Andaman Gas Discovery: भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस अन्वेषण कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) को अंडमान द्वीप समूह के पास समुद्र में प्राकृतिक गैस का नया भंडार मिला है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री Hardeep Singh Puri ने इस खोज को देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता के लिए अहम कदम बताया है।
संबंधित खबर: Kiwi General Insurance: कीवी जनरल इंश्योरेंस ने भारतीय बाजार में प्रवेश किया; मोटर इंश्योरेंस होगा पहला प्रॉडक्ट!
मंत्री ने बताया कि अंडमान द्वीप समूह के पूर्वी तट से करीब 15 किलोमीटर दूर समुद्र में स्थित ‘श्री विजयपुरम-3’ कुएं में प्राकृतिक गैस की उपस्थिति की पुष्टि हुई है। यह कुआं समुद्र में लगभग 355 मीटर गहराई वाले क्षेत्र में स्थित है। प्रारंभिक परीक्षणों के दौरान 1,900 मीटर से अधिक गहराई पर सतत गैस फ्लेयरिंग दर्ज की गई, जिससे प्राकृतिक गैस भंडार होने के संकेत मिले हैं। फिलहाल कंपनी गैस के नमूने एकत्र कर उसकी गुणवत्ता, संरचना और व्यावसायिक संभावनाओं का अध्ययन कर रही है।
सरकार के ‘समुद्र मंथन मिशन’ के तहत अपतटीय क्षेत्रों में हाइड्रोकार्बन संसाधनों की खोज को बढ़ावा दिया जा रहा है। अंडमान बेसिन में चल रहे अन्वेषण अभियान के दौरान ऑयल इंडिया द्वारा खोदे गए तीन कुओं में से दो में हाइड्रोकार्बन की मौजूदगी मिल चुकी है। सरकार का मानना है कि यह खोज भविष्य में भारत की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने और आयात पर निर्भरता कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

