Category: BNCMC

  • प्रजा फाउंडेशन ने महाराष्ट्र नगरपालिका चुनाव 2025 के लिए जारी किया नागरिक घोषणापत्र

    प्रजा फाउंडेशन ने महाराष्ट्र नगरपालिका चुनाव 2025 के लिए जारी किया नागरिक घोषणापत्र

    मुंबई। प्रजा फाउंडेशन ने 2 दिसंबर, 2025 को महाराष्ट्र नगरपालिकाओं के आगामी चुनाव 2025 के लिए नागरिक घोषणापत्र का जारी किया। यह घोषणापत्र सेवा वितरण में सुधार, पारदर्शी शासन, डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से नागरिक भागीदारी और नगरपालिका क्षमता को मजबूत करने पर केंद्रित है।

    घोषणापत्र में नगर निगमों को पूर्ण अधिकार देने, सेवा मानक तय करने, वास्तविक पारदर्शिता सुनिश्चित करने, नागरिकों की आवाज़ को सक्षम बनाने और डिजिटल रूप से सशक्त वार्ड समितियों के साथ प्रशासनिक सुधार लागू करने जैसी पांच प्रमुख प्राथमिकताओं को रेखांकित किया गया है।

    प्रजा फाउंडेशन के संस्थापक निताई मेहता और सी.ई.ओ. मिलिंद म्हस्के ने बताया कि यह घोषणापत्र पारदर्शी और जिम्मेदार स्थानीय शासन को बढ़ावा देने के लिए राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के लिए एक प्रतिज्ञा है। अनुसंधान प्रबंधक आसिफ खान ने कहा कि इसमें सेवा स्तर, त्रैमासिक रिपोर्ट, अपशिष्ट प्रबंधन और मानसून भेद्यता मानचित्रण जैसी व्यवस्थाओं के माध्यम से शहरी जीवन की गुणवत्ता सुधारने की रूपरेखा दी गई है।

  • MIDC fire system failed: सरवली गोवा एम.आई.डी.सी. में डाइंग कंपनी में भीषण आग, करोड़ों का नुकसान

    MIDC fire system failed: सरवली गोवा एम.आई.डी.सी. में डाइंग कंपनी में भीषण आग, करोड़ों का नुकसान

    भिवंडी: भिवंडी-कल्याण रोड पर स्थित सरवली गोवा एम.आई.डी.सी. परिसर में शुक्रवार सुबह एक भीषण आग लगने की घटना सामने आई। यह आग मंगलमूर्ति डाइंग नामक कपड़ा रंगाई कंपनी में सुबह करीब 9 बजे लगी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।

    तीन मंजिला इस डाइंग कंपनी की दूसरी और तीसरी मंजिल पर बड़ी मात्रा में कच्चा माल और रंगा हुआ कपड़ा रखा हुआ था। आग लगते ही यह सामग्री भयंकर रूप से सुलग उठी और पूरी इमारत लपटों से घिर गई।

    सूचना मिलते ही भिवंडी अग्निशमन दल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि, सुरक्षा कारणों से पूरे एम.आई.डी.सी. क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिसके कारण पानी की भारी कमी उत्पन्न हो गई।

    स्थानीय एम.आई.डी.सी. की फायर फाइटिंग सिस्टम भी निष्क्रिय साबित हुई। बताया जा रहा है कि जनरेटर से वैकल्पिक बिजली आपूर्ति की कोई व्यवस्था नहीं थी, जिससे आग बुझाने के प्रयासों में गंभीर बाधा आई।

    आग की तीव्रता को देखते हुए, कल्याण, उल्हासनगर और ठाणे अग्निशमन दलों की अतिरिक्त गाड़ियां भी मौके पर बुलाई गईं। इस बीच, कोनगांव पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से भिवंडी-कल्याण रोड को यातायात के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया।

    हालांकि, इस हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन कंपनी को करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों की जांच फिलहाल जारी है।

  • Vande Mataram: वंदे मातरम्’ गीत भविष्य में भी प्रेरणादायक रहेगा: एड. प्रबोध जयवंत

    Vande Mataram: वंदे मातरम्’ गीत भविष्य में भी प्रेरणादायक रहेगा: एड. प्रबोध जयवंत

    भिवंडी: ‘वंदे मातरम्’ गीत के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भिवंडी के छत्रपति शिवाजी महाराज मैदान पर एक भव्य सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसीलदार अभिजीत खोले ने की, जिसमें संत कबीर औद्योगिक विद्यालय और नगर पालिका विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

    कार्यक्रम में पूर्व विधायक रुपेश म्हात्रे, स्वामी स्वरूपानंद, पूर्व शिक्षा समिति सभापति सुंदर नाईक, नायब तहसीलदार आदेश म्हात्रे, पंचायत समिति गटशिक्षणाधिकारी संजय अस्वले, समाज कल्याण विभाग प्रमुख मिलिंद पळसूले, मनपा शिक्षा प्रशासनाधिकारी सौदागर शिखरे सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

    इस अवसर पर एडवोकेट प्रबोध जयवंत ने कहा कि “वंदे मातरम् गीत में कश्मीर से कन्याकुमारी तक की अखंड भारत की छवि दिखाई देती है। 1905 के वंगभंग आंदोलन के समय इस गीत ने देश को एक सूत्र में बांधा था, और आज भी यह राष्ट्र की एकता और रक्षा के लिए प्रेरणा देता है।” उन्होंने बताया कि अंग्रेज शासन के दौरान भी ‘वंदे मातरम्’ शब्द का खौफ था, क्योंकि यह शब्द देशभक्ति की अग्नि को प्रज्वलित करता था।

    कार्यक्रम के अध्यक्ष अभिजीत खोले ने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह शासकीय उपक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा, “‘वंदे मातरम्’ के ये दो शब्द हमारी विविधता में एकता और राष्ट्र निर्माण की भावना का प्रतीक हैं।”

    इस मौके पर भादवड आईटीआई के छात्रों ने ‘वंदे मातरम्’ विषय पर प्रभावी पथनाट्य प्रस्तुत कर समा बाँध दिया।

    इसी क्रम में, भिवंडी महानगरपालिका मुख्यालय में भी गुरुवार को सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन संपन्न हुआ। महाराष्ट्र शासन के पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग के आदेशानुसार, तथा मनपा प्रशासक व आयुक्त अनमोल सागर के निर्देशों के तहत यह आयोजन उपायुक्त विक्रम दराडे की अध्यक्षता में हुआ।

    इस अवसर पर उपायुक्त (कर) बालकृष्ण क्षीरसागर, शहर अभियंता जमील पटेल, मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संदीप गाडेकर, सहायक आयुक्त अजित महाडी, अतिरिक्त अभियंता सचिन नाइक सहित सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। शहर के सभी प्रभाग समिति कार्यालयों और स्कूलों में भी सामूहिक गायन कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

  • National Unity:भिवंडी मनपा ने सरदार पटेल और इंदिरा गांधी को दी श्रद्धांजलि, अधिकारियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ

    National Unity:भिवंडी मनपा ने सरदार पटेल और इंदिरा गांधी को दी श्रद्धांजलि, अधिकारियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ

    भिवंडी: भिवंडी महानगरपालिका ने मंगलवार को स्वर्गीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया। मनपा की नई प्रशासनिक इमारत के तल मंजिला सभागार में हुए इस कार्यक्रम में उपायुक्त (मुख्यालय) विक्रम दराडे और लेखा एवं वित्त अधिकारी रामप्रसाद सोलंके ने दोनों महान नेताओं के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

    इसके बाद प्रभाग समिति एक के सहायक आयुक्त मकसुम शेख और कार्यालय अधीक्षक लक्ष्मण कोंकणी ने आईजीएम अस्पताल परिसर में स्थित स्वर्गीय इंदिरा गांधी की अर्ध-प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।

    कार्यक्रम के दौरान सरदार पटेल की जयंती को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर उपायुक्त विक्रम दराडे ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि “सरदार पटेल के आदर्शों से हमें प्रेरणा लेकर देश की एकता और सामूहिक प्रगति के लिए समर्पित रहना चाहिए।”

    इस मौके पर शहर अभियंता जमील पटेल, कर निर्धारण अधिकारी सुधीर गुरव, स्थापना विभाग प्रमुख दीपिका ठाकरे, नगर विकास अधिकारी समीर जावरे, वाहन प्रबंधक प्रशांत सांख्य, तथा बारानिशी विभाग प्रमुख सुरेखा पावड़े सहित अनेक मनपा अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

    भिवंडी मनपा का यह आयोजन न केवल दोनों महान नेताओं के योगदान को स्मरण करने का अवसर बना, बल्कि शहर में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को भी मजबूत करने वाला कार्यक्रम साबित हुआ।

  • BULLET TRAIN: भिवंडी के 14 गांवों के किसानों को बुलेट ट्रेन की तर्ज पर मिलेगा मुआवज़ा

    BULLET TRAIN: भिवंडी के 14 गांवों के किसानों को बुलेट ट्रेन की तर्ज पर मिलेगा मुआवज़ा

    भिवंडी: विरार-अलीबाग कॉरिडोर परियोजना के लिए अधिग्रहित भिवंडी तालुका के 14 गांवों के किसानों के लिए एक बड़ी राहत की खबर आई है। अब इन किसानों को बुलेट ट्रेन परियोजना की तर्ज पर गुणांक 2 के अनुसार मुआवज़ा दिया जाएगा। महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने इस संबंध में जिलाधिकारी श्रीकृष्ण पांचाल को प्रस्ताव तैयार कर महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास महामंडल (MSRDC) को भेजने के निर्देश दिए हैं।

    यह फैसला लंबे समय से मुआवज़े में असमानता को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों के लिए ऐतिहासिक जीत माना जा रहा है।

    14 गांवों के किसानों को मिला न्याय

    भिवंडी तालुका के अंजुर, दिवे अंजुर, आलिमघर, भरोडी, केवणी, कशेळी, काल्हेर, कोपर, डुंगे, वडुनवघर, खारबाव, मालोडी, पाये और पायगाव जैसे गांवों की जमीन विरार-अलीबाग कॉरिडोर परियोजना के लिए अधिग्रहित की गई थी। किसानों का आरोप था कि एक ही गांव में दो अलग-अलग दरों — गुणांक 1 और गुणांक 2 — पर मुआवज़ा तय किया गया था, जिससे असमानता और असंतोष बढ़ गया था।

    अब राजस्व विभाग ने निर्णय लिया है कि सभी किसानों को बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के समान गुणांक 2 के हिसाब से मुआवज़ा दिया जाएगा। इसके साथ ही यह भी तय किया गया है कि भूदान समिति के नाम दर्ज ज़मीनों पर वर्षों से खेती करने वाले किसानों को 90% मुआवज़ा दिया जाएगा, जबकि राज्य सरकार को केवल 10% हिस्सा मिलेगा।

    पहले यह अनुपात 60:40 था, जिसके खिलाफ किसान लगातार संघर्षरत थे।

    बैठक में हुआ अहम निर्णय

    यह निर्णय मंत्रालय में आयोजित विशेष बैठक के दौरान लिया गया, जिसकी अध्यक्षता राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने की। बैठक में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कपिल पाटिल, ज़िला परिषद के पूर्व सदस्य देवेश पाटिल, सुधाकर म्हात्रे, वैजयंती पाटील, मयुर पाटिल, संजय म्हात्रे, प्रदीप म्हात्रे समेत कई किसान प्रतिनिधि उपस्थित थे।
    जिलाधिकारी श्रीकृष्ण पांचाल ने बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।

    किसानों ने इस निर्णय को अपनी “वर्षों की मेहनत और संघर्ष की जीत” बताया, जबकि कपिल पाटिल ने कहा —

    “यह निर्णय भिवंडी तालुका के किसानों के लिए ऐतिहासिक जीत है। सरकार के इस कदम से अब किसानों को न्याय और सम्मान दोनों मिलेगा।”

  • भाजपा महायुति सरकार के खिलाफ कांग्रेस का 20 अक्टूबर को पूरे राज्य में ‘पिठला-भाखर आंदोलन’

    भाजपा महायुति सरकार के खिलाफ कांग्रेस का 20 अक्टूबर को पूरे राज्य में ‘पिठला-भाखर आंदोलन’

    मुंबई। महाराष्ट्र में किसानों की दुर्दशा और सरकार की नीतियों के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने 20 अक्टूबर को पूरे राज्य में ‘पिठला-भाखर आंदोलन’ करने की घोषणा की है। इस दिन कांग्रेस कार्यकर्ता किसानों के साथ बैठकर पिठला-भाखर और ठेचा खाएंगे और भाजपा महायुति सरकार की किसान-विरोधी नीतियों का विरोध दर्ज कराएंगे।

    कांग्रेस ने कहा है कि अतिवृष्टि के कारण राज्य के 30 जिलों के 350 तालुकों में लाखों एकड़ फसलें बर्बाद हो गई हैं। किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है, लेकिन सरकार ने जो राहत पैकेज घोषित किया है, वह बेहद कमज़ोर और भ्रामक है। पार्टी का कहना है कि सरकार ने केवल पुरानी योजनाओं को जोड़कर 32,000 करोड़ रुपये का “फसवा पैकेज” घोषित किया है, जिससे किसानों को कोई वास्तविक सहायता नहीं मिली है।

    कांग्रेस ने मांग की थी कि किसानों को प्रति हेक्टेयर 50,000 रुपये, जबकि पूरी तरह बह गई जमीन के लिए प्रति हेक्टेयर 5 लाख रुपये की सहायता और साथ ही पूर्ण कर्जमाफी दी जाए। लेकिन सरकार ने इन मांगों को नज़रअंदाज़ कर दिया है।

    कांग्रेस नेताओं ने कहा कि “देश का अन्नदाता इस दिवाली पर काली दिवाली मना रहा है और इसके लिए पूरी तरह भाजपा महायुति सरकार ज़िम्मेदार है।” पार्टी ने घोषणा की कि यह आंदोलन राज्य के हर ज़िले, हर तालुके और हर गांव में एक साथ आयोजित किया जाएगा ताकि किसानों की आवाज़ सरकार तक पहुंचाई जा सके।

  • Election: भिवंडी में जिला परिषद चुनाव के लिए शिवसेना का सम्मेलन संपन्न

    Election: भिवंडी में जिला परिषद चुनाव के लिए शिवसेना का सम्मेलन संपन्न

    भिवंडी। आगामी पंचायत समिति और ठाणे जिला परिषद चुनावों की तैयारियाँ जोर पकड़ रही हैं। इसी कड़ी में शिवसेना ने अपने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के लिए सम्मेलन का आयोजन किया। यह कार्यक्रम नाशिक रोड स्थित शांग्रीला होटल में आयोजित किया गया।

    सम्मेलन का आयोजन शिवसेना पक्ष प्रमुख और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आदेशानुसार और सांसद श्रीकांत शिंदे के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर शिवसेना नेता प्रकाश पाटील, ठाणे ग्रामीण जिलाध्यक्ष देवानंद थले, विधायक शांताराम मोरे, पूर्व विधायक रूपेश म्हात्रे, लोकसभा संपर्क प्रमुख मदनबुवा नाईक, उपनेता अरुण पाटील, मोनिकाताई पालवे सहित युवा सेना और महिला आघाडी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

    सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों में महायुति के माध्यम से जीत हासिल करने के लिए मार्गदर्शन दिया गया। कार्यकर्ताओं से अपने-अपने गुटों के युवा और महिला मतदाताओं के साथ संवाद स्थापित कर सक्रियता से काम करने का आह्वान किया गया।

    इस अवसर पर विधायक शांताराम मोरे, मदन नाईक सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी मार्गदर्शन दिया। सम्मेलन में कोनगांव, पडघा, कशेली, अंबाडी, राहनाल, अंजूर, पिंपलास, काल्हेर, अनगांव जैसे विभिन्न गांवों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। पार्टी के नेताओं ने कार्यकर्ताओं से ठाणे जिला परिषद में महायुति का झंडा फहराने के लिए पूरी तैयारी रखने का संदेश दिया।

  • Seat Reservation: ज़िला परिषद, पंचायत समिति की मसौदा मतदाता सूची जारी; सोमवार को जारी होगा आरक्षण सूची

    Seat Reservation: ज़िला परिषद, पंचायत समिति की मसौदा मतदाता सूची जारी; सोमवार को जारी होगा आरक्षण सूची

    भिवंडी | प्रतिनिधि

    भिवंडी तालुका में ज़िला परिषद और पंचायत समिति चुनावों की प्रक्रिया अब तेज़ हो गई है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, भिवंडी तालुका के 21 ज़िला परिषद गटों और 42 पंचायत समिति निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मसौदा मतदाता सूचियां 8 अक्टूबर को जारी की गई हैं।

    तहसीलदार अभिजीत खोले ने जानकारी दी कि ये मतदाता सूचियां राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और आम नागरिकों के अवलोकन के लिए तहसील कार्यालय में निवासी नायब तहसीलदार के कक्ष में उपलब्ध हैं।

    मतदाता सूची में किसी भी त्रुटि या आपत्ति को 14 अक्टूबर तक कार्यालयीन समय में दर्ज कराया जा सकता है। तहसीलदार खोले ने नागरिकों से अपील की है कि वे समयसीमा के भीतर अपनी आपत्तियां या सुझाव तहसील कार्यालय में लिखित रूप में जमा करें।


    आरक्षण की लॉटरी सोमवार को

    इसके अलावा, भिवंडी पंचायत समिति के 42 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया सोमवार, 13 अक्टूबर को सुबह 11 बजे निकाली जाएगी।

    यह लॉटरी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों के निर्धारण हेतु वऱ्हाळ देवी माता मंगल भवन, कामतघर में आयोजित होगी।

    तहसीलदार अभिजीत खोले ने नागरिकों और राजनीतिक प्रतिनिधियों से इस आरक्षण प्रक्रिया में उपस्थित रहने की अपील की है, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके।

  • Best Teacher Award: भिवंडी तालुका स्तरीय आदर्श शिक्षक सम्मान समारोह संपन्न, सांसद बाल्या मामा ने जताई नाराजगी

    Best Teacher Award: भिवंडी तालुका स्तरीय आदर्श शिक्षक सम्मान समारोह संपन्न, सांसद बाल्या मामा ने जताई नाराजगी

    भिवंडी | प्रतिनिधि

    भिवंडी पंचायत समिति शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित तालुका स्तरीय गुणवंत शिक्षक सम्मान समारोह शहर में धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भिवंडी के सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ बाल्या मामा उपस्थित थे।

    इस अवसर पर पंचायत समिति के पूर्व सभापति महादेव घरत, विकास भोईर, गट विकास अधिकारी गोविंद खामकर, गट शिक्षा अधिकारी संजय अस्वले समेत अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम में तालुका के लगभग 900 शिक्षकों में से 10 आदर्श शिक्षकों को सम्मानित किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री मेरी शाला सुंदर शाला वर्ष 2023-24 के अंतर्गत तीन सरकारी और तीन निजी प्रबंधन स्कूलों को पुरस्कार प्रदान किए गए। जिला परिषद देवरुंग स्कूल को आदर्श शाला पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

    सम्मानित शिक्षकों में संदीप लडकू मांजे, अर्चना दीपक डेगाणे, श्रद्धा शरद पाटील, पुष्पा परशुराम थोरात, छाया लक्ष्मण जाधव, जफर अहमद हुसेन मुजावर, शांताराम कुशा पवार, संदीप रामदास पाटील, विश्वास काथोड जाधव और मेघाली शशिकांत चौधरी शामिल रहे।
    इसके अलावा जिला आदर्श पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका पुष्पावती तुकाराम भोईर, आदर्श केंद्र प्रमुख प्रिया प्रकाश पाटील, और आदर्श विषय विशेषज्ञ योगिता पुंडलिक चौधरी को भी सम्मानित किया गया।

    मुख्यमंत्री स्वच्छ सुंदर शाला स्पर्धा में क्रमशः प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालय — जिला परिषद शाला खंबाळे, जिला परिषद शाला सोनाळे, परिषद शाला कुसापूर, तथा निजी प्रबंधन श्रेणी में बी.बी. पाटील विद्यालय (कुरुंद), कन्या विद्यालय (वज्रेश्वरी) और आश्रम शाला (शिरोळे) को भी पुरस्कृत किया गया।

    “कमीशन के लालच में इमारतें बन रही हैं, शिक्षक नहीं रखे जा रहे” — सांसद बाल्या मामा

    सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ बाल्या मामा ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार विद्यालय भवनों की मरम्मत और निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन शिक्षकों की नियुक्ति को नजरअंदाज किया जा रहा है।
    उन्होंने तीखे शब्दों में कहा — “सरकारी मशीनरी कमीशन के लालच में इमारतें बना रही है, पर बच्चों को पढ़ाने वाले शिक्षक नहीं हैं। 308 ज़िला परिषद स्कूलों में 195 शिक्षकों की कमी है। जब तक यह स्थिति नहीं सुधरती, शिक्षा का स्तर नहीं उठेगा।”

    उन्होंने आगे कहा कि वे इस मुद्दे पर सरकार से व्यक्तिगत रूप से फॉलोअप करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर अपने व्यक्तिगत खर्च से मानदेय पर शिक्षकों की व्यवस्था करने के लिए भी तैयार हैं।

  • Swabhimaan Shree: स्वाभिमान श्री अंतर-स्कूली वक्तृत्व स्पर्धा संपन्न, विद्यार्थ्यांचा उत्साहपूर्ण सहभाग

    Swabhimaan Shree: स्वाभिमान श्री अंतर-स्कूली वक्तृत्व स्पर्धा संपन्न, विद्यार्थ्यांचा उत्साहपूर्ण सहभाग

    भिवंडी | संजय दुबे

    अभिजात मराठी भाषा सप्ताह के अवसर पर स्वाभिमान सेवा संस्था की ओर से आयोजित ‘स्वाभिमान श्री अंतर-स्कूली वक्तृत्व प्रतियोगिता’ संस्था के संस्थापक संतोष शेट्टी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर पद्मश्री अण्णासाहेब जाधव विद्यालय के स्व. पुष्पलता जाधव सभागार में संपन्न हुई।

    कार्यक्रम का उद्घाटन भिवंडी नगर पालिका के अतिरिक्त आयुक्त विट्ठल डाके के शुभहस्तों से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर संस्थापक संतोष शेट्टी, संस्था के अध्यक्ष हसमुख पटेल, विद्यालय के प्राचार्य सुधीर घागस, बीएनएन कॉलेज के उपप्राचार्य डी.एल. अहिरे, नगर पालिका जनसंपर्क अधिकारी श्रीकांत परदेशी, सहायक आयुक्त सुरेंद्र गुळवी, तथा पूर्व शहर अभियंता एल.पी. गायकवाड प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

    अतिरिक्त आयुक्त विट्ठल डाके ने अपने संबोधन में कहा कि “हजारों वर्षों की परंपरा से समृद्ध मराठी भाषा का प्रचार-प्रसार और दैनिक उपयोग बढ़ाना हम सबकी जिम्मेदारी है।” वहीं, संस्थापक संतोष शेट्टी ने कहा कि “भले ही मेरी मातृभाषा मराठी नहीं है, पर महाराष्ट्र मेरी कर्मभूमि है। अटक-अटक कर मराठी बोलने में जो आनंद है, वह किसी और भाषा में नहीं। संस्था मराठी भाषा के संवर्धन में अपना योगदान देती रहेगी।”

    कार्यक्रम में मिलिंद पळसुले, सुज्योती वल्लाळ, शंकर जाधव और रमाकांत विसपुते निर्णायक मंडल में शामिल रहे। प्रतियोगिता में कुल 38 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिन्हें दो समूहों—‘अ गट’ (कक्षा 5वीं से 8वीं) और ‘ब गट’ (कक्षा 9वीं से 12वीं) में विभाजित किया गया था।

    प्रतियोगिता के विषय ‘मराठी भाषेचे वैभव’, ‘मराठी माझी मायबोली’, ‘संत साहित्याची परंपरा मराठीचा आत्मा’ आदि रहे, जिन पर विद्यार्थियों ने जोशपूर्ण वकृत्व सादर किया।

    विजेता विद्यार्थी:

    • अ गट: प्रथम — कस्तुरी श्रीनाथ भंडारी (पद्मश्री अण्णासाहेब जाधव विद्यालय)
      द्वितीय — आराध्य करले (एनईएस स्कूल)
      तृतीय — मनहा जमीर शेख (पद्मश्री अण्णासाहेब जाधव विद्यालय)
      प्रोत्साहन — शेख मोहम्मद जकी शाकीर (रईस उर्दू हाईस्कूल)
    • ब गट: प्रथम — कार्तिकी ज्ञानेश्वर पाटील (बीएनएन कॉलेज)
      द्वितीय — आकांक्षा विजय संककाळ (पद्मश्री अण्णासाहेब जाधव कनिष्ठ महाविद्यालय)
      तृतीय — प्रतीक्षा गायकवाड (बीएनएन कॉलेज)
      प्रोत्साहन — अरबाज असीम पिंजारी (दादासाहेब दांडेकर विद्यालय)

    विजेताओं को संस्थापक संतोष शेट्टी और अध्यक्ष हसमुख पटेल के हाथों से नकद पुरस्कार, सम्मानपत्र और स्मृति चिन्ह देकर गौरवित किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में सुधीर घागस, डी.एल. अहिरे, मानसी राजे, संजय भोईर और अभिजीत म्हसकर का विशेष योगदान रहा।