Dowry Harassment Case: भिवंडी के कोनगांव क्षेत्र में दहेज में चार पहिया वाहन न दिए जाने से नाराज ससुराल वालों द्वारा विवाहिता को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देने का मामला सामने आया है।महिला की शिकायत पर शांतीनगर पुलिस ने पति, सास और दो ननदों सहित चार लोगों दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रामनगर स्थित चाविंद्रा रोड क्षेत्र की रहने वाली 23 वर्षीय विवाहिता ने शिकायत दर्ज कराई है कि विवाह के बाद से उसके ससुराल पक्ष के लोग लगातार उसे मायके से चार पहिया वाहन खरीदने के लिए पैसे लाने का दबाव बना रहे थे।
कोनगांव स्थित सिद्धि विनायक अपार्टमेंट में रहते वाले उसके पति राजकुमार लालताप्रसाद गुप्ता, सास कलावती गुप्ता, ननद प्रियंका और शीतल ने आपस में मिलकर 15 जुलाई 2021 से लेकर अब तक उसे बार-बार ताने दिए, गाली-गलौज की और मारपीट कर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।
पीड़िता का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसे ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया जिसके बाद वह शांतीनगर पुलिस स्टेशन पहुंची और चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 85, 115(2), 352, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
मामले की जांच महिला पुलिस अधिकारी मनाली फर्डे कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

