Category: Maharashtra

  • Khadse’s Matoshree Visit: एकनाथ खडसे की ‘मातोश्री’ पर उद्धव ठाकरे से मुलाकात; राजनीतिक अटकलें तेज

    Khadse’s Matoshree Visit: एकनाथ खडसे की ‘मातोश्री’ पर उद्धव ठाकरे से मुलाकात; राजनीतिक अटकलें तेज

    अमृत महोत्सव (75वें जन्मोत्सव) का निमंत्रण देने पहुंचे थे खडसे

    मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वरिष्ठ नेता एकनाथ खडसे ने शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे से उनके निवास ‘मातोश्री’ पर मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान सांसद संजय राउत भी मौजूद थे। हाल ही में भाजपा नेता विनोद तावड़े से मुलाकात के बाद एकनाथ खडसे की भाजपा में वापसी की अटकलें तेज हो गई थीं। ऐसे में उद्धव ठाकरे से उनकी मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया।

    हालांकि, एकनाथ खडसे ने इस मुलाकात को पूरी तरह गैर-राजनीतिक बताते हुए सभी अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि अगले महीने उनका अमृत महोत्सव (75वां जन्मोत्सव) कार्यकर्ताओं द्वारा बड़े उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इसी कार्यक्रम का निमंत्रण देने के लिए वे उद्धव ठाकरे से मिलने ‘मातोश्री’ पहुंचे थे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मुलाकात का राजनीति से कोई संबंध नहीं है।

    गौरतलब है कि एकनाथ खडसे लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे हैं। बाद में उन्होंने भाजपा छोड़कर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) का दामन थाम लिया था। उनकी पुत्रवधू रक्षा खडसे केंद्र सरकार में मंत्री हैं और भाजपा की प्रमुख नेताओं में शामिल हैं। ऐसे में समय-समय पर खडसे की भाजपा में संभावित ‘घर वापसी’ को लेकर चर्चाएं होती रहती हैं।

    इस बीच, कुछ दिन पहले एकनाथ खडसे के दामाद प्रांजल खेवलकर का नाम पुणे में कथित रेव पार्टी मामले में सामने आया था। पुलिस ने छापेमारी के दौरान उन्हें हिरासत में लिया था। बताया गया था कि जिस स्थान पर पार्टी आयोजित की गई थी, उसकी बुकिंग प्रांजल खेवलकर के नाम पर थी। इस मामले के बाद खडसे परिवार सुर्खियों में आ गया था। खडसे की बेटी और नेता रोहिणी खडसे ने सार्वजनिक रूप से अपने पति का समर्थन किया था और न्यायालय में भी उनके साथ मौजूद रही थीं।

    फिलहाल, उद्धव ठाकरे और एकनाथ खडसे की इस मुलाकात ने एक बार फिर महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। हालांकि खडसे ने साफ कर दिया है कि यह केवल उनके अमृत महोत्सव समारोह का निमंत्रण देने के उद्देश्य से हुई शिष्टाचार भेंट थी और इसका किसी राजनीतिक घटनाक्रम से कोई संबंध नहीं है।

  • Varsha Gaikwad Slams Fadnavis Over Criticism on Missing Link Project: सरकार से सवाल पूछना लोकतांत्रिक अधिकार है, न कि महाराष्ट्र की बदनामी: सांसद वर्षा गायकवाड़

    Varsha Gaikwad Slams Fadnavis Over Criticism on Missing Link Project: सरकार से सवाल पूछना लोकतांत्रिक अधिकार है, न कि महाराष्ट्र की बदनामी: सांसद वर्षा गायकवाड़

    मुंबई। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड़ ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार से सवाल पूछना लोकतांत्रिक अधिकार है, न कि महाराष्ट्र की बदनामी। उन्होंने आरोप लगाया कि सवाल पूछने वालों को धमकी देना लोकतंत्र नहीं, बल्कि हुकूमशाही की मानसिकता को दर्शाता है।

    Varsha Gaikwad Slams Fadnavis Over Criticism on Missing Link Project

    वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के 7,000 करोड़ रुपये के मिसिंग लिंक प्रोजेक्ट में केवल दो महीने के भीतर गड्ढे पड़ना और झरने जैसी स्थिति बन जाने के कारण यातायात रोकना पड़ा। उनके अनुसार यह निकृष्ट गुणवत्ता वाले निर्माण का प्रमाण है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी परियोजना पर जनता सवाल पूछती है तो मुख्यमंत्री आलोचकों को “भाड़े के तट्टू” कैसे कह सकते हैं।

    उन्होंने कहा कि परियोजनाओं पर खर्च होने वाला पैसा जनता का है, इसलिए जनता को उसके उपयोग और गुणवत्ता पर सवाल पूछने का पूरा अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि निकृष्ट निर्माण, दुर्घटनाएं और भ्रष्टाचार ही महाराष्ट्र की छवि खराब करते हैं, न कि उन पर सवाल उठाने वाले नागरिक या विपक्ष।

    कांग्रेस सांसद ने कहा कि यदि सरकार के काम गुणवत्तापूर्ण हैं तो आलोचनाओं का जवाब तथ्यों के आधार पर दिया जाना चाहिए, न कि सवाल पूछने वालों को बदनाम करके या उन्हें धमकाकर। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जवाबदेही से बचने के बजाय सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।

    वर्षा गायकवाड़ ने भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने विपक्ष, विशेषकर राहुल गांधी की छवि खराब करने के लिए मीडिया और सोशल मीडिया पर करोड़ों रुपये खर्च किए। उन्होंने कहा कि दूसरों पर आरोप लगाने से पहले भाजपा को आत्ममंथन करना चाहिए।

  • Activate Mumbai Congress:मुंबई कांग्रेस ने बनाया आपदा प्रबंधन दल, बारिश प्रभावितों की मदद के लिए करेगा समन्वय

    Activate Mumbai Congress:मुंबई कांग्रेस ने बनाया आपदा प्रबंधन दल, बारिश प्रभावितों की मदद के लिए करेगा समन्वय

    मुंबई। मुंबई में पिछले छह दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के बीच नागरिकों को राहत पहुंचाने और मानसून से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए मुंबई कांग्रेस ने आपदा प्रबंधन दल का गठन किया है। यह दल मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड़ के नेतृत्व में कार्य करेगा।

    मुंबई कांग्रेस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, महानगर में भारी बारिश के कारण जलभराव, पेड़ गिरने, नागरिकों के विस्थापन और अन्य आपात स्थितियों में महानगरपालिका की व्यवस्था पर्याप्त नहीं दिख रही है। ऐसे में कांग्रेस का यह आपदा प्रबंधन दल मानसून के दौरान नागरिकों की शिकायतों का समन्वय करेगा तथा संबंधित विभागों से तत्काल सहायता और कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास करेगा।

    दल शहर के जलभराव वाले क्षेत्रों, पेड़ गिरने की घटनाओं, प्रभावित नागरिकों के सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरण, राहत शिविरों की व्यवस्था तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों की निगरानी करेगा। इसके अलावा आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने और संबंधित सरकारी विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने का भी कार्य करेगा।

    इस आपदा प्रबंधन दल में सांसद चंद्रकांत हंडोरे, पूर्व मंत्री नसीम खान, असलम शेख, विधायक भाई जगताप, विधायक अमीन पटेल, विधायक डॉ. ज्योति गायकवाड़, बीएमसी में कांग्रेस के गटनेता अशरफ आजमी सहित कांग्रेस के सभी नगरसेवक, जिला अध्यक्ष और पदाधिकारी शामिल हैं।

    मुंबई कांग्रेस के प्रवक्ता सुरेशचंद्र राजहंस ने बताया कि यह दल पूरे मानसून के दौरान सक्रिय रहकर नागरिकों की शिकायतों के समाधान और आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने के लिए कार्य करेगा।

  • Permeable Road Shoulders Groundwater Recharge Proposal : कंक्रीट सड़कों के किनारे जल रिचार्ज स्ट्रक्चर बनाने की मांग, पर्यावरणविद् डॉ. प्रशांत सिनकर ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

    Permeable Road Shoulders Groundwater Recharge Proposal : कंक्रीट सड़कों के किनारे जल रिचार्ज स्ट्रक्चर बनाने की मांग, पर्यावरणविद् डॉ. प्रशांत सिनकर ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

    ठाणे। राज्य में तेजी से बन रही सीमेंट-कंक्रीट सड़कों के कारण वर्षा जल का प्राकृतिक रूप से जमीन में समावेश कम होता जा रहा है, जिससे बाढ़, भूजल स्तर में गिरावट, टैंकरों पर बढ़ती निर्भरता और शहरी गर्मी जैसी समस्याएं गंभीर होती जा रही हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए सीमेंट-कंक्रीट सड़कों के किनारे पानी सोखने वाले पारगम्य (परमीएबल) स्ट्रक्चर विकसित करने की मांग उठी है(Permeable Road Shoulders Groundwater Recharge Proposal)। इस संबंध में पर्यावरणविद् डॉ. प्रशांत सिनकर ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को ज्ञापन सौंपकर राज्य सरकार से नीति बनाने का आग्रह किया है।

    ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में सड़कों के दोनों ओर बने फुटपाथ, साइड शोल्डर और सार्वजनिक क्षेत्र पूरी तरह कंक्रीट से ढके होने के कारण वर्षा का अधिकांश पानी सीधे नालियों में बह जाता है। इससे मानसून के दौरान जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनती है, जबकि गर्मियों में भूजल स्तर गिरने से पानी के लिए टैंकरों पर निर्भरता बढ़ जाती है।

    प्रस्ताव में सुझाव दिया गया है कि सड़कों के किनारे पारगम्य इंटरलॉकिंग ब्लॉक, कुचले हुए पत्थर, बजरी, गिट्टी और रेत जैसी जल सोखने वाली परतों का उपयोग किया जाए, जिससे वर्षा जल जमीन में समाहित होकर भूजल रिचार्ज को बढ़ा सके। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे जलभराव कम होगा, भूजल स्तर सुधरेगा, टैंकरों पर निर्भरता घटेगी और शहरी क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।

    ज्ञापन में सार्वजनिक निर्माण विभाग, शहरी विकास विभाग, जल संसाधन विभाग और भूजल सर्वेक्षण विभाग से इस अवधारणा का तकनीकी अध्ययन कराने तथा पहले चुनिंदा शहरों में पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने की मांग की गई है। इसके बाद सभी नए सीमेंट-कंक्रीट सड़क परियोजनाओं और सार्वजनिक विकास कार्यों में ऐसे जल रिचार्ज स्ट्रक्चर को अनिवार्य रूप से शामिल करने का सुझाव दिया गया है।

    पर्यावरणविद् डॉ. प्रशांत सिनकर का कहना है कि यदि सड़कों के किनारे जल सोखने वाले ढांचे विकसित किए जाएं तो लाखों लीटर वर्षा जल सीधे जमीन में समा सकेगा। इससे ‘बाढ़ से टैंकर’ के दुष्चक्र को रोकने के साथ-साथ जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को भी बढ़ावा मिलेगा।

  • Thane Ghodbunder Road Gas Tanker Accident: घोड़बंदर रोड पर गैस टैंकर रिक्शा पर पलटा, चालक समेत दो की मौत

    Thane Ghodbunder Road Gas Tanker Accident: घोड़बंदर रोड पर गैस टैंकर रिक्शा पर पलटा, चालक समेत दो की मौत

    ठाणे। ठाणे के घोड़बंदर रोड पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में गैस टैंकर के ऑटो रिक्शा पर पलट जाने से रिक्शा चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12:45 बजे डी-मार्ट, आनंदनगर, घोड़बंदर रोड के सामने एक गैस टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर ऑटो रिक्शा पर पलट गया। हादसे के समय रिक्शा में चालक सहित दो यात्री सवार थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि रिक्शा चालक दशरथ राणाजी पवार (निवासी जय भीम नगर, कलवा) और यात्री मोहम्मद अमीन (मूल निवासी सरलगंज, उत्तर प्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई।

    हादसे में गंभीर रूप से घायल यात्री अमजीत अंसारी को तत्काल उपचार के लिए ओवाला स्थित वेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

    सूचना मिलते ही पुलिस, यातायात शाखा और बचाव दल मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से गैस टैंकर को हटाकर सड़क से किनारे किया गया, जिसके बाद घोड़बंदर रोड पर यातायात सामान्य कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

  • Thane rain tree fall incidents woman seriously injured: ठाणे में बारिश थमी लेकिन पेड़ गिरने की घटनाएं जारी; युवती घायल

    Thane rain tree fall incidents woman seriously injured: ठाणे में बारिश थमी लेकिन पेड़ गिरने की घटनाएं जारी; युवती घायल

    ठाणे। ठाणे में मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद बुधवार को मौसम में कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन शहर में पेड़ गिरने और जलभराव की घटनाएं लगातार सामने आती रहीं। वागले एस्टेट क्षेत्र में पेड़ गिरने से 25 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि शहर के कई इलाकों में पेड़ गिरने और जलभराव के कारण जनजीवन प्रभावित रहा।

    Thane rain tree fall incidents woman seriously injured

    ठाणे आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार मंगलवार शाम 6:30 बजे तक शहर में 61.94 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि पिछले 24 घंटों में कुल 111.91 मिमी बारिश हुई। इस मानसून सीजन में अब तक ठाणे में 1331.17 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है, जो पिछले वर्षों की तुलना में अधिक है।

    वागले एस्टेट निवासी 25 वर्षीय दृष्टि कदम यशोधन नगर अस्पताल के सामने पैदल जा रही थीं, तभी अचानक एक बड़ा पेड़ उनके ऊपर गिर गया। हादसे में उनकी पीठ पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल जुपिटर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना में एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।

    बारिश के दौरान मुंब्रा के अमृत नगर स्थित चांदनी बिल्डिंग की गोलाकार गैलरी का हिस्सा भी ढह गया। वहीं काशीनाथ घाणेकर थिएटर के पास एडेलवुड कॉम्प्लेक्स रोड पर जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ। फ्लावर वैली की सर्विस रोड, गोखले रोड स्थित डाकघर के पास, बानाचापाड़ा और नौपाड़ा समेत कई स्थानों पर बड़े पेड़ गिरने या खतरनाक स्थिति में पाए गए, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

    ठाणे आपदा प्रबंधन विभाग और संबंधित एजेंसियां लगातार संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर रही हैं तथा नागरिकों से खराब मौसम के दौरान जर्जर पेड़ों और असुरक्षित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

  • Free Eye Checkup:ठाणे पुलिस में मधुमेह मरीजों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर

    Free Eye Checkup:ठाणे पुलिस में मधुमेह मरीजों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर

    ठाणे। ठाणे पुलिस आयुक्तालय के अधीन संचालित पुलिस औषधालय में मधुमेह से पीड़ित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए शनिवार को निःशुल्क नेत्र जांच शिविर (Free Eye Checkup camp) का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 54 पुलिसकर्मियों ने अपनी आंखों की जांच कराई, जिनमें से नौ में विभिन्न नेत्र संबंधी समस्याएं पाई गईं।

    शिविर में वरिष्ठ नेत्र शल्य चिकित्सक एवं रेटिना विशेषज्ञ डॉ. शाहनवाज काजी ने मरीजों की जांच की। इस दौरान रक्त शर्करा, दृष्टि परीक्षण, ग्लूकोमा, मोतियाबिंद तथा डायबिटिक रेटिनोपैथी सहित आंखों से जुड़ी विभिन्न जांचें की गईं। विशेषज्ञों ने बताया कि मधुमेह के मरीज यदि समय पर आंखों की जांच और उपचार नहीं कराते हैं, तो उनकी दृष्टि स्थायी रूप से प्रभावित हो सकती है।

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ड्यूटी की व्यस्तता के कारण अधिकांश पुलिसकर्मी नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष शिविर पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे के मार्गदर्शन में डॉ. माधव वाघमारे, चिकित्सा अधिकारी, पुलिस अस्पताल, ठाणे द्वारा आयोजित किया गया।

    दिनभर भारी बारिश के बावजूद 54 पुलिसकर्मियों ने शिविर का लाभ उठाया। जांच के दौरान नौ पुलिसकर्मियों में विभिन्न नेत्र रोगों के लक्षण पाए गए, जिन्हें आगे के उपचार और नियमित फॉलो-अप की सलाह दी गई।

    शिविर के सफल आयोजन में अब्बास दमानिया ने विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ समन्वय किया, जबकि शीतल नानकर, रमेश जाधव, खुशाल सुखदारे, रिया उत्तेकर, पूजा पवार और सायली ने सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. माधव वाघमारे ने डॉ. शाहनवाज काजी और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।

  • Balcony Slab Collapse:मुंबई में लगातार बारिश से इमारत की बालकनी का गिरा स्लैब, युवक घायल

    Balcony Slab Collapse:मुंबई में लगातार बारिश से इमारत की बालकनी का गिरा स्लैब, युवक घायल

    मुंब्रा। लगातार पांच दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच मुंब्रा के अमृत नगर स्थित चांदनी अपार्टमेंट में मंगलवार शाम बड़ा हादसा हो गया। इमारत की तीसरी मंजिल की बालकनी का स्लैब अचानक भरभराकर नीचे गिर गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।

    जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 5 बजे बालकनी का स्लैब नीचे मौजूद दुकानों के शेड और एक मोमोज के ठेले पर गिर गया। इस दौरान ठेले पर काम कर रहे 24 वर्षीय अब्दुल रहीम शेख गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

    घटना की सूचना मिलते ही मुंब्रा पुलिस, अग्निशमन दल और ठाणे महानगरपालिका (टीएमसी) की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर पूरी इमारत को खाली कराकर सील कर दिया गया है।

    टीएमसी के सहायक आयुक्त विजय कावले ने बताया कि इमारत का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया जाएगा, ताकि उसकी सुरक्षा का आकलन किया जा सके। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल भी जाना। फिलहाल घायल की हालत में सुधार बताया जा रहा है और उसे आगे के उपचार के लिए कलवा स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    लगातार हो रही बारिश के बीच इस घटना ने एक बार फिर जर्जर इमारतों की सुरक्षा और समय पर स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने की आवश्यकता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

  • तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार का कहर, एक की मौत, 12 घायल

    तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार का कहर, एक की मौत, 12 घायल

    नवी मुंबई। नवी मुंबई के तळोजा फेज-1 इलाके में मंगलवार को तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार के अनियंत्रित होकर कई वाहनों से टकराने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार ने सड़क पर चल रही चार से पांच गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

    हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर घटनास्थल का पंचनामा किया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

    इस हादसे के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें दुर्घटना के बाद का भयावह दृश्य दिखाई दे रहा है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ा कोई वीडियो या अन्य जानकारी हो तो जांच में सहयोग करें। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

  • Mahayuti Government Mired in Corruption:भ्रष्टाचार में डूबी महायुति सरकार सभी बड़े प्रोजेक्ट्स पर श्वेतपत्र जारी करे : हर्षवर्धन सपकाल

    Mahayuti Government Mired in Corruption:भ्रष्टाचार में डूबी महायुति सरकार सभी बड़े प्रोजेक्ट्स पर श्वेतपत्र जारी करे : हर्षवर्धन सपकाल

    मुंबई/जलगांव। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने महायुति सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ठेकेदारों और कमीशनखोरी के सहारे चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि समृद्धि महामार्ग परियोजना में करीब 20 हजार करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार हुआ है और इसी धन का उपयोग राजनीतिक दलों को तोड़ने के लिए किया गया। उन्होंने मांग की कि महायुति सरकार अपने कार्यकाल में शुरू किए गए सभी बड़े प्रोजेक्ट्स पर श्वेतपत्र जारी करे।

    Mahayuti Government Mired in Corruption, Release White Paper on All Major Projects: Harshvardhan Sapkal

    जलगांव में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मधुकराव चौधरी की प्रतिमा के अनावरण समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सपकाल ने कहा कि पिछले छह दिनों की भारी बारिश के दौरान हुई मौतें और जनजीवन की बदहाली सरकार की प्रशासनिक विफलता का परिणाम हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल बस पर पेड़ गिरने, खुले मैनहोल में गिरने सहित विभिन्न घटनाओं में हुई मौतों के लिए सरकार जिम्मेदार है और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।

    मुख्यमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सपकाल ने कहा कि नासिक में बादल फटने की आशंका बताकर सरकार ने स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित की थी, लेकिन बाद में यह दावा गलत साबित हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के आंदोलन को रोकने के लिए इस तरह की अफवाह फैलाई गई। सपकाल ने मुख्यमंत्री फडणवीस को “देश का सबसे बड़ा झूठा नेता” बताते हुए कहा कि अलग विदर्भ, धनगर आरक्षण, मराठा आरक्षण, अजित पवार के साथ गठबंधन नहीं करने और लाडली बहन योजना के तहत 2500 रुपये देने जैसे कई वादे पूरे नहीं किए गए।

    शरद पवार की पार्टी के संभावित विलय की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी किसी प्रक्रिया की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ लड़ने वाली सभी विपक्षी ताकतों को एकजुट होना चाहिए और कांग्रेस इसी सोच के साथ आगे बढ़ रही है। सपकाल ने दावा किया कि देश में भाजपा का प्रभावी मुकाबला करने की क्षमता केवल कांग्रेस के पास है।