Tag: Mumbai Railway News

  • Borivali-Kandivali Transformation: बोरीवली-कांदिवली स्टेशनों का होगा कायाकल्प; अधिकारियों ने किया दौरा, जनता से भी मांगे जाएंगे सुझाव!

    Borivali-Kandivali Transformation: बोरीवली-कांदिवली स्टेशनों का होगा कायाकल्प; अधिकारियों ने किया दौरा, जनता से भी मांगे जाएंगे सुझाव!

    Borivali-Kandivali Transformation: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात के बाद बोरीवली और कांदिवली रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास (Redevelopment) की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। रेल मंत्री के निर्देश पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्टेशन का दौरा किया है और यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस महत्वाकांक्षी योजना को अंतिम रूप देने की कवायद शुरू कर दी है। इस बात की जानकारी बोरीवली से भारतीय जनता पार्टी के विधायक संजय उपाध्याय ने दी है।

    रेल मंत्री के निर्देश पर अधिकारियों का दौरा और विस्तृत चर्चा
    विधायक संजय उपाध्याय ने बताया कि केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात के पश्चात, उन्होंने रेलवे लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (RLDA) के वाइस चेयरमैन मनोज गर्ग और सीपीएम, मुंबई, डी.के. मिश्रा को बोरीवली और कांदिवली स्टेशन के पुनर्विकास प्लान को अंतिम रूप देने का आदेश दिया।

    इसी कड़ी में आज दोनों अधिकारियों ने बोरीवली स्टेशन का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद अधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक की गई, जिसमें स्टेशन को आधुनिक और यात्री-अनुकूल बनाने पर गहन चर्चा हुई।

    पुनर्विकास योजना की मुख्य विशेषताएं
    संजय उपाध्याय ने यह भी बताया कि यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इस प्रोजेक्ट में निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है:

    सहज आवागमन
    रेलवे यात्रियों का स्टेशन पर आना-जाना पूरी तरह सुगम और सरल बनाया जाएगा।

    वाहनों की कनेक्टिविटी
    स्टेशन से बाहर निकलते या आते समय यात्रियों को टैक्सी, ऑटो-रिक्शा या उनके निजी वाहनों को लाने-ले जाने की सहज व्यवस्था मिलेगी।

    आधुनिक सुविधाएं
    स्टेशन पर पर्याप्त टिकट विंडो और साफ-सुथरे स्वच्छता गृह (Toilets) सुनिश्चित किए जाएंगे।

    सभी प्लेटफार्मों पर एस्केलेटर
    यात्रियों की सुविधा के लिए सभी प्लेटफार्मों पर एस्केलेटर लगाए जाएंगे।

    एकीकृत विकास
    स्टेशन परिसर में अलग-अलग हिस्सों में फैली इमारतों को एकीकृत किया जाएगा, जिससे कम जगह में अधिक और बेहतर सुविधाएं लोगों को दी जा सकें।

    भीड़ कम करने के लिए कांदिवली स्टेशन बनेगा ‘हब’
    बोरीवली स्टेशन पर यात्रियों के भारी दबाव और भीड़ को कम करने के लिए कांदिवली स्टेशन को एक ‘हब’ के रूप में विकसित करने का बड़ा निर्णय लिया गया है। इस संदर्भ में भी अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई है।उन्होंने यह भी कहा कि,” सरकार कुछ अन्य जगहों पर भी भूमि अधिग्रहण (Land Acquisition) करने पर विचार कर रही है, ताकि बोरीवली-कांदिवली के उपनगरीय निवासियों को अधिकतम राहत और आसानी मिल सके।”

    अगले हफ्ते लगेगा कैंप, जनता के सुझावों से बनेगा फाइनल प्लान
    संजय उपाध्याय ने यह भी बताया कि इस योजना को पूरी तरह से जनता की जरूरतों के अनुरूप बनाने के लिए समय-सीमा तय कर दी गई है:

    10 दिनों की समय-सीमा:
    आने वाले 10 दिनों में इस प्लान पर डिटेल वर्किंग की जाएगी, जिसके बाद दोबारा बैठक कर इसे अंतिम स्वरूप दिया जाएगा।

    जनता से सुझाव
    आने वाले हफ्ते में बोरीवली स्टेशन पर एक विशेष कैंप (Camp) लगाया जाएगा। इस कैंप के माध्यम से स्थानीय लोगों और यात्रियों से सुझाव लिए जाएंगे।

    प्लान में समावेशन
    जनता से मिलने वाले इन महत्वपूर्ण सुझावों और सूचनाओं को नए स्टेशन प्लान में समाविष्ट किया जाएगा, ताकि स्टेशन को और बेहतर बनाया जा सके।

    रेल मंत्री की तत्परता की सराहना
    संजय उपाध्याय ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा दिखाई गई तत्परता की सराहना की और कहा कि,” मुलाकात के दूसरे ही दिन उन्होंने बोरीवली स्टेशन पुनर्विकास को लेकर न केवल बैठक बुलाई, बल्कि अधिकारियों को प्लान फाइनल करने का निर्देश भी दिया। अधिकारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों और जनता के सुझावों को शामिल करते हुए किया जा रहा यह कार्य वाकई काबिले-तारीफ है।”

  • Central Railway Employees Honored: मध्य रेल के 11 कर्मचारियों को महाप्रबंधक ने संरक्षा पुरस्कार से किया सम्मानित

    Central Railway Employees Honored: मध्य रेल के 11 कर्मचारियों को महाप्रबंधक ने संरक्षा पुरस्कार से किया सम्मानित

    Central Railway Employees Honored: मध्य रेल के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने जून 2026 माह के लिए मध्य रेल के 11 कर्मचारियों को सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने में उनकी उत्कृष्ट सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और समयोचित कार्रवाई के लिए संरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान उन कर्मचारियों को दिया गया जिन्होंने ड्यूटी के दौरान असाधारण सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए संभावित दुर्घटनाओं को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

    इन संरक्षा पुरस्कारों के अंतर्गत कर्मचारियों को पदक, प्रशस्ति-पत्र, उत्कृष्ट कार्य का उल्लेख तथा नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। महाप्रबंधक ने सभी सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सजगता और समर्पण रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाते हैं तथा अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

    मुंबई मंडल के कर्मचारी रहे अग्रणी
    मुंबई मंडल से कुल 6 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें लोको पायलट मिलिंद खांडगले ने ब्रेक फेल होने की स्थिति में मालगाड़ी को सुरक्षित रूप से रोककर संभावित दुर्घटना टाल दी। ट्रेन मैनेजर दशरथ सिंह ने भी उसी घटना में सूझबूझ दिखाते हुए लोको पायलट की सहायता की। उप स्टेशन प्रबंधक गौरव कुमार ने समय रहते उचित सिग्नल देकर ट्रेन को सुरक्षित दिशा में आगे बढ़ाया।

    इसी प्रकार, लोकमान्य तिलक टर्मिनस के मास्टर क्राफ्ट्समैन हरिकृष्ण रेरे ने कोच में तकनीकी खराबी (CBC नकल में दरार) का समय पर पता लगाया। कलवा के सिग्नल मेंटेनर नितेश कुमार यादव ने रेल फ्रैक्चर की जानकारी देकर बड़ी दुर्घटना रोकी, जबकि दादर के संतोष जाधव ने पॉइंट मशीन में खराबी पहचानकर समय रहते सूचना दी।

    पुणे मंडल में भी सतर्कता का परिचय
    पुणे मंडल से दो कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। मिरज के लोको पायलट (शंटर) एस.के. मंडल ने पावर ब्लॉक के दौरान ट्रैक पर कार्यरत कर्मचारियों को देखकर समय रहते ट्रेन रोक दी। वहीं, सतारा के रेलवे सुरक्षा बल के प्रधान आरक्षक डी.टी. कोकले ने तेज आंधी-बारिश के दौरान खतरनाक स्थिति को भांपते हुए यात्रियों और वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

    भुसावल मंडल के कर्मचारियों की अहम भूमिका
    भुसावल मंडल के दो कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। तकनीशियन रविंद्र गनवीर ने वैगन में तकनीकी खामी का समय पर पता लगाया, जबकि गेटमैन बलिराम चौधरी ने गुजरती मालगाड़ी में हॉट एक्सल देखकर सतर्कता दिखाई और आगे सूचना देकर ट्रेन रुकवाने की व्यवस्था की।

    नागपुर मंडल से एक कर्मचारी सम्मानित
    नागपुर मंडल के हिंगनघाट स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक सुरेश चंद मीना ने एक मालगाड़ी के वैगन में आग लगने की स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर संभावित हादसा टाल दिया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक प्रतीक गोस्वामी, प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी चंद्र किशोर प्रसाद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी कर्मचारियों की सराहना करते हुए यह संदेश दिया गया कि रेलवे सुरक्षा में हर कर्मचारी की सजगता और जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

  • CSMT Redevelopment Work: सीएसएमटी पुनर्विकास कार्य के चलते कई मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें 10 दिनों तक रहेंगी शॉर्ट टर्मिनेट!

    CSMT Redevelopment Work: सीएसएमटी पुनर्विकास कार्य के चलते कई मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें 10 दिनों तक रहेंगी शॉर्ट टर्मिनेट!

    CSMT Redevelopment Work: सेंट्रल रेल्वे द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस स्टेशन के पुनर्विकास कार्य को गति देने के लिए प्लेटफॉर्म क्रमांक 16 और 17 पर ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक की अवधि बढ़ा दी गई है। रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) की ओर से चल रहे इस प्रोजेक्ट के तहत प्लेटफॉर्म पर आधारभूत संरचना और अन्य आवश्यक निर्माण कार्य किए जा रहे हैं।

    संबंधित खबरें: Congress Flag Controversy: कांग्रेस नेताओं की गाड़ियों से गायब रहा हाथ पंजा का झंडा, कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी!

    रेलवे प्रशासन के अनुसार 29 मई 2026 से शुरू होने वाले 10 दिनों तक कुछ अप मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा। अमरावती-सीएसएमटी एक्सप्रेस, बल्लारशाह-सीएसएमटी नंदीग्राम एक्सप्रेस, हावड़ा-सीएसएमटी एक्सप्रेस, भुवनेश्वर-सीएसएमटी कोणार्क एक्सप्रेस, बीदर-सीएसएमटी एक्सप्रेस, लातूर-सीएसएमटी एक्सप्रेस और मडगांव-सीएसएमटी तेजस एक्सप्रेस को दादर स्टेशन तक ही चलाया जाएगा।

    वहीं मंगलुरू-सीएसएमटी एक्सप्रेस को ठाणे स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने बताया कि सीएसएमटी स्टेशन के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए यह कार्य जरूरी है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन संबंधी जानकारी की पुष्टि कर लें और उसी अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।