Blog

  • Thane Rising MinimumTemperature Urban Heat Island Warning

    Thane Rising MinimumTemperature Urban Heat Island Warning

    डॉ प्रशांत सिनकर बोले- बढ़ता न्यूनतम तापमान ‘अर्बन हीट आइलैंड’ प्रभाव और बिगड़ते पारिस्थितिक संतुलन का संकेत

    ठाणे | संवाददाता

    ठाणे शहर में अब केवल दिन का अधिकतम तापमान ही नहीं, बल्कि लगातार बढ़ता न्यूनतम तापमान भी चिंता का विषय बन गया है। शहर में इन दिनों रात का न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। मानसून का मौसम होने के बावजूद रात के समय अपेक्षित ठंडक महसूस नहीं हो रही है, जिसे पर्यावरण विशेषज्ञ शहर के बिगड़ते पारिस्थितिक संतुलन का गंभीर संकेत मान रहे हैं।

    पर्यावरणविद् डॉ. प्रशांत सिनकर के अनुसार, न्यूनतम तापमान में लगातार हो रही वृद्धि सामान्य मौसमी परिवर्तन नहीं, बल्कि शहरीकरण और पर्यावरणीय असंतुलन का परिणाम है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष गर्मियों में ठाणे का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मानसून के देर से आगमन के कारण लंबे समय तक हीटवेव जैसी स्थिति बनी रही। जुलाई के पहले सप्ताह में हुई भारी बारिश के बाद कुछ समय के लिए मौसम में राहत मिली, लेकिन बारिश का दौर थमते ही रात का तापमान फिर तेजी से बढ़ने लगा।

    डॉ. सिनकर का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में शहर में तेजी से बढ़े कंक्रीटीकरण, सीमेंट-कंक्रीट सड़कों के विस्तार, ऊंची इमारतों की संख्या में वृद्धि, वाहनों से निकलने वाली गर्मी और बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई के कारण दिन में अवशोषित हुई गर्मी रात के समय भी वातावरण में बनी रहती है। इसी वजह से शहर में ‘अर्बन हीट आइलैंड’ प्रभाव लगातार बढ़ रहा है और रात के तापमान में गिरावट नहीं हो पा रही है।

    उन्होंने बताया कि वर्तमान में शहर का अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। रात में पर्याप्त ठंडक नहीं मिलने से वातावरण की प्राकृतिक शीतलन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। इसका असर केवल मौसम तक सीमित नहीं है, बल्कि पेड़-पौधों की वृद्धि, मिट्टी की नमी, पक्षियों एवं अन्य जीव-जंतुओं के प्राकृतिक आवास पर भी पड़ रहा है।

    विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार गर्म रहने वाली रातें मानव स्वास्थ्य के लिए भी चिंता का विषय हैं। इससे नींद की गुणवत्ता प्रभावित होती है, शरीर पर गर्मी का दबाव बढ़ता है और हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप तथा श्वसन संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए जोखिम बढ़ सकता है।

    डॉ. सिनकर ने कहा कि ठाणे में बढ़ता न्यूनतम तापमान केवल एक मौसम संबंधी आंकड़ा नहीं, बल्कि शहर में घटते हरित क्षेत्र और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने शहर में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण, खुले स्थानों के संरक्षण, जलस्रोतों के पुनर्जीवन तथा पर्यावरण अनुकूल शहरी नियोजन को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया। उनका कहना है कि टिकाऊ विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर ही भविष्य में शहर को बढ़ती गर्मी और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से बचाया जा सकता है।

  • Mumbra Fire Station:मुंब्रा अग्निशमन केंद्र में कथित जुए का वीडियो वायरल, विभाग में मचा हड़कंप

    Mumbra Fire Station:मुंब्रा अग्निशमन केंद्र में कथित जुए का वीडियो वायरल, विभाग में मचा हड़कंप

    ड्यूटी पर तैनात और सेवानिवृत्त अधिकारियों के शामिल होने का दावा, जांच के बाद ही होगी स्थिति स्पष्ट

    ठाणे | संवाददाता

    ठाणे के मुंब्रा स्थित अग्निशमन केंद्र से एक कथित वीडियो सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में अग्निशमन केंद्र के एक कमरे में कुछ लोगों को ताश के पत्तों के साथ कथित रूप से जुआ खेलते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में ड्यूटी पर तैनात कुछ अधिकारी तथा कुछ सेवानिवृत्त अधिकारी भी मौजूद हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

    Mumbra Fire Station Alleged Gambling Video Viral

    जानकारी के अनुसार, यह वीडियो एक पत्रकार के पास पहुंचा, जिसके बाद इसकी चर्चा शुरू हो गई। वीडियो में अग्निशमन केंद्र के परिसर के भीतर एक कमरे में कुछ लोग ताश खेलते दिखाई दे रहे हैं। दावा है कि यह गतिविधि सरकारी परिसर के भीतर हो रही थी।

    यदि जांच में वीडियो की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह सरकारी परिसर के दुरुपयोग, ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता तथा सेवा नियमों के उल्लंघन का गंभीर मामला माना जा सकता है। इस घटना ने अग्निशमन विभाग की कार्यप्रणाली और अनुशासन को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

    समाचार लिखे जाने तक अग्निशमन विभाग अथवा संबंधित अधिकारियों की ओर से इस वीडियो को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। साथ ही, वीडियो की जांच या किसी विभागीय कार्रवाई की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

    अब सभी की नजर इस बात पर है कि संबंधित विभाग वायरल वीडियो की जांच किस प्रकार करता है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है। जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

  • Hit & Run Accident:ठाणे में हिट एंड रन की दो घटनाएं, तेज रफ्तार दोपहिया वाहनों की टक्कर से तीन लोग घायल

    Hit & Run Accident:ठाणे में हिट एंड रन की दो घटनाएं, तेज रफ्तार दोपहिया वाहनों की टक्कर से तीन लोग घायल

    विवियाना मॉल और खोपट रोड पर हुए हादसे, घायलों को छोड़कर फरार हुए बाइक चालक

    ठाणे। ठाणे में अलग-अलग स्थानों पर हुई दो सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए। दोनों मामलों में तेज रफ्तार दोपहिया वाहनों ने पैदल चल रहे लोगों को टक्कर(Hit & Run Accident) मार दी। हादसे के बाद दोनों बाइक चालक घायलों को उपचार दिलाए बिना मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पहली घटना में मुलुंड निवासी गिरीश चव्हाण और उनकी पत्नी ममता चव्हाण विवियाना मॉल के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात दोपहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

    दूसरी घटना खोपट रोड स्थित फीनिक्स अस्पताल के सामने हुई। यहां टहल रही समीक्षा गुप्ता को एक तेज रफ्तार दोपहिया वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में उनके बाएं पैर में फ्रैक्चर हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।

    दोनों घटनाओं में संबंधित पुलिस थानों में अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ हिट एंड रन का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

  • Thane Police Control Room: 40 दिनों में ठाणे पुलिस कंट्रोल रूम को 22,507 इमरजेंसी कॉल, हर दिन औसतन 560 से अधिक लोगों को मिली मदद

    Thane Police Control Room: 40 दिनों में ठाणे पुलिस कंट्रोल रूम को 22,507 इमरजेंसी कॉल, हर दिन औसतन 560 से अधिक लोगों को मिली मदद

    मुंब्रा से सबसे ज्यादा और कोपरी से सबसे कम कॉल; औसतन 9 मिनट के भीतर पुलिस ने दी आपात सहायता

    ठाणे। ठाणे पुलिस ने एक बार फिर आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता साबित की है। 1 जून से 10 जुलाई 2026 के बीच महज 40 दिनों में ठाणे पुलिस कंट्रोल रूम को 22,507 इमरजेंसी कॉल प्राप्त हुए। पुलिस ने प्रत्येक कॉल पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कम से कम समय में मौके पर पहुंचकर नागरिकों की सहायता करने का प्रयास किया।

    पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे के मार्गदर्शन में ठाणे पुलिस आयुक्तालय का कंट्रोल रूम चौबीसों घंटे कार्यरत है। कंट्रोल रूम में प्राप्त प्रत्येक आपातकालीन कॉल को तुरंत संबंधित पुलिस स्टेशन तक पहुंचाया जाता है, जिससे समय पर कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

    आंकड़ों के अनुसार, 1 से 30 जून के बीच कंट्रोल रूम(Thane Police Control Room) में 17,598 कॉल दर्ज हुए, जबकि 1 से 10 जुलाई के दौरान 4,909 कॉल प्राप्त हुए। इस तरह प्रतिदिन औसतन 560 से अधिक नागरिकों ने आपात सहायता के लिए पुलिस से संपर्क किया।

    इन कॉलों में महिला उत्पीड़न, वरिष्ठ नागरिकों की सहायता, चोरी, सेंधमारी, मारपीट, गुमशुदगी, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, प्राकृतिक आपदाओं तथा संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं।

    पुलिस स्टेशनवार आंकड़ों में मुंब्रा पुलिस स्टेशन क्षेत्र से सबसे अधिक 1,746 कॉल प्राप्त हुए। इसके बाद कलवा और मानपाड़ा तथा नौपाड़ा क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में कॉल दर्ज किए गए। वहीं, कोपरी पुलिस स्टेशन क्षेत्र से सबसे कम 177 कॉल प्राप्त हुए।

    पुलिस ने न केवल कॉल रिसीव किए, बल्कि त्वरित प्रतिक्रिया भी दी। जून में औसत 8 मिनट 36 सेकंड और जुलाई के पहले दस दिनों में 9 मिनट 2 सेकंड के भीतर पुलिस घटनास्थल तक पहुंची। जून में ठाणे नगर पुलिस स्टेशन का औसत प्रतिक्रिया समय 5 मिनट 15 सेकंड रहा, जबकि जुलाई के पहले दस दिनों में कोनगांव पुलिस स्टेशन ने औसतन 6 मिनट 10 सेकंड में प्रतिक्रिया देकर सबसे तेज कार्रवाई दर्ज की।

    सहायक पुलिस आयुक्त निशिकांत विश्वकर ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत 112 हेल्पलाइन पर संपर्क करें और घटना स्थल की सटीक जानकारी दें, ताकि पुलिस बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर सहायता प्रदान कर सके।

  • Harshvardhan Sapkal on One Nation, One Political Party:भाजपा ‘वन नेशन, वन पॉलिटिकल पार्टी’ की ओर बढ़ रही है, संविधान खत्म कर तानाशाही लाने की साजिश : हर्षवर्धन सपकाळ

    Harshvardhan Sapkal on One Nation, One Political Party:भाजपा ‘वन नेशन, वन पॉलिटिकल पार्टी’ की ओर बढ़ रही है, संविधान खत्म कर तानाशाही लाने की साजिश : हर्षवर्धन सपकाळ

    फर्जी बीज रैकेट की उच्चस्तरीय जांच की मांग, महात्मा फुले के विचारों को घर-घर पहुंचाने के लिए कांग्रेस चलाएगी राज्यव्यापी जनजागरण अभियान

    आर्वी (वर्धा)। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाळ ने भारतीय जनता पार्टी पर संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा का असली एजेंडा “वन नेशन, वन पॉलिटिकल पार्टी”(Harshvardhan Sapkal on One Nation, One Political Party) है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ED), केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और अन्य केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी दलों को निशाना बनाया जा रहा है तथा लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकारों को अस्थिर किया जा रहा है।

    वर्धा जिले के आर्वी में महात्मा ज्योतिराव फुले की द्विशताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित कांग्रेस के विशाल बहुजन कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सपकळ ने कहा कि देश में लोकतंत्र को कमजोर कर एकदलीय व्यवस्था स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

    उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिराव फुले ने शिक्षा, सामाजिक समानता और सत्यशोधन के माध्यम से बहुजन समाज को आत्मसम्मान का मार्ग दिखाया। सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर उन्होंने महिला शिक्षा की नींव रखी और शोषित-वंचित समाज के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। कांग्रेस पूरे महाराष्ट्र में वर्षभर व्याख्यान, परिसंवाद, जनसंवाद, छात्र सम्मेलन और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से महात्मा फुले, सावित्रीबाई फुले, छत्रपति शिवाजी महाराज, राजर्षि शाहू महाराज, डॉ. भीमराव आंबेडकर, महात्मा गांधी, राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज और संत गाडगेबाबा के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगी।

    संविधान और सामाजिक न्याय पर संकट : विजय वडेट्टीवार

    कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि संविधान, सामाजिक न्याय और बहुजन समाज के अधिकारों पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के संरक्षण में अंधविश्वास और सामाजिक विभाजन को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि किसानों, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मूल मुद्दों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने जनहित और संविधान की रक्षा के लिए व्यापक जनआंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया।

    सामाजिक समरसता का संदेश

    कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य चंद्रकांत हंडोरे ने जातीय और धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति की आलोचना करते हुए महात्मा फुले, राजर्षि शाहू महाराज, डॉ. आंबेडकर, महात्मा गांधी और पंडित जवाहरलाल नेहरू के समतावादी विचारों को समाज तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।

    पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर ने कहा कि वर्षों तक ओबीसी समाज के नाम पर राजनीति करने वालों ने सत्ता तो हासिल की, लेकिन समाज के विकास के लिए अपेक्षित कार्य नहीं किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता के लिए नहीं, बल्कि समाज के हित के लिए संघर्ष करने वाली पार्टी है।

    फर्जी बीज रैकेट की उच्चस्तरीय जांच की मांग

    मीडिया से बातचीत में हर्षवर्धन सपकाळ ने महाराष्ट्र में फर्जी बीजों के कारोबार को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फर्जी बीज, फर्जी डिग्री, फर्जी नौकरियां, पेपर लीक और विभिन्न घोटालों ने व्यवस्था को खोखला कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी बीजों का रैकेट सत्ता के संरक्षण में चल रहा है और इसकी उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

    उन्होंने यह भी कहा कि जांच के लिए गठित समिति अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सकी है, जिससे उसकी भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस इस मुद्दे पर पूरे राज्य में आंदोलन जारी रखेगी।

    भाजपा नेता नितेश राणे द्वारा अभिनेता आमिर खान पर की गई टिप्पणी के सवाल पर सपकळ ने कहा कि हिंदुत्व के स्वयंभू ठेकेदारों को दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले राम मंदिर से जुड़े कथित आर्थिक अनियमितताओं पर उठ रहे सवालों का जवाब देना चाहिए।

  • Barahsingha Movie Release:मुंबई में रिलीज़ होते ही छाई ‘बारहसिंगा’

    Barahsingha Movie Release:मुंबई में रिलीज़ होते ही छाई ‘बारहसिंगा’

    पिता के संघर्ष, पारिवारिक मूल्यों और व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर करती सशक्त फिल्म

    मुंबई। एमबी मीडिया वर्क्स (MB Media Works) के बैनर तले निर्मित हिंदी फीचर फिल्म “बारहसिंगा” मुंबई में रिलीज़ होते ही दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। पारिवारिक मूल्यों, पिता के त्याग, संघर्ष, सपनों और सामाजिक व्यवस्था की सच्चाई को संवेदनशील तरीके से प्रस्तुत करने वाली इस फिल्म को सिनेमाघरों में दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। कहानी, निर्देशन, अभिनय और संगीत की हर वर्ग के दर्शक सराहना कर रहे हैं।

    फिल्म के निर्माता आर. एस. शर्मा तथा निर्देशक राजीव रंजन दास हैं। फिल्म एक ऐसे संघर्षशील पिता की भावनात्मक यात्रा को दर्शाती है, जो आर्थिक कठिनाइयों और सामाजिक चुनौतियों के बावजूद अपने परिवार और बेटे के सपनों को साकार करने के लिए हर मुश्किल का सामना करता है। फिल्म यह संदेश देती है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, ईमानदारी, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर हर चुनौती पर विजय प्राप्त की जा सकती है।

    फिल्म केवल पारिवारिक भावनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में फैले भ्रष्टाचार, लालफीताशाही और आम नागरिकों के संघर्ष को भी प्रभावशाली ढंग से उजागर करती है। बैंक और पुलिस तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ फिल्म बेबाकी से सवाल उठाती है और यह संदेश देती है कि अंततः सत्य और न्याय की ही जीत होती है।

    फिल्म में अनिल रस्तोगी, राजेश शर्मा, सुषमा मिश्रा, भावेश बाबानी, मुस्कान मुलचंदानी, रोशनी तिवारी, प्रकाश चौहान, धर्मेश तरैया, किशोर भानुशाली, प्रकाश शुक्ला, आलोक कपूर, एम. डी. अली पारा, प्रियंका खेमानी, दिनेश कृपालानी, भगवान असवानी, हितेश शर्मा और नीरज शर्मा ने अपने दमदार अभिनय से प्रत्येक किरदार को जीवंत बना दिया है।

    फिल्म का संगीत राजीव–मोना, प्रकाश चौहान और अनुश्री जैन ने तैयार किया है, जबकि सचिन दास ने संगीत संयोजन (अरेंजर) की जिम्मेदारी निभाई है। फिल्म के गीतों को प्रकाश चौहान, राजेश तिवारी, बुद्धा आदित्य और आंचल ने अपनी मधुर आवाज़ से और अधिक प्रभावशाली बनाया है।

    प्रीमियर शो में अतिथियों ने की फिल्म की जमकर तारीफ

    फिल्म के प्रीमियर शो में लॉयर गिरीश मिश्रा, राष्ट्रीय स्वाभिमान के संपादक अश्विनीकुमार दुबे, कुर्ला के समाजसेवी एवं व्यवसायी दीनदयाल राय, सिविल कॉन्ट्रैक्टर राजेश चौहान, Zen 10 News के सर्वेसर्वा राजहंस मौर्य तथा तुषार मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

    प्रीमियर के बाद सभी अतिथियों ने फिल्म की कहानी, निर्देशन और सामाजिक संदेश की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

    लॉयर गिरीश मिश्रा ने कहा, “बारहसिंगा केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज को आईना दिखाने वाली एक प्रेरणादायी फिल्म है। इसमें परिवार, संघर्ष और न्याय की भावना को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।”

    संपादक अश्विनीकुमार दुबे ने कहा, “आज के दौर में ऐसी सार्थक फिल्मों का निर्माण बेहद आवश्यक है। ‘बारहसिंगा’ सामाजिक सरोकारों से जुड़ी ऐसी फिल्म है, जिसे हर परिवार को अवश्य देखना चाहिए।”

    समाजसेवी एवं व्यवसायी दीनदयाल राय ने कहा, “फिल्म भावनात्मक रूप से दर्शकों को जोड़ती है और परिवार के प्रति जिम्मेदारी तथा ईमानदारी का मजबूत संदेश देती है। यह हर वर्ग के दर्शकों को पसंद आएगी।”

    सिविल कॉन्ट्रैक्टर राजेश चौहान ने कहा, “निर्देशक राजीव रंजन दास ने एक संवेदनशील विषय को बेहद सरल और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया है। फिल्म शुरू से अंत तक दर्शकों को बांधे रखती है।”

    Zen 10 News के प्रमुख राजहंस मौर्य ने कहा, “बारहसिंगा एक ऐसी फिल्म है, जो मनोरंजन के साथ समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार पर भी गंभीर सवाल उठाती है। यह निश्चित रूप से दर्शकों के दिलों में अपनी अलग पहचान बनाएगी।”

    तुषार मिश्रा ने कहा, “फिल्म की कहानी, अभिनय, संगीत और भावनात्मक प्रस्तुति उत्कृष्ट है। यह फिल्म समाज को सकारात्मक सोच और संघर्ष की प्रेरणा देती है।”

    “बारहसिंगा” मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक चेतना का संदेश देने वाली एक सशक्त फिल्म बनकर उभरी है। निर्माता आर. एस. शर्मा, निर्देशक राजीव रंजन दास और एमबी मीडिया वर्क्स की पूरी टीम ने एक ऐसी फिल्म प्रस्तुत की है, जो दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा भी देती है।

  • Torrent Power: पडघा में टोरेंट पावर की कार्यप्रणाली पर शिवसेना (उद्धव) का हमला, सुधार नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

    Torrent Power: पडघा में टोरेंट पावर की कार्यप्रणाली पर शिवसेना (उद्धव) का हमला, सुधार नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

    उपजिला प्रमुख प्रकाश भोईर ने कंपनी को सौंपा ज्ञापन, बार-बार बिजली कटौती और खराब सेवा पर जताया आक्रोश

    भिवंडी। भिवंडी तालुका के पडघा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति करने वाली टोरेंट पावर कंपनी की कार्यप्रणाली के खिलाफ शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के उपजिला प्रमुख प्रकाश भोईर ने कंपनी को लिखित ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी है कि यदि बिजली आपूर्ति और उपभोक्ता सेवाओं में जल्द सुधार नहीं किया गया तो शिवसेना की ओर से उग्र आंदोलन किया जाएगा।

    ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पडघा क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती, लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहना, शिकायतों का समय पर निस्तारण न होना और उपभोक्ताओं को संतोषजनक सेवा नहीं मिलना आम बात हो गई है। इससे स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी व्याप्त है।

    प्रकाश भोईर ने कहा कि बार-बार बिजली गुल होने से आम लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। छात्रों की पढ़ाई, छोटे उद्योग-धंधे, दुकानदारों, अस्पतालों और बैंकों के नियमित कार्यों पर इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है। कई बार बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद चार से पांच घंटे या उससे अधिक समय तक बिजली बहाल नहीं की जाती।

    उन्होंने यह भी कहा कि बिजली आपूर्ति ठप होने से विभिन्न गांवों की बोरवेल, जलापूर्ति योजनाएं और जल शोधन (फिल्टर) प्रणाली भी बंद हो जाती हैं। इससे नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो पाता और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में निर्बाध बिजली आपूर्ति केवल सेवा नहीं, बल्कि कंपनी की सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी भी है।

    ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि टोरेंट पावर बकाया बिजली बिल की वसूली के मामलों में तुरंत कार्रवाई करते हुए उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट देती है, लेकिन गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के मामले में समान तत्परता नहीं दिखाती। इसी कारण उपभोक्ताओं में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

    शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के उपजिला प्रमुख प्रकाश भोईर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कंपनी ने शीघ्र अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया, तो जनहित में व्यापक और तीव्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी टोरेंट पावर कंपनी की होगी।

  • Bhiwandi Municiple Corporation-FDA Joint Drive Against Illegal Food Vendor: अवैध खाद्य कारोबारियों पर चलेगा बुलडोजर, मनपा और FDA सोमवार से चलाएंगे संयुक्त अभियान

    Bhiwandi Municiple Corporation-FDA Joint Drive Against Illegal Food Vendor: अवैध खाद्य कारोबारियों पर चलेगा बुलडोजर, मनपा और FDA सोमवार से चलाएंगे संयुक्त अभियान

    बिना लाइसेंस, अस्वच्छ और नियमों का उल्लंघन करने वाले होटल, रेस्टोरेंट, फास्ट फूड सेंटर व स्टॉल होंगे कार्रवाई के दायरे में

    भिवंडी। भिवंडी शहर में बिना लाइसेंस, अस्वच्छ और अवैध रूप से खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाले कारोबारियों के खिलाफ भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका (मनपा) और अन्न एवं औषध प्रशासन (FDA) सोमवार से संयुक्त विशेष अभियान शुरू करने जा रहे हैं। अभियान के तहत सार्वजनिक स्वास्थ्य को खतरे में डालने वाले प्रतिष्ठानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    Bhiwandi Municiple Corporation-FDA Joint Drive Against Illegal Food Vendor

    मनपा आयुक्त अनमोल सागर ने नागरिकों के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, अवैध रूप से खाद्य सामग्री बेचने और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अभियान में मनपा के लाइसेंस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, अतिक्रमण विरोधी दस्ता तथा FDA के अधिकारी संयुक्त रूप से शहरभर में छापेमारी करेंगे।

    यह कार्रवाई हाल ही में भिवंडी के चर्चित “फेमस शॉर्मा” खाद्य प्रतिष्ठान से कथित रूप से भोजन करने के बाद लगभग 143 लोगों के फूड पॉइजनिंग की घटना के बाद की जा रही है। इस घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मनपा आयुक्त अनमोल सागर और FDA के सहायक आयुक्त सं. ल. सिरोसीया सहित वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में खाद्य सुरक्षा को लेकर व्यापक रणनीति बनाई गई।

    अभियान के दौरान होटल, रेस्टोरेंट, बेकरी, मिठाई की दुकानें, फास्ट फूड सेंटर, चाय स्टॉल, जूस सेंटर, किराना दुकानें तथा खाद्य सामग्री बेचने वाले सभी प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी। अधिकारियों ने सभी व्यापारियों से आवश्यक मनपा व्यापार लाइसेंस, खाद्य लाइसेंस (FSSAI), स्वच्छता एनओसी तथा अन्य वैधानिक अनुमतियां समय पर प्राप्त करने और नियमों का पालन करने की अपील की है।

    इन बिंदुओं पर होगी सख्त जांच

    • व्यापार लाइसेंस और उसके नवीनीकरण की जांच।
    • खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, सीवरेज, पेयजल और शौचालय व्यवस्था का निरीक्षण।
    • खुले में खाना पकाने या बेचने, गंदगी और कीड़े-मकोड़ों की मौजूदगी पर कार्रवाई।
    • लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन पर नोटिस, लाइसेंस निलंबन, रद्द करने अथवा प्रतिष्ठान सील करने की कार्रवाई।
    • गंभीर खाद्य सुरक्षा उल्लंघन के मामलों में FDA के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई।
    • बिना वैध लाइसेंस और आवश्यक अनुमतियों के संचालित सभी अवैध खाद्य व्यवसायों को बंद कराया जाएगा।

    मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ महाराष्ट्र महानगरपालिका अधिनियम, 1949 तथा खाद्य सुरक्षा कानूनों के तहत कड़ी कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

  • Central Railway Vigilence Catches CTI Manoj Kumar Saha: मध्य रेलवे विजलेंस ने मुम्बई डिवीजन के सीटीआई मनोज कुमार सहा को घूस के 15 हज़ार रुपए के साथ दबोचा

    Central Railway Vigilence Catches CTI Manoj Kumar Saha: मध्य रेलवे विजलेंस ने मुम्बई डिवीजन के सीटीआई मनोज कुमार सहा को घूस के 15 हज़ार रुपए के साथ दबोचा

    पवन एक्सप्रेस में यात्रियों को सीट दिलाने के नाम पर 15 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते सीएसएमटी के सीटीआई को मध्य रेलवे विजिलेंस ने भुसावल स्टेशन पर पकड़ा

    मुंबई। मध्य रेलवे विजिलेंस ने ट्रेनों में यात्रियों को सीट दिलाने के नाम पर रिश्वत लेने वाले टिकट जांच कर्मचारियों (टीटीई/सीटीआई) के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में विजिलेंस टीम ने मुंबई मंडल के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) में पदस्थापित सीटीआई मनोज कुमार साहा को 15 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।(Central Railway Vigilence Catches CTI Manoj Kumar Saha)

    जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 11 जुलाई 2026 को लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) से भुसावल जाने वाली ट्रेन संख्या 11061 डाउन पवन एक्सप्रेस में की गई। विजिलेंस टीम ने भुसावल स्टेशन पर मनोज कुमार साहा को कथित रूप से रिश्वत की रकम के साथ दबोच लिया।

    सूत्रों के अनुसार, मध्य रेलवे विजिलेंस पिछले दो महीनों से रिश्वतखोरी में लिप्त टिकट जांच कर्मचारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसके बावजूद कुछ कर्मचारियों द्वारा यात्रियों को सीट उपलब्ध कराने के बदले अवैध वसूली किए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।

    इस ताजा कार्रवाई के बाद रेलवे में टिकट जांच व्यवस्था की पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अब आगे की विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई विजिलेंस की जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

  • Ghodbunder Road Heavy Vehicle Ban: घोड़बंदर रोड पर 30 घंटे भारी वाहनों की एंट्री बंद, ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान

    Ghodbunder Road Heavy Vehicle Ban: घोड़बंदर रोड पर 30 घंटे भारी वाहनों की एंट्री बंद, ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान

    11 जुलाई शाम 6 बजे से 12 जुलाई रात 11:59 बजे तक रोड मरम्मत कार्य; आवश्यक सेवाओं के वाहनों को छूट

    ठाणे। मीरा-भायंदर महानगरपालिका द्वारा घोड़बंदर रोड पर सड़क मरम्मत कार्य किए जाने के कारण 11 जुलाई 2026 की शाम 6 बजे से 12 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। इस अवधि में छह पहिया एवं उससे बड़े भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं और वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है।

    यातायात पुलिस के अनुसार मुंबई, ठाणे, मुंब्रा, कलवा और नासिक की ओर से घोड़बंदर रोड आने वाले सभी छह पहिया एवं उससे बड़े भारी वाहनों की एंट्री वाय जंक्शन, खारेगांव टोल प्लाजा, मानकोली, अंजुरफाटा और कशेली जैसे प्रमुख स्थानों पर प्रतिबंधित रहेगी। इन वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचना होगा।

    हालांकि, पुलिस वाहन, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, ग्रीन कॉरिडोर तथा अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है, ताकि आपातकालीन सेवाओं पर किसी प्रकार का प्रभाव न पड़े।

    ट्रैफिक पुलिस उपायुक्त पंकज शिरसाट ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत यह अधिसूचना जारी करते हुए नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करें, यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।