Tag: entertainment news

  • Alpha Movie: ‘अल्फा’ के टीज़र में दिखी आलिया भट्ट की असैसिन अवतार की झलक, वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स में नई कहानी की शुरुआत!

    Alpha Movie: ‘अल्फा’ के टीज़र में दिखी आलिया भट्ट की असैसिन अवतार की झलक, वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स में नई कहानी की शुरुआत!

    Alpha Movie: यश राज फिल्म्स ने अपनी बहुप्रतीक्षित एक्शन फिल्म ‘अल्फा’ का पहला टीज़र जारी कर दिया है। टीज़र में आलिया भट्ट के दमदार किरदार की झलक दिखाई गई है, जो वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स में एक नए अध्याय की शुरुआत का संकेत देती है।

    जारी किए गए टीज़र में आलिया भट्ट एक प्रशिक्षित असैसिन के रूप में नजर आती हैं। कहानी एक ऐसी युवती के सफर को दर्शाती है, जिसे बचपन से ही खतरनाक मिशनों और लड़ाकू कौशल के लिए तैयार किया जाता है। फिल्म में बॉबी देओल एक महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगे, जिनका किरदार इस असैसिन की यात्रा से जुड़ा हुआ है।

    फिल्म की दूसरी प्रमुख अभिनेत्री शर्वरी भी अहम भूमिका निभा रही हैं। निर्माताओं के अनुसार, आने वाले समय में उनके किरदार से भी दर्शकों को रूबरू कराया जाएगा। ‘अल्फा’ को बड़े पैमाने पर तैयार की गई एक्शन-थ्रिलर फिल्म बताया जा रहा है, जिसमें दो महिला किरदार कहानी की मुख्य धुरी हैं। फिल्म में एक्शन, रोमांच, भावनाएं, हास्य और कई अप्रत्याशित मोड़ देखने को मिलेंगे।

    फिल्म का निर्देशन शिव रवैल ने किया है, जबकि इसके निर्माता आदित्य चोपड़ा हैं। फिल्म में आलिया भट्ट, शर्वरी, बॉबी देओल और अनिल कपूर प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की यह नई पेशकश 03 जुलाई 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

  • Peddi Controversy: ‘पेद्दी’ में जाह्नवी कपूर के सीन्स पर विवाद, फेमस सिंगर ने मेकर्स पर लगाया आरोप

    Peddi Controversy: ‘पेद्दी’ में जाह्नवी कपूर के सीन्स पर विवाद, फेमस सिंगर ने मेकर्स पर लगाया आरोप

    Peddi Controversy: राम चरण और जाह्नवी कपूर अभिनीत फिल्म ‘पेद्दी’ रिलीज के साथ ही विवादों में घिर गई है। फिल्म में जाह्नवी कपूर के किरदार अचियम्मा को जिस तरह से प्रस्तुत किया गया है, उसे लेकर सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना हो रही है। कई दर्शकों ने आरोप लगाया है कि फिल्म में अभिनेत्री के किरदार को पर्याप्त महत्व देने के बजाय उन्हें केवल ग्लैमर और आकर्षण तक सीमित कर दिया गया है।

    विवाद उस समय और बढ़ गया जब प्रसिद्ध गायिका Sumangaly Ariyanayagam ने फिल्म निर्माताओं पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जाह्नवी के किरदार को “कैमरे के लिए एक वस्तु” की तरह पेश किया गया और कहानी में उनकी भूमिका को उचित सम्मान नहीं मिला। गायिका ने कहा कि महिला पात्रों को केवल आकर्षण का माध्यम बनाना सिनेमा के लिए चिंताजनक प्रवृत्ति है और फिल्म निर्माताओं को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

    संबंधित खबर: The Maharashtra Files: काफी संघर्ष के बाद 12 जून को रिलीज़ होगी ‘द महाराष्ट्र फाइल्स’!

    सोशल मीडिया पर भी फिल्म के कुछ दृश्यों को लेकर बहस छिड़ी हुई है। दर्शकों के एक वर्ग ने दावा किया कि फिल्म में दिखाए गए कुछ रोमांटिक दृश्य सहमति (consent) के मुद्दे पर सवाल खड़े करते हैं। कई यूजर्स ने आरोप लगाया कि जाह्नवी के किरदार को पर्याप्त कहानी और व्यक्तित्व देने के बजाय कैमरा एंगल्स और ग्लैमरस प्रस्तुतिकरण पर अधिक ध्यान दिया गया। यही वजह है कि फिल्म की रिलीज के बाद “ऑब्जेक्टिफिकेशन” और “हाइपर-सेक्सुअलाइजेशन” जैसे शब्द सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगे।

    बढ़ते विरोध के बीच निर्देशक Buchi Babu Sana ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी भी महिला को वस्तु की तरह दिखाना उनका उद्देश्य नहीं था। उन्होंने दर्शकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए विवादित दृश्यों में बदलाव करने और भविष्य में अधिक सावधानी बरतने का आश्वासन दिया। बाद में निर्देशक ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी और पुष्टि की कि जाह्नवी कपूर से जुड़े कुछ दृश्यों में संशोधन किया जाएगा। हालांकि, सोशल मीडिया पर कई लोगों का मानना है कि यह कदम विवाद बढ़ने के बाद उठाया गया है।

  • The Maharashtra Files: काफी संघर्ष के बाद 12 जून को रिलीज़ होगी ‘द महाराष्ट्र फाइल्स’!

    The Maharashtra Files: काफी संघर्ष के बाद 12 जून को रिलीज़ होगी ‘द महाराष्ट्र फाइल्स’!

    The Maharashtra Files: सामाजिक सच्चाइयों और हाशिए पर पड़े समुदायों के न्यायपूर्ण अधिकारों के संघर्ष को केंद्र में रखकर बनाई गई मराठी फिल्म ‘द महाराष्ट्र फाइल्स’ आखिरकार 12 जून को राज्यभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है। फिल्म की रिलीज़ के संबंध में मुंबई मराठी पत्रकार संघ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में निर्माता-निर्देशक संजीवकुमार राठौड़, सह-निर्माता एवं क्रिएटिव हेड शालिनी राठौड़, अभिनेता मंगेश देसाई सहित फिल्म की पूरी टीम उपस्थित रही।

    इस अवसर पर संजीवकुमार राठौड़ ने कहा कि सत्य को सामने लाने का उनका प्रयास आखिरकार सफल हुआ है। उन्होंने बताया कि यह फिल्म समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के न्याय, अधिकार और अस्तित्व की लड़ाई को मुखर रूप से प्रस्तुत करती है।

    राठौड़ ने कहा कि फिल्म को रिलीज़ कराने के लिए उन्हें लंबा संघर्ष करना पड़ा। प्रशासनिक अड़चनों, सेंसर बोर्ड की प्रक्रिया में देरी तथा प्रमाणन के लिए लंबे इंतजार के कारण फिल्म की रिलीज़ प्रभावित हुई। उन्होंने फिल्म सेंसरशिप प्रक्रिया में सुधार की आवश्यकता पर जोर देते हुए मराठी फिल्म निर्माताओं के लिए इसे अधिक सरल और समयबद्ध बनाने की मांग की।

    संबंधित खबर: Dhurandhar 2 Controversy: खुफिया एजेंसियों के चित्रण से लेकर कॉपीराइट विवाद तक, जानिए फिल्म को लेकर क्यों मचा देशभर में बवाल!

    फिल्म में प्रशासनिक व्यवस्था के भीतर न्याय पाने के लिए एक आम व्यक्ति के संघर्ष, व्यवस्था की बाधाओं और हाशिए पर पड़े समुदायों की पीड़ा को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया है। निर्माताओं का दावा है कि यह देश की पहली ऐसी फिल्म है जो बंजारा समुदाय के न्याय और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाती है।

    रिलीज़ में हुई देरी से आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करने का उल्लेख करते हुए राठौड़ ने कहा कि स्वतंत्र फिल्म निर्माताओं के लिए सेंसर और प्रमाणन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाया जाना चाहिए। फिल्म की कलाकारों की टीम में उषा नाडकर्णी, मंगेश देसाई, वीणा जामकर, सयाजी शिंदे, नागेश भोसले, सुनील गोडसे, सनी लियोन, सपना चौधरी, आर्यन राठौड़, गौतमी पाटिल और मांगली प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत नितिन सावंत, अजीत केतकर और सिद्धार्थ कश्यप ने तैयार किया है।

    फिल्म की टीम को विश्वास है कि अपनी प्रभावशाली कहानी, दमदार अभिनय और सामाजिक सरोकारों के कारण ‘द महाराष्ट्र फाइल्स’ केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दर्शकों को समाज की वास्तविकताओं पर विचार करने के लिए प्रेरित करेगी। कई चुनौतियों को पार करने के बाद अब यह फिल्म 12 जून को दर्शकों के बीच पहुंचने जा रही है और इसके प्रति दर्शकों की प्रतिक्रिया को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।

  • Dhurandhar 2 Controversy: खुफिया एजेंसियों के चित्रण से लेकर कॉपीराइट विवाद तक, जानिए फिल्म को लेकर क्यों मचा देशभर में बवाल!

    Dhurandhar 2 Controversy: खुफिया एजेंसियों के चित्रण से लेकर कॉपीराइट विवाद तक, जानिए फिल्म को लेकर क्यों मचा देशभर में बवाल!

    Dhurandhar 2 Controversy: रणवीर सिंह अभिनीत और आदित्य धर निर्देशित फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ रिलीज के बाद से लगातार विभिन्न विवादों में घिरी रही है। फिल्म को जहां दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली, वहीं इसके कुछ दृश्यों और कथानक को लेकर कई संगठनों तथा व्यक्तियों ने आपत्ति भी जताई।

    सबसे बड़ा विवाद उस समय सामने आया जब दिल्ली हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका (PIL) दायर कर आरोप लगाया गया कि फिल्म में भारतीय खुफिया एजेंसियों से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां और अंडरकवर ऑपरेशन से संबंधित विवरण दिखाए गए हैं, जिससे सुरक्षा संबंधी चिंताएं पैदा हो सकती हैं। इसके बाद अदालत ने केंद्र सरकार और सेंसर बोर्ड (CBFC) से मामले की जांच करने को कहा।

    फिल्म एक अन्य कानूनी विवाद में भी फंस गई, जब 1989 की फिल्म त्रिदेव के निर्माता Trimurti Films ने आरोप लगाया कि धुरंधर 2 के गीत ‘रंग दे लाल (ओये ओये)’ में उनके लोकप्रिय गीत ‘तिरछी टोपी वाले’ के तत्वों का बिना अनुमति इस्तेमाल किया गया है। मामले की सुनवाई के दौरान दिल्ली हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों को मध्यस्थता (मेडिएशन) के लिए भेज दिया। हालांकि अदालत ने फिल्म की रिलीज या प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने से इनकार कर दिया।

    संबंधित खबर: Manoj Bajpayee: ‘गवर्नर’ से पहले मनोज बाजपेयी ने किया भारत के पहले मैकडॉनल्ड्स का दौरा, 90 के दशक की यादें हुईं ताज़ा!

    इसके अलावा फिल्म के निर्माण के दौरान भी विवाद सामने आए। मुंबई में शूटिंग के समय सुरक्षा नियमों के कथित उल्लंघन को लेकर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने निर्माण कंपनी को नोटिस जारी किया था। आरोप था कि शूटिंग के दौरान कुछ ऐसे उपकरण और सामग्री इस्तेमाल की गईं, जिनकी अनुमति नहीं थी। इस मामले को लेकर फिल्म इंडस्ट्री के कुछ संगठनों ने भी सुरक्षा मानकों के पालन पर सवाल उठाए थे।

    विवादों की सूची यहीं नहीं रुकी। फिल्म पर धार्मिक भावनाएं आहत करने और कुछ वास्तविक घटनाओं व व्यक्तियों के चित्रण को लेकर भी आपत्तियां दर्ज की गईं। वहीं एक फिल्म निर्माता ने कहानी की कथित नकल (प्लेजरिज्म) का आरोप लगाते हुए फिल्म की OTT रिलीज रोकने की मांग की थी, लेकिन अदालत ने पर्याप्त आधार न मिलने पर यह याचिका खारिज कर दी। तमाम विवादों के बावजूद धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता साबित हुई और वर्ष की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल रही।

  • CJP Draws in Teenagers: सीजेपी ने किशोरों को किया आकर्षित, ‘जीवन के पहले प्रदर्शन’ में पहुंचे युवा!

    CJP Draws in Teenagers: सीजेपी ने किशोरों को किया आकर्षित, ‘जीवन के पहले प्रदर्शन’ में पहुंचे युवा!

    CJP Draws in Teenagers: सोशल मीडिया के जरिये सामने आयी कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से नीट-पेपर लीक को लेकर शनिवार को जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में सैकड़ों की तादाद में लोग इकट्ठा हुए। हाथ में पोस्टर-पर्चे लिये कुछ लोगों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की, तो कुछ ने राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) को खत्म करने की मांग की।

    जंतर-मंतर दिल्ली में विरोध-प्रदर्शनों का केंद्र है। सरकार की नीतियों के प्रति अपनी नाराज़गी व्यक्त करने के लिए हर शख्स एवं समूह इसकी ओर रुख करता है, हालांकि सीजेपी का यह प्रदर्शन खास था। यहां सिर्फ समाज के वरिष्ठ प्रतिभागी ही नहीं, बल्कि किशोर, यहां तक की स्कूली बच्चे भी मौजूद रहे।

    ऐसे ही एक छात्र समर्थ अपने जीवन के पहले विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने जंतर-मंतर पहुंचे। बारहवीं कक्षा में पढ़ने वाले समर्थ की उम्र सिर्फ 17 वर्ष है लेकिन जब उसे यह पता चला कि यह विरोध प्रदर्शन शिक्षा के मुद्दे पर आयोजित हो रहा है तो उसने अपनी मां से ज़िद की कि वह जंतर-मंतर जाना चाहते हैं। उसकी यह ज़िद मान ली गयी।

    समर्थन ने इस प्रदर्शन में शामिल होने के अनुभव पर यूनीवार्ता से कहा, “यह मेरे जीवन का पहला विरोध प्रदर्शन है। सालों से बहुत से ऐसे मुद्दे हैं जिनसे गुस्सा आता है। सीजेपी ने हमें एक मंच दिया जहां हम शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज़ उठा सकते हैं। हमारी यही मांग है कि हमारा भविष्य सुरक्षित रहे और व्यवस्था साफ हो जिसमें हम ठीक तरह परीक्षा दे सकें और आगे चलकर जीवन में कुछ बन सकें। कम से कम परीक्षाएं तो ठीक से हों।”

    समर्थ ने अभी 12वीं कक्षा में प्रवेश किया है और आने वाले साल में वह बोर्ड परीक्षा देंगे। यही वजह है कि वह हाल ही में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के परीक्षा परिणाम में हुई ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) संबंधी अव्यवस्था को लेकर भी चिंतित हैं। उन्होंने कहा, “अगर मैं सोचूं कि इस साल मैंने बोर्ड परीक्षा नहीं दी तो मेरे लिए चिंता का विषय नहीं है, तो यह गलत होगा।

    संबंधित खबर: Meteorological Department: अगले सात दिनों में देश के दक्षिणी एवं पूर्वोत्तर हिस्सों में भारी से भारी बारिश; मौसम विभाग ने लगाया अनुमान!

    आने वाले साल में मुझे भी परीक्षा देनी है। सीबीएसई एक बड़ा बोर्ड है और देशभर के बच्चे इस परीक्षा में हिस्सा लेते हैं। ओएसएम व्यवस्था इसलिए लायी गयी थी कि चेकिंग पारदर्शी हो। अगर यही प्रणाली ठीक से काम नहीं करेगी तो छात्रों का आक्रोशित होना लाजमी है।”

    दूसरी ओर, हंसराज कॉलेज में पढ़ने वाले 19 वर्षीय निखिल गुप्ता भी एक नयी पहल को अनुभव करने के लिए जंतर-मंतर पहुंचे। वह अक्सर विरोध प्रदर्शनों में शामिल नहीं होते, लेकिन युवाओं और विद्यार्थियों से संबंधित मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन हुआ तो जंतर-मंतर चले आए। उन्होंने कहा, “यह (पेपर लीक) चिंता का विषय है। सीबीएसई-नीट की परीक्षाएं ठीक से न होना देश के युवाओं को प्रभावित करता है।”

    निखिल ने धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा तलब करने वाली सीजेपी की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि वह सीजेपी का घोषणा-पत्र पढ़ चुके हैं और पार्टी की मांगों से इत्तफाक भी रखते हैं। राष्ट्रीय राजधानी की चिलचिलाती गर्मी और धूप में 13 वर्षीय अपरस कौर भी शिक्षा व्यवस्था की खामियों के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त करने जंतर-मंतर पहुंचीं। नौंवी कक्षा में पढ़ने वाली अपरस के हाथ में एक बैनर था, जिस पर काले वॉटर कलर से लिखा था, ‘बच्चे कोई प्रयोग नहीं हैं।’

    उन्होंने अपनी नाराजगी को शब्दों में पिरोते हुए कहा, “मैं प्रदर्शन में आयी हूं क्योंकि हमारे साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ मेरे मन में आक्रोश है। शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। अगर वह इस्तीफा नहीं दे सकते तो व्यवस्था सुधारने की जिम्मेदारी लें। मैं बड़ी होकर एक डिजाइनर-इलस्ट्रेटर बनना चाहती हूं। वहां तक पहुंचने के लिए मुझे कई पड़ाव पार करने होंगे। अगर एक आम नागरिक की इतनी जिम्मेदारी तय की जा सकती है तो मंत्रियों की क्यों नहीं।”

    अपरस बताती हैं कि जब उन्हें पता चला कि उनके माता-पिता विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे हैं, तो उन्होंने भी साथ जाने की इच्छा जाहिर की। अपने जीवन के पहले विरोध प्रदर्शन में अपरस ने अनुभव किया कि एक लोकतंत्र का नागरिक होना कैसा है। उन्होंने कहा, “मुझे अच्छा लग रहा है कि मैं अपनी आवाज़ उठा पा रही हूं। अपनी अभिव्यक्ति की आज़ादी का इस्तेमाल कर रही हूं।”

  • Papon’s Dream Project: पापोन का ड्रीम प्रोजेक्ट ‘महफ़िल्ज़ विद पापोन’ पहले गीत ‘अपने ख़िलाफ़’ के साथ हुआ शुरू!

    Papon’s Dream Project: पापोन का ड्रीम प्रोजेक्ट ‘महफ़िल्ज़ विद पापोन’ पहले गीत ‘अपने ख़िलाफ़’ के साथ हुआ शुरू!

    Papon’s Dream Project: गायक पापोन ने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट ‘महफ़िलज़ विद पापोन’ का आगाज़ पहले गीत ‘अपने ख़िलाफ़’ के साथ किया है। ‘महफ़िलज़ विद पापोन’ के तहत जारी किया गया पहला गीत ‘अपने ख़िलाफ़’ शायरी और समकालीन संगीत का संगम प्रस्तुत करता है। यह बहुप्रतीक्षित म्यूज़िकल प्रोजेक्ट दो ईपी के रूप में रिलीज़ किया जाएगा, जिसमें गीतकार इरशाद कामिल और वैभव मोदी की रचनात्मक प्रतिभा देखने को मिलेगी।

    पापोन ने इस प्रोजेक्ट को केवल एक एल्बम नहीं, बल्कि एक ऐसे अनुभव के रूप में तैयार किया है जो पारंपरिक महफ़िलों की आत्मीयता और गर्मजोशी से प्रेरित है। ‘लिविंग-रूम कॉन्सेप्ट’ पर आधारित यह प्रोजेक्ट श्रोताओं को वास्तविक महफ़िल जैसा अनुभव देने का प्रयास करता है। अपनी विशिष्ट गायकी और भावनात्मक प्रस्तुति के लिए पहचाने जाने वाले पापोन इस प्रोजेक्ट के माध्यम से नई पीढ़ी को ग़ज़लों की दुनिया से जोड़ना चाहते हैं। इसमें सदाबहार शायरी और आधुनिक संगीत का संतुलित मेल देखने को मिलेगा।

    संबंधित ख़बरें: Manoj Bajpayee: ‘गवर्नर’ से पहले मनोज बाजपेयी ने किया भारत के पहले मैकडॉनल्ड्स का दौरा, 90 के दशक की यादें हुईं ताज़ा!

    ‘महफ़िलज़ विद पापोन’ के संगीत वीडियो में पापोन को विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों के सामने लाइव प्रस्तुति देते हुए दिखाया गया है, जिससे वास्तविक महफ़िल का माहौल और उसकी भावनात्मक गहराई उभरकर सामने आती है। ‘अपने ख़िलाफ़’ को इस म्यूज़िकल यात्रा की पहली कड़ी बताया जा रहा है। रूहानी संगीत और भावनात्मक बोलों से सजा यह गीत ग़ज़ल शैली को नए रूप में प्रस्तुत करता है।

    यह रिलीज़ ऐसे समय में हुई है जब पापोन के ‘शाम-ए-महफ़िल’ लाइव शो को देश के विभिन्न शहरों में दर्शकों का शानदार प्रतिसाद मिल रहा है। ‘अपने ख़िलाफ़’ के रिलीज़ होने के साथ ही ‘महफ़िलज़ विद पापोन’ की आधिकारिक शुरुआत हो गई है, जो श्रोताओं को संगीत, शायरी और भावनाओं से भरी एक विशेष यात्रा पर ले जाने का प्रयास करती है।

  • Manoj Bajpayee: ‘गवर्नर’ से पहले मनोज बाजपेयी ने किया भारत के पहले मैकडॉनल्ड्स का दौरा, 90 के दशक की यादें हुईं ताज़ा!

    Manoj Bajpayee: ‘गवर्नर’ से पहले मनोज बाजपेयी ने किया भारत के पहले मैकडॉनल्ड्स का दौरा, 90 के दशक की यादें हुईं ताज़ा!

    Manoj Bajpayee: अभिनेता मनोज बाजपेयी अपनी आगामी फिल्म ‘गवर्नर’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म की रिलीज से पहले उन्होंने दिल्ली स्थित भारत के पहले मैकडॉनल्ड्स आउटलेट का दौरा किया, जो देश में आर्थिक उदारीकरण के बाद आए बदलावों का प्रतीक माना जाता है।

    वसंत विहार स्थित यह मैकडॉनल्ड्स वर्ष 1996 में शुरू हुआ था और इसे भारत के बदलते आर्थिक माहौल की एक महत्वपूर्ण पहचान माना जाता है। बताया जा रहा है कि इस स्थान पर जाने की इच्छा स्वयं मनोज बाजपेयी ने जताई थी, क्योंकि उनकी फिल्म भी देश के आर्थिक इतिहास के एक अहम दौर को दर्शाती है।

    संबंधित ख़बरें: Bollywood Upcoming Films: बड़े बजट और फ्रेंचाइज़ी फिल्मों पर बॉलीवुड का दांव, कई सुपरस्टार्स की फिल्में कतार में!

    फिल्म ‘गवर्नर’ की कहानी 1990 के दशक की आर्थिक चुनौतियों और उन परिस्थितियों पर आधारित है, जब देश को वित्तीय संकट से उबारने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। फिल्म में मनोज बाजपेयी एक आरबीआई गवर्नर की भूमिका निभा रहे हैं, जो कठिन हालात में देश की अर्थव्यवस्था को संभालने की कोशिश करता है।

    हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। फिल्म में आर्थिक संकट, नीति निर्माण और प्रशासनिक चुनौतियों को प्रमुखता से दिखाया गया है। निर्माताओं का मानना है कि यह फिल्म दर्शकों को देश के आर्थिक इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय से परिचित कराएगी।

    फिल्म का निर्देशन चिन्मय मांडलेकर ने किया है, जबकि इसका निर्माण विपुल अमृतलाल शाह ने किया है। गीतकार जावेद अख्तर और संगीतकार अमित त्रिवेदी भी इस प्रोजेक्ट से जुड़े हैं। ‘गवर्नर’ 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

  • Bollywood Upcoming Films: बड़े बजट और फ्रेंचाइज़ी फिल्मों पर बॉलीवुड का दांव, कई सुपरस्टार्स की फिल्में कतार में!

    Bollywood Upcoming Films: बड़े बजट और फ्रेंचाइज़ी फिल्मों पर बॉलीवुड का दांव, कई सुपरस्टार्स की फिल्में कतार में!

    Bollywood Upcoming Films: हिंदी सिनेमा में आने वाले वर्षों के लिए कई बड़े सितारों ने अपनी फिल्मों की मजबूत लाइनअप तैयार कर ली है। एक ओर जहां निर्माता बड़े बजट और फ्रेंचाइज़ी फिल्मों पर दांव लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर दर्शकों को एक्शन, कॉमेडी, रोमांस, पौराणिक और स्पोर्ट्स ड्रामा जैसी विविध शैलियों की फिल्में देखने को मिलेंगी। फिल्म उद्योग से जुड़े जानकारों का मानना है कि अगले कुछ वर्षों में बॉक्स ऑफिस पर प्रतिस्पर्धा और भी तेज होने वाली है।

    सनी देओल इन दिनों अपने करियर के सबसे व्यस्त दौर से गुजर रहे हैं। ‘गदर 2’ की सफलता के बाद उनकी कई फिल्मों पर काम चल रहा है। इनमें ‘लाहौर 1947’, ‘जाट 2’, ‘बाप’ और ‘रामायण’ से जुड़े प्रोजेक्ट्स प्रमुख हैं। निर्माता उनकी लोकप्रियता को भुनाने के लिए बड़े पैमाने पर निवेश कर रहे हैं और दर्शकों को उनसे एक बार फिर दमदार एक्शन भूमिकाओं की उम्मीद है।

    अक्षय कुमार भी लगातार कई फिल्मों में व्यस्त हैं। कॉमेडी फ्रेंचाइज़ी ‘हेरा फेरी 3’, ‘वेलकम टू द जंगल’, ‘भागम भाग 2’ और ‘गोलमाल 5’ जैसी फिल्मों के साथ वह दर्शकों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। लंबे समय से अक्षय को बॉलीवुड के सबसे अधिक काम करने वाले अभिनेताओं में गिना जाता है और उनकी आगामी परियोजनाएं इस पहचान को बरकरार रखती हैं।

    अजय देवगन भी फ्रेंचाइज़ी फिल्मों और सीक्वल्स पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। ‘दृश्यम 3’, ‘धमाल 4’, ‘शैतान 2’ और ‘गोलमाल 5’ जैसी फिल्मों के जरिए वह विभिन्न शैलियों में दर्शकों का मनोरंजन करने की तैयारी में हैं। पिछले कुछ वर्षों में उनकी फिल्मों को मिली सफलता ने निर्माताओं का भरोसा और बढ़ाया है।

    संबंधित ख़बरें: The Titan Story: ‘मेड इन इंडिया – द टाइटन स्टोरी’ से जुड़ा हमदर्द लेबोरेट्रीज़

    सलमान खान भी कई बड़े प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा में हैं। उनकी आगामी फिल्मों को लेकर दर्शकों और ट्रेड विशेषज्ञों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। उद्योग जगत का मानना है कि सलमान की फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर प्रभाव आज भी काफी मजबूत है और उनकी नई परियोजनाओं पर विशेष नजर रखी जा रही है।

    रणबीर कपूर ने हाल के वर्षों में अपने फिल्मी चयन से अलग पहचान बनाई है। ‘रामायण’ और ‘लव एंड वॉर’ जैसी महत्वाकांक्षी फिल्मों के अलावा वह ‘एनिमल पार्क’ जैसे चर्चित प्रोजेक्ट्स का भी हिस्सा हैं। बड़े बैनरों और प्रतिष्ठित निर्देशकों के साथ उनकी साझेदारी उन्हें वर्तमान दौर के सबसे महत्वपूर्ण अभिनेताओं में शामिल करती है।

    वहीं नई पीढ़ी के सितारों में कार्तिक आर्यन का नाम तेजी से उभर रहा है। ‘कैप्टन इंडिया’, ‘नागजिला’ और अन्य परियोजनाओं के जरिए वह अपने करियर को नए आयाम देने का प्रयास कर रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में उनकी लोकप्रियता में लगातार वृद्धि हुई है और उनकी फिल्मों को युवा दर्शकों का अच्छा समर्थन मिल रहा है।

    फिल्म विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले समय में बॉलीवुड में फ्रेंचाइज़ी फिल्मों, बड़े बजट के प्रोजेक्ट्स और पैन-इंडिया रिलीज का चलन और बढ़ सकता है। ऐसे में दर्शकों को मनोरंजन की विविधता के साथ कई बड़े सितारों के बीच बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।

  • Peddi Craze: गांव की कहानी में राम चरण का दमदार अंदाज, फैंस को भाया नया अवतार

    Peddi Craze: गांव की कहानी में राम चरण का दमदार अंदाज, फैंस को भाया नया अवतार

    Peddi Craze: मेगा स्टार राम चरण की आगामी फिल्म ‘पेड्डी’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। निर्देशक बुच्ची बाबू सना के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक गांव की पहचान और उसके रेलवे स्टेशन को बचाने के संघर्ष की कहानी को बड़े पर्दे पर पेश करती है।

    फिल्म में राम चरण एक मजबूत और जुझारू किरदार निभाते नजर आएंगे। हाल ही में सामने आए दृश्यों और गानों ने दर्शकों का ध्यान खींचा है, जिसमें अभिनेता का अलग अंदाज और प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस देखने को मिल रही है। उनके किरदार में भावनात्मक गहराई के साथ-साथ जोश, संघर्ष और नेतृत्व की झलक भी दिखाई देती है।

    संबंधित ख़बरें: Kubbra Sait’s Acting Journey: ‘रेडी’ से ‘सैक्रेड गेम्स’ तक, कुब्रा सैत के 15 साल के अभिनय सफर का जश्न!

    फिल्म के गाने ‘राय राय रा रा’ और ‘चिकिरी चिकिरी’ सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। इन गीतों में राम चरण के ऊर्जावान डांस मूव्स और शानदार प्रस्तुति को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

    ‘पेड्डी’ में ग्रामीण परिवेश, भावनात्मक कहानी और मनोरंजन का मिश्रण देखने को मिलेगा। फिल्म के जरिए सामाजिक मुद्दों को भी प्रभावी ढंग से उठाने की कोशिश की गई है, जो इसे एक खास पहचान देती है।

    फिल्म प्रेमियों और राम चरण के प्रशंसकों को उम्मीद है कि ‘पेड्डी’ उनके करियर की एक और यादगार फिल्म साबित होगी। फिल्म में दमदार कहानी, मजबूत किरदार और भव्य प्रस्तुति दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में अहम भूमिका निभा सकती है।

  • Kubbra Sait’s Acting Journey: ‘रेडी’ से ‘सैक्रेड गेम्स’ तक, कुब्रा सैत के 15 साल के अभिनय सफर का जश्न!

    Kubbra Sait’s Acting Journey: ‘रेडी’ से ‘सैक्रेड गेम्स’ तक, कुब्रा सैत के 15 साल के अभिनय सफर का जश्न!

    Kubbra Sait’s Acting Journey: अभिनेत्री और परफॉर्मर कुब्रा सैत के अभिनय सफर को फिल्म रेडी की रिलीज के 15 वर्ष पूरे होने के अवसर पर याद किया जा रहा है। छोटे से किरदार से शुरुआत करने वाली कुब्रा आज भारतीय मनोरंजन जगत की चर्चित और सम्मानित कलाकारों में शुमार हैं। रेडी में सलमान खान के साथ नजर आईं कुब्रा सैत का रोल शुरुआत में सीमित था।

    हालांकि, उनकी स्क्रीन प्रेजेंस और अभिनय क्षमता ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। यह फिल्म उनके करियर की शुरुआती महत्वपूर्ण सीढ़ियों में से एक साबित हुई। कुब्रा के करियर का बड़ा मोड़ नेटफ्लिक्स की चर्चित वेब सीरीज सैक्रेड गेम्स से आया, जिसमें उन्होंने ‘कुकू’ का किरदार निभाया। उनके इस संवेदनशील और प्रभावशाली प्रदर्शन को दर्शकों और समीक्षकों से व्यापक सराहना मिली और उन्हें एक अलग पहचान हासिल हुई।

    इसके बाद उन्होंने द ट्रायल और फ़र्ज़ी जैसी सीरीज के साथ-साथ जवानी जानेमन और डॉली किट्टी और वो चमकते सितारे जैसी फिल्मों में भी अपने अभिनय का दम दिखाया। विभिन्न प्रकार के किरदारों में गहराई और संवेदनशीलता लाकर उन्होंने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया। कुब्रा सैत को ऐसे किरदार चुनने के लिए जाना जाता है जो परंपरागत सीमाओं को चुनौती देते हैं।

    अपने बेखौफ अंदाज और अलग दृष्टिकोण के कारण उन्होंने मनोरंजन उद्योग में एक विशिष्ट पहचान बनाई है। फिल्म रेडी के 15 वर्ष पूरे होने के साथ ही कुब्रा सैत का सफर मेहनत, प्रतिभा और आत्मविश्वास की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है। एक छोटे किरदार से शुरू हुआ उनका यह सफर आज उन्हें ओटीटी और फिल्म जगत की सबसे प्रशंसित कलाकारों की श्रेणी में खड़ा करता है।