Bhiwandi Ganeshotsav 2025: मंदी के बावजूद भिवंडी में गणेशोत्सव की धूम, भक्तों में जबरदस्त उत्साह

गणेश मंडप की पारंपरिक सजावट "गणेशोत्सव के अवसर पर पारंपरिक रूप से सजा हुआ सार्वजनिक मंडप"

Written by

in

, , ,

भिवंडी। पावरलूम नगरी भिवंडी भले ही भीषण मंदी की चपेट में हो, लेकिन गणेशोत्सव को लेकर भक्तों में उत्साह चरम पर है। सार्वजनिक पंडालों की सजावट का काम जोरों पर है, वहीं घरेलू गणपति की स्थापना करने वाले लोग भी विघ्नहर्ता के स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। शहरभर में बप्पा का आगमन जल्लोष और श्रद्धा के साथ किया जा रहा है।
भिवंडी के कपड़ा उद्योग पर जीएसटी लागू होने के बाद से गहरा संकट छाया हुआ है। कपड़ा उत्पादन लागत से कम भाव पर बिक रहा है, जिससे लूम उद्योग और अन्य लघु उद्योग मंदी का शिकार हैं। आर्थिक तंगी के बावजूद स्थानीय लोग गणेशोत्सव को लेकर पूरी श्रद्धा से तैयारियां कर रहे हैं
भिवंडी मनपा क्षेत्र में इस वर्ष 135 सार्वजनिक मंडलों के अलावा करीब 10 हजार घरेलू गणपति की स्थापना की जाएगी। मशहूर धामनकरनाका मित्र मंडल ने इस बार वृंदावन के चंद्रोदय मंदिर की झांकी तैयार की है, जिस पर लगभग 30 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। मंडल अध्यक्ष और पूर्व नगरसेवक संतोष शेट्टी ने बताया कि भव्य मंदिर निर्माण का काम अंतिम चरण में है। इसी तरह स्व. नाना मित्र मंडल, छत्रपति मराठा मित्र मंडल और शहर के अन्य गणेश मंडलों ने भी बताया कि मंदी के बावजूद सहयोगी हाथ पीछे नहीं हटे हैं और उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।
श्रीरंग नगर के ॐ साईं मित्र मंडल का इस बार रजत जयंती वर्ष है। मंडल संस्थापक प्रदीप केसरवानी ने कहा कि इस अवसर पर गणेशोत्सव का आयोजन विशेष धूमधाम और भव्य सजावट के साथ किया जा रहा है। घरेलू गणपति बैठाने वाले परिवारों का भी कहना है कि मंदी चाहे कितनी भी गंभीर क्यों न हो, साल भर में एक बार घर में विघ्नहर्ता का आगमन जरूर होगा और उनसे प्रार्थना की जाएगी कि शहर से मंदी का विघ्न दूर हो।
विसर्जन घाटों की सफाई शुरू, मनपा ने कसी कमर
भिवंडी मनपा क्षेत्र के 10 प्रमुख विसर्जन घाटों की सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। गणेशोत्सव से पहले भक्तों की मांग पर मनपा प्रशासन ने आरोग्य विभाग की मदद से घाटों से कीचड़, कचरा और घास हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मनपा जलापूर्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप पटनावर ने बताया कि घाटों का निरीक्षण मनपा आयुक्त और डीसीपी द्वारा किया जा चुका है। सफाई कार्य प्रभाग समिति और वार्ड निहाय निगरानी में किया जा रहा है। पटनावर ने आश्वासन दिया कि इस बार गणेशोत्सव के दौरान शहर की सड़कों और विसर्जन घाटों को पूरी तरह साफ रखा जाएगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *