भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका के प्रशासक एवं आयुक्त अनमोल सागर ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए 74 कर्मचारियों का तबादला कर दिया है। यह आदेश 29 अगस्त 2025 की शाम को जारी किया गया।
महाराष्ट्र शासकीय कर्मचारियों के तबादलों के विनियमन और शासकीय कर्तव्य अधिनियम 2005 की धारा 4 के तहत किए गए इस आदेश में उन कर्मचारियों को शामिल किया गया है, जो वर्ष 2017 से लगातार एक ही विभाग में कार्यरत थे।
सूत्रों के अनुसार, आयुक्त को नागरिकों, पदाधिकारियों और समाजसेवकों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई क्लर्क और कर्मचारी वर्षों से एक ही जगह कार्यरत हैं, जिससे कार्यप्रणाली में बदलाव नहीं आ रहा और पारदर्शिता प्रभावित हो रही है।
आयुक्त ने साफ किया है कि हर कर्मचारी को सेवाकाल के दौरान विभिन्न विभागों का अनुभव लेना चाहिए। इसी कारण लंबे समय से एक ही विभाग में काम कर रहे कर्मचारियों को दूसरे विभागों में स्थानांतरित कर दिया गया है।
साथ ही, आयुक्त ने चेतावनी दी है कि यदि कोई कर्मचारी नए विभाग में कार्यभार नहीं संभालता है या तबादला रद्द कराने के लिए राजनीतिक या गैर-राजनीतिक दबाव डालने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह कदम भिवंडी मनपा प्रशासन में पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
Category: Uncategorized
-

Tranfer BNMC officers : भिवंडी मनपा के 74 कर्मचारियों का तबादला, आयुक्त अनमोल सागर का बड़ा कदम
-

आपसी विवाद के चलते दो गुटों में मारपीट, एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज
भिवंडी। शहर में कपड़ा कारोबार को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। न्यू कनेरी इलाके में कपड़ा खरीद-बिक्री के दौरान वजन और पैसों के लेनदेन को लेकर दो गुटों के बीच मारपीट हो गई। इस घटना में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने का आरोप लगाया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अनमोल सिंथेटिक नामक कपड़ा व्यवसाय चलाने वाले कन्हैया अग्रवाल पिछले कुछ महीनों से यू ए टेक्सटाइल (अब्दुल शेख) से कच्चा कपड़ा खरीद रहे थे। एक लॉट में कपड़े का वजन कम होने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो पैसों के लेनदेन तक पहुंच गया।
27 अगस्त को इस विवाद को सुलझाने के लिए कन्हैया अग्रवाल के कार्यालय में एक बैठक बुलाई गई। इसी दौरान, विवाद बढ़ने पर अब्दुल शेख ने अपने परिचित अनिल केसरवानी को बुलाया। अनिल 20–25 लोगों के साथ कार्यालय में पहुंचा, जहां मौजूद कन्हैया के भतीजे केशव और कुशाग्र से कहासुनी हो गई। गुस्से में अनिल और उसके साथियों ने केशव व अन्य पर मुक्के-लात बरसाए और लाठी-डंडों से हमला किया।
कन्हैया अग्रवाल की शिकायत पर पुलिस ने ओमप्रकाश केसरवानी, अनिल गुप्ता, अमित केसरवानी, सुमित और मोनू केसरवानी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
वहीं दूसरी ओर, अमित केसरवानी ने भी शिकायत दर्ज कराई कि विवाद के दौरान कुशाग्र और केशव अग्रवाल ने अपने चार–पांच साथियों के साथ मिलकर उन पर लाठी-डंडों, पत्थरों और लोहे के फाइटर से हमला किया। इस शिकायत पर पुलिस ने कुशाग्र और केशव अग्रवाल के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
भिवंडी शहर पुलिस ने दोनों गुटों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। -

Cop Brutally Beaten by Mob in Bhiwandi:अज्ञात लोगों ने की पुलिसकर्मी की बेरहमी से पिटाई
भिवंडी: कल्याण बाईपास रोड पर पार्किंग को लेकर हुए विवाद में एक पुलिसकर्मी की भीड़ ने बेरहमी से पिटाई कर दी और आसपास के लोगों को धमकाया। घटना शुक्रवार देर रात की है, जब कोनगांव पुलिस स्टेशन में तैनात पुलिसकर्मी सुनील पाटील बारिश से बचने के लिए एक वेल्डिंग ऑटो गैरेज ‘सलमान हुड मेकर’ के शेड के नीचे रुके थे।पुलिस के अनुसार, सुनील पाटील अपने घर लौट रहे थे जब एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार (एमएच 05 सीएक्स 7552) ने उनसे पार्किंग को लेकर बहस शुरू की। पाटील ने माफी मांगकर मामले को शांत करने की कोशिश की, लेकिन बाइक सवार ने खुद को घोड़बंदर रोड का ट्रैफिक पुलिसकर्मी बताकर उन्हें धमकाया। इसके बाद उसने अपने तीन साथियों को बुलाया और इशारे में कहा, “यह पुलिसवाला है, इसे मारो।”चारों आरोपियों ने मिलकर पाटील को गालियां दीं, उनके साथ मारपीट की, मोबाइल छीना और उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूंसे व लकड़ी के डंडे से पीटा। आरोपियों ने पास खड़े एक ऑटो रिक्शा का शीशा तोड़कर पाटील के चेहरे पर मारा। जब पाटील ने मदद मांगी, तो एक आरोपी ने चाकू निकालकर आसपास के लोगों को धमकाया।शांतिनगर पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सहायक पुलिस निरीक्षक योगेश गायकवाड़ मामले की जांच कर रहे हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।
“भिवंडी में पार्किंग विवाद में भीड़ ने पुलिसकर्मी सुनील पाटील की बेरहम पिटाई की और नागरिकों को धमकाया। शांतिनगर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।
-

धामणकर नाका मित्रमंडल का भव्य गणेशोत्सव, रक्तदानियों को 10 लाख बीमा
भिवंडी: “एकता के राजा” के रूप में पहचाने जाने वाले धामणकर नाका मित्रमंडल और स्वाभिमान सेवा संस्था इस वर्ष 37वां सार्वजनिक गणेशोत्सव भव्य सजावट और कई सामाजिक पहलों के साथ मनाएंगे।
संस्था अध्यक्ष संतोष शेट्टी ने बताया कि इस दौरान आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान करने वाले हर व्यक्ति को 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा मिलेगा।
भक्तों के लिए उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृंदावन में बन रहे “वृंदावन चंद्रोदय मंदिर” की 130 फीट ऊंची प्रतिकृति प्रदर्शित की जाएगी, जो पर्यावरण अनुकूल सामग्री से तैयार की गई है। सामाजिक पहल में वृद्धाश्रम दर्शन, नेत्र चिकित्सा शिविर, मुफ्त चश्मे और मोतियाबिंद सर्जरी शामिल हैं। इसके अलावा ‘स्वाभिमान श्री गणेश दर्शन’ और घरेलू गणेश दर्शन प्रतियोगिताओं में विजेताओं को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।
सुरक्षा के लिए 26 सीसीटीवी कैमरे, 50 सुरक्षा गार्ड और सैकड़ों मंडल कार्यकर्ता सेवा में तैनात रहेंगे। मंडल का यह आयोजन भिवंडी में सामाजिक जागरूकता और भव्य उत्सव का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है। -

भिवंडी में ट्रैफिक जाम और गड्ढों पर फूटा जनता का गुस्सा, अंजुरफाटा और मानकोली नाका पर सड़क पर उतरे हजारों लोग
भिवंडी: खस्ताहाल सड़कों और जानलेवा ट्रैफिक जाम से त्रस्त नागरिकों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। अंजुरफाटा और मानकोली नाका पर हजारों लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
सुबह 11 बजे अंजुरफाटा चौक पर स्थानीय नागरिकों, ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों ने सड़क जाम कर दिया। लोगों का आरोप था कि भारी वाहनों की अंधाधुंध आवाजाही से रोज़ाना घंटों जाम लगता है। स्कूली बच्चे, मरीज और कर्मचारी सभी फंसे रहते हैं। गड्ढों से हादसे बढ़ रहे हैं और एम्बुलेंस तक जाम में अटक जाती है।
मानकोली नाका पर मनसे शहराध्यक्ष मनोज गुलवी के नेतृत्व में आंदोलन हुआ, जिसमें कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष निलेश भोईर भी शामिल हुए। गुलवी ने कहा कि जब तक भारी वाहनों पर रोक और सड़क मरम्मत नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, भोईर ने साफ किया कि यह राजनीतिक नहीं बल्कि जनता की जिंदगी से जुड़ा मुद्दा है।
नागरिकों ने चेतावनी दी कि अगर हालात नहीं सुधरे तो आंदोलन और उग्र होगा। अब सबकी निगाहें प्रशासन पर हैं कि वह इस गंभीर समस्या का समाधान कब और कैसे करता है। -

ठाणे में संत ज्ञानेश्वर की 750वीं जयंती पर दिंडी का भव्य आयोजन
ठाणे। संत ज्ञानेश्वर की 750वीं जयंती के अवसर पर ठाणे महानगरपालिका और संत ज्ञानदेव सेवा मंडल की संयुक्त पहल पर भव्य दिंडी का आयोजन किया गया। इस धार्मिक और सांस्कृतिक यात्रा में ठाणे के नागरिकों और वारकरी मंडलियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
दिंडी संत ज्ञानेश्वर मंदिर, पाचपखाड़ी से प्रारंभ होकर मनपा मुख्यालय, कलावती मंदिर और धर्मवीर आनंद दिघे मार्ग होते हुए पुनः संत ज्ञानेश्वर मंदिर पर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान “ज्ञानोबा-तुकाराम” के गगनभेदी जयकारे और वारकरी मंडलियों के भजन-कीर्तन ने पूरे वातावरण को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर विधायक संजय केलकर, विधायक निरंजन डावखरे, पूर्व सांसद राजन विचारे, मनपा के अतिरिक्त आयुक्त प्रशांत रोडे, उपायुक्त उमेश बिरारी, जनसंपर्क अधिकारी रवींद्र मांजरेकर सहित अनेक मान्यवर उपस्थित रहे। संत ज्ञानदेव सेवा मंडल के अजीत मराठे, पूर्व उपमहापौर एड. सुभाष काले, अभय मराठे, मधुकर घोलप, अशोक घोलप भी शामिल हुए।
दिंडी जब मनपा मुख्यालय पहुंची, तब वारकरी मंडलियों ने पारंपरिक वादन के साथ रिंग प्रदर्शन कर उत्सव की शोभा बढ़ाई। समापन पर संत ज्ञानेश्वर महाराज की आरती और सामूहिक भजन के साथ भक्तिमय वातावरण में कार्यक्रम का समापन हुआ।
-
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत युवा दिवस पर खेल सप्ताह आयोजित, विजेता बालिकाओं को मिला सम्मान
एमसीबी। भारत सरकार की लोकप्रिय योजना “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अन्तर्गत मिशन शक्ति हब एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा युवा दिवस के अवसर पर खेल सप्ताह का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं की प्रतिभा को सामने लाना, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना और हर क्षेत्र में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।
जिला दण्डाधिकारी डी. राहुल वेकंट के निर्देश और जिला कार्यक्रम अधिकारी राज कुमार खाती के मार्गदर्शन में जिला मिशन समन्वयक श्रीमती तारा कुशवाहा के नेतृत्व में पूर्व माध्यमिक शाला बौरीडांड में खेल सप्ताह की शुरुआत हुई।
आउटडोर खेलों में खो-खो, कुर्सी दौड़, बोरा दौड़, 100 मीटर दौड़ और फ्लाइंडनेस जैसे खेल हुए, वहीं इनडोर खेलों में कैरम, लूडो और सांप-सीढ़ी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बालिकाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। खेलों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधान पाठक एन. लकरा, शिक्षक मंजुला डे, रीना साहू, राजकुमार यादव और मिशन शक्ति (हब) टीम सहित नवा बिहान एवं सखी वन स्टॉप सेंटर की टीम का विशेष सहयोग रहा। श्रीमती तारा कुशवाहा ने पूरे कार्यक्रम का संचालन किया और कहा कि इस तरह के आयोजन से बालिकाओं का आत्मविश्वास मजबूत होता है और वे समाज व देश में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। -

विश्व मूल वंश स्वदेशी दिवस पर चिरमिरी में बच्चों और समाजसेवियों का सम्मान
80 मेधावी छात्र और 5 विशिष्ट नागरिक हुए सम्मानित, अगले वर्ष और भव्य आयोजन की तैयारी
चिरमिरी (छत्तीसगढ़)। राष्ट्रीय मूल वंश समाज संघ चिरमिरी द्वारा लगातार तीसरे वर्ष विश्व मूल वंश स्वदेशी दिवस का आयोजन एनसीपीएच कलारी क्लब में धूमधाम से किया गया। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, जनरल नॉलेज प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और सम्मान समारोह का आयोजन हुआ।
मेधावी छात्रों और विशिष्ट नागरिकों का सम्मान
कार्यक्रम में क्षेत्र के पाँच नागरिकों को उनके उम्र और अनुभव के साथ किए गए प्रेरणादायक एवं अनोखे कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा हायर सेकेंडरी स्तर के 16–17 स्कूलों के 80 विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने 80% से अधिक अंक अर्जित कर चिरमिरी, अपने विद्यालय और परिवार का नाम रोशन किया।
पदाधिकारियों ने रखे विचार
इस अवसर पर प्रदेश से आए राष्ट्रीय मूल वंश समाज संघ के पदाधिकारियों ने विश्व आदिवासी दिवस मनाने के उद्देश्य, महत्व और इतिहास पर विस्तार से चर्चा की।
अर्चना बागड़े ने कहा कि संस्था का प्रयास है कि अधिक से अधिक बच्चों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराए जाएं और ज़रूरतमंद छात्रों को हर संभव सहायता दी जाए।
रामकुमार कनौजिया ने सुझाव दिया कि स्कूलों में जनरल नॉलेज और संविधान से संबंधित किताबें उपलब्ध कराई जाएं, ताकि बच्चों को अपने अधिकारों और क्षेत्र के बारे में अधिक जानकारी हो।
रामदास बघेल, मंगलदास और अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार साझा किए।
आगामी वर्ष के लिए भव्य योजना
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन पिछले तीन वर्षों से लगातार हो रहा है और आने वाले वर्ष में इसे और बड़े पैमाने पर आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शेख स्माइल, अलेक्स गुरु, दयाल, रामदास बघेल सहित कई कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। -

बोदेला में युवक की हत्या, 6 नाबालिग आरोपी 4 घंटे में गिरफ्तार
राजनांदगांव। ग्राम बोदेला में बुधवार शाम कार्यक्रम के दौरान चाकू से गोदकर युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 4 घंटे के भीतर 6 नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया। इनमें से तीन आरोपी तुमडीबोड़ और तीन आरोपी पेटेश्री से गिरफ्तार किए गए। मामले की शुरुआत उस समय हुई जब प्रार्थी जितेंद्र बंजारे (उम्र 27 वर्ष, निवासी सिवनीखुर्द, पुलिस चौकी तुमडीबोड़) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 7 अगस्त 2025 को शाम करीब 7:30 बजे महाकाल रैली में भाग लेकर बोदेला लौटने के बाद प्रसाद वितरण के समय कुछ नाबालिग लड़कों ने युवराज बंजारे पर हाथ-मुक्कों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। पेट में गंभीर चोट लगने से उसे मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रिपोर्ट पर मर्ग क्रमांक 66/25 धारा 194 बीएनएसएस. कायम कर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर (अपराध क्रमांक 368/25 धारा 103(1), 192(2) बीएनएस.) विवेचना में लिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा और अनुविभागीय अधिकारी डोगरगढ़ आशीष कुजाम के निर्देशन में पुलिस चौकी प्रभारी दिलीप पटेल, तुमडीबोड़ पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। लगातार पतासाजी और पूछताछ में सामने आया कि युवराज की हत्या आपसी रंजिश के चलते की गई। पुलिस ने पर्याप्त सबूत मिलने पर सभी 6 नाबालिग आरोपियों को 8 अगस्त 2025 को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर सुरक्षात्मक अभिरक्षा में भेज दिया।
-

Grand rituals performed on Shravan Purnima: मॉरीशस में वैदिक मंत्रों की गूंज, श्रावण पूर्णिमा पर भव्य अनुष्ठान संपन्न
मॉरीशस। आर्यम इंटरनेशनल फ़ाउंडेशन मॉरीशस के अंतर्गत संचालित भगवान शंकर आश्रम, कतरबोर्न पालमा में श्रावण पूर्णिमा और रक्षाबंधन के पावन अवसर पर भव्य वैदिक अनुष्ठान एवं पुष्पार्चन संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भारतवंशी श्रद्धालु उपस्थित रहे और वातावरण वैदिक मंत्रों की गूंज से अनुपम बना रहा। यह विशेष आयोजन भारत से पधारे परमप्रज्ञ जगद्गुरु प्रो. पुष्पेंद्र कुमार आर्यम जी महाराज के सानिध्य में हुआ। उन्होंने अपने प्रवचन में श्रावण मास की महिमा, रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व और सनातन धर्म के मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। गुरुदेव ने कहा, “सनातन धर्म के मूल्य वैज्ञानिक व सार्वभौमिक हैं, जिन्हें अपनाकर आनंदमय और संतुलित जीवन जिया जा सकता है।” साथ ही उन्होंने युवाओं से अपने संस्कारों और प्राचीन संस्कृति से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मॉरीशस से जुड़ी एक प्राचीन लोककथा का उल्लेख भी किया गया, जिसके अनुसार भगवान श्रीराम द्वारा मारीच पर चलाया गया बाण जिस द्वीप पर गिरा, वही आगे चलकर मॉरीशस कहलाया। यह कथा भारत और मॉरीशस के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक संबंधों को उजागर करती है।ट्रस्ट की अधिशासी प्रवक्ता मां यामिनी श्री ने कहा कि ऐसे अनुष्ठान न केवल आत्मिक शुद्धता प्रदान करते हैं, बल्कि पारिवारिक प्रेम और सांस्कृतिक गर्व को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने बताया कि गुरुदेव आर्यम सनातन धर्म के भूले-बिसरे पर्वों की गरिमा को पुनर्जीवित कर रहे हैं। आयोजन की सफलता में हर्षिता आर्यम, नवीन कोसी, प्रिया कोसी, गिरीशा देवी, किरण नारायण, नंदकिशोर नारायण, उमेश महादू, शिखा, नीतीश, नितिन कोसी, सवीना, शांता कोसी, दिव्या, विमला, नलिनी, रेशमा, पूनम, राजेश, रवि, पाम, श्याम और युदाव सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।