Category: Bharat

Stay updated with the pulse of the nation!
In this category, explore the latest news and breaking updates from across India – including politics, economy, education, science, law, social issues, and more. Get real-time updates and in-depth coverage of stories that matter to every Indian.

  • हम खतरे में है, अब चुप रहना गुनाह है : तारिक अनवर का तीखा हमला

    मुंबई: देश में मौजूदा राजनीतिक हालातों को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, कार्यसमिति सदस्य और पूर्व केंद्रीय मंत्री तारिक अनवर ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “देश को आज़ादी दिलाने वाली 80 प्रतिशत जनता अब एक बार फिर संविधान, धर्मनिरपेक्षता और राष्ट्रीय एकता की रक्षा के लिए स्वतंत्रता संग्राम के लिए तैयार है।”
    यह बयान उन्होंने मुंबई प्रेस क्लब, आज़ाद मैदान में ऑल इंडिया कौमी तंजीम द्वारा आयोजित एक विशेष संवाद कार्यक्रम में दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराष्ट्र प्रदेश कौमी तंजीम के अध्यक्ष और राज्य अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व प्रमुख मुनाफ हकीम ने की।

    तारिक अनवर, जो स्वयं ऑल इंडिया कौमी तंजीम के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक मूल्यों पर गहरा संकट मंडरा रहा है। उन्होंने ‘नफरत छोड़ो, भारत जोड़ो’ जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए बताया कि किस तरह वे देश के कमजोर वर्गों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार सक्रिय हैं।

    वक्फ रिसर्च बिल पर तीखी आलोचना
    कार्यक्रम के दौरान सांसद अनवर ने वक्फ रिसर्च बिल को लेकर केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह बिल संसद में विपक्ष और जनता के विरोध के बावजूद मात्र संख्यात्मक बहुमत के बल पर पारित किया गया, जो लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।
    “यह एक खतरनाक परंपरा की शुरुआत है, जहां बहुमत का दुरुपयोग कर अल्पसंख्यकों की आवाज़ दबाई जा रही है। हमें उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट इस मामले में संविधान के अनुसार न्याय करेगा,” अनवर ने कहा।

    सांप्रदायिक ताक़तों के खिलाफ मोर्चा
    अपने संबोधन में तारिक अनवर ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे सांप्रदायिक ताक़तों के खिलाफ संगठित होकर लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा करें। उन्होंने कहा, “महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचार आज पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं। हमें इन्हें घर-घर तक पहुँचाना होगा और उन ताक़तों को बेनकाब करना होगा जो देश को सामाजिक विघटन की ओर धकेल रही हैं।”

    राजनीतिक और सामाजिक समर्थन
    कार्यक्रम में मुंबई के विधायक अमीन पटेल ने भी इस संघर्ष को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। इसके अलावा मुंबई कांग्रेस के प्रवक्ता निजामुद्दीन राईन, महाराष्ट्र कौमी तंजीम के महासचिव बिलकिस शेख, डॉ. आफताब शेख, डॉ. हाजी जाकिर शेख, तारिक फारूकी, एडवोकेट आसिफ हकीम, दत्ता नंदे, जुनैद पटेल, भार्गव तिवारी और अरशी आजमी समेत बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और संगठन पदाधिकारी उपस्थित थे।

    कार्यक्रम के अंत में मुनाफ हकीम ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया और कहा कि “अब वक्त आ गया है कि हम सब मिलकर संवैधानिक मूल्यों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट संघर्ष करें।”

  • Six divisional presidents of BJP selected, names announced: भिवंडी शहर जिला भाजपा के छह मंडल अध्यक्षों का चयन, नामों की हुई घोषणा

    भिवंडी: भिवंडी शहर जिला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से छह मंडल अध्यक्षों का चयन किया गया है। यह चयन भाजपा संगठन की नई गाइडलाइंस के अनुसार, आंतरिक प्रक्रिया के तहत संपन्न हुआ।

    चयन प्रक्रिया में जिला चुनाव अधिकारी के रूप में एड. प्रेषित जयवंत की उपस्थिति रही। इस दौरान विभिन्न मंडलों के अध्यक्षों की घोषणा की गई, जिनमें निम्नलिखित शामिल हैं:

    उत्तर मंडल अध्यक्ष: भावेश पाटिल

    ग्रामीण मंडल अध्यक्ष: गजानन असवारे

    पश्चिम मंडल अध्यक्ष: प्रतीक हरिया

    मध्य-पूर्व मंडल अध्यक्ष: अनिल चिंतल

    पश्चिम-मध्य मंडल अध्यक्ष: फरहान सिद्दीकी

    दक्षिण मंडल अध्यक्ष: मोहन कोंडा

    इस अवसर पर भिवंडी शहर जिला भाजपा अध्यक्ष एडवोकेट हर्षल पाटिल, महासचिव राजू गजेंगी, वरिष्ठ नेता श्रीमती कल्पना शर्मा, अविनाश सिकची, रवि सावंत, राजू चौघुले, विकास बाफना और पी.डी. यादव सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

    सूत्रों के अनुसार, यह नियुक्तियां संगठनात्मक मजबूती को ध्यान में रखते हुए की गई हैं ताकि भिवंडी शहर में भाजपा का कामकाज अधिक संगठित और प्रभावी तरीके से किया जा सके।

  • गोवंश हत्या और गोमांस परिवहन के आरोप में 7 लोगों पर मामला दर्ज

    भिवंडी: भिवंडी शहर में गोवंश पशुओं की हत्या, अवैध गोमांस परिवहन और पशुओं को वध के लिए अमानवीय तरीके से बंधक बनाकर रखने के दो अलग-अलग मामलों में कुल 7 आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। दोनों घटनाएं भोईवाडा पुलिस स्टेशन के अंतर्गत सामने आई हैं।

    पहली घटना: अवैध गोमांस परिवहन करते पकड़े गए चार आरोपी
    पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल की सुबह करीब 5:30 बजे, चार आरोपित — मोईनुद्दीन सलाउद्दीन शाह, सैदु, नजीर और गफू — मिलकर गोवंश की हत्या कर, उसका मांस एक रिक्शा (MH 05 DZ 8823) के माध्यम से शहर में बेचने के इरादे से ले जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें समानगर मस्जिद के पीछे बावड़ी के पास से रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

    पुलिस कांस्टेबल नीलेश रवींद्र देवरे की शिकायत पर इन चारों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 325 के तहत और महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम, 1976 की धाराओं 5(अ), 5(3), 5(क), और 9 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मौके से गोवंश का सिर और लगभग 150 से 200 किलो गोमांस बरामद किया है, जिसकी कीमत ₹95,000 आंकी गई है।

    दूसरी घटना: 22 रेडों को वध के लिए बंधक बनाकर रखने का खुलासा
    दूसरे मामले में, आजम उस्मान सिद्दीकी (35), मुमताज कुरेशी उर्फ ‘कल्लू’, और हमजा कसाई पर आरोप है कि उन्होंने मिलकर 22 गोवंश पशुओं, जिनमें 2 छोटे नर और 3 भैंसे शामिल हैं, को बिना चारा-पानी और चिकित्सा सुविधा के समानगर स्थित बावड़ी के पास व अज़हर गोट फार्म में बंधक बनाकर रखा था।

    पुलिस हेड कांस्टेबल अमोल तुलसीराम धायगुडे की शिकायत पर तीनों आरोपियों पर महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम, 1976 की धाराएं 5(अ), 5(ब) और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(घ) के तहत मामला दर्ज किया गया है। जब्त किए गए पशुओं की अनुमानित कीमत ₹2.80 लाख बताई गई है।

  • बिजली चोरी का पर्दाफाश, 12 लाख की बिजली चोरी, 12 लोगों पर मामला दर्ज

    भिवंडी: गर्मी बढ़ते ही बिजली चोरी की घटनाओं में भी इज़ाफा हो गया है। इसी कड़ी में महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (महावितरण) ने भिवंडी के कोनगांव क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 12 लाख रुपये की बिजली चोरी का खुलासा किया है। इस मामले में 12 उपभोक्ताओं के खिलाफ शांतिनगर पुलिस स्टेशन में बिजली चोरी के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।

    पहला मामला: गंगाई अपार्टमेंट में तीन उपभोक्ता पकड़े गए
    महावितरण की रिपोर्ट के अनुसार, कोनगांव के गुरुकृपा नगर स्थित गंगाई अपार्टमेंट में रहने वाले विजय नारायण बटवलकर, संतोष शंकर बोरनारे, और भास्कर नानाजी मोरे ने जनवरी 2023 से दिसंबर 2024 के बीच अपने बिजली कनेक्शन महावितरण कार्यालय में जमा करा दिए थे। इसके बाद, उन्होंने सीधा खंभे से तार जोड़कर बिजली चोरी शुरू कर दी। इस दौरान इन तीनों ने कुल ₹4,82,910 की बिजली चोरी की, जिसकी जानकारी बिजली वितरण अधिकारी धनंजय पाटील द्वारा दी गई शिकायत में सामने आई।

    दूसरा मामला: 9 उपभोक्ताओं ने दो साल तक की बिजली चोरी
    इसी गांव के दूसरे हिस्से में, अनिल गुरुनाथ म्हात्रे, सुरेश सोमवार पाटील, सूर्यकांत दत्तू धुले, राकेश दत्ताराम पाटील, रमेश सोमवार पाटील, जगदीश कचरू म्हात्रे, रोशन गोपाल म्हात्रे, प्रकाश कृष्ण म्हात्रे, और सुरेश गजानन पाटिल नामक 9 उपभोक्ताओं ने भी अपने मीटर जमा कराकर बिजली आपूर्ति बंद करवा दी थी। इसके बावजूद उन्होंने अक्टूबर 2022 से अक्टूबर 2024 तक 31,524 यूनिट बिजली अवैध रूप से डायरेक्ट कनेक्शन के जरिए उपयोग की, जिसकी कुल कीमत ₹7,39,330 बताई गई है।

    पुलिस ने दर्ज किया मामला, बिजली अधिनियम के तहत कार्रवाई
    दोनों मामलों में महावितरण अधिकारी धनंजय पाटील की शिकायत पर शांतिनगर पुलिस ने सभी 12 आरोपियों के खिलाफ बिजली अधिनियम, 2003 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, और महावितरण द्वारा आगे भी नियमित निरीक्षण कर ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

  • Rickshaw stolen under influence of alcohol, AC mechanic arrested in Kalyan:दारू के नशे में रिक्षा चोरी, कल्याण में एसी मेकॅनिक गिरफ्तार

    कल्याण: शराब की लत कभी-कभी इंसान को इतना गिरा सकती है कि वह अपनी सामान्य सोच और विवेक खो बैठता है। कल्याण के कोळसेवाडी इलाके में एक ऐसे ही चौंकाने वाले मामले का सामने आया, जहां पेशे से एसी मेकॅनिक प्रांजल बर्वे ने शराब के नशे में रिक्षा चुराई, ताकि वह और शराब खरीद सके।

    चोरी की घटना: शराब की लत ने किया हैरान करने वाला कृत्य
    प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले रात के समय, प्रांजल बर्वे नशे की हालत में था और उसे और शराब की आवश्यकता महसूस हुई। इस दौरान, उसने अपनी इमारत के पास खड़ी रिक्षा को चालू किया और शराब खरीदने के लिए निकल पड़ा। हालांकि, कुछ दूरी पर ही रिक्षा की CNG खत्म हो गई, जिसके बाद उसने रिक्षा को विठ्ठलवाडी बस डिपो के पास छोड़ दिया और फरार हो गया।

    पुलिस की कार्रवाई: सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान
    रिक्षा चालक की शिकायत के बाद, कोळसेवाडी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी। पुलिस को सूचना मिली कि चोरी हुई रिक्षा विठ्ठलवाडी बस डिपो के पास खड़ी है। जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रिक्षा बरामद की, तो उन्होंने आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की। पुलिस कर्मचारी रोहित बुधवंत ने सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे व्यक्ति को पहचानते हुए आरोपी प्रांजल बर्वे को गिरफ्तार कर लिया।

    आरोपी का कबूलनामा और पुलिस जांच जारी
    पूछताछ में, आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया और अब वह अपने किए पर पछता रहा है। पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है, और यह देखना दिलचस्प होगा कि आरोपी पर क्या कार्रवाई की जाएगी।

  • कल्याण में अवैध निर्माणों पर कार्रवाई अधर में: भ्रष्टाचार और राजनीतिक दबाव के आरोप

    कल्याण: कल्याण डोंबिवली महानगरपालिका क्षेत्र में अवैध निर्माणों पर कार्रवाई को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। सामाजिक कार्यकर्ता अंकुश दुबे ने एक पत्रकार परिषद में दावा किया कि नगरपालिका अधिकारी नियमों को ताक पर रखकर कुछ खास व्यक्तियों को बचाने में संलिप्त हैं।

    सागर नगर में अवैध निर्माणों का मामला
    दुबे ने सागर नगर परिसर का हवाला देते हुए कहा कि सागर दशरथ पावशे की तीन मंजिला और पुंडलिक तथा यशवंत पावशे की चार मंजिला इमारतें बिना किसी अधिकृत अनुमति के बनाई गई हैं। उन्होंने बताया कि इन अवैध निर्माणों के खिलाफ कोळसेवाडी पुलिस स्टेशन में महाराष्ट्र प्रादेशिक नियोजन और नगररचना अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

    कागजी खानापूरी और भ्रष्टाचार के आरोप
    हालांकि, इन मामलों में कार्रवाई के नाम पर अब तक केवल कागजी खानापूरी ही हुई है। दुबे ने आरोप लगाया कि पिछले एक साल से सहायक आयुक्त और उपायुक्त इस मुद्दे को अनदेखा कर रहे हैं। अधिकारियों द्वारा दिए गए बयानों—जैसे “पहले पुलिस इमारत खाली कराए” या “ऊपरी दबाव है”—यह स्पष्ट संकेत देते हैं कि कहीं न कहीं कार्रवाई में भ्रष्टाचार और राजनीतिक दबाव आड़े आ रहा है।

    प्रशासन से पारदर्शिता की मांग
    नागरिकों ने यह जानने की इच्छा जताई है कि आखिर वह ‘ऊपरी दबाव’ कौन है, जो अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई में रुकावट डाल रहा है। अंकुश दुबे ने प्रशासन से अनुरोध किया कि वे ऐसे मामलों में पारदर्शिता बनाए रखें और जनता को सच्चाई से अवगत कराएं।

    सहायक आयुक्त का बयान
    इस मामले में सहायक आयुक्त उमेश यमगर ने कहा, “दुबे जी की शिकायत पिछले दो साल से प्रलंबित है। हमने संबंधित इमारतों की बिजली और पानी काटने का आदेश दिया है। जैसे ही पुलिस सुरक्षा मिलेगी, हम कार्रवाई करेंगे।”

    आखिरकार, नागरिकों का विश्वास दांव पर
    दुबे ने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन समय रहते ठोस कदम नहीं उठाता, तो यह नागरिकों के विश्वास पर गंभीर आघात होगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अगर इस मामले में कोई अनहोनी होती है, तो उसके जिम्मेदार वे लोग होंगे जिन्होंने कानून को ताक पर रखकर अवैध निर्माणों को बढ़ावा दिया है।

  • Appeal to electricity customers to pay additional security deposit: बिजली ग्राहकों से अतिरिक्त सुरक्षा जमा राशि भरने की अपील

    कल्याण/वसई/पालघर: महावितरण ने कल्याण परिमंडल क्षेत्र के बिजली ग्राहकों से अपील की है कि वे अपने अप्रैल या मई माह के बिजली बिल के साथ अतिरिक्त सुरक्षा जमा राशि भरें। इसके लिए उपभोक्ताओं को एक अलग बिल प्रदान किया जा रहा है, जिसमें राशि की जानकारी और भुगतान की प्रक्रिया दी गई है। उपभोक्ताओं को यह राशि छह समान मासिक किश्तों में अदा करने की सुविधा भी प्रदान की गई है।

    सुरक्षा जमा राशि की पुनर्गणना
    महाराष्ट्र राज्य विद्युत नियामक आयोग की विद्युत आपूर्ति संहिता 2021 के विनियमन 13.1 के अनुसार, बिजली ग्राहकों से सुरक्षा राशि ली जाती है, जो हर वर्ष उपभोक्ताओं के पिछले वित्तीय वर्ष के औसत बिजली उपयोग के आधार पर पुनर्गणना की जाती है। मासिक बिल वाले उपभोक्ताओं के लिए यह राशि औसत बिल की दो गुना और तिमाही बिल वाले उपभोक्ताओं के लिए डेढ़ गुना तक हो सकती है।

    सुरक्षा राशि पर ब्याज और वापसी
    विनियमन 13.11 के अनुसार, जमा की गई सुरक्षा राशि पर रिजर्व बैंक के दर के अनुसार ब्याज भी दिया जाता है, जिसे बाद में बिजली बिल में समायोजित कर उपभोक्ताओं को लौटाया जाता है।

    ऑनलाइन भुगतान की सुविधा
    महावितरण ने www.mahadiscom.in वेबसाइट और महावितरण मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। उपभोक्ताओं से अनुरोध किया गया है कि वे अतिरिक्त सुरक्षा जमा राशि समय पर भरकर सहयोग प्रदान करें, जिससे बिजली आपूर्ति में कोई बाधा न आए और महावितरण की सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रहें।

  • Smuggling Racket Busted: 13 लाख की चरस के साथ एक गिरफ्तार, पुलिस की सटीक कार्रवाई से भिवंडी में नशा तस्करी का भंडाफोड़

    भिवंडी | भिवंडी शहर में चरस और गांजा जैसे नशीले पदार्थों की चोरी-छिपे हो रही बिक्री ने स्थानीय युवाओं के भविष्य को खतरे में डाल दिया है। इन अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए ठाणे पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे और सह पुलिस आयुक्त डॉ. ज्ञानेश्वर चव्हाण के मार्गदर्शन में पुलिस तंत्र सक्रिय हो चुका है। भिवंडी अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जनार्दन सोनावणे को सूचना मिली कि निजामपुरा के 32 क्वार्टर, राशनिंग ऑफिस के पास एक व्यक्ति चरस बेचने आने वाला है। इस सूचना के आधार पर उन्होंने एक विशेष पुलिस दल के साथ इलाके में जाल बिछाया और मेहबूब उर्फ पप्पू अब्दुलहक खान (उम्र 55, निवासी आंबेडकर चाल, टिटवाला) को रंगेहाथ पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से 435 ग्राम चरस जब्त की है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 13 लाख 5 हजार रुपये आंकी गई है।

    पुलिस की विशेष टीम की कार्रवाई
    इस कार्रवाई का नेतृत्व डीसीपी अमरसिंह जाधव और एसीपी शेखर बागडे के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें सपोनि धनराज केदार, पोउनि रविंद्र पाटिल, सुधाकर चौधरी, पोहवा निलेश बोरसे, सुनील सालुंखे, वामन भोईर, साबिर शेख, सचिन जाधव, रंगनाथ पाटिल, सुदेश घाग, माया डोंगरे, उमेश ठाकुर, रविंद्र सालुंखे जैसे कई अधिकारी शामिल थे। इस मामले में निजामपुरा पुलिस स्टेशन में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक रविंद्र पाटिल द्वारा की जा रही है।

  • Illegal Water Connection: अनधिकृत नल कनेक्शन से पानी बेचने वाले के खिलाफ मामला दर्ज

    भिवंडी | शहर में भीषण जल संकट के बीच, अवैध नल कनेक्शन के कारण कई इलाकों में पानी की अनियमित आपूर्ति की शिकायतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए महानगरपालिका आयुक्त अनमोल सागर ने जल आपूर्ति विभाग को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इन निर्देशों के तहत जल आपूर्ति विभाग के फ्लाइंग स्क्वाड प्रमुख विराज भोईर के नेतृत्व में एक बड़ी कार्रवाई की गई, जिसमें एक व्यक्ति द्वारा अनधिकृत नल कनेक्शन के माध्यम से पानी चुराकर बेचने का मामला उजागर हुआ है। कामतघर के फेणे गांव रोड इलाके में रहने वाला दीपक टाकुडके नामक व्यक्ति नगर निगम की मुख्य जल आपूर्ति लाइन में बिना अनुमति छेद करके एक अवैध नल कनेक्शन स्थापित किया था। इस कनेक्शन से वह 5,000 लीटर क्षमता के टैंक में पानी जमा करता था और पास की चॉल में अवैध रूप से पानी बेचता था।

    40,000 रुपये का नुकसान
    इस गैरकानूनी गतिविधि से जल लाइन को नुकसान पहुंचा और नगर निगम को लगभग ₹40,000 का आर्थिक नुकसान हुआ है। इस मामले में भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ जल चोरी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में अब कोई रियायत नहीं बरती जाएगी और जल चोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

  • Maharashtra Ratna Award: डॉ. पारसनाथ तिवारी को “महाराष्ट्र रत्न पुरस्कार” से सम्मानित किया जाएगा

    पुणे: सामाजिक, शिक्षा, संस्कृति, धर्म और राजनीति जैसे विविध क्षेत्रों में निरंतर कार्यरत एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले डॉ. पारसनाथ तिवारी को इस वर्ष “महाराष्ट्र रत्न पुरस्कार” से सम्मानित किया जाएगा।

    यह पुरस्कार सांस्था अखिल भारतीय द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान महासम्मेलन के दौरान प्रदान किया जाएगा, जो 20 अप्रैल 2025, रविवार को पिंपरी चिंचवड के प्रतिष्ठित आचार्य अत्रे रंगमंदिर में संपन्न होगा। देशभर से कई गणमान्य अतिथि और विशिष्ट जन इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।

    डॉ. तिवारी ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए जो कार्य किए हैं, वे प्रेरणास्रोत माने जाते हैं। उनके कार्यों में शिक्षा का प्रसार, सांस्कृतिक जागरूकता, सामाजिक समरसता और जनसेवा को प्राथमिकता दी गई है। यही कारण है कि उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जा रहा है।

    आयोजन समिति का कहना है कि यह सम्मान देशभर के उन विभूतियों को समर्पित है जो अपने क्षेत्र में विशेष पहचान बनाकर समाज के लिए कार्य कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में अन्य विभूतियों को भी सम्मानित किया जाएगा और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी आकर्षण का केंद्र होंगी।