुन शेख को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच महिला पुलिस उपनिरीक्षक सोनाली पाटील कर रही हैं।

    दूसरे मामले में पूर्णा क्षेत्र की 28 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति की अनुपस्थिति में उसके जीजा अशोक रामू राठौर (30) ने 5 मार्च 2024 से दिसंबर 2025 के बीच कई बार घर में घुसकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया तथा बदनामी की धमकी दी।

    प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने 19 जून को कर्नाटक के कलबुर्गी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। वहां मामला दर्ज करने के बाद जांच 22 जुलाई को भिवंडी के नारपोली पुलिस को स्थानांतरित कर दी गई। नारपोली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2), 64(2)(एम) एवं 351(2) के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

  • Rahul Gandhi On Maharashtra TET Paper Leak New Exam Date Demand: महाराष्ट्र TET पेपर लीक पर राहुल गांधी का सरकार पर हमला, परीक्षा की नई तारीख़ घोषित करने की मांग

    Rahul Gandhi On Maharashtra TET Paper Leak New Exam Date Demand: महाराष्ट्र TET पेपर लीक पर राहुल गांधी का सरकार पर हमला, परीक्षा की नई तारीख़ घोषित करने की मांग

    नई दिल्ली/मुंबई | प्रतिनिधि

    लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का प्रश्नपत्र लीक होने और परीक्षा रद्द किए जाने के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरते हुए अभ्यर्थियों के हित में तत्काल कदम उठाने की मांग की है। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी अपने संदेश में राहुल गांधी ने कहा कि पेपर लीक के कारण करीब 6 लाख अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है और परीक्षा रद्द हुए दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी नई परीक्षा तिथि घोषित नहीं की गई है।

    राहुल गांधी ने कहा कि पेपर लीक करने वाले खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि ईमानदारी से मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को इसकी सज़ा भुगतनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि ये वही युवा हैं जो देश के भविष्य के शिक्षक बनेंगे और वर्षों की तैयारी, परीक्षा शुल्क तथा परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की कठिनाइयों के बाद अब अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं।

    Rahul Gandhi On Maharashtra TET Paper Leak New Exam Date Demand

    उन्होंने मुख्यमंत्री से तीन प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि पहली, महाराष्ट्र TET की नई परीक्षा तिथि तत्काल घोषित की जाए। दूसरी, पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और अभ्यर्थियों को इसका खामियाजा न भुगतना पड़े। तीसरी, जिन अभ्यर्थियों का एक वर्ष इस घटना के कारण प्रभावित हुआ है, उन्हें आयु सीमा में छूट दी जाए।

    राहुल गांधी ने कहा कि संस्था की गलती की सज़ा अभ्यर्थियों को देना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि वह 17 जुलाई को देहरादून में पेपर लीक की बढ़ती घटनाओं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के मुद्दे पर विस्तार से अपनी बात रखेंगे। उनके अनुसार अब समय ऐसी “शिक्षा क्रांति” का है, जिसमें युवाओं को व्यवस्था की विफलता नहीं, बल्कि अपनी मेहनत का उचित परिणाम मिले।

    राहुल गांधी का यह बयान महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले को लेकर बढ़ते राजनीतिक विवाद के बीच सामने आया है।

  • Hit & Run Accident:ठाणे में हिट एंड रन की दो घटनाएं, तेज रफ्तार दोपहिया वाहनों की टक्कर से तीन लोग घायल

    Hit & Run Accident:ठाणे में हिट एंड रन की दो घटनाएं, तेज रफ्तार दोपहिया वाहनों की टक्कर से तीन लोग घायल

    विवियाना मॉल और खोपट रोड पर हुए हादसे, घायलों को छोड़कर फरार हुए बाइक चालक

    ठाणे। ठाणे में अलग-अलग स्थानों पर हुई दो सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए। दोनों मामलों में तेज रफ्तार दोपहिया वाहनों ने पैदल चल रहे लोगों को टक्कर(Hit & Run Accident) मार दी। हादसे के बाद दोनों बाइक चालक घायलों को उपचार दिलाए बिना मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पहली घटना में मुलुंड निवासी गिरीश चव्हाण और उनकी पत्नी ममता चव्हाण विवियाना मॉल के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात दोपहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

    दूसरी घटना खोपट रोड स्थित फीनिक्स अस्पताल के सामने हुई। यहां टहल रही समीक्षा गुप्ता को एक तेज रफ्तार दोपहिया वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में उनके बाएं पैर में फ्रैक्चर हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।

    दोनों घटनाओं में संबंधित पुलिस थानों में अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ हिट एंड रन का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

  • Thane Police Control Room: 40 दिनों में ठाणे पुलिस कंट्रोल रूम को 22,507 इमरजेंसी कॉल, हर दिन औसतन 560 से अधिक लोगों को मिली मदद

    Thane Police Control Room: 40 दिनों में ठाणे पुलिस कंट्रोल रूम को 22,507 इमरजेंसी कॉल, हर दिन औसतन 560 से अधिक लोगों को मिली मदद

    मुंब्रा से सबसे ज्यादा और कोपरी से सबसे कम कॉल; औसतन 9 मिनट के भीतर पुलिस ने दी आपात सहायता

    ठाणे। ठाणे पुलिस ने एक बार फिर आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता साबित की है। 1 जून से 10 जुलाई 2026 के बीच महज 40 दिनों में ठाणे पुलिस कंट्रोल रूम को 22,507 इमरजेंसी कॉल प्राप्त हुए। पुलिस ने प्रत्येक कॉल पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कम से कम समय में मौके पर पहुंचकर नागरिकों की सहायता करने का प्रयास किया।

    पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे के मार्गदर्शन में ठाणे पुलिस आयुक्तालय का कंट्रोल रूम चौबीसों घंटे कार्यरत है। कंट्रोल रूम में प्राप्त प्रत्येक आपातकालीन कॉल को तुरंत संबंधित पुलिस स्टेशन तक पहुंचाया जाता है, जिससे समय पर कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

    आंकड़ों के अनुसार, 1 से 30 जून के बीच कंट्रोल रूम(Thane Police Control Room) में 17,598 कॉल दर्ज हुए, जबकि 1 से 10 जुलाई के दौरान 4,909 कॉल प्राप्त हुए। इस तरह प्रतिदिन औसतन 560 से अधिक नागरिकों ने आपात सहायता के लिए पुलिस से संपर्क किया।

    इन कॉलों में महिला उत्पीड़न, वरिष्ठ नागरिकों की सहायता, चोरी, सेंधमारी, मारपीट, गुमशुदगी, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, प्राकृतिक आपदाओं तथा संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं।

    पुलिस स्टेशनवार आंकड़ों में मुंब्रा पुलिस स्टेशन क्षेत्र से सबसे अधिक 1,746 कॉल प्राप्त हुए। इसके बाद कलवा और मानपाड़ा तथा नौपाड़ा क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में कॉल दर्ज किए गए। वहीं, कोपरी पुलिस स्टेशन क्षेत्र से सबसे कम 177 कॉल प्राप्त हुए।

    पुलिस ने न केवल कॉल रिसीव किए, बल्कि त्वरित प्रतिक्रिया भी दी। जून में औसत 8 मिनट 36 सेकंड और जुलाई के पहले दस दिनों में 9 मिनट 2 सेकंड के भीतर पुलिस घटनास्थल तक पहुंची। जून में ठाणे नगर पुलिस स्टेशन का औसत प्रतिक्रिया समय 5 मिनट 15 सेकंड रहा, जबकि जुलाई के पहले दस दिनों में कोनगांव पुलिस स्टेशन ने औसतन 6 मिनट 10 सेकंड में प्रतिक्रिया देकर सबसे तेज कार्रवाई दर्ज की।

    सहायक पुलिस आयुक्त निशिकांत विश्वकर ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत 112 हेल्पलाइन पर संपर्क करें और घटना स्थल की सटीक जानकारी दें, ताकि पुलिस बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर सहायता प्रदान कर सके।

  • Central Railway Vigilence Catches CTI Manoj Kumar Saha: मध्य रेलवे विजलेंस ने मुम्बई डिवीजन के सीटीआई मनोज कुमार सहा को घूस के 15 हज़ार रुपए के साथ दबोचा

    Central Railway Vigilence Catches CTI Manoj Kumar Saha: मध्य रेलवे विजलेंस ने मुम्बई डिवीजन के सीटीआई मनोज कुमार सहा को घूस के 15 हज़ार रुपए के साथ दबोचा

    पवन एक्सप्रेस में यात्रियों को सीट दिलाने के नाम पर 15 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते सीएसएमटी के सीटीआई को मध्य रेलवे विजिलेंस ने भुसावल स्टेशन पर पकड़ा

    मुंबई। मध्य रेलवे विजिलेंस ने ट्रेनों में यात्रियों को सीट दिलाने के नाम पर रिश्वत लेने वाले टिकट जांच कर्मचारियों (टीटीई/सीटीआई) के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में विजिलेंस टीम ने मुंबई मंडल के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) में पदस्थापित सीटीआई मनोज कुमार साहा को 15 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।(Central Railway Vigilence Catches CTI Manoj Kumar Saha)

    जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 11 जुलाई 2026 को लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) से भुसावल जाने वाली ट्रेन संख्या 11061 डाउन पवन एक्सप्रेस में की गई। विजिलेंस टीम ने भुसावल स्टेशन पर मनोज कुमार साहा को कथित रूप से रिश्वत की रकम के साथ दबोच लिया।

    सूत्रों के अनुसार, मध्य रेलवे विजिलेंस पिछले दो महीनों से रिश्वतखोरी में लिप्त टिकट जांच कर्मचारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसके बावजूद कुछ कर्मचारियों द्वारा यात्रियों को सीट उपलब्ध कराने के बदले अवैध वसूली किए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।

    इस ताजा कार्रवाई के बाद रेलवे में टिकट जांच व्यवस्था की पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अब आगे की विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई विजिलेंस की जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

  • Ghodbunder Road Heavy Vehicle Ban: घोड़बंदर रोड पर 30 घंटे भारी वाहनों की एंट्री बंद, ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान

    Ghodbunder Road Heavy Vehicle Ban: घोड़बंदर रोड पर 30 घंटे भारी वाहनों की एंट्री बंद, ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान

    11 जुलाई शाम 6 बजे से 12 जुलाई रात 11:59 बजे तक रोड मरम्मत कार्य; आवश्यक सेवाओं के वाहनों को छूट

    ठाणे। मीरा-भायंदर महानगरपालिका द्वारा घोड़बंदर रोड पर सड़क मरम्मत कार्य किए जाने के कारण 11 जुलाई 2026 की शाम 6 बजे से 12 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। इस अवधि में छह पहिया एवं उससे बड़े भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं और वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है।

    यातायात पुलिस के अनुसार मुंबई, ठाणे, मुंब्रा, कलवा और नासिक की ओर से घोड़बंदर रोड आने वाले सभी छह पहिया एवं उससे बड़े भारी वाहनों की एंट्री वाय जंक्शन, खारेगांव टोल प्लाजा, मानकोली, अंजुरफाटा और कशेली जैसे प्रमुख स्थानों पर प्रतिबंधित रहेगी। इन वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचना होगा।

    हालांकि, पुलिस वाहन, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, ग्रीन कॉरिडोर तथा अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है, ताकि आपातकालीन सेवाओं पर किसी प्रकार का प्रभाव न पड़े।

    ट्रैफिक पुलिस उपायुक्त पंकज शिरसाट ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत यह अधिसूचना जारी करते हुए नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करें, यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

  • Jewellery Shop Burgled, Gold Worth ₹8 Lakh Stolen: भिवंडी में ज्वेलर्स की दुकान में सेंध, 8 लाख के सोने-चांदी के गहने चोरी

    Jewellery Shop Burgled, Gold Worth ₹8 Lakh Stolen: भिवंडी में ज्वेलर्स की दुकान में सेंध, 8 लाख के सोने-चांदी के गहने चोरी

    बिल्डिंग मटेरियल की दुकान से घुसे चोर, दीवार में छेद कर वारदात को दिया अंजाम; नारपोली पुलिस ने दर्ज किया मामला

    भिवंडी। शहर के अंजूर फाटा क्षेत्र में चोरों ने बेहद शातिराना अंदाज में ज्वेलर्स की दुकान में सेंध लगाकर करीब 7.90 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। मामले में नारपोली पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    Jewellery Shop Burgled, Gold Worth ₹8 Lakh Stolen

    पुलिस के अनुसार, अंजूर फाटा स्थित कैलाश बिल्डिंग के भूतल पर महेंद्रकुमार जैन की ‘अरिहंत बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर्स’ नामक दुकान है। गुरुवार रात करीब 3:30 बजे अज्ञात चोर दुकान के पीछे स्थित लोहे के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।

    इसके बाद चोरों ने बिल्डिंग मटेरियल की दुकान से सटी ज्वेलर्स की दुकान की दीवार में छेद किया और शोरूम में रखे शोकेस से करीब 7 लाख 90 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए।

    घटना का पता चलने के बाद ज्वेलर्स संचालक भगवतीलाल जैन (53) की शिकायत पर नारपोली पुलिस स्टेशन में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

  • तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार का कहर, एक की मौत, 12 घायल

    तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार का कहर, एक की मौत, 12 घायल

    नवी मुंबई। नवी मुंबई के तळोजा फेज-1 इलाके में मंगलवार को तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार के अनियंत्रित होकर कई वाहनों से टकराने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार ने सड़क पर चल रही चार से पांच गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

    हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर घटनास्थल का पंचनामा किया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

    इस हादसे के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें दुर्घटना के बाद का भयावह दृश्य दिखाई दे रहा है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ा कोई वीडियो या अन्य जानकारी हो तो जांच में सहयोग करें। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।