Tag: G7 Summit

  • India US Relations: ट्रंप से मुलाकात में मोदी ने उठाया भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा!

    India US Relations: ट्रंप से मुलाकात में मोदी ने उठाया भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा!

    India US Relations: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फ्रांस के एवियन शहर में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई द्विपक्षीय वार्ता में खाड़ी क्षेत्र में कार्यरत भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। दोनों नेताओं की यह मुलाकात करीब 16 महीने बाद हुई।

    पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच हुई इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप के प्रयासों की सराहना की और उम्मीद जताई कि भविष्य में होने वाले किसी भी समझौते में भारतीय नाविकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।

    प्रधानमंत्री ने होर्मुज जलडमरूमध्य में निर्बाध समुद्री आवाजाही के महत्व पर बल देते हुए कहा कि दुनिया भर में लाखों भारतीय नाविक अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इनकी सुरक्षा वैश्विक व्यापार और आर्थिक स्थिरता के लिए बेहद आवश्यक है।

    मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और दोनों देशों की टीमें साझा लक्ष्यों को हासिल करने के लिए तेजी से काम कर रही हैं।

    गौरतलब है कि हाल ही में होर्मुज क्षेत्र में हुए एक सैन्य हमले में एक व्यापारिक जहाज पर सवार तीन भारतीय नाविकों की मृत्यु हो गई थी। इस घटना पर भारत ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए अमेरिका के कार्यवाहक राजदूत को तलब कर विरोध दर्ज कराया था।

    इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि समुद्री क्षेत्र में कार्य करना स्वभाविक रूप से जोखिम भरा है, लेकिन अमेरिका इस मामले में भारत के साथ मिलकर काम करेगा। उन्होंने भारत-अमेरिका रक्षा संबंधों को मजबूत बताते हुए कहा कि दोनों देश रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    पश्चिम एशिया में भारत की संभावित भूमिका पर पूछे गए सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और आगे भी निभाता रहेगा। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी पिछली भारत यात्रा को याद करते हुए उसे बेहद सफल और यादगार बताया।

  • Modi-Carney Meeting: मोदी-कार्नी की मुलाकात में भारत-कनाडा संबंधों को नई मजबूती देने पर जोर

    Modi-Carney Meeting: मोदी-कार्नी की मुलाकात में भारत-कनाडा संबंधों को नई मजबूती देने पर जोर

    Modi-Carney Meeting: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने फ्रांस के एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय बैठक कर दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की।

    बैठक में दोनों नेताओं ने भारत-कनाडा रिश्तों में आई सकारात्मक प्रगति पर संतोष जताया और रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने व्यापार, निवेश, ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा और विश्वसनीय आपूर्ति श्रृंखलाओं के महत्व पर विशेष जोर दिया।

    दोनों पक्षों ने एलएनजी, एलपीजी और धातुकर्म कोयला क्षेत्र में बढ़ते व्यावसायिक सहयोग की समीक्षा की। साथ ही हाल के वर्षों में उच्चस्तरीय दौरों और संवादों में आई तेजी का स्वागत किया। इस दौरान केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की हालिया कनाडा यात्रा का भी उल्लेख किया गया।

    प्रधानमंत्रियों ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) को लेकर जारी वार्ताओं में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और इसे इस वर्ष पूरा करने की इच्छा जताई। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कांसुलर सेवाओं, रक्षा, वित्त और प्रवासन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी।

    रक्षा और सुरक्षा संबंधों को और मजबूत करने के लिए दोनों देशों ने सामान्य सूचना सुरक्षा समझौते (जीएसओआईए) पर बातचीत शुरू करने का निर्णय लिया। साथ ही रक्षा संस्थानों के बीच बढ़ते आदान-प्रदान को भी सकारात्मक कदम बताया गया।

    कौशल विकास, नवाचार और शिक्षा के क्षेत्र में जारी सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने हिंद महासागर तटीय क्षेत्रीय सहयोग संघ (आईओआरए) में कनाडा को संवाद भागीदार बनाए जाने के लिए भारत के समर्थन की पुष्टि की।

    बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने संवाद और सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘रायसीना अमेरिकाज़’ पहल शुरू करने की घोषणा की। प्रधानमंत्री मोदी ने कनाडा यात्रा के निमंत्रण के लिए प्रधानमंत्री कार्नी का आभार व्यक्त किया। दोनों पक्षों ने भविष्य में सुविधाजनक समय पर इस यात्रा की तिथि तय करने के लिए संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।