भिवंडी। शहर में कपड़ा कारोबार को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। न्यू कनेरी इलाके में कपड़ा खरीद-बिक्री के दौरान वजन और पैसों के लेनदेन को लेकर दो गुटों के बीच मारपीट हो गई। इस घटना में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने का आरोप लगाया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अनमोल सिंथेटिक नामक कपड़ा व्यवसाय चलाने वाले कन्हैया अग्रवाल पिछले कुछ महीनों से यू ए टेक्सटाइल (अब्दुल शेख) से कच्चा कपड़ा खरीद रहे थे। एक लॉट में कपड़े का वजन कम होने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो पैसों के लेनदेन तक पहुंच गया।
27 अगस्त को इस विवाद को सुलझाने के लिए कन्हैया अग्रवाल के कार्यालय में एक बैठक बुलाई गई। इसी दौरान, विवाद बढ़ने पर अब्दुल शेख ने अपने परिचित अनिल केसरवानी को बुलाया। अनिल 20–25 लोगों के साथ कार्यालय में पहुंचा, जहां मौजूद कन्हैया के भतीजे केशव और कुशाग्र से कहासुनी हो गई। गुस्से में अनिल और उसके साथियों ने केशव व अन्य पर मुक्के-लात बरसाए और लाठी-डंडों से हमला किया।
कन्हैया अग्रवाल की शिकायत पर पुलिस ने ओमप्रकाश केसरवानी, अनिल गुप्ता, अमित केसरवानी, सुमित और मोनू केसरवानी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
वहीं दूसरी ओर, अमित केसरवानी ने भी शिकायत दर्ज कराई कि विवाद के दौरान कुशाग्र और केशव अग्रवाल ने अपने चार–पांच साथियों के साथ मिलकर उन पर लाठी-डंडों, पत्थरों और लोहे के फाइटर से हमला किया। इस शिकायत पर पुलिस ने कुशाग्र और केशव अग्रवाल के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
भिवंडी शहर पुलिस ने दोनों गुटों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आपसी विवाद के चलते दो गुटों में मारपीट, एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज

Leave a Reply