Category: lifestyle

  • क्रू की भारी कमी से संकट में आया इंडिगो. 70 से अधिक उड़ानें रद्द, देशभर के यात्रियों की बढ़ी परेशानी

    क्रू की भारी कमी से संकट में आया इंडिगो. 70 से अधिक उड़ानें रद्द, देशभर के यात्रियों की बढ़ी परेशानी

    मुंबई। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनियों में से एक इंडिगो बुधवार को गंभीर परिचालन संकट का शिकार हो गई। प्रशिक्षित क्रू की भारी कमी और तकनीकी समस्याओं के कारण इंडिगो को 70 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि कई उड़ानों में घंटों की देरी हुई। इस अचानक फैसले से मुंबई, पुणे, नागपुर, बेंगलुरु समेत देशभर के एयरपोर्ट्स पर हजारों यात्री परेशान व नाराज़ नजर आए।

    सूत्रों के मुताबिक, फ्लाइट रद्द होने का मुख्य कारण प्रशिक्षित चालक दल की गंभीर कमी है। कई सेक्टर्स में इंडिगो को उड़ानें संचालित करने के लिए क्रू उपलब्ध नहीं हो पा रहा था, जिससे परिचालन प्रभावित हुआ और उड़ानें समय पर रवाना नहीं हो सकीं।

    पुणे एयरपोर्ट पर बेंगलुरु, दिल्ली, कोची और अगरतला सहित कई शहरों के लिए जाने वाली सुबह की उड़ानों में भारी देरी हुई। बिना स्पष्ट सूचना दिए उड़ानें रद्द हो जाने से यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट छूट गईं। कई यात्रियों ने शिकायत की कि इंडिगो की ओर से एसएमएस अलर्ट या घोषणा समय पर नहीं की गई।

    नागपुर एयरपोर्ट पर तो स्थिति और भी खराब रही। बताया गया कि पायलट उपलब्ध न होने के कारण यात्रियों को पहले विमान के अंदर और बाद में बस में घंटों तक इंतजार करवाया गया।

    इंडिगो के प्रवक्ता ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि “पिछले कुछ दिनों में तकनीकी दिक्कतों, एयरपोर्ट की भारी भीड़ और परिचालन संबंधी जरूरतों के कारण कई उड़ानों में देरी हुई है और कुछ को रद्द करना पड़ा है।”

    विशेषज्ञों के अनुसार, इस संकट के पीछे नागरिक उड्डयन मंत्रालय के नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियमों का दूसरा चरण भी एक बड़ा कारण है। नए प्रावधानों के तहत पायलट और केबिन क्रू की साप्ताहिक विश्राम अवधि बढ़ा दी गई है, जिससे एयरलाइनों के मौजूदा स्टाफ पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है और उड़ान संचालन प्रभावित हो रहा है।

  • शिक्षक ये सिर्फ तुम ही कर सकते हो

    शिक्षक ये सिर्फ तुम ही कर सकते हो

    रोते हुए बच्चों का आना,
    हँसते हुए उन्हें घर भिजवाना —
    ये सिर्फ तुम ही कर सकते हो!

    ऊँगली पकड़कर वर्ण को शब्द,
    शब्द से वाक्य बनाकर सिखाना —
    ये सिर्फ तुम ही कर सकते हो!

    बचपन की उनकी शरारतों को सकारात्मकता से लेना,
    गलती को सुधारना और सही होने पर प्रोत्साहन देना —
    ये सिर्फ तुम ही कर सकते हो!

    शिक्षा ही नहीं, हर क्षेत्र में रास्ता दिखाना,
    रंग, ढंग, उमंग भरी बातें सिखाना —
    ये सिर्फ तुम ही कर सकते हो!

    भाषा, गणित, विज्ञान, सामाजिक ज्ञान —
    इतनी क्षमता के काबिल बनाना —
    ये सिर्फ तुम ही कर सकते हो!

    छोटी-बड़ी समस्याएँ सुलझाना,
    आपस में न झगड़ना, मिल-बाँटकर खाना और दोस्ती करवाना —
    ये सिर्फ तुम ही कर सकते हो!

    माता-पिता ईश्वर, तो तुम मंदिर हो,
    हर अजनबी को प्यार से गले लगाना —
    ये सिर्फ तुम ही कर सकते हो!

    परीक्षा में निहारना, हर उम्र में निखारना,
    तीन घंटों का सफ़र बिना हिचकिचाहट गुज़ारना —
    ये सिर्फ तुम ही कर सकते हो!

    बिना जन्म दिए जननी बनना,
    पालक न होकर भी उससे बढ़कर सराहना —
    ये सिर्फ तुम ही कर सकते हो!

    बिन बोले आँखें पढ़ लेना,
    मन के क्लेश को हर लेना —
    हर मुश्किल पल में थाम लेना —
    ये सिर्फ तुम ही कर सकते हो!

    अनगिनत कार्य और भाँति-भाँति के लोग,
    किसी की उलाहना, किसी का प्रतिशोध —
    इन सभी का सामना करना —
    ये सिर्फ तुम ही कर सकते हो!

    कब उम्र बीती आपकी, पता न चला आपको,
    उम्र के हर पड़ाव में बचपना सँजोकर रखना —
    ये सिर्फ तुम ही कर सकते हो!

    शिक्षक वो जो आजीवन समय का पाबंद रहा,
    कब जीवन के संघर्षों में अब वो स्वच्छंद रहा!

    नीड़ गैरों की सेवा में ख़ुद को तुमने खोया है,
    पर सेवा-ख़ातिर ही ख़ुद को बहुत पिरोया है।

    बीज सफलता का बोकर, पर लोगों को जो ज्ञान दिया,
    सपना हो साकार सभी का — ऐसी शिक्षा का दान दिया।

    शिक्षक ही वह ज्योति है, जो तपकर जलता रहता है,
    इसी से विद्यार्थी का जीवन जगमग करता है!

    हर बात, हर जज़्बात के लिए शुक्रिया,
    हर एहसास के लिए शुक्रिया…
    शिक्षक — ये सिर्फ तुम ही कर सकते हो!! 🙏

    — विभा रू. द्विवेदी
    
    

  • मुंबई में पूज्य श्री देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज के सानिध्य में श्रीमद्भागवत कथा का पंचम दिवस, पुष्पमालाओं से हुआ भव्य स्वागत

    मुंबई में पूज्य श्री देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज के सानिध्य में श्रीमद्भागवत कथा का पंचम दिवस, पुष्पमालाओं से हुआ भव्य स्वागत

    मुंबई। भक्ति और आध्यात्मिकता के महासागर में डूबो देने वाला श्रीमद्भागवत कथा का पंचम दिवस मुंबई के भायंदर (पूर्व) स्थित बालासाहेब ठाकरे मैदान में बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
    पूज्य श्री देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज के दिव्य सानिध्य में चल रही यह कथा 2 नवंबर से आरंभ होकर 8 नवंबर 2025 तक आयोजित की जा रही है।


    भव्य स्वागत : 21 फीट लंबी पुष्पमाला से किया अभिनंदन

    कथा के पंचम दिवस पर मुंबई आयोजक समिति ने पूज्य महाराज श्री का विशेष स्वागत किया।
    महाराज श्री को 21 फीट लंबी और 35 किलो वज़न की पुष्पमाला पहनाकर भव्य रूप से अभिनंदन किया गया।
    समूचा पंडाल “जय श्री राधे-कृष्णा” के जयकारों से गूंज उठा।


    विशेष अतिथियों की उपस्थिति

    कथा में प्रसिद्ध अभिनेता राज प्रेमी पधारे और उन्होंने व्यासपीठ का आशीर्वाद प्राप्त कर कथा श्रवण किया।
    इसके साथ ही सुप्रसिद्ध भजन गायक रूहानी जी ने अपने सुरीले भजनों से उपस्थित भक्तों को भावविभोर कर दिया।


    पूज्य ठाकुर जी महाराज का दिव्य संदेश

    पूज्य श्री ठाकुर जी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा —

    “जब-जब इस संसार में अधर्म, अन्याय और अंधकार का विस्तार होता है, तब-तब भगवान स्वयं अवतार लेकर धर्म की स्थापना करते हैं।
    भगवान श्रीराम ने रावण का अंत किया और श्रीकृष्ण ने कंस का — क्योंकि ईश्वर सदा धर्म की रक्षा के लिए आते हैं।”

    उन्होंने कहा कि —

    “मनुष्य का जीवन केवल भोग और मोह-माया के लिए नहीं, बल्कि ईश्वर की भक्ति और धर्म की स्थापना के लिए है।
    जो संतान अपने माता-पिता का सम्मान करती है, वही सच्चा भक्त कहलाता है।”

    महाराज श्री ने भक्तों को सत्य, सेवा और सद्गुणों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि —

    “सत्य कठिन अवश्य है, पर वही हमें ईश्वर के निकट ले जाता है।
    जो ज्ञान दूसरों के जीवन में प्रकाश फैलाए, वही सच्चा ज्ञान है।”

  • पेटीएम मनी ने घटाई MTF ब्याज दरें, अब सिर्फ़ 7.99% से शुरू

    पेटीएम मनी ने घटाई MTF ब्याज दरें, अब सिर्फ़ 7.99% से शुरू

    मुंबई: अग्रणी वेल्थ-टेक प्लेटफ़ॉर्म पेटीएम मनी ने अपनी मार्जिन ट्रेडिंग फैसिलिटी (MTF) की ब्याज दरों में बड़ी कटौती की है। अब निवेशक 7.99% से 9.99% प्रति वर्ष की दरों पर फंडिंग का लाभ उठा सकेंगे।

    नई संरचना के तहत,

    • ₹1 लाख तक की फंडिंग पर ब्याज दर 7.99%,
    • ₹1 लाख से ₹1 करोड़ तक 9.99%,
    • और ₹1 करोड़ से अधिक पर 8.99% रखी गई है।

    पहले जहां दरें 14.99% तक थीं, अब अधिकतम दर घटकर 9.99% रह गई है — यानी निवेशकों की लागत में लगभग एक-तिहाई की कमी।

    कंपनी ने कहा कि यह कदम ट्रेडिंग को और किफ़ायती व सुलभ बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। पेटीएम मनी का दावा है कि उनकी नई दरें उद्योग में सबसे प्रतिस्पर्धी हैं और निवेशकों को अपने लाभ का अधिक हिस्सा बनाए रखने में मदद करेंगी।

  • Navi Mumbai Medicover Hospital: मेडिकवर हॉस्पिटल ने नवी मुंबई में शुरू किया अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर , सड़क दुर्घटनाओं व आपात स्थितियों में अब मिलेगी त्वरित जीवनरक्षक चिकित्सा सुविधा

    Navi Mumbai Medicover Hospital: मेडिकवर हॉस्पिटल ने नवी मुंबई में शुरू किया अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर , सड़क दुर्घटनाओं व आपात स्थितियों में अब मिलेगी त्वरित जीवनरक्षक चिकित्सा सुविधा

    नवी मुंबई: आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में एक नई दिशा देते हुए मेडिकवर हॉस्पिटल ने नवी मुंबई में क्षेत्र का पहला एडवांस्ड ट्रॉमा सेंटर शुरू किया है। यह अत्याधुनिक केंद्र सड़क दुर्घटनाओं, गंभीर चोटों और आपात स्थितियों में मरीजों को त्वरित और समग्र चिकित्सा सहायता प्रदान करेगा।

    इस केंद्र में प्री-हॉस्पिटल केयर, इन-हाउस मल्टी-डिसिप्लिनरी टीम और पोस्ट-हॉस्पिटल रिहैबिलिटेशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उद्घाटन समारोह में मरीज, एंबुलेंस चालक, सामाजिक कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और आरटीओ अधिकारी उपस्थित थे।

    मेडिकवर हॉस्पिटल्स के कंसल्टेंट कॉम्प्लेक्स ट्रॉमा एवं पीडियाट्रिक ऑर्थोपेडिक्स सर्जन डॉ. नितीश अरोड़ा ने बताया कि ट्रॉमा मामलों में “गोल्डन ऑवर” यानी दुर्घटना के पहले 60 मिनट बेहद अहम होते हैं। इस समय के भीतर उपचार मिलने पर जीवन बचाने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि नया ट्रॉमा सेंटर ऑन-साइट रिस्पॉन्स से लेकर सर्जरी और रिहैबिलिटेशन तक हर स्तर पर विशेषज्ञ देखभाल सुनिश्चित करेगा।

    डॉ. अरोड़ा ने बताया कि अस्पताल ने विशेष आपातकालीन नंबर 8655845861 जारी किया है, जिस पर संपर्क करने पर प्रशिक्षित टीम तुरंत एंबुलेंस भेजकर मरीज को स्थिर स्थिति में अस्पताल पहुंचाती है। केंद्र में ऑर्थोपेडिक्स, न्यूरोसर्जरी, जनरल सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी, एनेस्थेसियोलॉजी, आईसीयू केयर और फिजियोथैरेपी विशेषज्ञों की 24×7 टीम कार्यरत है।

    मेडिकवर हॉस्पिटल्स के रीजनल डायरेक्टर (महाराष्ट्र व कर्नाटक) नीरज लाल ने कहा कि यह नया केंद्र नवी मुंबई के लिए “जीवनरक्षक पहल” साबित होगा। प्रशिक्षित इमरजेंसी टीम और अत्याधुनिक तकनीक से युक्त यह केंद्र हर सेकंड को बचाने की दिशा में काम करेगा।

    दुर्घटना पीड़ित विकास गुप्ता ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि ट्रॉमा सेंटर की तत्परता और विशेषज्ञ टीम की वजह से उनकी जान बच पाई। उन्होंने कहा, “हर सेकंड जब मायने रखता था, तब मेडिकवर हॉस्पिटल ने मुझे नई जिंदगी दी।”

    मेडिकवर हॉस्पिटल का यह ट्रॉमा सेंटर न केवल नवी मुंबई बल्कि पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

  • Bullet Train: मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का 10वां स्टील ब्रिज अहमदाबाद में लॉन्च

    Bullet Train: मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का 10वां स्टील ब्रिज अहमदाबाद में लॉन्च

    ठाणे। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए अहमदाबाद, गुजरात में 10वां स्टील ब्रिज सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया। यह अहमदाबाद जिले में इस परियोजना का पहला स्टील ब्रिज है।

    60 मीटर लंबाई वाले इस ब्रिज को रेलवे ट्रैक के पास स्थित पश्चिमी रेलवे सुविधा (लॉन्ड्री) के ऊपर लॉन्च किया गया। महीनों की बारीक योजना और तैयारी के बाद, ब्रिज की लॉन्चिंग केवल 7 घंटे में सटीकता के साथ पूरी की गई।

    ब्रिज को पार्श्विक रूप से लॉन्च करने के लिए इसे अस्थायी ट्रैसलों पर जमीन से 16.5 मीटर की ऊँचाई पर असेंबल किया गया और फिर साइड-स्ल्यू किया गया। इस प्रक्रिया में प्रत्येक 200-टन क्षमता वाले दो अर्ध-स्वचालित जैक और लॉकिंग ट्रॉली का उपयोग किया गया।

    ब्रिज की विशेषताएँ:

    • लंबाई: 60 मीटर
    • चौड़ाई: 11.4 मीटर
    • ऊँचाई: 12 मीटर
    • वजन: 485 मीट्रिक टन
    • निर्माण स्थल: वर्धा (नागपुर, महाराष्ट्र)
    • इस्तेमाल किए गए उच्च शक्ति वाले बोल्ट: 20360 टॉर-शियर प्रकार (TTHS)
    • संरचना में सी5 प्रणाली की सुरक्षात्मक पेंटिंग और इलास्टोमेरिक बीयरिंग का उपयोग

    मुख्य संरचना के संयोजन के लिए 35×60 मीटर का अस्थायी प्लेटफ़ॉर्म बनाया गया और ट्रैक बीम को मज़बूत करने के लिए अतिरिक्त ब्रैकेट लगाए गए। कुल 14 स्किड व्यवस्थाओं का उपयोग किया गया, जिनमें से चार विशेष रूप से अनुप्रस्थ प्रक्षेपण (transverse launching) के लिए डिज़ाइन की गई थीं।

    मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में कुल 28 स्टील ब्रिज बनाए जाएंगे, जिनमें से 17 गुजरात और 11 महाराष्ट्र में हैं। अहमदाबाद में यह ट्रेन रेलवे ट्रैक, फ्लाईओवर, नहर, साबरमती नदी पर पुल और छह स्टील ब्रिज सहित 31 क्रॉसिंग से होकर गुज़रती है।

  • नवी मुंबई में देश का नया हवाई द्वार तैयार: पीएम मोदी 8 अक्टूबर को करेंगे उद्घाटन

    नवी मुंबई में देश का नया हवाई द्वार तैयार: पीएम मोदी 8 अक्टूबर को करेंगे उद्घाटन

    राष्ट्रीय स्वाभिमान संवाददाता

    नवी मुंबई | बहुप्रतीक्षित नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन 8 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। सिडको के प्रबंध निदेशक विजय सिंघल ने बताया कि उद्घाटन के बाद पीएम मोदी लगभग दो घंटे तक हवाई अड्डे के परिसर में रहकर विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे।

    हवाई अड्डे में दो विशाल रनवे बनाए गए हैं, जिसमें से एक पूरी तरह तैयार है। सभी टर्मिनल आपस में जुड़े होंगे, जिससे यात्रियों को एकीकृत और सुगम अनुभव मिलेगा। यह परियोजना पर्यावरण–अनुकूल सिद्धांत पर आधारित है, जिसमें हरित ऊर्जा, वर्षा जल संचयन और कार्बन-न्यूट्रल संचालन पर विशेष ध्यान दिया गया है।

    यात्रियों की सुविधा के लिए अटल सेतु से कोष्ठल रोड तक नई सड़क बनाई जा रही है। मेट्रो लाइन-8 को भी जल्द मंज़ूरी मिलने वाली है, जिससे नवी मुंबई और मुंबई हवाई अड्डों के बीच सीधी कनेक्टिविटी होगी। मेट्रो स्टेशन पर ही सीधा चेक-इन काउंटर उपलब्ध होगा।

    कुल ₹19,600 करोड़ के इस मेगा प्रोजेक्ट में सिडको ने भूमि विकास पर ₹3,500 करोड़ खर्च किए हैं। हवाई अड्डे पर 350 विमानों की पार्किंग क्षमता और दोनों रनवे के लिए स्वतंत्र टैक्सीवे तैयार किए गए हैं।

    टर्मिनल के भीतर डिजिटल आर्ट के माध्यम से भारत की समृद्ध संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके संचालन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) तकनीक का उपयोग होगा और यात्रियों को ‘वन-अप एंड टू-एंड बैगेज फैसिलिटी’ उपलब्ध कराई जाएगी। सिडको एमडी विजय सिंघल के अनुसार, यह हवाई अड्डा केवल ढांचा नहीं बल्कि भारत की तेज़ रफ्तार प्रगति का प्रतीक बनेगा और मुंबई की हवाई भीड़ कम कर महाराष्ट्र के आर्थिक और पर्यटन विकास में नई ऊर्जा देगा।

  • Swarn Jayanti 2025: स्वर्ण जयंती वर्ष का भव्य समारोह, प्रेरणादायी यात्रा के स्वर्णिम पृष्ठ

    Swarn Jayanti 2025: स्वर्ण जयंती वर्ष का भव्य समारोह, प्रेरणादायी यात्रा के स्वर्णिम पृष्ठ

    ठाणे। स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में रमेश परमार जूनियर कॉलेज ऑफ जनरल एजुकेशन और अभिरुचि मंडल के सहयोग से भव्य रैली, विभिन्न गतिविधियाँ और यादगार कार्यक्रम आयोजित किए गए। जूनियर कॉलेज के सभी छात्र, शिक्षक, विद्यालय समिति के अध्यक्ष और संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष शैलेंद्र सालवी, प्रधानाचार्य विकास पाटिल, उप-प्रधानाचार्य अनुराधा कुलकर्णी और सतीश घोलप, प्राथमिक विभागाध्यक्ष सुनील पाटिल, निदेशक मंडल, शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारी रैली में शामिल हुए। रैली एम.डी.एच. विद्यालय, शिवाजी पथ, तलावपाली, नौपाड़ा होते हुए निकाली गई।

    उद्घाटन समारोह एवं विशेष गतिविधियाँ

    स्वर्ण जयंती के उद्घाटन अवसर पर अत्याधुनिक खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन किया गया और राज्य स्तरीय बोली कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महाराष्ट्र के वन मंत्री एवं पालघर जिला संरक्षक मंत्री गणेशजी नाइक और विधायक निरंजन डावखरे उपस्थित थे।

    प्रधानाचार्य विकास पाटिल ने बताया कि डिजिटल पुस्तकालय की स्थापना के लिए एक करोड़ रुपये की आवश्यकता है। वन मंत्री गणेश नाइक ने तत्काल 50 लाख रुपये और निरंजन डावखरे ने 20 लाख रुपये का योगदान देने की घोषणा की। संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष शैलेंद्र सालवी ने मराठी माध्यम शिक्षा के संरक्षण के लिए इस सहयोग पर आभार व्यक्त किया और इसे अमूल्य बताया।

  • Kojagiri Purnima: शरद पूर्णिमा अमृत बरसाने वाली रात, स्वास्थ्य और समृद्धि से जुड़ी परंपराएं

    Kojagiri Purnima: शरद पूर्णिमा अमृत बरसाने वाली रात, स्वास्थ्य और समृद्धि से जुड़ी परंपराएं

    नई दिल्ली। भारतीय संस्कृति में हर पर्व के पीछे गहन वैज्ञानिक और धार्मिक दृष्टि निहित होती है। उनमें से एक है शरद पूर्णिमा, जिसे कोजागरी पूर्णिमा भी कहा जाता है। आश्विन मास की यह पूर्णिमा स्वास्थ्य, आरोग्य और समृद्धि से जुड़ी मानी जाती है।

    मान्यता है कि इस रात चंद्रमा अपनी 16 कलाओं के साथ धरती पर अमृतमयी किरणें बरसाता है, जो शरीर और मन दोनों को सशक्त बनाती हैं। शास्त्रों के अनुसार, चंद्रमा की रश्मियों में औषधीय गुण सक्रिय हो जाते हैं।

    परंपरा है कि शरद पूर्णिमा की रात गाय के दूध, चावल, केसर और किशमिश से बनी खीर को चांदनी में रखकर प्रातः सेवन किया जाए। आयुर्वेद के अनुसार यह खीर मानसिक स्वास्थ्य और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक है, खासकर बच्चों के लिए अत्यंत लाभकारी।

    कथाओं के अनुसार, इस रात वृंदावन में श्रीकृष्ण ने महारास रचा था, इसलिए इसे रास पूर्णिमा भी कहा जाता है। साथ ही, मान्यता है कि शरद पूर्णिमा की रात लक्ष्मी सूक्त का पाठ करने से जीवन में धन-धान्य की वृद्धि होती है।

    विज्ञान भी मानता है कि चंद्रमा का जल और मानसिक संतुलन पर प्रभाव होता है। समुद्र में ज्वार-भाटा से लेकर हमारे मानसिक स्वास्थ्य तक, चंद्रमा की गतियां जीवन को गहराई से प्रभावित करती हैं।

  • Religious Conversion : भिवंडी में धर्मांतरण की कोशिश नाकाम, अमेरिकी नागरिक सहित तीन गिरफ्तार

    Religious Conversion : भिवंडी में धर्मांतरण की कोशिश नाकाम, अमेरिकी नागरिक सहित तीन गिरफ्तार

    भिवंडी। ठाणे और पालघर जिलों के आदिवासी इलाकों में अज्ञानता और गरीबी का फायदा उठाकर लोगों को धर्मांतरण के जाल में फंसाने की घटनाओं के बीच, भिवंडी तालुका के चिंबीपाड़ा गांव में एक प्रयास विफल कर दिया गया। इस मामले में अमेरिकी नागरिक जेम्स वॉटसन सहित तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया।

    पुलिस के अनुसार, भुईशेत गांव में मनोज गोविंद कोल्हा के घर के सामने खुले स्थान पर यीशु मसीह की प्रार्थना का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। वहां साईनाथ गणपति सरपे (42, वसई), जेम्स वॉटसन (58, अमेरिका) और मनोज कोल्हा लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे थे। आरोप है कि उन्होंने हिंदू धर्म की आलोचना की और ईसाई धर्म अपनाने पर सुख-समृद्धि का वादा किया। उन्होंने बच्चियों के माथे पर हाथ रखकर “दैवीय शक्ति” दिखाने का नाटक भी किया।

    स्थानीय नागरिक रविनाथ सावजी भुरकुट ने घटना की सूचना हिंदुत्ववादी संगठनों के कार्यकर्ताओं संदीप भगत और दादा गोसावी को दी। उन्होंने तुरंत पुलिस को जानकारी दी।

    जांच में पता चला कि जेम्स वॉटसन 2016 में टूरिस्ट वीज़ा पर भारत आए और बाद में व्यावसायिक वीज़ा पर ठाणे में रह रहे हैं। आरोप है कि वह धर्मांतरण रैकेट का मुख्य सरगना हैं।

    भिवंडी तालुका पुलिस स्टेशन में तीनों के खिलाफ महाराष्ट्र नरबलि अधिनियम, जादू-टोना रोकथाम अधिनियम और विदेशी व्यक्ति अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया और सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।