Minister Aditi Tatkare: रोहिणी खड़से ने महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे के निजी सचिव राजेश गायकवाड पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि महिला अधिकारियों के साथ अश्लील भाषा का इस्तेमाल, धमकियां देने और तबादलों का रैकेट चलाने जैसी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरदचंद्र पवार गुट की महिला प्रदेशाध्यक्ष रोहिणी खडसे ने इस पूरे मामले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जळगांव जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री को लिखित शिकायत भी भेजी गई है।
संबंधित खबरें: Pramod Mishra’s Birthday Celebration: भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा मुंबई अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया!
रोहिणी खडसे के अनुसार, राजेश गायकवाड महिला अधिकारियों से अभद्र भाषा में बात करता है और नौकरी से निकालने की धमकियां देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी रकम लेकर तबादले कराने का रैकेट भी चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास जैसे संवेदनशील विभाग में इस तरह की घटनाएं बेहद गंभीर और निंदनीय हैं। उनका कहना है कि राजेश गायकवाड वर्ष 2019 से निजी सचिव के रूप में कार्यरत हैं और उनके खिलाफ पहले भी कई शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
रोहिणी खडसे ने सवाल उठाते हुए कहा, “क्या राजेश गायकवाड को मंत्री अदिती तटकरे का संरक्षण प्राप्त है? क्या उनके बीच किसी प्रकार के आर्थिक संबंध हैं? इन सवालों का जवाब जनता को मिलना चाहिए।” हालांकि, इन आरोपों पर मंत्री अदिती तटकरे या उनके कार्यालय की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

