Blog

  • Dowry Harassment Case: दहेज में कार न मिलने पर विवाहिता को किया प्रताड़ित, पति समेत चार पर केस

    Dowry Harassment Case: दहेज में कार न मिलने पर विवाहिता को किया प्रताड़ित, पति समेत चार पर केस

    Dowry Harassment Case: भिवंडी के कोनगांव क्षेत्र में दहेज में चार पहिया वाहन न दिए जाने से नाराज ससुराल वालों द्वारा विवाहिता को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देने का मामला सामने आया है।महिला की शिकायत पर शांतीनगर पुलिस ने पति, सास और दो ननदों सहित चार लोगों दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस के अनुसार रामनगर स्थित चाविंद्रा रोड क्षेत्र की रहने वाली 23 वर्षीय विवाहिता ने शिकायत दर्ज कराई है कि विवाह के बाद से उसके ससुराल पक्ष के लोग लगातार उसे मायके से चार पहिया वाहन खरीदने के लिए पैसे लाने का दबाव बना रहे थे।

    कोनगांव स्थित सिद्धि विनायक अपार्टमेंट में रहते वाले उसके पति राजकुमार लालताप्रसाद गुप्ता, सास कलावती गुप्ता, ननद प्रियंका और शीतल ने आपस में मिलकर 15 जुलाई 2021 से लेकर अब तक उसे बार-बार ताने दिए, गाली-गलौज की और मारपीट कर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।

    पीड़िता का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसे ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया जिसके बाद वह शांतीनगर पुलिस स्टेशन पहुंची और चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 85, 115(2), 352, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

    मामले की जांच महिला पुलिस अधिकारी मनाली फर्डे कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • Bhiwandi: भिवंडी से 17 वर्षीय किशोर लापता, अज्ञात व्यक्ति पर बहला-फुसलाकर ले जाने का शक!

    Bhiwandi: भिवंडी से 17 वर्षीय किशोर लापता, अज्ञात व्यक्ति पर बहला-फुसलाकर ले जाने का शक!

    Bhiwandi: भिवंडी के टेमघर पाडा क्षेत्र से 17 वर्षीय किशोर के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने कई दिनों तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर शांतीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस के अनुसार, टेमघर पाडा, भादवड स्थित मंगलादेवी की चाल में रहने वाले 62 वर्षीय कुल्फी विक्रेता ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनका 17 वर्षीय पुत्र 5 जून 2026 की सुबह करीब 8 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों, मित्रों और भिवंडी के विभिन्न इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

    लगातार खोजबीन के बावजूद किशोर नहीं मिलने पर परिवार ने 9 जून को शांतीनगर पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।शिकायत में आशंका जताई गई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने किशोर को किसी प्रकार का लालच या प्रलोभन देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।

    इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।पुलिस ने किशोर की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक अवसारे कर रहे हैं।

  • Bhiwandi Crime News: बाथरूम में वीडियो बनाने का आरोप, पड़ोसी युवक पर पॉक्सो सहित मामला दर्ज

    Bhiwandi Crime News: बाथरूम में वीडियो बनाने का आरोप, पड़ोसी युवक पर पॉक्सो सहित मामला दर्ज

    Bhiwandi Crime News: भिवंडी तालुका के सारंग गांव में एक पड़ोसी युवक द्वारा बाथरूम की खिड़की के पास मोबाइल फोन लगाकर पड़ोसी परिवार की महिलाओं का कथित रूप से वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर नारपोली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस के अनुसार, नारपोली पुलिस स्टेशन में 16 वर्षीय एक नाबालिग छात्रा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 8 जून 2026 की रात करीब 11.15 बजे पड़ोस में रहने वाले अमित मोतीराम पाटील ने एक डंडे की सहायता से मोबाइल फोन को उनके घर के बाथरूम की खिड़की के पास पहुंचाकर उसकी मां और मौसी का वीडियो रिकॉर्ड किया।

    शिकायत के मुताबिक, नाबालिग ने आरोपी के मोबाइल फोन में उक्त वीडियो देखा, जिससे उसे मानसिक आघात पहुंचा। इसके बाद वह पुलिस स्टेशन पहुंची और घटना की जानकारी पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नारपोली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 77 तथा बालकों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, 2012 की धारा 8 और 12 के तहत मामला दर्ज किया है।

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है और उसकी तलाश जारी है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक सुनील बिन्हाडे कर रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की पुष्टि जांच के दौरान की जाएगी। आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोप शिकायत के आधार पर दर्ज किए गए हैं।

  • Welcome To The Jungle Trailer: ‘वेलकम टू द जंगल’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज, कॉमेडी और स्टारकास्ट ने बढ़ाई उत्सुकता

    Welcome To The Jungle Trailer: ‘वेलकम टू द जंगल’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज, कॉमेडी और स्टारकास्ट ने बढ़ाई उत्सुकता

    Welcome To The Jungle Trailer: Welcome to the Jungle का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज हो गया है। करीब 4 मिनट 16 सेकंड लंबे इस ट्रेलर में कॉमेडी, एक्शन, रोमांच और सितारों से सजी विशाल स्टारकास्ट की झलक देखने को मिलती है।

    ट्रेलर की शुरुआत एक ऐसी टीम से होती है, जो कभी सुपरस्टार रहे एक अभिनेता की तलाश में निकलती है। यह किरदार Akshay Kumar निभा रहे हैं, जिन्हें फिल्म में अपने करियर के मुश्किल दौर से गुजरते हुए दिखाया गया है। इसके बाद अलग-अलग किरदारों और हास्यपूर्ण घटनाओं के जरिए दर्शकों को मनोरंजन से भरपूर सफर की झलक दिखाई जाती है।

    फिल्म के ट्रेलर में कहानी से ज्यादा मनोरंजन और कॉमिक टाइमिंग पर जोर दिया गया है। अक्षय कुमार के हास्य अंदाज के साथ कलाकारों की बेहतरीन केमिस्ट्री और मजेदार परिस्थितियां ट्रेलर को आकर्षक बनाती हैं।

    ट्रेलर में Raveena Tandon, Aftab Shivdasani, Kiku Sharda सहित कई कलाकारों की झलक दिखाई गई है। हेलीकॉप्टर, विस्फोट, जंगल में फिल्माए गए रोमांचक दृश्य और बड़े एक्शन सीक्वेंस के बावजूद फिल्म का मूल स्वर हास्य ही बना हुआ है।

    Ahmed Khan के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा Disha Patani, Jacqueline Fernandez, Arshad Warsi, Jackie Shroff, Paresh Rawal, Lara Dutta, Johnny Lever, Shreyas Talpade, Tusshar Kapoor, Rajpal Yadav, Krushna Abhishek और कई अन्य कलाकार नजर आएंगे।

    फिल्म का निर्माण Firoz A. Nadiadwala, Rakesh Dang और Vedant Vikas Bali ने किया है। ट्रेलर को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

  • Pushpa Impossible: ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में लौटीं बृंदा त्रिवेदी, करुणा पांडे संग दोस्ती बनी चर्चा का विषय!

    Pushpa Impossible: ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में लौटीं बृंदा त्रिवेदी, करुणा पांडे संग दोस्ती बनी चर्चा का विषय!

    Pushpa Impossible: सोनी सब के लोकप्रिय धारावाहिक पुष्पा इम्पॉसिबल में अभिनेत्री बृंदा त्रिवेदी की वापसी होने जा रही है। बृंदा त्रिवेदी एक बार फिर कादम्बरी के किरदार में नजर आएंगी, जिसकी एंट्री से शो की कहानी में नया मोड़ आने वाला है। निर्माताओं के अनुसार कादम्बरी की वापसी से पुष्पा की जिंदगी में नई चुनौतियां और पुराने तनाव लौटेंगे, जिससे आगामी एपिसोड्स में भावनात्मक टकराव और ड्रामा बढ़ेगा।

    हालांकि पर्दे पर कादम्बरी और पुष्पा के बीच तनावपूर्ण रिश्ते दिखाए जाते हैं, लेकिन वास्तविक जीवन में बृंदा त्रिवेदी और पुष्पा का किरदार निभाने वाली करुणा पांडेय के बीच गहरी दोस्ती है। बृंदा और करुणा एक-दूसरे को लंबे समय से जानती हैं और इंडस्ट्री में वर्षों से उनके बीच अच्छे संबंध रहे हैं। दोनों कलाकारों का कहना है कि उनकी दोस्ती और आपसी समझ का असर उनके अभिनय पर भी दिखाई देता है, जिससे स्क्रीन पर उनके दृश्यों में सहजता और प्रभाव बढ़ जाता है।

    अपनी वापसी को लेकर बृंदा त्रिवेदी ने कहा कि जिस सेट पर उन्होंने कई यादें बनाई हों, वहां लौटना हमेशा विशेष अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि करुणा पांडे के साथ दोबारा काम करना उनके लिए बेहद सुखद रहा और शूटिंग के दौरान ऐसा लगा मानो दोनों के बीच समय का कोई अंतर आया ही नहीं हो। ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में कादम्बरी की वापसी के साथ दर्शकों को आगामी एपिसोड्स में कई नए उतार-चढ़ाव देखने को मिलेंगे। यह धारावाहिक सोमवार से शनिवार रात 9:30 बजे सोनी सब पर प्रसारित होता है।

  • Akasa SkyCadet Program: अकासा एयर ने लॉन्च किया ‘अकासा स्काईकैडेट’ पायलट प्रशिक्षण कार्यक्रम!

    Akasa SkyCadet Program: अकासा एयर ने लॉन्च किया ‘अकासा स्काईकैडेट’ पायलट प्रशिक्षण कार्यक्रम!

    Akasa SkyCadet Program: Akasa Air ने भविष्य के वाणिज्यिक पायलटों को तैयार करने के उद्देश्य से ‘अकासा स्काईकैडेट’ पायलट प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। यह कार्यक्रम विमानन क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं को व्यापक प्रशिक्षण और एयरलाइन-उन्मुख तैयारी प्रदान करेगा।

    एयरलाइन के अनुसार, कार्यक्रम को नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के नियमों और वैश्विक परिचालन मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। इसके तहत प्रतिभागियों को विमानन शिक्षा, उड़ान प्रशिक्षण और पेशेवर पायलट बनने के लिए आवश्यक कौशल प्रदान किए जाएंगे।

    इस पहल के लिए अकासा एयर ने मान्यता प्राप्त उड़ान प्रशिक्षण संस्थानों स्काईनेक्स एयरो और ड्यून्स एविएशन अकादमी के साथ साझेदारी की है। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षुओं को प्रारंभिक प्रशिक्षण से लेकर एयरलाइन स्तर की तैयारी तक मार्गदर्शन देना है।

    कंपनी ने बताया कि भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते विमानन बाजारों में शामिल है। भारतीय एयरलाइंस द्वारा 1,700 से अधिक विमानों का ऑर्डर दिया जा चुका है, जिनकी डिलीवरी वर्ष 2035 तक होने की उम्मीद है। इसके चलते प्रशिक्षित पायलटों, केबिन क्रू और ग्राउंड स्टाफ की मांग लगातार बढ़ रही है।

    अकासा एयर के सह-संस्थापक और मुख्य परिचालन अधिकारी Belson Coutinho ने कहा कि भारतीय विमानन उद्योग एक नए विकास चरण में प्रवेश कर रहा है और इस विस्तार को समर्थन देने के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ‘अकासा स्काईकैडेट’ कार्यक्रम युवा प्रतिभाओं को विमानन क्षेत्र में सफल करियर बनाने का अवसर प्रदान करेगा।

  • Piyush Goyal Switzerland Visit: स्विट्ज़रलैंड दौरे पर जाएंगे पीयूष गोयल, आर्थिक साझेदारी और निवेश सहयोग पर होगी चर्चा

    Piyush Goyal Switzerland Visit: स्विट्ज़रलैंड दौरे पर जाएंगे पीयूष गोयल, आर्थिक साझेदारी और निवेश सहयोग पर होगी चर्चा

    Piyush Goyal Switzerland Visit: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री Piyush Goyal शुक्रवार से दो दिवसीय स्विट्ज़रलैंड दौरे पर जाएंगे। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और स्विट्ज़रलैंड के बीच आर्थिक सहयोग को मजबूत करना तथा भारत-यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते (टीईपीए) के क्रियान्वयन को आगे बढ़ाना है।

    वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार, श्री गोयल 12 जून को स्विट्ज़रलैंड की राजधानी Bern में वहां की सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों और फार्मास्यूटिकल क्षेत्र के प्रमुख उद्योग प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे।

    ईएफटीए में Iceland, Liechtenstein, Norway और Switzerland शामिल हैं। भारत और ईएफटीए देशों के बीच मार्च 2024 में हस्ताक्षरित समझौता अक्टूबर 2025 से प्रभावी है, जो व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक व्यापक ढांचा प्रदान करता है।

    दौरे के दौरान गोयल स्विट्ज़रलैंड की आर्थिक मामलों की मंत्री Helene Budliger Artieda तथा स्विट्ज़रलैंड के संघीय राष्ट्रपति Guy Parmelin से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वे स्विस फार्मास्यूटिकल उद्योग के शीर्ष प्रतिनिधियों के साथ निवेश और सहयोग के अवसरों पर चर्चा करेंगे।

    इस यात्रा में उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ रहेंगे। मंत्रालय का मानना है कि यह दौरा भारत और ईएफटीए देशों के बीच आर्थिक संबंधों को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

  • Vasudev Devnani Kurukshetra Visit: कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक स्थलों का भ्रमण कर बोले देवनानी, संस्कृति के संरक्षण में इनकी अहम भूमिका!

    Vasudev Devnani Kurukshetra Visit: कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक स्थलों का भ्रमण कर बोले देवनानी, संस्कृति के संरक्षण में इनकी अहम भूमिका!

    Vasudev Devnani Kurukshetra Visit: राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने हरियाणा प्रवास के दौरान कुरुक्षेत्र के विभिन्न ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व के स्थलों का भ्रमण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और राष्ट्रीय विरासत का जीवंत प्रतीक है।

    भ्रमण के दौरान देवनानी ने ब्रह्म सरोवर और सन्निहित सरोवर में दर्शन किए। उन्होंने कहा कि ये दोनों तीर्थस्थल भारतीय आस्था और आध्यात्मिक परंपरा के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। ब्रह्म सरोवर सृष्टि की उत्पत्ति से जुड़ी मान्यताओं का प्रतीक माना जाता है, जबकि सन्निहित सरोवर को पवित्र नदियों के संगम स्थल के रूप में विशेष महत्व प्राप्त है।

    उन्होंने पैनोरमा एवं विज्ञान केंद्र का भी अवलोकन किया और कहा कि यह केंद्र महाभारत, भारतीय इतिहास और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करता है। इसके अलावा उन्होंने गीता ज्ञानम संस्थान और अभिमन्युपुर का भी दौरा किया।

    देवनानी ज्योतिसर स्थित महाभारत अनुभव केंद्र भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह वही पवित्र स्थल है जहां भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश दिया था। आधुनिक डिजिटल तकनीकों से विकसित यह केंद्र गीता के संदेश और भारतीय दर्शन को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

    उन्होंने प्रसिद्ध भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा श्री वेंकटेश्वर स्वामी तिरुपति बालाजी मंदिर के दर्शन भी किए। इसके बाद श्रीकृष्ण संग्रहालय का अवलोकन कर उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, महाभारत काल और भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी प्रदर्शित सामग्री की जानकारी प्राप्त की।

    देवनानी ने कहा कि कुरुक्षेत्र के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संस्थान नई पीढ़ी को भारत की गौरवशाली परंपराओं और मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

  • CG RERA Godrej Properties Fine: सीजी रेरा की बड़ी कार्रवाई, गोदरेज प्रॉपर्टीज की परियोजना पर 10 लाख रुपये का जुर्माना!

    CG RERA Godrej Properties Fine: सीजी रेरा की बड़ी कार्रवाई, गोदरेज प्रॉपर्टीज की परियोजना पर 10 लाख रुपये का जुर्माना!

    CG RERA Godrej Properties Fine: छत्तीसगढ़ भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (सीजी रेरा) ने रियल एस्टेट क्षेत्र में नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई करते हुए “गोदरेज प्रॉपर्टीज रेसिडेंशियल प्लॉट्स” परियोजना के प्रमोटर पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही परियोजना को रेरा पंजीयन मिलने तक किसी भी प्रकार की बुकिंग, बिक्री या प्रचार गतिविधियां बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

    रेरा की जांच में पाया गया कि परियोजना का पंजीयन कराए बिना सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्लॉटों की कीमतों तथा परियोजना संबंधी जानकारी का विज्ञापन किया जा रहा था। यह भू-संपदा (विनियमन एवं विकास) अधिनियम, 2016 की धारा 3(1) का उल्लंघन माना गया।

    प्राधिकरण ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि बिना रेरा पंजीयन किसी भी रियल एस्टेट परियोजना का विज्ञापन, विपणन या विक्रय कानूनन प्रतिबंधित है। इस उल्लंघन को गंभीर मानते हुए अधिनियम की धारा 59 के तहत 10 लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया।

    रेरा ने यह भी निर्देश दिया है कि परियोजना में रेरा पंजीयन प्राप्त होने तक किसी भी प्रकार की बुकिंग, क्रय-विक्रय या विक्रय संबंधी गतिविधियां संचालित नहीं की जाएंगी।

    इस अवसर पर प्राधिकरण ने आम नागरिकों और संभावित गृह खरीदारों से अपील की कि किसी भी रियल एस्टेट परियोजना में निवेश से पहले उसकी रेरा पंजीयन स्थिति अवश्य जांच लें। केवल पंजीकृत परियोजनाओं में निवेश करने से भविष्य में कानूनी और वित्तीय जोखिमों से बचा जा सकता है।

  • Fuel Surcharge Charge: ईंधन अधिभार शुल्क की वसूली पर रोक लगाने की मांग, उपभोक्ता परिषद ने मुख्यमंत्री से किया हस्तक्षेप का आग्रह!

    Fuel Surcharge Charge: ईंधन अधिभार शुल्क की वसूली पर रोक लगाने की मांग, उपभोक्ता परिषद ने मुख्यमंत्री से किया हस्तक्षेप का आग्रह!

    Fuel Surcharge Charge: उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने जून माह में लगाए गए 10 प्रतिशत ईंधन एवं विद्युत क्रय समायोजन अधिभार (एफपीपीए) शुल्क की वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। परिषद ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है।

    परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि विद्युत नियामक आयोग पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि जून में लगाए गए ईंधन अधिभार शुल्क का आकलन निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने दावा किया कि आयोग ने इसे कानून के विपरीत बताया है। साथ ही ऊर्जा मंत्री द्वारा भी सार्वजनिक रूप से यह कहा गया कि उन्हें इस निर्णय की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली और इस संबंध में उनकी राय नहीं ली गई।

    उन्होंने सवाल उठाया कि जब नियामक आयोग और ऊर्जा मंत्री दोनों की जानकारी या सहमति के बिना यह निर्णय लिया गया, तो उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन को ऐसे फैसले लेने का अधिकार किस स्तर पर मिला।

    उपभोक्ता परिषद ने प्रदेश की बिजली व्यवस्था में संविदा कर्मचारियों की कमी का मुद्दा भी उठाया। परिषद का कहना है कि गर्मी शुरू होने से पहले ही बिजली आपूर्ति और अनुरक्षण व्यवस्था पर इसके असर को लेकर चेतावनी दी गई थी। परिषद ने बर्खास्त संविदा कर्मियों की पुनर्नियुक्ति का प्रस्ताव भी रखा था।

    वर्मा ने आरोप लगाया कि पावर कॉरपोरेशन में कई महत्वपूर्ण निर्णय मनमाने तरीके से लिए गए हैं। उन्होंने बिजली चोरी से जुड़े मामलों, राजस्व निर्धारण में कथित छूट और स्मार्ट प्रीपेड मीटर परियोजना की लागत में वृद्धि जैसे मुद्दों का भी उल्लेख किया।

    परिषद ने मांग की है कि मुख्यमंत्री पावर कॉरपोरेशन की कार्यप्रणाली की व्यापक समीक्षा कराएं और जून माह में लगाए गए एफपीपीए शुल्क की वसूली पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश जारी करें। परिषद का कहना है कि ऊर्जा क्षेत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और नियामकीय प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करना उपभोक्ताओं के हित में आवश्यक है।