Tag: Gujarat News

  • Surat Septic Tank Death: हादसे पर NHRC सख्त, चार मजदूरों की मौत के मामले में मांगी रिपोर्ट

    Surat Septic Tank Death: हादसे पर NHRC सख्त, चार मजदूरों की मौत के मामले में मांगी रिपोर्ट

    Surat Septic Tank Death: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने गुजरात के सूरत जिले में एक ज्वेलरी यूनिट के सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान चार मजदूरों की मौत के मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने इस घटना को गंभीर मानते हुए गुजरात के मुख्य सचिव और सूरत पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

    आयोग के अनुसार, मीडिया रिपोर्टों में बताया गया है कि 7 जून को सूरत स्थित एक आभूषण निर्माण इकाई में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान चार मजदूर जहरीली गैसों की चपेट में आ गए। बताया गया कि मजदूर बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों और सुरक्षा मानकों का पालन किए टैंक में उतरे थे, जिसके कारण उनकी जान चली गई।

    घटना के बाद बचाव दल ने सभी मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुखद हादसे ने कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

    एनएचआरसी ने कहा है कि यदि मीडिया रिपोर्टों में वर्णित तथ्य सही पाए जाते हैं, तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला माना जाएगा। आयोग ने राज्य प्रशासन से घटना की परिस्थितियों, जिम्मेदारियों और उठाए गए कदमों की विस्तृत जानकारी मांगी है।

  • Adani Group Initiative: अडानी समूह और गुजरात सरकार मिलकर कच्छ के 11 आईटीआई संस्थानों का करेंगे आधुनिकीकरण!

    Adani Group Initiative: अडानी समूह और गुजरात सरकार मिलकर कच्छ के 11 आईटीआई संस्थानों का करेंगे आधुनिकीकरण!

    Adani Group Initiative: Adani Group की इकाई अडानी स्किल्स एंड एजुकेशन (एएसई) ने गुजरात सरकार के सहयोग से कच्छ क्षेत्र के 11 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के विकास और आधुनिकीकरण की शुरुआत की है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उद्योग-तैयार कौशल प्रदान करना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना है।

    कंपनी द्वारा जारी बयान के अनुसार, इस परियोजना के तहत आईटीआई संस्थानों में पाठ्यक्रम उन्नयन, प्रशिक्षकों का विकास, आधुनिक बुनियादी ढांचा, व्यावहारिक प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

    संबंधित ख़बरें: RBI Warning: पश्चिम एशिया संकट और महंगे कच्चे तेल से भारत की विकास दर व महंगाई पर खतरा!

    इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में रोजगार के लिए होने वाले पलायन को कम करना और नवीकरणीय ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स तथा इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों के लिए प्रशिक्षित कार्यबल तैयार करना है। इस परियोजना की शुरुआत ‘कर्म उत्सव’ नामक कार्यक्रम के दौरान की गई, जिसमें 650 से अधिक छात्र, शिक्षक, नीति-निर्माता और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल हुए।

    कार्यक्रम में गुजरात सरकार के श्रम, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री कुंवरजीभाई बावलिया, राज्य मंत्री कांतिलाल अमृतिया, कच्छ जिले के वरिष्ठ नेता और अन्य सरकारी प्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा अडानी समूह के वरिष्ठ अधिकारी, फैकल्टी सदस्य और सभी 11 सरकारी आईटीआई संस्थानों के छात्र भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

    अडानी स्किल्स एंड एजुकेशन के सीईओ Robin Bhowmik ने कहा कि कच्छ क्षेत्र उनकी दीर्घकालिक कौशल विकास योजना का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि गुजरात सरकार और आईटीआई संस्थानों के साथ मिलकर एक ऐसा प्रशिक्षित और उद्योग-तैयार कार्यबल तैयार किया जाएगा, जो क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभा सके।

  • Sadbhavna Old Age Home: राजकोट के सद्भावना वृद्धाश्रम में बीमार और निराश्रित बुजुर्गों को मिलेगा आजीवन मुफ्त आश्रय!

    Sadbhavna Old Age Home: राजकोट के सद्भावना वृद्धाश्रम में बीमार और निराश्रित बुजुर्गों को मिलेगा आजीवन मुफ्त आश्रय!

    Sadbhavna Old Age Home: सद्भावना वृद्धाश्रम द्वारा राजकोट में एक विशाल और अत्याधुनिक वृद्धाश्रम परियोजना शुरू की गई है, जहां निराश्रित, बीमार और बिस्तर पर रहने वाले बुजुर्गों को आजीवन पूरी तरह मुफ्त रहने और इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

    राजकोट-जामनगर हाईवे पर पडधरी के पास मोटा रामपाल क्षेत्र में स्थित यह सद्भावना वृद्धाश्रम लगभग 20 लाख वर्गफुट क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस प्रकल्प में 7 टॉवर होंगे, जिनमें प्रत्येक टॉवर 11 मंजिला होगा। यहां 1400 कमरों में लगभग 5000 बुजुर्गों के रहने की व्यवस्था की जाएगी।

    वृद्धाश्रम की खास बात यह है कि यहां जाति या धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा। जरूरतमंद और असहाय बुजुर्गों को संस्था के नियमों के अनुसार सम्मानपूर्वक प्रवेश दिया जाएगा और उनसे किसी प्रकार का शुल्क या चंदा नहीं लिया जाएगा। सभी सुविधाएं पूरी तरह निशुल्क रहेंगी।

    संबंधित खबरें: Youth Congress Distributes Melody: युवा कांग्रेस ने पेट्रोल पंपों पर मेलोडी चॉकलेट बांटी!

    संस्था की ओर से जैन समाज के बुजुर्गों के लिए एक अलग टॉवर भी बनाया गया है, जहां मंदिर की विशेष व्यवस्था की गई है। सद्भावना वृद्धाश्रम पिछले दस वर्षों से बुजुर्गों की सेवा में कार्यरत है। संस्था का उद्देश्य निःसंतान, निराश्रित, बीमार और अंथरुण से जुड़े बुजुर्गों को सम्मान और परिवार जैसा वातावरण प्रदान करना है।

    30 एकड़ में फैले शांत और हरित परिसर में बुजुर्गों को प्राकृतिक वातावरण के बीच सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराया जाएगा। वृद्धाश्रम में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा, प्रशिक्षित विशेषज्ञों की देखरेख, नियमित स्वास्थ्य जांच, फिजियोथेरेपी सेंटर, उपचारात्मक सेवाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

    इसके अलावा योग, हल्के व्यायाम और आध्यात्मिक गतिविधियों के माध्यम से बुजुर्गों को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने का प्रयास किया जाएगा। संस्था का कहना है कि यह केवल एक वृद्धाश्रम नहीं, बल्कि ऐसा परिवार है जहां बुजुर्गों को प्यार, सम्मान और सुरक्षा के साथ जीवन बिताने का अवसर मिलेगा।

  • Assam Spices: असम के मसालों से आएगी गुजराती मसालों की खुशबू, महेसाणा से अजारा के लिए रवाना हुई पहली मालगाड़ी!

    Assam Spices: असम के मसालों से आएगी गुजराती मसालों की खुशबू, महेसाणा से अजारा के लिए रवाना हुई पहली मालगाड़ी!

    Assam Spices: अब असम के व्यंजनों से गुजराती मसालों की खुशबू आएंगी। पश्चिम रेलवे के अंतर्गत आने वाले गुजरात के महेसाणा स्टेशन से मसालों से लदी पहली ट्रेन पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के रंगिया मंडल स्थित असम के लिए अजारा स्टेशन के लिए रवाना हो गयी है। रेलवे की ओर से गुरुवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार 4200 क्विंटल जीरे से लदी पहली ‘डीम्ड वीपी रेक’ बुधवार को अजारा स्टेशन के लिए रवाना हुई।

    कुल 30 बीसीएन वैगनों वाली इस डीम्ड वीपी रेक लगभग 2,477 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस रेक में मसालों के कुल 13,800 पैकेज लदे हैं, जिनका कुल वजन लगभग 4,20,000 किलोग्राम था। इस संचालन से रेलवे को माल ढुलाई से कुल 25.28 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ।

    रेलवे ने कहा है कि यह अहमदाबाद मंडल के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, क्योंकि पहली बार इस सेक्टर में मसालों की संगठित रेल ढुलाई की गयी है। यह पहल गुजरात के मसाला उद्योग को पूर्वोत्तर भारत के बाजारों से सीधे जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही, रेल परिवहन को सुरक्षित, किफायती तथा पर्यावरण-अनुकूल विकल्प के रूप में और अधिक सशक्त बनाएगी। इससे व्यापारियों एवं निर्यातकों को बड़ी सुविधा मिलेगी तथा भविष्य में इस प्रकार के फ्रेट मूवमेंट की संभावनाएं और बढ़ेंगी।

    रेलवे ने कहा है कि अहमदाबाद मंडल द्वारा डीम्ड वीपी रेक का यह सफल संचालन मंडल की उत्कृष्ट माल परिवहन क्षमता, त्वरित लॉजिस्टिक प्रबंधन तथा ग्राहक-उन्मुख सेवाओं को दर्शाता है। अहमदाबाद मंडल भविष्य में भी व्यापारिक आवश्यकताओं के अनुरूप तेज, सुरक्षित एवं विश्वसनीय माल परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।