Youth Congress Campaign: मुंबई युवक कांग्रेस ने शहर के असंगठित और मेहनतकश कामगारों के अधिकारों को लेकर “शहरी कामगार न्याय अभियान” तथा “मुंबई का हक” अभियान शुरू करने की घोषणा की है। ज़ीनत शबरीन ने आरोप लगाया कि मुंबई को खड़ा करने वाले लाखों कामगार आज भी असुरक्षित परिस्थितियों में जीवन जीने को मजबूर हैं और सरकार उन्हें मूलभूत अधिकार, सामाजिक सुरक्षा तथा सम्मानजनक जीवन देने में विफल रही है।
मुंबई कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में ज़ीनत शबरीन, पुनित सिंह परिया और अन्य पदाधिकारियों ने अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि सफाई कर्मचारी, घरेलू कामगार, ऑटो-रिक्शा चालक, फेरीवाले और असंगठित क्षेत्र के श्रमिक लगातार शोषण का सामना कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि मुंबई की भ्रष्ट और निष्क्रिय व्यवस्था के खिलाफ युवक कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
सफाई कर्मचारियों और घरेलू कामगारों के अधिकारों की मांग
युवक कांग्रेस ने कहा कि कानूनी प्रतिबंध के बावजूद शहर में सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान सफाई कर्मचारियों की मौतें जारी हैं। संगठन ने मैनुअल स्कैवेंजिंग पर पूरी तरह रोक लगाने, सभी सफाई कर्मचारियों को स्थायी सरकारी नौकरी, स्वास्थ्य बीमा और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
घरेलू कामगारों की स्थिति पर चिंता जताते हुए ज़ीनत शबरीन ने कहा कि कई महिला घरेलू कामगारों को आज भी अलग लिफ्ट, अलग प्रवेश द्वार और अलग शौचालय जैसी भेदभावपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। युवक कांग्रेस ने घरेलू कामगारों के लिए अलग कानून, ₹100 प्रति घंटे न्यूनतम वेतन, साप्ताहिक अवकाश, स्वास्थ्य बीमा और पेंशन लागू करने की मांग की।
संबंधित ख़बरें: Gavishti Gau Raksharth Yatra: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की गविष्ठि गौ रक्षार्थ यात्रा 22 मई को प्रतापगढ़ पहुंचेगी!
ऑटो चालकों और फेरीवालों की समस्याएं उठाईं
युवक कांग्रेस ने ऑटो-रिक्शा चालकों की समस्याओं पर भी सरकार को घेरा। संगठन के अनुसार ऐप कंपनियों की मनमानी, बढ़ते चालान, पुलिस उत्पीड़न और अधिकृत स्टैंड की कमी से चालक परेशान हैं। इनके लिए अलग कल्याणकारी बोर्ड, बीमा, पेंशन और गैस सब्सिडी की मांग रखी गई।
फेरीवालों को लेकर ज़ीनत शबरीन ने कहा कि सौंदर्यीकरण के नाम पर गरीबों की रोजी-रोटी छीनी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब्ती, अवैध वसूली और प्रशासनिक कार्रवाई से लाखों फेरीवाले असुरक्षित हो गए हैं। संगठन ने स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट का सख्ती से पालन, वेंडिंग ज़ोन और व्यवसाय प्रमाणपत्र देने की मांग की।
मुंबई की बुनियादी समस्याओं पर सरकार घिरी
युवक कांग्रेस ने कहा कि हजारों करोड़ रुपये के बजट के बावजूद मुंबईकरों को गड्ढामुक्त सड़कें, बाढ़मुक्त शहर, स्वच्छ हवा, बेहतर सार्वजनिक परिवहन और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। संगठन ने आरोप लगाया कि बाढ़ नियंत्रण, नाला सफाई, ड्रेनेज और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है।
ज़ीनत शबरीन ने कहा कि लोकल ट्रेन, BEST बस सेवा और महानगरपालिका अस्पतालों की स्थिति लगातार खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल आंदोलन नहीं, बल्कि शहर खड़ा करने वाले कामगारों के सम्मान, समानता और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई है। युवक कांग्रेस ने शहरी कामगारों और मुंबईकरों से अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए 9811867474 नंबर पर मिस्ड कॉल देने का आह्वान किया है।

