भिवंडी: खस्ताहाल सड़कों और जानलेवा ट्रैफिक जाम से त्रस्त नागरिकों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। अंजुरफाटा और मानकोली नाका पर हजारों लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
सुबह 11 बजे अंजुरफाटा चौक पर स्थानीय नागरिकों, ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों ने सड़क जाम कर दिया। लोगों का आरोप था कि भारी वाहनों की अंधाधुंध आवाजाही से रोज़ाना घंटों जाम लगता है। स्कूली बच्चे, मरीज और कर्मचारी सभी फंसे रहते हैं। गड्ढों से हादसे बढ़ रहे हैं और एम्बुलेंस तक जाम में अटक जाती है।
मानकोली नाका पर मनसे शहराध्यक्ष मनोज गुलवी के नेतृत्व में आंदोलन हुआ, जिसमें कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष निलेश भोईर भी शामिल हुए। गुलवी ने कहा कि जब तक भारी वाहनों पर रोक और सड़क मरम्मत नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, भोईर ने साफ किया कि यह राजनीतिक नहीं बल्कि जनता की जिंदगी से जुड़ा मुद्दा है।
नागरिकों ने चेतावनी दी कि अगर हालात नहीं सुधरे तो आंदोलन और उग्र होगा। अब सबकी निगाहें प्रशासन पर हैं कि वह इस गंभीर समस्या का समाधान कब और कैसे करता है।
भिवंडी में ट्रैफिक जाम और गड्ढों पर फूटा जनता का गुस्सा, अंजुरफाटा और मानकोली नाका पर सड़क पर उतरे हजारों लोग

Leave a Reply