Category: Bharat

Stay updated with the pulse of the nation!
In this category, explore the latest news and breaking updates from across India – including politics, economy, education, science, law, social issues, and more. Get real-time updates and in-depth coverage of stories that matter to every Indian.

  • Murji Patel Raises Marol Police Housing Issue: मरोल पुलिस कैंप के जर्जर आवासों पर एक्शन, विधायक मुरजी पटेल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात

    Murji Patel Raises Marol Police Housing Issue: मरोल पुलिस कैंप के जर्जर आवासों पर एक्शन, विधायक मुरजी पटेल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात

    मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुलिस आयुक्त को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश, पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

    मुंबई। अंधेरी स्थित मरोल पुलिस कैंप में पुलिसकर्मियों के जर्जर और खतरनाक आवासों का मामला अब राज्य सरकार तक पहुंच गया है। अंधेरी के विधायक मुरजी पटेल (काका) ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर पुलिस आवासों की बदहाल स्थिति से उन्हें अवगत कराया और तत्काल कार्रवाई की मांग की।

    मुलाकात के दौरान विधायक मुरजी पटेल ने मुख्यमंत्री को क्षतिग्रस्त छतों, जर्जर भवनों और हाल ही में हुई घटनाओं के फोटो दिखाए। उन्होंने बताया कि जनता की सुरक्षा में दिन-रात तैनात पुलिसकर्मी और उनके परिवार असुरक्षित भवनों में रहने को मजबूर हैं, जिससे उनकी जान को खतरा बना हुआ है।

    Murji Patel Raises Marol Police Housing Issue

    मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बैठक के दौरान ही मुंबई के पुलिस आयुक्त देवेन भारती से दूरभाष पर चर्चा की और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जल्द से जल्द उचित कदम उठाने के निर्देश दिए तथा शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया।

    विधायक मुरजी पटेल ने बताया कि इससे पहले उन्होंने राज्य के गृह राज्यमंत्री योगेश रामदास कदम को भी मरोल पुलिस कैंप की स्थिति से अवगत कराया था। गृह राज्यमंत्री ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।

    विधायक ने कहा कि वह स्वयं भी मुंबई पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर इस मामले की प्रगति की समीक्षा करेंगे, ताकि पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को जल्द सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जा सके।

  • Pankaj Deshmukh Steps In During Rain Crisis:भारी बारिश के बीच जनता के साथ खड़े दिखे नगरसेवक पंकज देशमुख

    Pankaj Deshmukh Steps In During Rain Crisis:भारी बारिश के बीच जनता के साथ खड़े दिखे नगरसेवक पंकज देशमुख

    नालासोपारा। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नालासोपारा के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे हजारों नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई क्षेत्रों में अंधेरा छा गया और लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया।(Pankaj Deshmukh Steps In During Rain Crisis)

    स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगरसेवक पंकज देशमुख तुरंत सक्रिय हुए। उन्होंने महावितरण के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए रखी।

    बिजली आपूर्ति बहाल होने में हो रही देरी को देखते हुए पंकज देशमुख ने नागरिकों की सुविधा के लिए उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर मंगवाने की व्यवस्था भी कराई, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द बिजली बहाल की जा सके।

    पंकज देशमुख ने कहा कि जनता की सेवा करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना उनकी पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से धैर्य बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि हर संकट की घड़ी में वे जनता के साथ खड़े रहेंगे।

    गौरतलब है कि इससे पहले भी गैस सिलेंडर की कमी को लेकर फैली अफवाहों के बीच उन्होंने लोगों को सही जानकारी देकर अनावश्यक परेशानियों से राहत दिलाने का प्रयास किया था।

    आपातकालीन स्थिति में नगरसेवक की सक्रियता और त्वरित पहल की स्थानीय नागरिकों ने भी सराहना की।

  • Bhiwandi House Partially Collapses: भिवंडी में एक मंजिला मकान का छज्जा गिरा, बड़ा हादसा टला

    Bhiwandi House Partially Collapses: भिवंडी में एक मंजिला मकान का छज्जा गिरा, बड़ा हादसा टला

    अंसार मोहल्ला में सुबह हुआ हादसा, एक व्यक्ति घायल; निगम ने आसपास के खतरनाक मकान खाली कराने के दिए निर्देश

    भिवंडी। भिवंडी में लगातार हो रही बारिश के बीच जर्जर भवनों के गिरने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे शहर के खंडूपाड़ा स्थित अंसार मोहल्ला में एक मंजिला लोड-बेयरिंग मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया (Canopy Collapse, Major Tragedy Averted)। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। हालांकि एक व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं।

    नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार, अंसार मोहल्ला स्थित मकान नंबर 144/5/1/जी-1 कलीम अंसारी का है। मकान के भूतल पर किराना दुकान संचालित होती है, जबकि पहली मंजिल पर कलीम अंसारी अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहते हैं। शुक्रवार सुबह मकान के सामने वाले हिस्से का ग्राउंड फ्लोर का छज्जा गिरने से पहली मंजिल की टीन की छत और दीवारों का हिस्सा भी ढह गया।

    घटना की सूचना मिलते ही प्रभाग समिति क्रमांक-1 के सहायक आयुक्त मक्सूम शेख, दमकल विभाग तथा आपातकालीन कक्ष की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाने का कार्य तत्काल शुरू किया गया।

    इसके बाद नगर निगम की उपायुक्त सपना वसावा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त मकान के आसपास स्थित घरों को एहतियातन खाली कराने के निर्देश दिए तथा क्षेत्र के अन्य जर्जर और खतरनाक मकानों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के आदेश जारी किए।

    बारिश के मौसम में भिवंडी में जर्जर इमारतों के ढहने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में नगर निगम ने नागरिकों से खतरनाक भवनों से दूर रहने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है।

  • Khadse’s Matoshree Visit: एकनाथ खडसे की ‘मातोश्री’ पर उद्धव ठाकरे से मुलाकात; राजनीतिक अटकलें तेज

    Khadse’s Matoshree Visit: एकनाथ खडसे की ‘मातोश्री’ पर उद्धव ठाकरे से मुलाकात; राजनीतिक अटकलें तेज

    अमृत महोत्सव (75वें जन्मोत्सव) का निमंत्रण देने पहुंचे थे खडसे

    मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वरिष्ठ नेता एकनाथ खडसे ने शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे से उनके निवास ‘मातोश्री’ पर मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान सांसद संजय राउत भी मौजूद थे। हाल ही में भाजपा नेता विनोद तावड़े से मुलाकात के बाद एकनाथ खडसे की भाजपा में वापसी की अटकलें तेज हो गई थीं। ऐसे में उद्धव ठाकरे से उनकी मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया।

    हालांकि, एकनाथ खडसे ने इस मुलाकात को पूरी तरह गैर-राजनीतिक बताते हुए सभी अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि अगले महीने उनका अमृत महोत्सव (75वां जन्मोत्सव) कार्यकर्ताओं द्वारा बड़े उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इसी कार्यक्रम का निमंत्रण देने के लिए वे उद्धव ठाकरे से मिलने ‘मातोश्री’ पहुंचे थे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मुलाकात का राजनीति से कोई संबंध नहीं है।

    गौरतलब है कि एकनाथ खडसे लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे हैं। बाद में उन्होंने भाजपा छोड़कर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) का दामन थाम लिया था। उनकी पुत्रवधू रक्षा खडसे केंद्र सरकार में मंत्री हैं और भाजपा की प्रमुख नेताओं में शामिल हैं। ऐसे में समय-समय पर खडसे की भाजपा में संभावित ‘घर वापसी’ को लेकर चर्चाएं होती रहती हैं।

    इस बीच, कुछ दिन पहले एकनाथ खडसे के दामाद प्रांजल खेवलकर का नाम पुणे में कथित रेव पार्टी मामले में सामने आया था। पुलिस ने छापेमारी के दौरान उन्हें हिरासत में लिया था। बताया गया था कि जिस स्थान पर पार्टी आयोजित की गई थी, उसकी बुकिंग प्रांजल खेवलकर के नाम पर थी। इस मामले के बाद खडसे परिवार सुर्खियों में आ गया था। खडसे की बेटी और नेता रोहिणी खडसे ने सार्वजनिक रूप से अपने पति का समर्थन किया था और न्यायालय में भी उनके साथ मौजूद रही थीं।

    फिलहाल, उद्धव ठाकरे और एकनाथ खडसे की इस मुलाकात ने एक बार फिर महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। हालांकि खडसे ने साफ कर दिया है कि यह केवल उनके अमृत महोत्सव समारोह का निमंत्रण देने के उद्देश्य से हुई शिष्टाचार भेंट थी और इसका किसी राजनीतिक घटनाक्रम से कोई संबंध नहीं है।

  • FSSAI Notice Lotte, FNP & Kubera foods: भ्रामक दावों पर FSSAI सख्त, लोट्टे इंडिया, फर्न्स एन पेटल्स और कुबेरा फूड्स को नोटिस

    FSSAI Notice Lotte, FNP & Kubera foods: भ्रामक दावों पर FSSAI सख्त, लोट्टे इंडिया, फर्न्स एन पेटल्स और कुबेरा फूड्स को नोटिस

    New Delhi:देश में खाद्य उत्पादों की लेबलिंग और भ्रामक दावों पर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने सख्त रुख अपनाया है। नियामक संस्था ने लोट्टे इंडिया, फर्न्स एन पेटल्स और कुबेरा फूड्स(FSSAI Notice Lotte, FNP & Kubera foods) को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है। एफएसएसएआई का आरोप है कि इन कंपनियों के कुछ खाद्य उत्पादों पर ऐसे दावे किए गए हैं, जो उपभोक्ताओं को गुमराह कर सकते हैं और कई मामलों में लेबलिंग नियमों का भी उल्लंघन हुआ है।

    एफएसएसएआई ने स्पष्ट किया है कि यदि कंपनियों का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संस्था का कहना है कि यह कदम उपभोक्ताओं को उत्पादों की सही और पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

    जांच में लोट्टे इंडिया के कई उत्पादों पर नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई। कंपनी पर पुराने प्री-प्रिंटेड लेबल बिना अनुमति इस्तेमाल करने, लोट्टे चॉको पाय पर “100 प्रतिशत शाकाहारी” जैसा भ्रामक दावा करने, पीईपीईआरओ बिस्किट स्टिक्स पर निर्धारित प्रारूप में पोषण संबंधी जानकारी न देने और लॉली ब्लिस लॉलीपॉप में विटामिन संबंधी मानकों का पालन नहीं करने के आरोप हैं। इसके अलावा कुछ उत्पादों की पैकेजिंग से फल होने का आभास दिया गया, जबकि उनमें फल मौजूद नहीं थे और पैक के सामने अनिवार्य डिस्क्लेमर भी नहीं दिया गया।

    कुबेरा फूड्स के ‘सॉफ्ट एंड फ्रेश क्रीम बन पाइनएप्पल’ उत्पाद पर “100 प्रतिशत प्राकृतिक”, “नो प्रिजरवेटिव्स” और “नो कलर्स एंड फ्लेवर्स” जैसे दावे किए गए, जबकि उत्पाद के लेबल पर प्रिजर्वेटिव, सिंथेटिक रंग और फ्लेवरिंग एजेंट का उल्लेख मिला। एफएसएसएआई के अनुसार, ऐसे दावे नियमों के विपरीत हैं।

    वहीं, फर्न्स एन पेटल्स के ‘रोस्टेड ऑलमंड चॉकलेट’ पर “प्रीमियम चॉकलेट” लिखा गया था, जबकि उसमें हाइड्रोजेनेटेड फैट का इस्तेमाल पाया गया। एफएसएसएआई का कहना है कि उत्पाद के दावों और उसकी वास्तविक सामग्री में अंतर होने से उपभोक्ता भ्रमित हो सकते हैं।

    एफएसएसएआई ने कहा कि वह उपभोक्ताओं की शिकायतों और स्वतः संज्ञान के आधार पर ऐसे मामलों की लगातार जांच कर रहा है। हाल ही में ‘फ्रेश पनीर’ जैसे दावे को लेकर भी एक अन्य कंपनी को नोटिस जारी किया गया था। संस्था अब सोशल मीडिया के माध्यम से भी अपनी कार्रवाई की जानकारी साझा कर रही है और खाद्य उत्पादों पर भ्रामक दावों के खिलाफ सख्त निगरानी जारी रखेगी।

  • Varsha Gaikwad Slams Fadnavis Over Criticism on Missing Link Project: सरकार से सवाल पूछना लोकतांत्रिक अधिकार है, न कि महाराष्ट्र की बदनामी: सांसद वर्षा गायकवाड़

    Varsha Gaikwad Slams Fadnavis Over Criticism on Missing Link Project: सरकार से सवाल पूछना लोकतांत्रिक अधिकार है, न कि महाराष्ट्र की बदनामी: सांसद वर्षा गायकवाड़

    मुंबई। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड़ ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार से सवाल पूछना लोकतांत्रिक अधिकार है, न कि महाराष्ट्र की बदनामी। उन्होंने आरोप लगाया कि सवाल पूछने वालों को धमकी देना लोकतंत्र नहीं, बल्कि हुकूमशाही की मानसिकता को दर्शाता है।

    Varsha Gaikwad Slams Fadnavis Over Criticism on Missing Link Project

    वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के 7,000 करोड़ रुपये के मिसिंग लिंक प्रोजेक्ट में केवल दो महीने के भीतर गड्ढे पड़ना और झरने जैसी स्थिति बन जाने के कारण यातायात रोकना पड़ा। उनके अनुसार यह निकृष्ट गुणवत्ता वाले निर्माण का प्रमाण है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी परियोजना पर जनता सवाल पूछती है तो मुख्यमंत्री आलोचकों को “भाड़े के तट्टू” कैसे कह सकते हैं।

    उन्होंने कहा कि परियोजनाओं पर खर्च होने वाला पैसा जनता का है, इसलिए जनता को उसके उपयोग और गुणवत्ता पर सवाल पूछने का पूरा अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि निकृष्ट निर्माण, दुर्घटनाएं और भ्रष्टाचार ही महाराष्ट्र की छवि खराब करते हैं, न कि उन पर सवाल उठाने वाले नागरिक या विपक्ष।

    कांग्रेस सांसद ने कहा कि यदि सरकार के काम गुणवत्तापूर्ण हैं तो आलोचनाओं का जवाब तथ्यों के आधार पर दिया जाना चाहिए, न कि सवाल पूछने वालों को बदनाम करके या उन्हें धमकाकर। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जवाबदेही से बचने के बजाय सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।

    वर्षा गायकवाड़ ने भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने विपक्ष, विशेषकर राहुल गांधी की छवि खराब करने के लिए मीडिया और सोशल मीडिया पर करोड़ों रुपये खर्च किए। उन्होंने कहा कि दूसरों पर आरोप लगाने से पहले भाजपा को आत्ममंथन करना चाहिए।

  • Activate Mumbai Congress:मुंबई कांग्रेस ने बनाया आपदा प्रबंधन दल, बारिश प्रभावितों की मदद के लिए करेगा समन्वय

    Activate Mumbai Congress:मुंबई कांग्रेस ने बनाया आपदा प्रबंधन दल, बारिश प्रभावितों की मदद के लिए करेगा समन्वय

    मुंबई। मुंबई में पिछले छह दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के बीच नागरिकों को राहत पहुंचाने और मानसून से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए मुंबई कांग्रेस ने आपदा प्रबंधन दल का गठन किया है। यह दल मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड़ के नेतृत्व में कार्य करेगा।

    मुंबई कांग्रेस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, महानगर में भारी बारिश के कारण जलभराव, पेड़ गिरने, नागरिकों के विस्थापन और अन्य आपात स्थितियों में महानगरपालिका की व्यवस्था पर्याप्त नहीं दिख रही है। ऐसे में कांग्रेस का यह आपदा प्रबंधन दल मानसून के दौरान नागरिकों की शिकायतों का समन्वय करेगा तथा संबंधित विभागों से तत्काल सहायता और कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास करेगा।

    दल शहर के जलभराव वाले क्षेत्रों, पेड़ गिरने की घटनाओं, प्रभावित नागरिकों के सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरण, राहत शिविरों की व्यवस्था तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों की निगरानी करेगा। इसके अलावा आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने और संबंधित सरकारी विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने का भी कार्य करेगा।

    इस आपदा प्रबंधन दल में सांसद चंद्रकांत हंडोरे, पूर्व मंत्री नसीम खान, असलम शेख, विधायक भाई जगताप, विधायक अमीन पटेल, विधायक डॉ. ज्योति गायकवाड़, बीएमसी में कांग्रेस के गटनेता अशरफ आजमी सहित कांग्रेस के सभी नगरसेवक, जिला अध्यक्ष और पदाधिकारी शामिल हैं।

    मुंबई कांग्रेस के प्रवक्ता सुरेशचंद्र राजहंस ने बताया कि यह दल पूरे मानसून के दौरान सक्रिय रहकर नागरिकों की शिकायतों के समाधान और आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने के लिए कार्य करेगा।

  • Permeable Road Shoulders Groundwater Recharge Proposal : कंक्रीट सड़कों के किनारे जल रिचार्ज स्ट्रक्चर बनाने की मांग, पर्यावरणविद् डॉ. प्रशांत सिनकर ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

    Permeable Road Shoulders Groundwater Recharge Proposal : कंक्रीट सड़कों के किनारे जल रिचार्ज स्ट्रक्चर बनाने की मांग, पर्यावरणविद् डॉ. प्रशांत सिनकर ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

    ठाणे। राज्य में तेजी से बन रही सीमेंट-कंक्रीट सड़कों के कारण वर्षा जल का प्राकृतिक रूप से जमीन में समावेश कम होता जा रहा है, जिससे बाढ़, भूजल स्तर में गिरावट, टैंकरों पर बढ़ती निर्भरता और शहरी गर्मी जैसी समस्याएं गंभीर होती जा रही हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए सीमेंट-कंक्रीट सड़कों के किनारे पानी सोखने वाले पारगम्य (परमीएबल) स्ट्रक्चर विकसित करने की मांग उठी है(Permeable Road Shoulders Groundwater Recharge Proposal)। इस संबंध में पर्यावरणविद् डॉ. प्रशांत सिनकर ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को ज्ञापन सौंपकर राज्य सरकार से नीति बनाने का आग्रह किया है।

    ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में सड़कों के दोनों ओर बने फुटपाथ, साइड शोल्डर और सार्वजनिक क्षेत्र पूरी तरह कंक्रीट से ढके होने के कारण वर्षा का अधिकांश पानी सीधे नालियों में बह जाता है। इससे मानसून के दौरान जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनती है, जबकि गर्मियों में भूजल स्तर गिरने से पानी के लिए टैंकरों पर निर्भरता बढ़ जाती है।

    प्रस्ताव में सुझाव दिया गया है कि सड़कों के किनारे पारगम्य इंटरलॉकिंग ब्लॉक, कुचले हुए पत्थर, बजरी, गिट्टी और रेत जैसी जल सोखने वाली परतों का उपयोग किया जाए, जिससे वर्षा जल जमीन में समाहित होकर भूजल रिचार्ज को बढ़ा सके। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे जलभराव कम होगा, भूजल स्तर सुधरेगा, टैंकरों पर निर्भरता घटेगी और शहरी क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।

    ज्ञापन में सार्वजनिक निर्माण विभाग, शहरी विकास विभाग, जल संसाधन विभाग और भूजल सर्वेक्षण विभाग से इस अवधारणा का तकनीकी अध्ययन कराने तथा पहले चुनिंदा शहरों में पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने की मांग की गई है। इसके बाद सभी नए सीमेंट-कंक्रीट सड़क परियोजनाओं और सार्वजनिक विकास कार्यों में ऐसे जल रिचार्ज स्ट्रक्चर को अनिवार्य रूप से शामिल करने का सुझाव दिया गया है।

    पर्यावरणविद् डॉ. प्रशांत सिनकर का कहना है कि यदि सड़कों के किनारे जल सोखने वाले ढांचे विकसित किए जाएं तो लाखों लीटर वर्षा जल सीधे जमीन में समा सकेगा। इससे ‘बाढ़ से टैंकर’ के दुष्चक्र को रोकने के साथ-साथ जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को भी बढ़ावा मिलेगा।

  • Thane Ghodbunder Road Gas Tanker Accident: घोड़बंदर रोड पर गैस टैंकर रिक्शा पर पलटा, चालक समेत दो की मौत

    Thane Ghodbunder Road Gas Tanker Accident: घोड़बंदर रोड पर गैस टैंकर रिक्शा पर पलटा, चालक समेत दो की मौत

    ठाणे। ठाणे के घोड़बंदर रोड पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में गैस टैंकर के ऑटो रिक्शा पर पलट जाने से रिक्शा चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12:45 बजे डी-मार्ट, आनंदनगर, घोड़बंदर रोड के सामने एक गैस टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर ऑटो रिक्शा पर पलट गया। हादसे के समय रिक्शा में चालक सहित दो यात्री सवार थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि रिक्शा चालक दशरथ राणाजी पवार (निवासी जय भीम नगर, कलवा) और यात्री मोहम्मद अमीन (मूल निवासी सरलगंज, उत्तर प्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई।

    हादसे में गंभीर रूप से घायल यात्री अमजीत अंसारी को तत्काल उपचार के लिए ओवाला स्थित वेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

    सूचना मिलते ही पुलिस, यातायात शाखा और बचाव दल मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से गैस टैंकर को हटाकर सड़क से किनारे किया गया, जिसके बाद घोड़बंदर रोड पर यातायात सामान्य कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

  • Thane rain tree fall incidents woman seriously injured: ठाणे में बारिश थमी लेकिन पेड़ गिरने की घटनाएं जारी; युवती घायल

    Thane rain tree fall incidents woman seriously injured: ठाणे में बारिश थमी लेकिन पेड़ गिरने की घटनाएं जारी; युवती घायल

    ठाणे। ठाणे में मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद बुधवार को मौसम में कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन शहर में पेड़ गिरने और जलभराव की घटनाएं लगातार सामने आती रहीं। वागले एस्टेट क्षेत्र में पेड़ गिरने से 25 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि शहर के कई इलाकों में पेड़ गिरने और जलभराव के कारण जनजीवन प्रभावित रहा।

    Thane rain tree fall incidents woman seriously injured

    ठाणे आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार मंगलवार शाम 6:30 बजे तक शहर में 61.94 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि पिछले 24 घंटों में कुल 111.91 मिमी बारिश हुई। इस मानसून सीजन में अब तक ठाणे में 1331.17 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है, जो पिछले वर्षों की तुलना में अधिक है।

    वागले एस्टेट निवासी 25 वर्षीय दृष्टि कदम यशोधन नगर अस्पताल के सामने पैदल जा रही थीं, तभी अचानक एक बड़ा पेड़ उनके ऊपर गिर गया। हादसे में उनकी पीठ पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल जुपिटर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना में एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।

    बारिश के दौरान मुंब्रा के अमृत नगर स्थित चांदनी बिल्डिंग की गोलाकार गैलरी का हिस्सा भी ढह गया। वहीं काशीनाथ घाणेकर थिएटर के पास एडेलवुड कॉम्प्लेक्स रोड पर जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ। फ्लावर वैली की सर्विस रोड, गोखले रोड स्थित डाकघर के पास, बानाचापाड़ा और नौपाड़ा समेत कई स्थानों पर बड़े पेड़ गिरने या खतरनाक स्थिति में पाए गए, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

    ठाणे आपदा प्रबंधन विभाग और संबंधित एजेंसियां लगातार संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर रही हैं तथा नागरिकों से खराब मौसम के दौरान जर्जर पेड़ों और असुरक्षित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।