Tag: Bhiwandi News

  • BNCMC Board Poster Controversy: मनपा के सूचना बोर्ड पर बिल्डर का पोस्टर चिपकाने का मामला, एफआईआर दर्ज!

    BNCMC Board Poster Controversy: मनपा के सूचना बोर्ड पर बिल्डर का पोस्टर चिपकाने का मामला, एफआईआर दर्ज!

    BNCMC Board Poster Controversy: शहर में अवैध बैनर और पोस्टरों के बढ़ते चलन के बीच भिवंडी महानगरपालिका के आधिकारिक सूचना बोर्ड पर एक बिल्डर का विज्ञापन चिपकाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मनपा प्रशासन हरकत में आया और संबंधित मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

    जानकारी के अनुसार, शहर के इंदिरा गांधी मेमोरियल (आईजीएम) अस्पताल के प्रवेश द्वार के सामने स्थित फ्लाईओवर के खंभे पर मनपा द्वारा एक चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। इस बोर्ड पर स्पष्ट रूप से लिखा गया था कि सार्वजनिक स्थानों, बिजली के खंभों, स्ट्रीट लाइट पोल और फ्लाईओवर के कॉलम पर बिना अनुमति बैनर, होर्डिंग और पोस्टर लगाना प्रतिबंधित है तथा ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    आरोप है कि देर रात एक युवक ने उसी मनपा सूचना बोर्ड पर एक निजी डेवलपर का विज्ञापन पोस्टर चिपका दिया, जिससे मनपा की चेतावनी पूरी तरह ढंक गई। इतना ही नहीं, इस दौरान डेवलपर के प्रचार का गीत बजाते हुए वीडियो भी बनाया गया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद नागरिकों में नाराजगी देखी गई।

    मामले को गंभीरता से लेते हुए भिवंडी महानगरपालिका की प्रभाग समिति-1 के अधिकारी नितीन पंजाबराव जामनेकर ने निजामपुर पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    शहर में लंबे समय से अवैध बैनर, पोस्टर और भित्ति विज्ञापनों की भरमार को लेकर सवाल उठते रहे हैं। भिवंडी महानगरपालिका के पांचों प्रभागों में बड़ी संख्या में बिना अनुमति लगाए गए पोस्टर और बैनर दिखाई देते हैं। इनमें राजनीतिक दलों और विभिन्न संगठनों के प्रचार-प्रसार से जुड़े पोस्टर भी शामिल हैं, जिससे शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है।

    हालांकि मनपा का अतिक्रमण विभाग समय-समय पर अभियान चलाकर अवैध बैनर और पोस्टर हटाता है, लेकिन पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई नहीं होने से इस प्रवृत्ति पर रोक नहीं लग पा रही है। शहरवासियों ने मांग की है कि बिना अनुमति विज्ञापन लगाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए और इस संबंध में ठोस नीति बनाकर मनपा के राजस्व में भी वृद्धि की जाए।

  • Fire Breaks Out: भिवंडी में इलेक्ट्रिक सामान से भरे ट्रक में लगी आग, बड़ा नुकसान; चालक सुरक्षित

    Fire Breaks Out: भिवंडी में इलेक्ट्रिक सामान से भरे ट्रक में लगी आग, बड़ा नुकसान; चालक सुरक्षित

    Fire Breaks Out: भिवंडी तालुका के अंजूर फाटा-चिंचोटी मार्ग पर शुक्रवार दोपहर इलेक्ट्रिक सामान से भरे एक ट्रक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रक और उसमें रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, इलेक्ट्रिक बैटरियों और अन्य इलेक्ट्रिक उपकरणों से लदा ट्रक अंजूर फाटा से चिंचोटी की ओर जा रहा था। दोपहर करीब डेढ़ बजे जब वाहन पायगांव गांव की सीमा में पहुंचा, तभी उसमें अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया।

    घटना के बाद आसपास के नागरिक मौके पर पहुंचे और पानी के पाइप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि ट्रक में बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रिक सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही समय में पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा।

    स्थानीय लोगों ने तुरंत संबंधित विभागों को सूचना दी। आग की वजह से ट्रक में रखा अधिकांश सामान नष्ट हो गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

    गनीमत रही कि हादसे के समय ट्रक चालक सतर्कता दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकल गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि दूर से ही धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था।

    प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं।

  • BJP Group Leader’s Office Inauguration: गटनेता कार्यालय का उद्घाटन, गणेश नाईक बोले—भिवंडी विकास पर विशेष ध्यान

    BJP Group Leader’s Office Inauguration: गटनेता कार्यालय का उद्घाटन, गणेश नाईक बोले—भिवंडी विकास पर विशेष ध्यान

    BJP Group Leader’s Office Inauguration: भिवंडी महानगरपालिका में भाजपा गटनेता संतोष शेट्टी के नए कार्यालय का उद्घाटन महाराष्ट्र के वन मंत्री गणेश नाईक के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भले ही वे पालघर जिले के पालकमंत्री हैं, लेकिन ठाणे जिले के संपर्क मंत्री होने के नाते भिवंडी शहर के विकास पर विशेष ध्यान देंगे और नागरिक समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करेंगे।

    कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कपिल पाटिल, विधायक माधवी नाईक, विधायक महेश चौघुले, महापौर नारायण चौधरी तथा भाजपा शहराध्यक्ष रवि सावंत प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में गणेश नाईक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

    उन्होंने कहा कि शहर के स्कूलों में शिक्षकों की कमी, नागरिक सुविधाओं और अन्य समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के साथ बैठक कर भिवंडी को न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा गटनेता का यह कार्यालय नागरिकों की समस्याओं के समाधान का केंद्र बनेगा।

    पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कपिल पाटिल ने कहा कि भिवंडी में कंक्रीट सड़कों का जाल, मेट्रो परियोजना और 200 बेड के अस्पताल सहित अनेक विकास कार्य महायुति सरकार के प्रयासों से संभव हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि इन परियोजनाओं के लिए करोड़ों रुपये की मंजूरी भाजपा सरकार के कार्यकाल में मिली।

    विधायक माधवी नाईक ने कहा कि संतोष शेट्टी भिवंडी में एक भरोसेमंद जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं और उनके नए कार्यालय से नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी। कार्यक्रम की प्रस्तावना में संतोष शेट्टी ने कहा कि तीन दशक तक नगरसेवक रहने के बाद भाजपा में शामिल होकर उन्हें जनहित के कार्यों को नई दिशा देने का अवसर मिला।

    उन्होंने गणेश नाईक से भिवंडी के विकास कार्यों को गति देने और नगर निगम के शिक्षकों को सातवें वेतन आयोग के तहत बकाया राशि दिलाने के लिए मंत्रालय स्तर पर बैठक आयोजित कराने का अनुरोध किया। इस अवसर पर प्रभाग समिति सभापति रजिता मोहन कोंडा, एडवोकेट वैभव भोईर, प्रकाश टावरे, सुमित पाटिल, राजेश शेट्टी, परेश चौघुले, गीता विठोबा नाईक, रोमा निलेश आलशी सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।

  • FDA Raids Cosmetic Factory: भिवंडी में नकली कॉस्मेटिक फैक्ट्री पर एफडीए का छापा, 1.23 करोड़ रुपये का माल जब्तQ!

    FDA Raids Cosmetic Factory: भिवंडी में नकली कॉस्मेटिक फैक्ट्री पर एफडीए का छापा, 1.23 करोड़ रुपये का माल जब्तQ!

    FDA Raids Cosmetic Factory: खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने भिवंडी तालुका के दापोडे स्थित एक कथित अवैध कॉस्मेटिक निर्माण इकाई पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 23 लाख 13 हजार 393 रुपये मूल्य के सौंदर्य प्रसाधन, मशीनरी और कच्चा माल जब्त किया है। कार्रवाई के बाद संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ नारपोली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।

    एफडीए के आयुक्त तुकाराम मुंढे की नियुक्ति के बाद मिलावट और अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। इसी क्रम में दापोडे के हरिहर कॉम्प्लेक्स स्थित सिग्मा लाइफस्टाइल प्रा. लि. नामक इकाई में बिना वैध लाइसेंस के सौंदर्य प्रसाधनों के निर्माण की गुप्त सूचना मिलने पर खाद्य निरीक्षकों की टीम ने छापेमारी की।

    जांच में सामने आया कि कंपनी बिना उत्पादन लाइसेंस के बड़े पैमाने पर कॉस्मेटिक उत्पाद तैयार कर रही थी। जब्त सामग्री में बच्चों के उपयोग में आने वाले साबुन और शैम्पू भी शामिल हैं। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि उत्पादों पर ग्राहकों को गुमराह करने के लिए झूठी जानकारी और मुंबई के अंधेरी का कथित फर्जी पता छापा गया था। इसके अलावा, कारखाने में गुणवत्ता नियंत्रण प्रयोगशाला और उत्पाद परीक्षण से संबंधित कोई रिकॉर्ड भी नहीं मिला।

    एफडीए ने कार्रवाई के दौरान क्रीम फिलिंग मशीन, श्रिंक रैपिंग मशीन, लेबलिंग मशीन, ऑटोमैटिक पाउडर फिलिंग मशीन, एयर कंप्रेसर, इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटे, जनरेटर तथा बड़ी मात्रा में कच्चा और तैयार माल जब्त किया। एफडीए ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इन उत्पादों की आपूर्ति किन-किन बाजारों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्मों के माध्यम से की जा रही थी।

  • Shivpanand Route Reopened: भिवंडी में वर्षों बाद खुला परशुराम पाड़ा-राउत पाड़ा शिवपाणंद मार्ग, किसानों में खुशी की लहर

    Shivpanand Route Reopened: भिवंडी में वर्षों बाद खुला परशुराम पाड़ा-राउत पाड़ा शिवपाणंद मार्ग, किसानों में खुशी की लहर

    Shivpanand Route Reopened: वर्षों से अतिक्रमण के कारण बंद पड़े परशुराम पाड़ा से राउत पाड़ा को जोड़ने वाले पारंपरिक शिवपाणंद (खेतों तक पहुंचने का पारंपरिक मार्ग) को आखिरकार प्रशासन ने खुलवा दिया। तहसीलदार के आदेश के बाद राजस्व विभाग ने पुलिस सुरक्षा के बीच अतिक्रमण हटाकर रास्ते को मुक्त कराया। इससे किसानों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।

    जानकारी के अनुसार, राउत पाड़ा के किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने के लिए इसी पारंपरिक रास्ते का उपयोग करना पड़ता था। लेकिन कई वर्षों से अतिक्रमण और कुछ जमीन मालिकों के विरोध के कारण यह मार्ग बंद पड़ा था। ग्रामीणों ने कई बार रास्ता खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर ग्राम पंचायत के माध्यम से भिवंडी तहसीलदार के समक्ष औपचारिक दावा प्रस्तुत किया।

    सुनवाई के बाद तहसीलदार ने ग्राम पंचायत और ग्रामीणों के पक्ष में फैसला सुनाया। इसके बाद राजस्व प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाकर शिवपाणंद मार्ग को फिर से चालू करा दिया। रास्ता खुलने से अब किसान, मजदूर, पशुओं के साथ बैलगाड़ी और ट्रैक्टर भी सीधे खेतों तक पहुंच सकेंगे। फैसले के बाद ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए प्रशासन और तहसीलदार का आभार व्यक्त किया।

    इस दौरान मंडल अधिकारी भुरकुट, तलाठी अविनाश चव्हाण, सुभाष पाटिल, पंकज तात्या, अनंत भोईर, दाभाड के पुलिस पाटिल दीपक धुले, किरवली के पुलिस पाटिल कुणाल पाटिल, सरपंच अश्विनी वाघे, नंदा वाघे तथा शिवपाणंद आंदोलन के ठाणे जिला समन्वयक शिवाजी राउत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

    इस अभियान को शिवपाणंद रास्ता आंदोलन के महाराष्ट्र अध्यक्ष शरद पावले का मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि इस निर्णय से भिवंडी तालुका के अन्य बंद पड़े शिवपाणंद मार्गों को भी खुलवाने की उम्मीद बढ़ी है। उनका मानना है कि किसानों की एकजुटता और कानूनी संघर्ष से न्याय मिलना संभव है।

  • Explosives Seized in Bhiwandi: 306 जिलेटिन छड़ें व 110 डेटोनेटर जब्त, 5 गिरफ्तार

    Explosives Seized in Bhiwandi: 306 जिलेटिन छड़ें व 110 डेटोनेटर जब्त, 5 गिरफ्तार

    Explosives Seized in Bhiwandi: ठाणे ग्रामीण पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा ने भिवंडी तालुका के जानवल गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से जमा किए गए विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने एक पत्थर की खदान से 306 जिलेटिन की छड़ें, 110 डेटोनेटर, विस्फोटकों की खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड रखने वाला रजिस्टर तथा अन्य सामग्री जब्त की है।

    पुलिस के अनुसार, बिना वैध लाइसेंस के मानव जीवन को खतरे में डालने वाले तरीके से विस्फोटक सामग्री रखने के मामले में ठाणे ग्रामीण पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा की शिकायत पर पडघा पुलिस स्टेशन में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

    आरोपियों में अक्षय रोड्डेवार, वीरेंद्रकुमार सिंह, वसंत लोणे, नितिन पाटिल, शत्रुघ्न चव्हाण, दिनेश पाटिल और मनीष पाटिल के नाम शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं। बरामद विस्फोटकों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था और इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता है या नहीं, इसकी जांच जारी है।

  • Bhiwandikar Nyay Manch: भिवंडीकर न्याय मंच ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से वर्ष 2027 में महावितरण की फ्रैंचाइज़ी व्यवस्था समाप्त करने की मांग की!

    Bhiwandikar Nyay Manch: भिवंडीकर न्याय मंच ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से वर्ष 2027 में महावितरण की फ्रैंचाइज़ी व्यवस्था समाप्त करने की मांग की!

    Bhiwandikar Nyay Manch: भिवंडीकर न्याय मंच के एक शिष्टमंडल ने आज माननीय उप-विभागीय अधिकारी से मुलाकात कर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जी के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से वर्ष 2027 में भिवंडी शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में महावितरण की फ्रैंचाइज़ी व्यवस्था समाप्त कर किसी अन्य निजी विद्युत वितरण कंपनी, जैसे टाटा पावर लिमिटेड अथवा अडानी पावर लिमिटेड, को विद्युत वितरण की जिम्मेदारी सौंपने की मांग की गई।

    ज्ञापन में कहा गया है कि महाराष्ट्र शासन द्वारा वर्ष 2007 में टोरेंट पावर लिमिटेड को महावितरण की फ्रैंचाइज़ी के रूप में भिवंडी शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत वितरण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। कंपनी का दूसरा कार्यकाल जनवरी 2027 में समाप्त होने वाला है। पिछले लगभग 20 वर्षों के दौरान महाराष्ट्र सरकार ने नागपुर, जळगांव एवं औरंगाबाद जैसे शहरों में भी महावितरण की फ्रैंचाइज़ी विभिन्न निजी कंपनियों को प्रदान की थी, किंतु स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के विरोध के बाद इन शहरों में फ्रैंचाइज़ी व्यवस्था समाप्त कर दी गई।

    इसके विपरीत, भिवंडी तालुका में अनेक आंदोलनों एवं विरोध प्रदर्शनों के बावजूद आज तक टोरेंट पावर लिमिटेड महावितरण की फ्रैंचाइज़ी के रूप में कार्यरत है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि भिवंडी तालुका देशभर में पावरलूम उद्योग के लिए प्रसिद्ध रहा है, जिसने लाखों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया है।

    किंतु अत्यधिक बिजली दरों, कथित फास्ट मीटर तथा कंपनी के मनमाने रवैये के कारण पावरलूम उद्योग गंभीर संकट का सामना कर रहा है और हजारों उद्यमी अपना कारोबार बंद कर अन्य शहरों एवं राज्यों की ओर पलायन करने को विवश हुए हैं।

    इसके अतिरिक्त, मध्यमवर्गीय एवं गरीब उपभोक्ता भी अत्यधिक बिजली बिल, कथित फास्ट मीटर, झूठे विजिलेंस मामलों तथा कंपनी के कथित दमनात्मक व्यवहार से परेशान हैं। वर्ष 2007 में फ्रैंचाइज़ी व्यवस्था लागू करने का उद्देश्य नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सस्ती दरों पर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना था, किंतु वर्तमान परिस्थितियों में भिवंडी का आम नागरिक अनेक समस्याओं का सामना कर रहा है।

    इसलिए भिवंडीकर न्याय मंच ने महाराष्ट्र सरकार से मांग की है कि जनवरी 2027 में टोरेंट पावर लिमिटेड की महावितरण फ्रैंचाइज़ी व्यवस्था समाप्त कर भिवंडी शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में किसी अन्य निजी विद्युत वितरण कंपनी, जैसे टाटा पावर लिमिटेड अथवा अडानी पावर लिमिटेड, को विद्युत वितरण की जिम्मेदारी प्रदान कर भिवंडीकरों के साथ न्याय सुनिश्चित किया जाए।

    इस अवसर पर भिवंडीकर न्याय मंच के अध्यक्ष शादाब उस्मानी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि महावितरण की फ्रैंचाइज़ी व्यवस्था को समाप्त करने हेतु आज 17 जून से मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जनता की भावना को संवैधानिक माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।

    उन्होंने कहा कि यह केवल संघर्ष की शुरुआत है और आने वाले समय में भिवंडी तालुका के वर्तमान एवं पूर्व विधायक, सांसद, महापौर, उपमहापौर, नगरसेवक तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं समाजसेवकों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर जनआंदोलन भी किया जाएगा, ताकि वर्ष 2027 में राज्य सरकार महावितरण की फ्रैंचाइज़ी का पुनः टेंडर जारी करने के बजाय सभी इच्छुक विद्युत वितरण कंपनियों को भिवंडी तालुका में बिजली वितरण हेतु प्रतिस्पर्धात्मक आधार पर आमंत्रित करे, जिससे टाटा पावर और अडानी पावर जैसी कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा के माध्यम से भिवंडी के नागरिकों को बेहतर एवं सस्ती विद्युत सेवा उपलब्ध हो सके।
    इस अवसर पर शादाब उस्मानी के साथ एड. अनिल राठौड़, राम लहारे, एड. राकेश पाल, हमज़ा सिद्दीकी, सुरेश तौटी, अब्दुल्लाह संजरी, सुधाकर आँचन, शादाब खान, फरीद खान एवं हमीद शेख उपस्थित थे।

  • Bhiwandi Drain Cleaning: 51 प्रतिशत नाला सफाई के दावे पर उठे सवाल, महापौर समेत पार्षदों ने जताई नाराजगी

    Bhiwandi Drain Cleaning: 51 प्रतिशत नाला सफाई के दावे पर उठे सवाल, महापौर समेत पार्षदों ने जताई नाराजगी

    Bhiwandi Drain Cleaning: मानसून पूर्व तैयारियों के तहत भिवंडी महानगरपालिका द्वारा शहर में नाला सफाई का कार्य युद्धस्तर पर किए जाने का दावा किया जा रहा है। निगम प्रशासन के अनुसार अब तक 51 प्रतिशत नालों की सफाई पूरी कर ली गई है, जबकि इस कार्य पर करीब 2 करोड़ 40 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। हालांकि, महापौर नारायण चौधरी समेत कई जनप्रतिनिधियों ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए कार्य की गुणवत्ता और प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया है।

    महापौर नारायण चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नाला सफाई का कार्य कागजों पर अधिक और जमीनी स्तर पर कम दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह उन्होंने स्वयं विभिन्न क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया था, जिसमें कई स्थानों पर कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया। इस दौरान संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों को फटकार भी लगाई गई थी, लेकिन उसके बावजूद अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है।

    महापौर ने कहा कि निगम अधिकारियों को ठेकेदारों से गुणवत्तापूर्ण तरीके से नाला सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। यदि मानसून के दौरान शहर में जलभराव या बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होती है, तो इसके लिए लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि शहर की स्वच्छता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और नागरिकों का सहयोग भी आवश्यक है।

    कागजों पर आंकड़ेबाजी का आरोप
    स्थायी समिति के सदस्य एडवोकेट मयूरेश विलास पाटिल ने निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारियों द्वारा केवल कागजों पर प्रतिशत दिखाकर ठेकेदारों के हितों की रक्षा की जा रही है। उनका दावा है कि वास्तविकता में 20 प्रतिशत नाला सफाई भी पूरी नहीं हुई है।

    उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मात्र बीस दिनों में इतने बड़े पैमाने पर नाला सफाई का कार्य पूरा किया जा सकता है? उनके अनुसार स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग के कुछ कर्मचारी केवल आंकड़े प्रस्तुत कर रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कार्य की स्थिति अलग है। पाटिल ने मांग की कि प्रशासन को वास्तविक निरीक्षण और सत्यापन के बिना ठेकेदारों के बिलों का भुगतान नहीं करना चाहिए।

    उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान यदि नागरिकों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ा, तो लोग ठेकेदारों को नहीं बल्कि अपने जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदार ठहराएंगे। इसलिए आयुक्त और महापौर की जिम्मेदारी है कि वे ठेकेदारों से गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्य सुनिश्चित कराएं।

  • Bhiwandi temporary bus stand: विधायक महेश चौघुले के प्रयासों से भिवंडी में अस्थायी बस स्टैंड निर्माण की प्रक्रिया शुरू!

    Bhiwandi temporary bus stand: विधायक महेश चौघुले के प्रयासों से भिवंडी में अस्थायी बस स्टैंड निर्माण की प्रक्रिया शुरू!

    Bhiwandi temporary bus stand: भिवंडी शहर में प्रस्तावित अत्याधुनिक बस स्टैंड के निर्माण कार्य को गति मिलने के साथ ही यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्थायी वैकल्पिक बस स्टैंड के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के मुंबई क्षेत्रीय कार्यकारी अभियंता कार्यालय ने इसके लिए 72 लाख 84 हजार 808 रुपये की लागत का ई-टेंडर जारी किया है।

    गौरतलब है कि भिवंडी में लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से नए आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त बस स्टैंड के निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है। निर्माण कार्य शुरू होने के दौरान यात्रियों और एसटी बस सेवाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विधायक ** ने वैकल्पिक अस्थायी बस स्टैंड की मांग की थी। उनकी इस मांग को परिवहन विभाग और महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम ने स्वीकृति प्रदान की है।

    भिवंडी को आधुनिक बस अड्डे की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विधायक महेश चौघुले पिछले कई वर्षों से लगातार प्रयासरत रहे हैं। उन्होंने विधानसभा में इस विषय को उठाने के साथ-साथ परिवहन मंत्री और निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कई बैठकें कर परियोजना को मंजूरी दिलाने एवं उसे गति देने का कार्य किया।

    अधिकारियों के अनुसार, नए बस स्टैंड के निर्माण के दौरान एसटी बसों का संचालन और यात्रियों की आवाजाही बिना किसी व्यवधान के जारी रहे, इसके लिए यह अस्थायी बस स्टैंड तैयार किया जाएगा। इससे प्रतिदिन यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी और सार्वजनिक परिवहन सेवाएं नियमित रूप से संचालित होती रहेंगी।

    भिवंडी के विकास की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नया बस स्टैंड तैयार होने के बाद यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं, बेहतर प्रतीक्षालय, सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था तथा अधिक सक्षम परिवहन सेवाएं उपलब्ध होंगी।

    इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी मिलने पर विधायक महेश चौघुले ने राज्य सरकार, परिवहन विभाग तथा महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है और उम्मीद जताई है कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

  • Bhiwandi-Anjurphata Railway Station: भिवंडी अंजुरफाटा रेलवे स्टेशन के भूमिगत मार्ग का महापौर ने किया निरीक्षण!

    Bhiwandi-Anjurphata Railway Station: भिवंडी अंजुरफाटा रेलवे स्टेशन के भूमिगत मार्ग का महापौर ने किया निरीक्षण!

    Bhiwandi-Anjurphata Railway Station: भिवंडी के अंजुरसंवाददाताफाटा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में लंबे समय से लंबित भूमिगत मार्ग (अंडरपास) के निर्माण कार्य का जायजा लेने के लिए भिवंडी मनपा के महापौर ने रेलवे अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया।

    गौरतलब है कि अंजुरफाटा रेलवे स्टेशन परिसर में भूमिगत मार्ग नहीं होने के कारण राहनाल स्थित गोदाम क्षेत्र में कार्यरत हजारों नागरिकों को वर्षों से रेलवे ट्रैक पार कर आवागमन करना पड़ता था। इससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता था। स्थानीय नागरिक लंबे समय से इस स्थान पर सुरक्षित आवागमन के लिए भूमिगत मार्ग निर्माण की मांग कर रहे थे।

    स्थानीय लोगों की इस मांग को लेकर सांसद ने केंद्रीय रेल मंत्रालय के समक्ष लगातार प्रयास किए। इसके परिणामस्वरूप इस महत्वपूर्ण भूमिगत मार्ग का निर्माण कार्य पूरा किया गया है।

    हालांकि, मार्ग को आम नागरिकों के लिए जल्द शुरू करने की मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों ने महापौर नारायण चौधरी से शिकायत की थी। इसके बाद महापौर ने रेलवे अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य और उसकी वर्तमान स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया।

    निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। महापौर ने भूमिगत मार्ग से जुड़ी तकनीकी स्थिति, नागरिकों की समस्याओं और आवश्यक सुविधाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मार्ग को जल्द से जल्द नागरिकों के लिए शुरू करने तथा आवश्यक सुधारात्मक उपाय तत्काल करने के निर्देश भी दिए।

    महापौर नारायण चौधरी ने कहा कि अंजुरफाटा क्षेत्र में बढ़ते यातायात और पैदल यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह भूमिगत मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके शुरू होने से स्थानीय नागरिकों, कामगारों और यात्रियों को सुरक्षित तथा सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

    स्थानीय नागरिकों ने भी उम्मीद जताई है कि प्रशासन आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर इस भूमिगत मार्ग को आम जनता के लिए जल्द शुरू करेगा।