Category: Thane

  • Birth Day: एकनाथ शिंदे के जन्मदिन पर ‘लाड़ली बहनों’ द्वारा 9 फरवरी को राज्यभर के प्रमुख मंदिरों में होगी देवताओं की महाआरती

    Birth Day: एकनाथ शिंदे के जन्मदिन पर ‘लाड़ली बहनों’ द्वारा 9 फरवरी को राज्यभर के प्रमुख मंदिरों में होगी देवताओं की महाआरती

    मुंबई: शिवसेना के मुख्य नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे(Eknath shinde birthday) के जन्मदिन के अवसर पर सोमवार, 9 फरवरी 2026 को राज्यभर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर ‘लाड़ली बहनों’ की ओर से सामूहिक महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान उपमुख्यमंत्री शिंदे के स्वस्थ, दीर्घायु और ऊर्जावान जीवन की कामना की जाएगी।

    उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे 9 फरवरी को अपने 62वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। उनके जनकल्याणकारी कार्यों को निरंतर शक्ति मिले और वे इसी तरह राज्य की सेवा करते रहें, इस भावना के साथ लाखों लाडकी बहनें मंदिरों में प्रार्थना करेंगी।

    शिवसेना की उपनेता और प्रवक्ता शीतल म्हात्रे ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के प्रमुख मंदिरों में शाम 7 बजे एक साथ महाआरती की जाएगी। इनमें श्री क्षेत्र पंढरपुर का विठ्ठल मंदिर, देहू, आलंदी, तुलजापुर का तुलजाभवानी मंदिर, कोल्हापुर का अंबाबाई मंदिर और ज्योतिबा मंदिर, शिरडी का साईं बाबा मंदिर, अक्कलकोट का स्वामी समर्थ समाधि स्थल, श्री क्षेत्र जेजुरी, त्र्यंबकेश्वर, कालाराम मंदिर, शेगांव का गजानन महाराज मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिर शामिल हैं।

    शीतल म्हात्रे ने कहा कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे हमेशा अपने वचनों पर खरे उतरते आए हैं। ‘लाडकी बहन योजना’ के माध्यम से उन्होंने राज्य की लगभग ढाई करोड़ महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। इस योजना से लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं और उन्हें आर्थिक मजबूती मिली है। इसी कृतज्ञता भाव से लाडकी बहनें उनके लिए प्रार्थना करेंगी।

    उन्होंने यह भी बताया कि लाडकी बहनों ने विधानसभा, नगरपालिका और महापालिका चुनावों में शिवसेना और महायुति को भरपूर समर्थन दिया है। वहीं, महायुति के सहयोगी दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख एवं उपमुख्यमंत्री अजित पवार के दुर्भाग्यपूर्ण निधन के कारण इस वर्ष उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपना जन्मदिन सार्वजनिक रूप से न मनाने का निर्णय लिया है।

    इसके बावजूद, राज्यभर की लाडकी बहनें श्रद्धा और आस्था के साथ मंदिरों में महाआरती कर उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करेंगी।

  • Environment Crime: क्या पेड़ों पर लाइटिंग करना निसर्ग की हत्या है?

    Environment Crime: क्या पेड़ों पर लाइटिंग करना निसर्ग की हत्या है?

    पर्यावरणविद डॉ. प्रशांत सिनकर ने की ठाणे में ज़िंदा पेड़ों पर सजावट बंद करने की मुख्यमंत्री से मांग

    ठाणे (Thane News)।
    शहर में ज़िंदा पेड़ों पर की जा रही बिजली की लाइटिंग और सजावट को लेकर पर्यावरण का गंभीर मुद्दा खड़ा हो गया है। पर्यावरणविद डॉ. प्रशांत सिनकर ने इस प्रथा को सीधे-सीधे पर्यावरण अपराध (Environment Crime) करार देते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से ठाणे में ऐसे सभी कार्य तुरंत बंद करने की मांग की है।

    डॉ. सिनकर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा है कि त्योहारों, कार्यक्रमों और तथाकथित ब्यूटीफिकेशन के नाम पर ज़िंदा पेड़ों पर वायरिंग, ड्रिलिंग, कीलें ठोकना और भारी लाइटिंग उपकरण टांगना पेड़ों के लिए घातक साबित हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पेड़ सजावटी खंभे नहीं, बल्कि शहर की सांस और नागरिकों की जीवनरेखा हैं।

    पत्र में यह भी चेतावनी दी गई है कि इस तरह की गतिविधियों से न केवल पेड़ों को शारीरिक नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि पक्षियों, कीट-पतंगों और पूरी जैव विविधता (बायोडायवर्सिटी) पर भी गंभीर असर पड़ रहा है। पेड़ों पर की गई लाइटिंग उनके प्राकृतिक विकास, जीवन चक्र और पर्यावरणीय संतुलन को बिगाड़ रही है।

    डॉ. सिनकर ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर राज्य और केंद्र सरकार नेट ज़ीरो लाइफ मिशन और क्लाइमेट चेंज से लड़ने की बातें कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर स्थानीय निकाय खुलेआम ज़िंदा पेड़ों पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने इसे नीति और ज़मीनी हकीकत के बीच की खतरनाक विडंबना बताया।

    इस पृष्ठभूमि में डॉ. सिनकर ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि

    • ज़िंदा पेड़ों पर किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रिक लाइटिंग, डेकोरेशन और विज्ञापन सामग्री लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए
    • नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के स्पष्ट आदेश जारी किए जाएं

    अपने पत्र के अंत में उन्होंने भावनात्मक अपील करते हुए लिखा,
    “पेड़ चीख नहीं सकते, लेकिन पूरे शहर को चुपचाप उनके ज़ख्म सहने पड़ते हैं। अगर आज हम पेड़ों के लिए नहीं खड़े हुए, तो कल शहर के लिए सांस लेना भी मुश्किल हो जाएगा।”

    पर्यावरणविदों का मानना है कि अगर समय रहते इस पर रोक नहीं लगी, तो इसका खामियाजा आने वाली पीढ़ियों को चुकाना पड़ेगा।

  • बी के बिड़ला महाविद्यालय में वार्षिक खेल महोत्सव ‘ऊर्जा-03’ संपन्न, 1596 छात्रों की सहभागिता

    बी के बिड़ला महाविद्यालय में वार्षिक खेल महोत्सव ‘ऊर्जा-03’ संपन्न, 1596 छात्रों की सहभागिता

    कल्याण। बी. के. बिड़ला महाविद्यालय, कल्याण के शारीरिक शिक्षण एवं खेल विभाग द्वारा आयोजित वार्षिक खेल महोत्सव ‘ऊर्जा-03’ का सफलतापूर्वक समापन हो गया। दो दिनों तक चले इस खेल महोत्सव में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ महाविद्यालयों के कुल 1596 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन का आधिकारिक वेब पार्टनर ‘इको कैम्पस’ रहा।

    खेल महोत्सव का उद्घाटन महाविद्यालय के शिक्षा निदेशक डॉ. नरेश चन्द्र, प्राचार्य डॉ. अविनाश पाटील, शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डॉ. अनिल तिवारी, खेल निदेशक डॉ. वाई. डी. बागराव, प्रा. रोहिणी पाटील एवं दर्शन फुले की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बॉक्स क्रिकेट मैदान, लम्बी कूद पिट, गोला फेंक एवं चक्र फेंक जैसी नई खेल सुविधाओं का भी उद्घाटन किया गया।

    खेल महोत्सव के प्रथम दिन शतरंज, टेबल टेनिस एवं फ्री फायर जैसे एकाग्रता बढ़ाने वाले खेलों में विद्यार्थियों की विशेष सहभागिता देखने को मिली। वहीं दूसरे दिन त्रिस्तरीय दौड़ प्रतियोगिता, लम्बी कूद, गोला फेंक, रस्साकसी, कैरम, बैडमिंटन, बीजीएमआई ई-स्पोर्ट्स सहित अन्य खेलों का आयोजन किया गया। इस दौरान लगाए गए ‘फन स्टाल’ छात्रों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।

    गौरतलब है कि बी. के. बिड़ला महाविद्यालय पिछले एक दशक से खेल के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। महाविद्यालय के खेल विभाग से जुड़े कई छात्र बॉक्सिंग और कुश्ती में राष्ट्रीय स्तर, जबकि योग एवं रग्बी में फ्रांस और जर्मनी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।

    खेलों को बढ़ावा देने में महाविद्यालय की प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ओ. आर. चितलांगे का निरंतर सहयोग, शिक्षा निदेशक डॉ. नरेश चन्द्र का प्रोत्साहन तथा प्राचार्य डॉ. अविनाश पाटील का मार्गदर्शन उल्लेखनीय रहा है। विद्यार्थियों को खेल संबंधी अत्याधुनिक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सशक्त मंच मिल रहा है।

  • Thane News: प्रजापति समाज विकास मंडल की कार्यकारिणी बैठक संपन्न, नई नियुक्तियों पर लगी मुहर

    Thane News: प्रजापति समाज विकास मंडल की कार्यकारिणी बैठक संपन्न, नई नियुक्तियों पर लगी मुहर

    नवी मुंबई। प्रजापति समाज विकास मंडल रजि., एक राष्ट्रीय सामाजिक संस्था (एनजीओ) की कार्यकारिणी बैठक पनवेल में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्र प्रताप प्रजापति की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

    बैठक के दौरान 11 जनवरी को आयोजित 21वें वार्षिक सम्मेलन की समीक्षा की गई। सम्मेलन को लेकर सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार किया गया और आने वाले कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए कई सुझावों को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया।

    राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्र प्रताप प्रजापति ने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और सहयोगी महानुभावों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से संस्था सामाजिक सेवा के अपने उद्देश्यों को मजबूती से आगे बढ़ा रही है।

    बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से दो नई महत्वपूर्ण नियुक्तियों की भी घोषणा की गई।

    • राज किशोर प्रजापति को अलीबाग तालुका का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
    • लव कुमार प्रजापति को पनवेल महानगरपालिका क्षेत्र के लिए युवा प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया।

    इस अवसर पर राष्ट्रीय मुख्य महासचिव गजेंद्र प्रजापति, रायगढ़ जिला महासचिव इंदर प्रजापति, न्यू पनवेल शहर अध्यक्ष गोवर्धन प्रजापति, सुबोध प्रजापति, इंद्र कुमार प्रजापति, पिंटू प्रजापति, संजय प्रजापति, सियाराम प्रजापति, राकेश कुमार प्रजापति, रोहित प्रजापति सहित अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

    बैठक के अंत में समाजहित में एकजुट होकर कार्य करने और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया गया।

  • Chain Snaching: ‘धूम’ स्टाइल में महिला के गले से सोने की चेन छीनी, फरार हुए आरोपी

    Chain Snaching: ‘धूम’ स्टाइल में महिला के गले से सोने की चेन छीनी, फरार हुए आरोपी

    भिवंडी: ठाणे-नाशिक हाईवे पर एक चौंकाने वाली घटना हुई, जिसमें दो अज्ञात बाइक सवारों ने महिला के गले से सोने की चेन छीनी((Chain snaching)) और फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, आर्या आशीष पातकर (34, निवासी कल्याण) 5 फरवरी की रात करीब पौने दस बजे अपने पति के साथ बाइक से ठाणे-नाशिक हाईवे होकर घर लौट रही थीं।

    इसी दौरान, पीछे से आए दो अज्ञात बाइक सवारों में से एक ने आर्या पातकर के गले से 1 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की सोने की चेन जबरन छीनी और नाशिक की ओर भाग निकले।

    इस मामले में कोनगांव पुलिस स्टेशन में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और स्थानीय लोगों से भी किसी जानकारी के लिए संपर्क करने का अनुरोध किया गया है।

  • ATM Fraud: बुजुर्ग मजदूर से 56 हजार रुपये की ठगी, पुलिस जांच में जुटी

    ATM Fraud: बुजुर्ग मजदूर से 56 हजार रुपये की ठगी, पुलिस जांच में जुटी

    भिवंडी(Bhiwandi): शहर में एटीएम धोखाधड़ी(ATM Fraud) का एक और मामला सामने आया है। 65 वर्षीय बुजुर्ग मजदूर मंगला राम माने के खाते से अज्ञात आरोपी ने चालाकी से 56 हजार रुपये निकाल लिए। घटना की जानकारी मिलने पर भिवंडी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस के अनुसार, मंगला राम माने रात करीब 8:05 बजे अपनी बेटी रेखा के साथ ताडाली-कामतघर रोड स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम में पैसे निकालने गए थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने मशीन में छेड़छाड़ कर उनका कार्ड फंसा दिया। बाद में आरोपी ने किसी तरह पिन नंबर हासिल कर कार्ड अपने कब्जे में ले लिया और खाते से कुल 56 हजार रुपये निकाल लिए। घटना हनुमान नगर गेट के पास रघुवंश देशी बार के सामने स्थित एटीएम की बताई जा रही है।

    भिवंडी पुलिस ने मजदूर की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता 2023 की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। जांच सहायक पुलिस निरीक्षक विशाल पवार कर रहे हैं।

  • Crime News:भिवंडी के शांतीनगर में चुनावी रंजिश ने हिंसक मोड़ लिया, युवक पर चाकू से हमला

    Crime News:भिवंडी के शांतीनगर में चुनावी रंजिश ने हिंसक मोड़ लिया, युवक पर चाकू से हमला

    भिवंडी (Bhiwandi): शहर में चुनावी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। शांतीनगर इलाके में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुए विवाद में 27 वर्षीय सैवाज साजीद अंसारी पर चाकू से हमला किया गया। पुलिस ने इस घटना के संबंध में सात नामजद आरोपियों और दो अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है, लेकिन फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

    पुलिस के अनुसार, 5 फरवरी की शाम करीब 5:30 बजे सैवाज साजीद अंसारी गौसिया मस्जिद के पास आयाज सैलून के सामने खड़ा था। इसी दौरान चुनाव से जुड़ी किसी खबर को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

    आरोप है कि रिहान सुलतान अंसारी ने सैवाज के सिर के पिछले हिस्से पर चाकू से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, रिजवान अंसारी और गुफरान अंसारी ने उसे पकड़कर रखा। इब्राहिम अंसारी पर जान से मारने के लिए उकसाने का आरोप है, जबकि फरहान अंसारी ने लकड़ी के डंडे से पीठ और पैरों पर हमला किया।

    सुलतान अंसारी पर गाली-गलौज और धमकी देने का भी आरोप है। इसके अलावा कमरूनिशा कासिमअली अंसारी और दो अज्ञात महिलाओं ने शिकायतकर्ता के परिजनों—काका चुड्डूम अंसारी और चचेरी बहनों नायमा व इनम्मा अंसारी—के साथ मारपीट की।

    पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक विक्रम उदमले कर रहे हैं।

  • Sadak Suraksha Abhiyan:  सड़क सुरक्षा अभियान के तहत नारपोली यातायात विभाग ने दुपहिया चालकों को बांटे हेलमेट

    Sadak Suraksha Abhiyan: सड़क सुरक्षा अभियान के तहत नारपोली यातायात विभाग ने दुपहिया चालकों को बांटे हेलमेट

    भिवंडी।
    सड़क दुर्घटनाओं में हो रही लगातार बढ़ोतरी और दुपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नारपोली यातायात विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा अभियान (Sadak Suraksha Abhiyan) के तहत हेलमेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत 50 दुपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए।

    कार्यक्रम का आयोजन नारपोली यातायात शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक ज्ञानेश्वर साबले के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान सहायक पुलिस निरीक्षक शैलेंद्र म्हात्रे और पुलिस उपनिरीक्षक एस.बी. महाले ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व के बारे में जागरूक किया।

    पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में दुपहिया वाहन चालकों की मौत का प्रमुख कारण हेलमेट न पहनना है। यदि समय पर सुरक्षा उपाय अपनाए जाएं, तो कई जानें बचाई जा सकती हैं।

    इस अवसर पर किसान संगठन के राजू पाटिल, टेम्पो एवं रिक्शा चालक संगठन के प्रतिनिधि, विभिन्न परिवहन संस्थाओं के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

    कार्यक्रम को सफल बनाने में यातायात शाखा के पुलिस कर्मी नितिन लहारे और उनके सहयोगियों ने विशेष भूमिका निभाई। यातायात विभाग ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं की सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

  • Mayor Election 2026: भिवंडी के पूर्व महापौर विलास पाटील को मिली अंतरिम जमानत; महापौर चुनाव में नया मोड़

    Mayor Election 2026: भिवंडी के पूर्व महापौर विलास पाटील को मिली अंतरिम जमानत; महापौर चुनाव में नया मोड़

    भिवंडी: कोणार्क विकास अघाड़ी के पूर्व महापौर विलास पाटील और उनके बेटे पार्षद मयूरेश पाटील को शनिवार को भिवंडी कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई है। जमानत मिलने के बाद महापौर पद के चुनाव (Mayor Election) में प्रतिस्पर्धा और भी तेज हो गई है।

    भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका चुनाव के बाद कोणार्क विकास अघाड़ी के पूर्व महापौर विलास पाटील और भाजपा विधायक महेश चौगुले के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस मामले में निजामपुरा पुलिस स्टेशन में दोनों गुटों के लगभग 51 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इस एफआईआर में विलास पाटील और उनके बेटे मयूरेश पाटील का नाम भी शामिल था।

    शनिवार को हुई सुनवाई में कोर्ट ने विलास पाटील और मयूरेश पाटील को राहत देते हुए उनकी अग्रिम जमानत मंजूर कर ली। इनके साथ ही कोणार्क विकास अघाड़ी के कुल 23 लोगों को जमानत मिली। वहीं, भाजपा विधायक के 3 समर्थकों को भी जमानत मिली। कुल मिलाकर 26 लोगों को भिवंडी कोर्ट से राहत मिली है।

    इस बीच, शुक्रवार को भाजपा की ओर से नारायण चौधरी के नाम की आधिकारिक घोषणा महापौर पद के लिए की गई थी। हालांकि, इस घोषणा के बाद भाजपा पार्षद और पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल पाटील के भतीजे सुमित पाटील ने अपनी नाराजगी जाहिर की, जिससे पार्टी में दो गुट बन गए हैं।

    विलास पाटील के चुनावी मैदान में सक्रिय होने और भाजपा के आंतरिक मतभेदों के कारण महापौर पद की जंग काफी दिलचस्प और चुनौतीपूर्ण हो गई है। इससे पहले कोणार्क विकास अघाड़ी ने सिर्फ़ छह सीटें होने के बावजूद कांग्रेस में फूट डालकर महापौर पद पर कब्ज़ा किया था। अब अग्रिम जमानत मिलने के बाद पार्टी की बढ़ती सक्रियता और शहर में मची आपसी कलह का फायदा उठाकर समीकरण बदल सकती है, जो शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

  • Bhiwandi Haj Yatri: हज यात्रियों के लिए विशेष टीकाकरण अभियान शुरू, 700 से अधिक जायरीन लाभान्वित

    Bhiwandi Haj Yatri: हज यात्रियों के लिए विशेष टीकाकरण अभियान शुरू, 700 से अधिक जायरीन लाभान्वित

    भिवंडी (Bhiwandi)।
    मुस्लिम धर्म की पवित्र हज यात्रा पर जाने वाले जायरीन की सेहत और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका के चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जांच अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत अब तक जिले के 700 से अधिक हज यात्रियों (Bhiwandi Haj Yatri) को आवश्यक रोग-प्रतिरोधक टीके लगाए जा चुके हैं।

    भिवंडी ऐसा एकमात्र केंद्र है, जहाँ पिछले चार वर्षों से हज यात्रियों के लिए लगातार यह विशेष टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक चलाया जा रहा है। इस सुविधा का लाभ केवल भिवंडी शहर के ही नहीं, बल्कि भिवंडी ग्रामीण, कल्याण, मुंब्रा और ठाणे से आने वाले हज यात्री भी उठा रहे हैं।

    शुक्रवार से शुरू हुए इस अभियान में अब तक कुल 702 हज यात्रियों का टीकाकरण किया जा चुका है। यह अभियान अगले दो दिनों तक जारी रहेगा। फार्मासिस्ट आसिफ अंसारी के अनुसार, आने वाले दिनों में करीब 300 और हज यात्रियों के टीकाकरण की उम्मीद है।

    इस अभियान को सफल बनाने के लिए चिकित्सा अधिकारी डॉ. आयशा, फार्मासिस्ट आसिफ अंसारी, पंकज सिंह, राजश्री दाभाडे सहित नर्सिंग स्टाफ की पूरी टीम विशेष मेहनत कर रही है।

    प्रशासनिक टीम ने बताया कि,

    “हज यात्रियों की सेहत और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिले के अलग-अलग हिस्सों से जायरीन यहां आकर टीकाकरण करवा रहे हैं, जो इस केंद्र की विश्वसनीयता और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को दर्शाता है।”

    भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका की ओर से यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी हज यात्रियों को समय पर आवश्यक टीके, प्राथमिक स्वास्थ्य जांच और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे सुरक्षित और स्वस्थ हज यात्रा पूरी कर सकें।