Tag: Narendra Modi

  • Modi’s Six-Day Visit: मोदी सोमवार को इंडोनेशिया-आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की छह दिन की यात्रा पर जायेंगे!

    Modi’s Six-Day Visit: मोदी सोमवार को इंडोनेशिया-आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की छह दिन की यात्रा पर जायेंगे!

    Modi’s Six-Day Visit: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को इंडोनेशिया, आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की छह दिन की यात्रा पर जायेंगे। विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) रूद्नेन्द्र टंडन ने शुक्रवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि श्री मोदी 6 से 11 जुलाई तक इन तीन देशों की यात्रा पर रहेंगे। वह 6 से 8 जुलाई तक इंडोनेशिया, 8 से 10 जुलाई तक आस्ट्रेलिया और और 10 से 11 जुलाई तक न्यूजीलैंड की यात्रा पर रहेंगे।

    उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया में प्रधानमंत्री के प्रमुख कार्यक्रम राजधानी जकार्ता में होंगे। बाद में वह सांस्कृतिक राजधानी योग्याकार्ता भी जायेंगे । वह प्रम्बानन मंदिर भी जायेंगे। टंडन ने कहा कि पिछले वर्ष इंडोनेशिया के राष्ट्रपति की भारत यात्रा के बाद हो रही इस यात्रा में विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग का दायरा बढाने पर चर्चा की जायेगी। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में सहयोग पर भी विचार विमर्श किया जायेगा।

    उन्होंने कहा कि मलक्का जलडमरू मध्य में स्थिरता तथा सुरक्षा को लेकर इंडोनेशिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। टंडन ने कहा कि मोदी यात्रा के दूसरे चरण में आस्ट्रेलिया जायेंगे जहां वह आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री के साथ तीसरे भारत-आस्ट्रेलिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। दोनों नेता महत्वपूर्ण खनिज, साइबर सुरक्षा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा करेंगे।

    मोदी मेलबोर्न में एक खेल कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि तीसरे और अंतिम चरण में प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड जायेंगे जहां वह अपने समकक्ष के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। पिछले चालीस से भी अधिक वर्षों में यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली न्यूजीलैंड यात्रा है। इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी 1986 में न्यूजीलैंड गये थे।

    संवाददाता सम्मेलन में मौजूद अधिकारियों ने सवालों के जवाब में बताया कि आस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान भारतीय छात्रों के वीजा और विभिन्न पाठ्यक्रमों की बढ़ती फीस के विषय पर भी चर्चा होने की संभावना है।
    प्रधानमंत्री तीनों देशों में भारतीय समुदाय के लोगों के साथ भी संवाद करेंगे और कार्यक्रमों शामिल होंगे।

  • India-US Trade Talks: अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीयर दिल्ली पहुंचे, सीतारमण और गोयल के साथ व्यापार समझौते पर हुई चर्चा

    India-US Trade Talks: अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीयर दिल्ली पहुंचे, सीतारमण और गोयल के साथ व्यापार समझौते पर हुई चर्चा

    India-US Trade Talks: भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीयर के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को नई दिल्ली पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ अलग-अलग बैठकें कर व्यापार और आर्थिक सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

    वित्त मंत्रालय के अनुसार, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूत बनाने, निवेश के नए अवसर तलाशने तथा व्यावसायिक सहयोग को विस्तार देने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।

    वहीं, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भी अपने कार्यालय में अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीयर और भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर के साथ बातचीत की। गोयल ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर सार्थक और परिणामोन्मुखी चर्चा की उम्मीद है। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए वार्ताएं जारी हैं और इस दिशा में प्रगति की जा रही है।

    भारत और अमेरिका ने इस वर्ष 7 फरवरी को एक अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सहमति जताई थी, लेकिन इसे अब तक अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है। इस बीच अमेरिका के संघीय उच्चतम न्यायालय द्वारा पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकारी आदेश के तहत लगाए गए कुछ शुल्कों को निरस्त किए जाने के बाद व्यापारिक परिस्थितियों में बदलाव आया है, जिससे समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया को नई गति मिलने की संभावना है।

    गौरतलब है कि हाल ही में फ्रांस में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई मुलाकात में भी व्यापार समझौते की दिशा में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया था। दोनों नेताओं ने अधिकारियों को जल्द से जल्द संतुलित, पारस्परिक रूप से लाभकारी और व्यावसायिक रूप से व्यवहारिक समझौते पर काम पूरा करने के निर्देश दिए थे।

  • Viksit Bharat Rozgar Yojana: प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत रोजगार योजना के तहत 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की

    Viksit Bharat Rozgar Yojana: प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत रोजगार योजना के तहत 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की

    Viksit Bharat Rozgar Yojana: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत लगभग 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को सशक्त बनाने और देशभर में रोजगार के अवसर बढ़ाने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

    योजना से जुड़े लाभार्थियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को उनकी प्रतिभा, कौशल और क्षमता के अनुरूप बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

    उन्होंने कहा कि यह योजना रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक सुरक्षा कवरेज के विस्तार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के तहत अब तक देशभर में लगभग 15 लाख रोजगार अवसरों के सृजन में मदद मिली है।

    फ्रांस और स्लोवाकिया की यात्रा से लौटने के बाद आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के लिए वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार प्रत्येक युवा को अपनी क्षमता को सफलता में बदलने का अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

    प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना केवल रोजगार उपलब्ध कराने की पहल नहीं है, बल्कि यह युवाओं की पहली नौकरी से जुड़ी आकांक्षाओं को मजबूती देने और उद्योग जगत तथा कार्यबल के बीच एक प्रभावी सेतु बनाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह योजना कर्मचारियों और नियोक्ताओं, दोनों को समान रूप से प्रोत्साहन और सहयोग प्रदान करती है।

  • PM Viksit Bharat Rozgar Yojana: अलवर में भी होगा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना कार्यक्रम

    PM Viksit Bharat Rozgar Yojana: अलवर में भी होगा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना कार्यक्रम

    PM Viksit Bharat Rozgar Yojana: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 19 जून को नई दिल्ली से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर राजस्थान के अलवर में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

    आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, अलवर का मुख्य कार्यक्रम प्रताप ऑडिटोरियम में आयोजित होगा, जहां प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया जाएगा। कार्यक्रम में राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

    इस योजना का उद्देश्य रोजगार के अवसर बढ़ाना, युवाओं की रोजगार क्षमता को मजबूत करना, औपचारिक रोजगार को प्रोत्साहित करना और सामाजिक सुरक्षा के दायरे का विस्तार करना है। योजना के तहत पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं तथा अतिरिक्त रोजगार उपलब्ध कराने वाले नियोक्ताओं को वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

    क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम अलवर भूपेंद्र यादव ने बताया कि योजना के अंतर्गत पहली बार नौकरी ज्वाइन करने वाले कर्मचारियों को शुरुआती खर्चों के लिए अधिकतम 15,000 रुपये की सहायता दी जाएगी। वहीं, नए रोजगार सृजित करने वाले संस्थानों को प्रति कर्मचारी अधिकतम 3,000 रुपये का प्रोत्साहन मिलेगा। यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।

    अलवर क्षेत्र में इस योजना के तहत 2,427 पहली बार रोजगार प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को लगभग 1.06 करोड़ रुपये वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा 561 संस्थानों को करीब 13.29 करोड़ रुपये का लाभ मिलने की संभावना है।

  • India US Relations: ट्रंप से मुलाकात में मोदी ने उठाया भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा!

    India US Relations: ट्रंप से मुलाकात में मोदी ने उठाया भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा!

    India US Relations: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फ्रांस के एवियन शहर में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई द्विपक्षीय वार्ता में खाड़ी क्षेत्र में कार्यरत भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। दोनों नेताओं की यह मुलाकात करीब 16 महीने बाद हुई।

    पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच हुई इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप के प्रयासों की सराहना की और उम्मीद जताई कि भविष्य में होने वाले किसी भी समझौते में भारतीय नाविकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।

    प्रधानमंत्री ने होर्मुज जलडमरूमध्य में निर्बाध समुद्री आवाजाही के महत्व पर बल देते हुए कहा कि दुनिया भर में लाखों भारतीय नाविक अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इनकी सुरक्षा वैश्विक व्यापार और आर्थिक स्थिरता के लिए बेहद आवश्यक है।

    मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और दोनों देशों की टीमें साझा लक्ष्यों को हासिल करने के लिए तेजी से काम कर रही हैं।

    गौरतलब है कि हाल ही में होर्मुज क्षेत्र में हुए एक सैन्य हमले में एक व्यापारिक जहाज पर सवार तीन भारतीय नाविकों की मृत्यु हो गई थी। इस घटना पर भारत ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए अमेरिका के कार्यवाहक राजदूत को तलब कर विरोध दर्ज कराया था।

    इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि समुद्री क्षेत्र में कार्य करना स्वभाविक रूप से जोखिम भरा है, लेकिन अमेरिका इस मामले में भारत के साथ मिलकर काम करेगा। उन्होंने भारत-अमेरिका रक्षा संबंधों को मजबूत बताते हुए कहा कि दोनों देश रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    पश्चिम एशिया में भारत की संभावित भूमिका पर पूछे गए सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और आगे भी निभाता रहेगा। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी पिछली भारत यात्रा को याद करते हुए उसे बेहद सफल और यादगार बताया।

  • Modi-Carney Meeting: मोदी-कार्नी की मुलाकात में भारत-कनाडा संबंधों को नई मजबूती देने पर जोर

    Modi-Carney Meeting: मोदी-कार्नी की मुलाकात में भारत-कनाडा संबंधों को नई मजबूती देने पर जोर

    Modi-Carney Meeting: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने फ्रांस के एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय बैठक कर दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की।

    बैठक में दोनों नेताओं ने भारत-कनाडा रिश्तों में आई सकारात्मक प्रगति पर संतोष जताया और रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने व्यापार, निवेश, ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा और विश्वसनीय आपूर्ति श्रृंखलाओं के महत्व पर विशेष जोर दिया।

    दोनों पक्षों ने एलएनजी, एलपीजी और धातुकर्म कोयला क्षेत्र में बढ़ते व्यावसायिक सहयोग की समीक्षा की। साथ ही हाल के वर्षों में उच्चस्तरीय दौरों और संवादों में आई तेजी का स्वागत किया। इस दौरान केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की हालिया कनाडा यात्रा का भी उल्लेख किया गया।

    प्रधानमंत्रियों ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) को लेकर जारी वार्ताओं में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और इसे इस वर्ष पूरा करने की इच्छा जताई। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कांसुलर सेवाओं, रक्षा, वित्त और प्रवासन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी।

    रक्षा और सुरक्षा संबंधों को और मजबूत करने के लिए दोनों देशों ने सामान्य सूचना सुरक्षा समझौते (जीएसओआईए) पर बातचीत शुरू करने का निर्णय लिया। साथ ही रक्षा संस्थानों के बीच बढ़ते आदान-प्रदान को भी सकारात्मक कदम बताया गया।

    कौशल विकास, नवाचार और शिक्षा के क्षेत्र में जारी सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने हिंद महासागर तटीय क्षेत्रीय सहयोग संघ (आईओआरए) में कनाडा को संवाद भागीदार बनाए जाने के लिए भारत के समर्थन की पुष्टि की।

    बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने संवाद और सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘रायसीना अमेरिकाज़’ पहल शुरू करने की घोषणा की। प्रधानमंत्री मोदी ने कनाडा यात्रा के निमंत्रण के लिए प्रधानमंत्री कार्नी का आभार व्यक्त किया। दोनों पक्षों ने भविष्य में सुविधाजनक समय पर इस यात्रा की तिथि तय करने के लिए संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।

  • Yashwant Sinha attack on PM: मोदी सरकार देश को आर्थिक संकट में डालने के सिवाय कुछ नहीं कर सकती; पूर्व वित्तमंत्री यशवंत सिन्हा का पीएम पर बड़ा हमला

    Yashwant Sinha attack on PM: मोदी सरकार देश को आर्थिक संकट में डालने के सिवाय कुछ नहीं कर सकती; पूर्व वित्तमंत्री यशवंत सिन्हा का पीएम पर बड़ा हमला

    Yashwant Sinha attack on PM: देश में बढ़ते आर्थिक संकट, महंगाई, बेरोजगारी और निवेश में गिरावट को लेकर कांग्रेस द्वारा आयोजित ‘भारत में आने वाली आर्थिक सुनामी?’ विषयक परिसंवाद में पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान संकट से देश को बाहर निकालने की क्षमता सरकार में नहीं है और कांग्रेस ही इसका प्रभावी विकल्प बन सकती है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “मोदी मस्ट गो” और देश को बचाने की जिम्मेदारी कांग्रेस पर है।

    महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अर्थशास्त्र विभाग तथा ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में तिलक भवन में आयोजित इस परिसंवाद में वरिष्ठ अर्थशास्त्री प्रो. अरुण कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, पूर्व सांसद एवं योजना आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. भालचंद्र मुंगेकर, पूर्व सांसद कुमार केतकर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने की।

    यशवंत सिन्हा ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा प्रस्तुत विकास दर के आंकड़े वास्तविकता से मेल नहीं खाते। निवेश में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई है और देश की अर्थव्यवस्था कई चुनौतियों से घिरी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संकटों से लड़ने की इच्छाशक्ति खो चुकी है और विपक्ष को समाप्त करने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, युवा और मध्यम वर्ग सभी परेशान हैं तथा महंगाई और बेरोजगारी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।

    वरिष्ठ अर्थशास्त्री प्रो. अरुण कुमार ने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी के कारण देश का असंगठित क्षेत्र और एमएसएमई क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार वास्तविक आर्थिक आंकड़ों को छिपा रही है, जबकि रोजगार के अवसर लगातार घट रहे हैं और गरीबों की स्थिति बदतर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों की क्रय शक्ति बढ़ाए बिना अर्थव्यवस्था में मांग नहीं बढ़ सकती।

    कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि देश आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक चुनौतियों के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने लोगों से सत्य और अहिंसा के मार्ग पर संघर्ष करने का आह्वान करते हुए कहा कि आर्थिक मुद्दों को केंद्र में रखकर जनता की आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने कहा कि किसानों, युवाओं और आम नागरिकों में बढ़ता असंतोष सरकार की नीतियों की विफलता को दर्शाता है।

    कार्यक्रम का प्रारंभिक वक्तव्य अर्थशास्त्र विभाग के प्रमुख विश्वास उटगी ने दिया, जबकि अतिथियों का परिचय पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कराया। कार्यक्रम का संचालन गजानन देसाई ने तथा आभार प्रदर्शन डॉ. भालचंद्र मुंगेकर ने किया।

  • Ravindra Chavan: मोदी सरकार ने 12 वर्षों में भारत को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया : रवींद्र चव्हाण

    Ravindra Chavan: मोदी सरकार ने 12 वर्षों में भारत को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया : रवींद्र चव्हाण

    Ravindra Chavan: भारतीय जनता पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और जो देश पहले कई मामलों में अन्य देशों पर निर्भर था, वह आज आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश को नई दिशा देने के साथ विकास और सुशासन का मजबूत आधार तैयार किया है।

    शुक्रवार को ठाणे में आयोजित पत्रकार परिषद में रवींद्र चव्हाण ने मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष केशव उपाध्ये, प्रदेश महासचिव एवं विधायक निरंजन डावखरे, विधायक संजय केलकर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

    चव्हाण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए गरीबों को अपना घर उपलब्ध कराने का अभियान चलाया गया है।

    राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय देश रक्षा सामग्री के लिए विदेशी देशों पर निर्भर था, लेकिन आज भारत रक्षा उत्पादन और निर्यात के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मोदी सरकार ने देश की सीमाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।

    कोरोना महामारी के दौरान भारत ने न केवल अपने नागरिकों को मुफ्त टीकाकरण उपलब्ध कराया, बल्कि दुनिया के अनेक देशों को भी वैक्सीन उपलब्ध कराकर मानवता की सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया। ऊर्जा क्षेत्र में ‘वन नेशन-वन ग्रिड’ की अवधारणा को साकार करते हुए बिजली उत्पादन में वृद्धि की गई और लोडशेडिंग जैसी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया।

    चव्हाण ने कहा कि सौर ऊर्जा और अन्य गैर-पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देकर ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत बनाया गया है। इससे उद्योगों और घरेलू उपभोक्ताओं दोनों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में चौथे स्थान पर पहुंच चुकी है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचने की संभावना है।

    उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र भी विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित महाराष्ट्र के लक्ष्य को हासिल करने में राज्य के 14 करोड़ नागरिकों का योगदान महत्वपूर्ण रहेगा। महाराष्ट्र देश की विकास यात्रा का प्रमुख ग्रोथ इंजन बनकर उभर रहा है और हर क्षेत्र में अग्रणी बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

  • Bhiwandi Maha-Aarti: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भिवंडी में महाआरती

    Bhiwandi Maha-Aarti: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भिवंडी में महाआरती

    Bhiwandi Maha-Aarti: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में भाजपा भिवंडी शहर इकाई की ओर से पद्मानगर स्थित राम मंदिर में महाआरती का आयोजन किया गया।

    कार्यक्रम में भाजपा शहराध्यक्ष रवि सावंत तथा भाजपा गुट नेता संतोष शेट्टी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। महाआरती में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर देश की उन्नति एवं प्रधानमंत्री के दीर्घायु जीवन की कामना की।

    इस अवसर पर प्रभाग समिति सभापति रंजिता मोहन कोंडा, पार्षद दीपा दीपक मढवी, श्याम भोईर, अधिवक्ता नंदन गुप्ता, प्रवीण मिश्रा, कोंका मल्लेश्याम, सुगंधा टावरे, मीना कुंटे, कल्पना शर्मा, ममता परमानी तथा सत्वशीला जाधव सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संतोष शेट्टी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि देश विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है और विश्व मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है।

    महाआरती के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना करते हुए देश की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम का समापन सामूहिक आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

  • Modi Government 12 Years: मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उद्योग जगत ने सराहा आर्थिक सुधारों और विकास की रफ्तार को!

    Modi Government 12 Years: मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उद्योग जगत ने सराहा आर्थिक सुधारों और विकास की रफ्तार को!

    Modi Government 12 Years: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर देश के प्रमुख उद्योग संगठनों ने आर्थिक सुधारों, बुनियादी ढांचे के विस्तार और निवेश माहौल को मजबूत बनाने के लिए सरकार की सराहना की है। उद्योग जगत का मानना है कि पिछले एक दशक में किए गए सुधारों ने भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था में अधिक मजबूत और प्रतिस्पर्धी बनाया है।

    भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के अध्यक्ष आर. मुकुंदन ने कहा कि बीते वर्षों में लागू की गई नीतियों और सुधारों ने देश की आर्थिक बुनियाद को सुदृढ़ किया है। उन्होंने बताया कि बुनियादी ढांचा, डिजिटल तकनीक, विनिर्माण, नवाचार और कारोबार सुगमता जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है, जिससे भारत वैश्विक निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बनकर उभरा है।

    भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (FICCI) के अध्यक्ष अनंत गोयनका ने कहा कि सुधारवादी नीतियों, बड़े पैमाने पर इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश और वैश्विक व्यापारिक साझेदारियों ने भारतीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी है। उनके अनुसार, भारत आज दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है और वैश्विक मंच पर उसकी भूमिका लगातार बढ़ रही है।

    उद्योग संगठन एसोचैम (ASSOCHAM) ने भी सरकार की आर्थिक नीतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश की विकास दर, विनिर्माण गतिविधियों और सेवा क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। संगठन का मानना है कि आर्थिक स्थिरता, निवेश वृद्धि और निर्यात विस्तार ने भारत की विकास यात्रा को नई गति प्रदान की है।

    एसोचैम के महासचिव सौरभ सान्याल ने कहा कि हाल के वर्षों में विनिर्माण और सेवा क्षेत्र की वृद्धि दर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। साथ ही निर्यात में बढ़ोतरी और चालू खाते के घाटे में कमी से अर्थव्यवस्था की मजबूती का संकेत मिलता है। उद्योग संगठनों ने विश्वास जताया कि सरकार और निजी क्षेत्र के सहयोग से ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में देश और तेज़ी से आगे बढ़ेगा।