Maruti Suzuki Flex Fuel Car: विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुज़ुकी इंडिया ने भारत की पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार पेश कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कंपनी ने अपनी लोकप्रिय वैगनआर को फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक से लैस कर पेश किया है, जो 20 प्रतिशत से लेकर 100 प्रतिशत तक इथेनॉल मिश्रित ईंधन पर चल सकती है।
इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहे। कंपनी के अनुसार, यह वाहन E20 से E100 तक किसी भी अनुपात में इथेनॉल और पेट्रोल के मिश्रण पर आसानी से संचालित किया जा सकेगा, जिससे उपभोक्ताओं को ईंधन विकल्पों में अधिक लचीलापन मिलेगा।
संबंधित ख़बरें: ViewSonic New Launches: व्यूसॉनिक ने एआई-संचालित IN05 सीरीज़ ईडीएलए इंटरैक्टिव डिस्प्ले लॉन्च किए!
नितिन गडकरी ने कहा कि भारत हर वर्ष बड़ी मात्रा में कच्चे तेल का आयात करता है और एथेनॉल आधारित ईंधन इस निर्भरता को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि फ्लेक्स-फ्यूल वाहन किसानों, उद्योग और पर्यावरण तीनों के लिए लाभकारी साबित होंगे तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देंगे।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि देश की एथेनॉल क्रांति लगातार आगे बढ़ रही है और किसानों को ‘अन्नदाता’ से ‘ऊर्जादाता’ बनाने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उनके अनुसार, फ्लेक्स-फ्यूल वाहन न केवल तेल आयात और विदेशी मुद्रा खर्च को कम करेंगे, बल्कि कार्बन उत्सर्जन घटाने और ग्रामीण आय बढ़ाने में भी मददगार होंगे।
मारुति सुज़ुकी के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ हिसाशी ताकेउची ने कहा कि कंपनी भारत के ऊर्जा संक्रमण लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक, हाइब्रिड, सीएनजी, सीबीजी और फ्लेक्स-फ्यूल जैसे विभिन्न विकल्पों पर काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में फ्लेक्स-फ्यूल वाहन देश में स्वच्छ परिवहन, ऊर्जा सुरक्षा और किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

