India’s Economic Crisis: महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अर्थशास्त्र विभाग एवं ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में 13 जून 2026 को कांग्रेस मुख्यालय टिलक भवन में एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस संगोष्ठी का विषय ‘भारत के आर्थिक-राजनीतिक संकट : वास्तविकता और प्रभाव’ रखा गया है।
संगोष्ठी में देश के वरिष्ठ राजनीतिक एवं आर्थिक विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा, प्रख्यात अर्थशास्त्री अरुण कुमार, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, पूर्व सांसद कुमार केतकर तथा प्रदेश कांग्रेस के अर्थशास्त्र विभाग के प्रमुख विश्वास उटगी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाळ करेंगे।
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार देश वर्तमान में गंभीर आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। महंगाई लगातार बढ़ रही है, बेरोजगारी की समस्या गहराती जा रही है और श्रमिक क्षेत्र भी संकट के दौर से गुजर रहा है। नई नौकरियों के अवसर सीमित होते जा रहे हैं, जबकि स्थायी रोजगार के स्थान पर संविदा आधारित नियुक्तियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कांग्रेस का कहना है कि नोटबंदी और जीएसटी जैसी नीतियों के कारण कृषि एवं उत्पादन क्षेत्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। इसके अलावा बैंकिंग और बीमा क्षेत्र भी विभिन्न चुनौतियों से जूझ रहे हैं। वित्तीय क्षेत्र में बढ़ते विदेशी हस्तक्षेप और सरकार की आर्थिक नीतियों के प्रभाव को लेकर भी चिंता व्यक्त की जा रही है।
इन महत्वपूर्ण और समसामयिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करने तथा उनके सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक प्रभावों का विश्लेषण प्रस्तुत करने के उद्देश्य से इस विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में विशेषज्ञ देश की वर्तमान आर्थिक स्थिति, चुनौतियों और संभावित समाधान पर अपने विचार साझा करेंगे।

