Illegal AC Controversy: शिकायतकर्ता एवं अधिवक्ता गिरीश केशवराम मिश्रा ने माहिम पुलिस स्टेशन प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए महिला पुलिस निरीक्षक माधुरी जाधव के खिलाफ कार्रवाई और उन्हें पद से हटाने की मांग तेज कर दी है। शिकायतकर्ता का कहना है कि पुलिस स्टेशन परिसर से अवैध एयर कंडीशनर हटाए जाने संबंधी जो रिपोर्ट उन्हें भेजी गई थी, वह मौके पर जांच करने पर कथित रूप से गलत साबित हुई।
गिरीश मिश्रा के अनुसार, महिला पुलिस निरीक्षक माधुरी जाधव द्वारा भेजी गई रिपोर्ट में दावा किया गया था कि माहिम पुलिस स्टेशन परिसर में कहीं भी बिना अनुमति एयर कंडीशनर नहीं लगाए गए हैं तथा सभी अवैध एसी हटा दिए गए हैं। हालांकि, शिकायतकर्ता का आरोप है कि निरीक्षण के दौरान पुलिस स्टेशन परिसर में एयर कंडीशनर अब भी लगे हुए पाए गए।
संबंधित ख़बरें: Congress Outraged: यह मौत नहीं, सिस्टम का मर्डर है: कलवा हॉस्पिटल के खिलाफ कांग्रेस का गुस्सा!
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी द्वारा जानबूझकर गलत रिपोर्ट तैयार कर भेजी गई है। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार पुलिस अधिकारी द्वारा इस प्रकार का कथित भ्रामक जवाब देना गैर-जिम्मेदाराना रवैया दर्शाता है और इससे पुलिस विभाग की छवि भी प्रभावित होती है।
गिरीश मिश्रा ने पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी सरकारी अधिकारी द्वारा शिकायतकर्ता को जानबूझकर गलत या भ्रामक जानकारी दी जाती है, तो उसके खिलाफ महाराष्ट्र सिविल सेवा (आचरण) नियम तथा विभागीय अनुशासनात्मक नियमों के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।
ऐसे मामलों में विभागीय जांच, सेवा अभिलेख में प्रतिकूल टिप्पणी, निलंबन अथवा पदोन्नति रोकने जैसी कार्रवाई का भी प्रावधान है। शिकायतकर्ता ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी नागरिकों को कथित रूप से गलत जानकारी देने का प्रयास न कर सके।

