Virar Narangi Flyover: विरार शहर के पूर्व और पश्चिम भाग को जोड़ने वाले नारंगी रेलवे फ्लाईओवर का आज पालकमंत्री गणेश नाईक के हाथों लोकार्पण किया गया। इस फ्लाईओवर के शुरू होने से विरार क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ी राहत मिलेगी तथा नागरिकों का सफर तेज और सुगम होगा। इस महत्वपूर्ण परियोजना को पूरा कराने के लिए भाजपा विधायक राजन नाईक लगातार प्रयासरत थे।
इस अवसर पर पालकमंत्री गणेश नाईक ने कहा कि महायुति सरकार वसई-विरार शहर के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में फ्लाईओवर और सड़कों के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके।
लोकार्पण समारोह में भाजपा सांसद डॉ. हेमंत सवरा, महापौर अजीव पाटील, विधायक राजन नाईक, विधायक स्नेहा दुबे, विधायक राजेंद्र गावित, विरोधी पक्षनेता मनोज पाटील, भाजपा वसई-विरार जिलाध्यक्ष प्रज्ञा पाटील, जिलाधिकारी इंदुराणी जाखड़, मनपा आयुक्त पृथ्वीराज बीपी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे सहित सार्वजनिक बांधकाम विभाग, वन विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
करीब ४० करोड़ रुपये की लागत से बने इस फ्लाईओवर के निर्माण कार्य की शुरुआत वर्ष २०१९ में हुई थी, लेकिन भूमि अधिग्रहण की समस्याओं के कारण काम लंबे समय तक अटका रहा। विधायक राजन नाईक ने लगातार संबंधित विभागों, मनपा प्रशासन और रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर इस परियोजना को गति दिलाई।
१५ जनवरी २०२५ को अधिकारियों की विशेष बैठक आयोजित कर तकनीकी अड़चनों को दूर किया गया, जिसके बाद निर्माण कार्य में तेजी आई। विधायक राजन नाईक ने हर महीने समीक्षा बैठक लेकर काम समय पर पूरा कराने के लिए विशेष प्रयास किए। उन्होंने तत्कालीन सार्वजनिक बांधकाम मंत्री रवींद्र चव्हाण तथा वर्तमान मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले से भी लगातार संपर्क बनाए रखा।
इस दौरान विधायक राजन नाईक ने आगाशी तक सड़क चौड़ीकरण की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि इससे आगाशी, वटार और अर्नाळा क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही विरार से वसई तक रिंग रूट परियोजना के लिए भी राज्य सरकार के स्तर पर प्रयास जारी हैं।
विधायक राजन नाईक ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार के कार्यकाल में वसई-विरार के महत्वपूर्ण विकास प्रकल्पों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री स्व.अजित पवार तथा महसूल मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

