rashtriyaswabhimaan.com
Hindi News / Bharat

International Yoga Day 2026: असोला भाटी वाइल्डलाइफ सेंचुरी में योग करेंगी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

International Yoga Day 2026
International Yoga Day 2026
Article Top Ad

International Yoga Day 2026: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दक्षिण दिल्ली स्थित असोला भाटी वाइल्डलाइफ सेंचुरी में आयोजित विशेष योग कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस आयोजन के माध्यम से योग, पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में पर्यावरण मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, पर्यावरण विशेषज्ञ, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी भी भाग लेंगे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा दी है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के सामंजस्य का विज्ञान है, जो आज की व्यस्त जीवनशैली में मानसिक शांति, ऊर्जा और आत्मविश्वास प्रदान करता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी, जिसके बाद दुनिया के सैकड़ों देशों में करोड़ों लोग योग कर भारत की इस परंपरा का सम्मान कर रहे हैं।

योग कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री असोला भाटी सेंचुरी परिसर में विकसित भारत नर्सरी का निरीक्षण करेंगी। इस दौरान वह देशी प्रजातियों के वृक्षों और पौधों के संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा हरित क्षेत्र के विस्तार के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करेंगी। इसके अलावा, वह असोला क्षेत्र और दक्षिणी रिज में चल रहे पौधारोपण अभियानों की प्रगति का भी जायजा लेंगी।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad