Tag: UP News

  • UP Scorching Heat: यूपी में तपिश से बेहाल लोग, ‘लू’ का खतरा अभी बरकरार!

    UP Scorching Heat: यूपी में तपिश से बेहाल लोग, ‘लू’ का खतरा अभी बरकरार!

    UP Scorching Heat: प्रचंड गर्मी का सामना कर रहे उत्तर प्रदेश के लोगों को फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं है बल्कि आने वाले दिनो मे गर्मी और लू और सतायेगी। मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले कई दिनों तक ऊष्ण लहर से भीषण ऊष्ण लहर चलने तथा उष्ण रात्रि की चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक जिलों में तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे जनजीवन पर व्यापक असर पड़ने की आशंका है।

    मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 24 से 27 मई के बीच बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, सोनभद्र, कानपुर नगर, कानपुर देहात, जालौन, झांसी, ललितपुर, आगरा, मथुरा, इटावा, औरैया, हमीरपुर, महोबा तथा आसपास के क्षेत्रों में भीषण लू चलने की संभावना है। वहीं सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, लखनऊ, बाराबंकी, अमरोहा, संभल और बदायूं सहित कई जिलों में लू चलने और गर्म रातें रहने का अनुमान जताया गया है।

    मुरादाबाद मंडल में शुक्रवार को सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। मुरादाबाद में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 3.2 और 3.4 डिग्री अधिक रहा। अमरोहा, संभल और आसपास के जिलों में भी तेज गर्म हवाओं और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। सड़कें दोपहर के समय सूनी रहीं और अस्पतालों में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन तथा चक्कर आने के मरीजों की संख्या बढ़ गई है।

    प्रदेश में प्रयागराज 46.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा, जबकि बांदा में तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। झांसी और उरई में 45.4 डिग्री, आगरा में 45.3 डिग्री तथा हमीरपुर में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। कानपुर, वाराणसी और लखनऊ समेत कई शहरों में भी तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री अधिक रहा।

    संबंधित खबरें: Shankaracharya Ji’s Major Announcement: शंकराचार्य जी की बड़ी घोषणा, जल्द शुरू होगी “गो-एलएक्स” वेबसाइट!

    मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों के लिए जारी पूर्वानुमान में अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। साथ ही 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूलभरी गर्म हवाएं चल सकती हैं।

    विशेषज्ञों के अनुसार 25 मई से शुरू हो रहा ‘नौतपा’ इस बार और अधिक प्रभावी हो सकता है। इस दौरान सूर्य की किरणें सीधी पड़ने और गर्म हवाओं के कारण तापमान अपने चरम पर पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी है।

    कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी है। गन्ना, मक्का, मूंग, उड़द, मूंगफली, सूरजमुखी तथा सब्जी फसलों पर गर्मी का प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई गई है। किसानों को हल्की और बार-बार सिंचाई करने, खेतों में नमी बनाए रखने तथा फसलों को तेज धूप से बचाने की सलाह दी गई है। पशुपालकों को भी दोपहर में पशुओं को खुले में न छोड़ने और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने को कहा गया है।

    भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के कई जिलों में स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक वार्ड तैयार किए गए हैं तथा दवाओं और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है।

  • UP Nageeta Murder Case: भाभी की हत्या में दोषी देवर व उसकी पत्नी को उम्रकैद की सजा!

    UP Nageeta Murder Case: भाभी की हत्या में दोषी देवर व उसकी पत्नी को उम्रकैद की सजा!

    सोनभद्र: करीब ढाई वर्ष पूर्व हुए नगीता हत्याकांड के मामले में वृहस्पतिवार को सुनवाई करते हुए सोनभद्र में सत्र न्यायाधीश राम सुलीन सिंह की अदालत ने दोष सिद्ध पाकर दोषी दंपती को सश्रम आजीवन कारावास और 11-11 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष के मुताबिक राम सुदीन धरिकार ने चोपन थाने में तहरीर दी थी कि 28 नवंबर 2023 को उसका छोटा भाई चिनीलाल धरिकार हाथ में कुल्हाड़ी लेकर अपनी पत्नी रेशमी के साथ आया। (UP Nageeta Murder Case)

    घर पर उसकी पत्नी नगीता बच्चों के साथ घर का कामकाज कर रही थी। आवाज देकर उसकी पत्नी को भाई ने बुलाया और अपने साथ चलने को कहा तो नगीता ने साथ जाने से इनकार कर दिया। इसपर उसका छोटा भाई कुल्हाड़ी से नगीता के सिर पर प्रहार कर दिया और वह गिर गई। उसे सिर में गम्भीर चोटें आईं हैं। जब बचाने के लिए उसका बड़ा बेटा दौड़ा तो उसके सिर पर भी कुल्हाड़ी से प्रहार कर दिया। उसके बाद धमकी देते हुए छोटा भाई अपनी पत्नी के साथ भाग गया।

    जब वह बाजार से घर लौट रहा था तो उसका छोटा भाई चिनीलाल अपनी पत्नी रेशमी के साथ हाथ मे कुल्हाड़ी लेकर जा रहा था और उसकी पत्नी नगीता व बड़ा बेटा उत्तम जमीन पर गिरे पड़े थे। दोनों को दवा इलाज के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी लेकर आया जहां पत्नी नगीता (40) की सिर में कुल्हाड़ी से गम्भीर चोट लगने से मौत हो गई। जबकि बेटे उत्तम (13) का दवा इलाज चल रहा है। इस तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दिया। विवेचक ने पर्याप्त सबूत मिलने पर दंपती के विरुद्ध न्यायालय में चार्जशीट दाखिल किया था।

    मामले की सुनवाई के दौरान जहां अभियुक्तगणों के अधिवक्ता ने पहला अपराध बताते हुए कम से कम दंड दिए जाने की याचना की, वहीं जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी ज्ञानेंद्र शरण रॉय ने हत्या का मामला बताते हुए अधिक से अधिक दंड देने की याचना की। अदालत ने दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं के तर्कों को सुनने, गवाहों के बयान व पत्रावली का अवलोकन करने के बाद दोषसिद्ध पाकर दोषी दंपती चिनीलाल धरिकार व रेशमी को सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इनके ऊपर 11-11 हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया गया है।