Category: BNCMC

  • Fake Doctor Booked in Bhiwandi: भिवंडी में फर्जी डॉक्टर पर केस, बिना डिग्री चला रहा था क्लिनिक

    Fake Doctor Booked in Bhiwandi: भिवंडी में फर्जी डॉक्टर पर केस, बिना डिग्री चला रहा था क्लिनिक

    मान्यता प्राप्त चिकित्सकीय योग्यता के बिना मरीजों का इलाज करने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मामला

    भिवंडी। भिवंडी शहर पुलिस ने बिना मान्यता प्राप्त चिकित्सकीय डिग्री और वैध पंजीकरण के मरीजों का इलाज करने के आरोप में एक कथित फर्जी डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका के चिकित्सा अधिकारी की शिकायत के आधार पर की गई।

    पुलिस के अनुसार, भिवंडी मनपा के चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजकुमार रामनारायण शर्मा की शिकायत पर कामतघर निवासी डॉ. विजयप्रताप तिलकधारी यादव (67) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि वह अशरफिया चौक, नेहरूनगर, नविवस्ती स्थित अपने ‘यादव क्लिनिक’ में बिना किसी मान्यता प्राप्त चिकित्सकीय डिग्री और आवश्यक पंजीकरण के मरीजों का उपचार कर रहे थे।

    शिकायत के मुताबिक, आरोपी अपने नाम के साथ ‘वैद्य विशारद’ लिखकर स्वयं को योग्य चिकित्सक के रूप में प्रस्तुत करता था तथा दवाइयों और चिकित्सा सामग्री का उपयोग कर मरीजों का इलाज करता था। आरोप है कि इस तरह उसने प्रशासन को गुमराह करते हुए लोगों के साथ धोखाधड़ी कर अवैध रूप से चिकित्सा व्यवसाय संचालित किया।

    भिवंडी शहर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र मेडिकल प्रैक्टिशनर्स अधिनियम, 1961 की धारा 33 और 36 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक नाना लांडगे कर रहे हैं।

  • 3-Year-Old Killed by Dumper, Angry Mob Sets Vehicle Ablaze: भिवंडी डंपिंग ग्राउंड पर डंपर की चपेट में आकर 3 वर्षीय बच्ची की मौत, गुस्साए लोगों ने डंपर फूंका

    3-Year-Old Killed by Dumper, Angry Mob Sets Vehicle Ablaze: भिवंडी डंपिंग ग्राउंड पर डंपर की चपेट में आकर 3 वर्षीय बच्ची की मौत, गुस्साए लोगों ने डंपर फूंका

    हादसे के बाद नगर निगम कार्यालय में तोड़फोड़, चालक पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजे की मांग

    भिवंडी। भिवंडी के चाविंद्रा स्थित रामनगर डंपिंग ग्राउंड पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम बच्ची की डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय नागरिकों ने डंपिंग ग्राउंड स्थित नगर निगम कर्मचारियों के कार्यालय में तोड़फोड़ की और दुर्घटना में शामिल डंपर में आग लगा दी।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची शनाया अब्दुल हक (3) अपनी मां के साथ डंपिंग ग्राउंड के पास स्थित एक गाले में गई थी, जहां उसकी मां काम करती है। इस दौरान शनाया सड़क किनारे खेल रही थी। तभी कचरा खाली करने आया डंपर (क्रमांक MH-04-DK-1166) बैक करते समय बच्ची को नहीं देख पाया और वह पिछले पहिये की चपेट में आ गई। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बच्ची को तत्काल स्वर्गीय इंदिरा गांधी स्मृति उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय नगरसेवक रोहिदास वाघमारे और साजू सिद्दीकी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डंपर चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा मृत बच्ची के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा देने की मांग की।

    3-Year-Old Killed by Dumper, Angry Mob Sets Vehicle Ablaze

    घटना से आक्रोशित लोगों ने डंपिंग ग्राउंड स्थित नगर निगम कर्मचारियों के कार्यालय में तोड़फोड़ की, फर्नीचर बाहर फेंक दिया और दुर्घटना में शामिल डंपर को आग के हवाले कर दिया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

    भिवंडी तालुका पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और डंपर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

  • SP Seeks Easier Voter Revision Rules: मतदाता पुनरीक्षण अभियान पर सपा की चुनाव आयोग से अपील, दस्तावेज़ी नियम सरल बनाने और समय-सीमा बढ़ाने की मांग

    SP Seeks Easier Voter Revision Rules: मतदाता पुनरीक्षण अभियान पर सपा की चुनाव आयोग से अपील, दस्तावेज़ी नियम सरल बनाने और समय-सीमा बढ़ाने की मांग

    भिवंडी। महाराष्ट्र में चल रहे विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग को विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए दस्तावेज़ी प्रक्रिया को सरल बनाने, अभियान की समय-सीमा बढ़ाने तथा पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से न हटाए जाने की मांग की है।(SP Seeks Easier Voter Revision Rules) पार्टी का कहना है कि मौजूदा प्रक्रिया के कारण गरीब, मजदूर, ग्रामीण और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को आवश्यक दस्तावेज़ जुटाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

    समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र अध्यक्ष अबू आसिम आज़मी, भिवंडी शहर (जिला) अध्यक्ष मोहम्मद अनस अंसारी, मौलाना इम्तियाज फलाही, मौलाना औसाफ फलाही, मोहम्मद नईम अंसारी, मोहम्मद ज़मा अंसारी तथा पूर्व नगरसेविका रुखसाना सिद्दीकी ने चुनाव आयोग से मुलाकात कर मांग की कि मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को अधिक पारदर्शी, सरल और जनहितैषी बनाया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

    मुख्य निर्वाचन आयुक्त और महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में वर्ष 2002 से पहले सरकारी अभिलेखों में दर्ज बस्तियों, गांवों और पाड़ों के निवासियों के लिए उन्हीं अभिलेखों को वैध प्रमाण मानने की मांग की गई है। साथ ही स्कूल छोड़ने का प्रमाणपत्र, घरपट्टी, असेसमेंट उतारा, राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड और आधार कार्ड जैसे दस्तावेज़ों को भी स्वीकार करने का आग्रह किया गया है।

    भिवंडी शहर (जिला) अध्यक्ष मोहम्मद अनस अंसारी ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में बीएलओ द्वारा अलग-अलग प्रक्रियाएं अपनाने से मतदाताओं में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने पूरे राज्य में एक समान प्रक्रिया लागू करने और स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की। ज्ञापन में वर्ष 2002 की मतदाता सूची में शामिल मतदाताओं के पुराने और वर्तमान EPIC नंबर का मिलान करने का सुझाव भी दिया गया है, ताकि तकनीकी कारणों से किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से बाहर न हो।

    समाजवादी पार्टी ने सभी मतदाताओं के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, फॉर्म मराठी के साथ हिंदी और अन्य भाषाओं में उपलब्ध कराने तथा बीएलओ को पर्याप्त प्रशिक्षण देने की भी मांग की है। पार्टी का कहना है कि कई बीएलओ स्वयं प्रक्रिया को लेकर असमंजस में हैं, जिससे आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

    पार्टी ने बीएलओ पर बढ़ते कार्यभार को देखते हुए अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति तथा स्कूल शिक्षकों पर अतिरिक्त जिम्मेदारी न डालने की भी मांग की है। साथ ही, बारिश और बाढ़ की मौजूदा परिस्थितियों का हवाला देते हुए 29 जुलाई 2026 तक निर्धारित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) की समय-सीमा कम से कम दो महीने बढ़ाने की अपील की गई है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता लोकतांत्रिक प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।

  • Bhiwandi House Partially Collapses: भिवंडी में एक मंजिला मकान का छज्जा गिरा, बड़ा हादसा टला

    Bhiwandi House Partially Collapses: भिवंडी में एक मंजिला मकान का छज्जा गिरा, बड़ा हादसा टला

    अंसार मोहल्ला में सुबह हुआ हादसा, एक व्यक्ति घायल; निगम ने आसपास के खतरनाक मकान खाली कराने के दिए निर्देश

    भिवंडी। भिवंडी में लगातार हो रही बारिश के बीच जर्जर भवनों के गिरने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे शहर के खंडूपाड़ा स्थित अंसार मोहल्ला में एक मंजिला लोड-बेयरिंग मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया (Canopy Collapse, Major Tragedy Averted)। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। हालांकि एक व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं।

    नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार, अंसार मोहल्ला स्थित मकान नंबर 144/5/1/जी-1 कलीम अंसारी का है। मकान के भूतल पर किराना दुकान संचालित होती है, जबकि पहली मंजिल पर कलीम अंसारी अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहते हैं। शुक्रवार सुबह मकान के सामने वाले हिस्से का ग्राउंड फ्लोर का छज्जा गिरने से पहली मंजिल की टीन की छत और दीवारों का हिस्सा भी ढह गया।

    घटना की सूचना मिलते ही प्रभाग समिति क्रमांक-1 के सहायक आयुक्त मक्सूम शेख, दमकल विभाग तथा आपातकालीन कक्ष की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाने का कार्य तत्काल शुरू किया गया।

    इसके बाद नगर निगम की उपायुक्त सपना वसावा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त मकान के आसपास स्थित घरों को एहतियातन खाली कराने के निर्देश दिए तथा क्षेत्र के अन्य जर्जर और खतरनाक मकानों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के आदेश जारी किए।

    बारिश के मौसम में भिवंडी में जर्जर इमारतों के ढहने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में नगर निगम ने नागरिकों से खतरनाक भवनों से दूर रहने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है।

  • Bhiwandi D.Y. Foundation: डी.वाई. फाउंडेशन ने छात्रों को शैक्षणिक सामग्री व सरकारी प्रमाणपत्र वितरित किए

    Bhiwandi D.Y. Foundation: डी.वाई. फाउंडेशन ने छात्रों को शैक्षणिक सामग्री व सरकारी प्रमाणपत्र वितरित किए

    Bhiwandi D.Y. Foundation: शिक्षा, समाजसेवा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत डी.वाई. फाउंडेशन द्वारा भिवंडी तालुका के बापगांव में सामाजिक दायित्व निभाते हुए विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री तथा विभिन्न सरकारी प्रमाणपत्रों का निःशुल्क वितरण किया गया।

    फाउंडेशन के संस्थापक दयानंद चोरघे के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में युवा नेता विरेन चोरघे तथा प्रदेश अध्यक्ष योगेश पाटील प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बापगांव क्षेत्र के उन मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया, जिन्होंने दसवीं एवं बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

    इस अवसर पर सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से छात्रों एवं ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी प्रमाणपत्र निःशुल्क वितरित किए गए। कार्यक्रम में शिक्षा, समाजसेवा और सार्वजनिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अभिभावकों, विद्यार्थियों तथा ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

    डी.वाई. फाउंडेशन की इस समाजोपयोगी पहल की स्थानीय स्तर पर व्यापक सराहना की जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष योगेश पाटील, उपाध्यक्ष दीपक केणे तथा उपाध्यक्ष देविदास केणे ने बताया कि संस्था भविष्य में भी शिक्षा, सामाजिक कल्याण और जनसेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करती रहेगी।

  • Illegal Gas Cylinders Seized: भिवंडी में अवैध गैस सिलेंडरों का बड़ा भंडार पकड़ा, 772 सिलेंडर जब्त!

    Illegal Gas Cylinders Seized: भिवंडी में अवैध गैस सिलेंडरों का बड़ा भंडार पकड़ा, 772 सिलेंडर जब्त!

    Illegal Gas Cylinders Seized: भिवंडी में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से जमा किए गए 772 गैस सिलेंडरों का भंडार जब्त किया है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।

    खोनी गांव में छापा
    यह कार्रवाई शहर के पास स्थित खोनी ग्राम पंचायत के मिठपाड़ा इलाके में की गई। यहां ‘श्री राम ट्रेडर्स’ नामक खाद्यान्न थोक गोदाम में भारी मात्रा में गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण की सूचना मिली थी।

    सूचना के आधार पर राज्य सतर्कता दस्ते के मार्गदर्शन में अधिकारियों की संयुक्त टीम ने बुधवार दोपहर छापा मारा। छापे के दौरान 692 भरे, 80 खाली सिलेंडर बरामद हुए। इस तरह कुल 772 सिलेंडर जब्त किए गए। ये सिलेंडर HP Gas, Bharat Gas और Indane कंपनियों के 5 किलो वाले घरेलू उपयोग के बताए जा रहे हैं।

    नियमों की खुली अनदेखी
    नियमों के अनुसार किसी भी किराना दुकान को अधिकतम 20 छोटे (5 किलो) गैस सिलेंडर रखने की अनुमति होती है। इसके बावजूद आरोपी द्वारा सैकड़ों सिलेंडर जमा करना न सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि घनी आबादी वाले इलाके में बड़ा खतरा भी पैदा करता है।

    अधिकारियों की टीम
    इस कार्रवाई में उपनियंत्रक गणेश बेल्लाले, निरीक्षक राजीव भेले, रवींद्र राठौड़, अरुण काते, देवानंद थोरवे, राजेश सोरटे, राहुल इंगले, तालुका आपूर्ति निरीक्षक गौतम राउत, शहर राशनिंग अधिकारी रत्नदीप सावंत, सहायक अधिकारी अमोल गरकर और चेतन राजगडकर सहित कई अधिकारी शामिल थे।

    प्रशासन ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैस आपूर्ति को लेकर उत्पन्न संकट के बाद देश में जमाखोरी पर सख्ती बढ़ाई गई थी। इसी क्रम में यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

  • Thief Arrested: मंदिर से पौने चार लाख के गहने चुराने वाला नेपाल सीमा से गिरफ्तार, नारपोली पुलिस की बड़ी कामयाबी!

    Thief Arrested: मंदिर से पौने चार लाख के गहने चुराने वाला नेपाल सीमा से गिरफ्तार, नारपोली पुलिस की बड़ी कामयाबी!

    Thief Arrested: भिवंडी शहर के नारपोली इलाके में स्थित हनुमान मंदिर से लगभग 3,75,500 रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले आरोपी को नेपाल सीमा से गिरफ्तार करने में नारपोली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

    पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले महीने धामणकर नाका से अंजूरफाटा मार्ग के बीच स्थित हनुमान मंदिर में एक अज्ञात चोर ने घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी मंदिर से 74,000 रुपये मूल्य के चांदी के दो मुकुट, चार छत्र सहित अन्य आभूषण तथा करीब 3 लाख रुपये मूल्य का सोने का छत्र चुराकर फरार हो गया था।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय कादबाने के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक आकाश पवार और उनकी टीम ने जांच शुरू की। शुरुआती दौर में कोई ठोस सुराग नहीं मिलने के बावजूद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की।

    जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान हुई। फुटेज खंगालने पर पता चला कि वह भिवंडी से कल्याण रेलवे स्टेशन पहुंचा और वहां से काशी एक्सप्रेस के जरिए उत्तर प्रदेश के गोरखपुर रवाना हो गया। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने भिवंडी और कल्याण रेलवे स्टेशन के करीब 18 सीसीटीवी कैमरों की जांच की।

    तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को संदिग्ध का मोबाइल नंबर मिला, जिससे उसकी पहचान अजय रामअवतार पासी (उम्र 23 वर्ष, निवासी कुशवाहागांव, नेपाल) के रूप में हुई। आगे की जांच में पता चला कि वह उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में छिपा हुआ है।

    नारपोली पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से तलाश शुरू की, लेकिन आरोपी लगातार नौ दिनों तक पुलिस को चकमा देता रहा। वह दिन में मोबाइल चालू रखता और रात में बंद कर देता था। साथ ही क्षेत्र घने जंगलों और झाड़ियों से घिरा होने के कारण पुलिस के लिए कार्रवाई चुनौतीपूर्ण बनी रही।

    आखिरकार पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी सिद्धार्थनगर के परसा रेलवे स्टेशन रोड क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर नारपोली पुलिस ने शोहरतगढ़ पुलिस और एसटीएफ टीम के सहयोग से जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

    पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से 26,250 रुपये मूल्य के लगभग 350 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आगे की जांच जारी है।

  • Women’s College in Vajreshwari Inaugurated: वज्रेश्वरी में महिला महाविद्यालय के नए भवन का सांसद प्रियंका चतुर्वेदी द्वारा उद्घाटन!

    Women’s College in Vajreshwari Inaugurated: वज्रेश्वरी में महिला महाविद्यालय के नए भवन का सांसद प्रियंका चतुर्वेदी द्वारा उद्घाटन!

    Women’s College in Vajreshwari Inaugurated: भिवंडी के ‘पद्मश्री अन्नासाहेब जाधव भारतीय समाज उन्नती मंडल’ द्वारा संचालित, वज्रेश्वरी स्थित दुर्गादेवी कुमार विज्ञान और वाणिज्य महिला महाविद्यालय के नए भवन का उद्घाटन राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी के द्वारा उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। संस्था के अध्यक्ष विजय जाधव की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में कॉलेज भवन के निर्माण में योगदान देने वाले उद्योगपति ओमप्रकाश टिकिया, प्रेम कमल, दीपन रेहान, पूनम झावर, विकास पाटोळे, उषा सलोजी, प्रदीप सोनवणे (एस.पी.), सुनीता कुमार उपस्थित थे।

    इनके साथ ही संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष बी.डी. काले, संस्था पदाधिकारी श्रीमती अरुणा जाधव, श्रीराम भोईर, जी.आर. पाटिल, रोहित जाधव, बी.एन.एन. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शशिकांत महाळुणकर और संस्था के विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, प्राध्यापक, गैर-शिक्षण कर्मचारी महिला महाविद्यालय तथा कन्या विद्यालय व जूनियर कॉलेज की बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।

    “लड़कियों की शिक्षा के लिए बनाई गई यह भव्य इमारत ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की छात्राओं के लिए एक वरदान साबित होगी। एक माँ अपने त्याग से समाज में बदलाव लाती है। इस कॉलेज से शिक्षा प्राप्त करने वाली छात्राएं भविष्य में विज्ञान, अनुसंधान, अर्थशास्त्र और विभिन्न क्षेत्रों में देश का नाम रोशन करेंगी।”

    प्रियंका चतुर्वेदी, राज्यसभा सांसद
    उन्होंने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षा के माध्यम से छात्राओं में सामाजिक और राजनीतिक चेतना विकसित होगी। आदिवासी छात्राओं के लिए शिक्षा का मुख्य केंद्र कार्यक्रम के अध्यक्ष और संस्था के अध्यक्ष डॉ. विजय जाधव ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि, “दुर्गादेवी कुमार महिला महाविद्यालय आदिवासी लड़कियों के लिए शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र है।”

    उन्होंने सुरेशकुमार द्वारा दिए गए उदार दान के प्रति आभार व्यक्त किया और भवन के निर्माण में योगदान देने वाले ठेकेदार परमेश्वर की भी सराहना की। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. महादेव कांबले ने कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत की और कॉलेज की स्थापना से लेकर अब तक हुई प्रगति का ब्योरा दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कल्याणी शेजवल ने किया। कार्यक्रम के समापन पर संस्था के महासचिव एडवोकेट रोहित विजय जाधव ने सभी उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

    माँ की स्मृति में समर्पित भव्य इमारत
    महाविद्यालय का यह नया भवन उद्योगपति और सामाजिक कार्यकर्ता सुरेशकुमार ने अपनी पूजनीय माता जी की स्मृति में निर्मित कर संस्था को समर्पित किया है। अपनी माँ की शैक्षिक लगन से प्रेरित होकर उन्होंने अपनी चैरिटेबल संस्था के माध्यम से इस इमारत का निर्माण कराया है। वह अब तक ऐसी तीन शैक्षणिक इमारतों का निर्माण कर चुके हैं, जिसका विशेष उल्लेख करते हुए संस्था की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया।

  • Bhiwandi: भाजपा महिला नेता पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप, भिवंडी में एफआईआर दर्ज!

    Bhiwandi: भाजपा महिला नेता पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप, भिवंडी में एफआईआर दर्ज!

    Bhiwandi: सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने के आरोप में भाजपा से जुड़ी बताई जा रही महिला नेता नाजिया इलाही खान के खिलाफ शांतिनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 67 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में इस्लाम धर्म, पैगंबर मोहम्मद और मुस्लिम समुदाय के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। यह शिकायत अदनान अब्दुलसलाम अंसारी द्वारा दर्ज कराई गई है। पुलिस वीडियो समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

    इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एमआईएम प्रवक्ता रवीश मोमिन ने कहा कि किसी भी धर्म, धार्मिक व्यक्तित्व या समुदाय के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी समाज में वैमनस्य फैलाने का काम करती है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

    वहीं समाजसेवक जाहिद मुख्तार ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई कर सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

    शांतिनगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनायक गायकवाड़ ने बताया कि मामले की जांच जारी है। वीडियो की सत्यता और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • Lord Jagannath Snan Yatra Festival: भिवंडी के इस्कॉन मंदिर में 29 जून को भगवान जगन्नाथ स्नान यात्रा महोत्सव!

    Lord Jagannath Snan Yatra Festival: भिवंडी के इस्कॉन मंदिर में 29 जून को भगवान जगन्नाथ स्नान यात्रा महोत्सव!

    Lord Jagannath Snan Yatra Festival: शहर के इस्कॉन मंदिर में सोमवार, 29 जून 2026 को भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा के पावन स्नान यात्रा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक कार्यक्रम सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

    वैदिक परंपरा के अनुसार इस दिन भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा का विशेष अभिषेक एवं स्नान कराया जाता है। मान्यता है कि इस पवित्र स्नान के बाद भगवान कुछ दिनों के लिए अनवसरा काल में विश्राम करते हैं, जो भक्तों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक अवसर माना जाता है।

    महोत्सव का मुख्य आकर्षण यह रहेगा कि श्रद्धालुओं को स्वयं भगवान का अभिषेक करने का अवसर प्राप्त होगा। इसके लिए मंदिर प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ की जा रही हैं, जिससे भक्तजन सुचारू रूप से पूजा-अर्चना कर सकें। मंदिर प्रबंधन ने सभी भक्तों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस दिव्य आयोजन में भाग लेकर भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा का आशीर्वाद प्राप्त करें और अपने जीवन को धन्य बनाएं।