Sri Ganganagar Central Jail Search: राजस्थान के अजमेर जेल में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या के बाद राज्यभर की जेलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में गुरुवार को श्रीगंगानगर जिला प्रशासन और पुलिस ने सेंट्रल जेल में संयुक्त रूप से अचानक तलाशी अभियान चलाया। करीब तीन घंटे तक चले इस विशेष अभियान में जेल के सभी संवेदनशील क्षेत्रों की गहन जांच की गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य जेल परिसर में छिपाकर रखे गए हथियारों, प्रतिबंधित सामग्री या अन्य संदिग्ध वस्तुओं की तलाश करना था। जेल प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमों ने बैरकों, परिसर और अन्य संवेदनशील स्थानों की बारीकी से तलाशी ली। हालांकि, इस दौरान कोई हथियार या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह जेल परिसर के शौचालय के पास जमीन में दबा हुआ करीब 75 ग्राम जर्दा बरामद हुआ था। इससे पहले भी तीन अज्ञात व्यक्तियों द्वारा जेल की दीवार के ऊपर से जर्दे के पैकेट फेंकने की घटना सामने आई थी। इन घटनाओं के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं।
तलाशी अभियान का नेतृत्व उपखंड अधिकारी नयन गौतम और पुलिस उपाधीक्षक (शहर) विष्णु खत्री ने किया। इस दौरान कोतवाली थाना प्रभारी पृथ्वीपाल सिंह, जवाहरनगर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह राठौड़, पुरानी आबादी थाना प्रभारी रमेश न्यौल और सदर थाना प्रभारी सुभाषचंद्र ढील सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों की निगरानी में गठित पुलिस टीमों ने जेल के अलग-अलग हिस्सों में सघन तलाशी अभियान चलाया। प्रशासन का कहना है कि राज्य की जेलों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण और तलाशी अभियान जारी रहेंगे।

