Category: Thane

  • Appeal to electricity customers to pay additional security deposit: बिजली ग्राहकों से अतिरिक्त सुरक्षा जमा राशि भरने की अपील

    कल्याण/वसई/पालघर: महावितरण ने कल्याण परिमंडल क्षेत्र के बिजली ग्राहकों से अपील की है कि वे अपने अप्रैल या मई माह के बिजली बिल के साथ अतिरिक्त सुरक्षा जमा राशि भरें। इसके लिए उपभोक्ताओं को एक अलग बिल प्रदान किया जा रहा है, जिसमें राशि की जानकारी और भुगतान की प्रक्रिया दी गई है। उपभोक्ताओं को यह राशि छह समान मासिक किश्तों में अदा करने की सुविधा भी प्रदान की गई है।

    सुरक्षा जमा राशि की पुनर्गणना
    महाराष्ट्र राज्य विद्युत नियामक आयोग की विद्युत आपूर्ति संहिता 2021 के विनियमन 13.1 के अनुसार, बिजली ग्राहकों से सुरक्षा राशि ली जाती है, जो हर वर्ष उपभोक्ताओं के पिछले वित्तीय वर्ष के औसत बिजली उपयोग के आधार पर पुनर्गणना की जाती है। मासिक बिल वाले उपभोक्ताओं के लिए यह राशि औसत बिल की दो गुना और तिमाही बिल वाले उपभोक्ताओं के लिए डेढ़ गुना तक हो सकती है।

    सुरक्षा राशि पर ब्याज और वापसी
    विनियमन 13.11 के अनुसार, जमा की गई सुरक्षा राशि पर रिजर्व बैंक के दर के अनुसार ब्याज भी दिया जाता है, जिसे बाद में बिजली बिल में समायोजित कर उपभोक्ताओं को लौटाया जाता है।

    ऑनलाइन भुगतान की सुविधा
    महावितरण ने www.mahadiscom.in वेबसाइट और महावितरण मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। उपभोक्ताओं से अनुरोध किया गया है कि वे अतिरिक्त सुरक्षा जमा राशि समय पर भरकर सहयोग प्रदान करें, जिससे बिजली आपूर्ति में कोई बाधा न आए और महावितरण की सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रहें।

  • Smuggling Racket Busted: 13 लाख की चरस के साथ एक गिरफ्तार, पुलिस की सटीक कार्रवाई से भिवंडी में नशा तस्करी का भंडाफोड़

    भिवंडी | भिवंडी शहर में चरस और गांजा जैसे नशीले पदार्थों की चोरी-छिपे हो रही बिक्री ने स्थानीय युवाओं के भविष्य को खतरे में डाल दिया है। इन अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए ठाणे पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे और सह पुलिस आयुक्त डॉ. ज्ञानेश्वर चव्हाण के मार्गदर्शन में पुलिस तंत्र सक्रिय हो चुका है। भिवंडी अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जनार्दन सोनावणे को सूचना मिली कि निजामपुरा के 32 क्वार्टर, राशनिंग ऑफिस के पास एक व्यक्ति चरस बेचने आने वाला है। इस सूचना के आधार पर उन्होंने एक विशेष पुलिस दल के साथ इलाके में जाल बिछाया और मेहबूब उर्फ पप्पू अब्दुलहक खान (उम्र 55, निवासी आंबेडकर चाल, टिटवाला) को रंगेहाथ पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से 435 ग्राम चरस जब्त की है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 13 लाख 5 हजार रुपये आंकी गई है।

    पुलिस की विशेष टीम की कार्रवाई
    इस कार्रवाई का नेतृत्व डीसीपी अमरसिंह जाधव और एसीपी शेखर बागडे के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें सपोनि धनराज केदार, पोउनि रविंद्र पाटिल, सुधाकर चौधरी, पोहवा निलेश बोरसे, सुनील सालुंखे, वामन भोईर, साबिर शेख, सचिन जाधव, रंगनाथ पाटिल, सुदेश घाग, माया डोंगरे, उमेश ठाकुर, रविंद्र सालुंखे जैसे कई अधिकारी शामिल थे। इस मामले में निजामपुरा पुलिस स्टेशन में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक रविंद्र पाटिल द्वारा की जा रही है।

  • Illegal Water Connection: अनधिकृत नल कनेक्शन से पानी बेचने वाले के खिलाफ मामला दर्ज

    भिवंडी | शहर में भीषण जल संकट के बीच, अवैध नल कनेक्शन के कारण कई इलाकों में पानी की अनियमित आपूर्ति की शिकायतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए महानगरपालिका आयुक्त अनमोल सागर ने जल आपूर्ति विभाग को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इन निर्देशों के तहत जल आपूर्ति विभाग के फ्लाइंग स्क्वाड प्रमुख विराज भोईर के नेतृत्व में एक बड़ी कार्रवाई की गई, जिसमें एक व्यक्ति द्वारा अनधिकृत नल कनेक्शन के माध्यम से पानी चुराकर बेचने का मामला उजागर हुआ है। कामतघर के फेणे गांव रोड इलाके में रहने वाला दीपक टाकुडके नामक व्यक्ति नगर निगम की मुख्य जल आपूर्ति लाइन में बिना अनुमति छेद करके एक अवैध नल कनेक्शन स्थापित किया था। इस कनेक्शन से वह 5,000 लीटर क्षमता के टैंक में पानी जमा करता था और पास की चॉल में अवैध रूप से पानी बेचता था।

    40,000 रुपये का नुकसान
    इस गैरकानूनी गतिविधि से जल लाइन को नुकसान पहुंचा और नगर निगम को लगभग ₹40,000 का आर्थिक नुकसान हुआ है। इस मामले में भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ जल चोरी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में अब कोई रियायत नहीं बरती जाएगी और जल चोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

  • Maharashtra Ratna Award: डॉ. पारसनाथ तिवारी को “महाराष्ट्र रत्न पुरस्कार” से सम्मानित किया जाएगा

    पुणे: सामाजिक, शिक्षा, संस्कृति, धर्म और राजनीति जैसे विविध क्षेत्रों में निरंतर कार्यरत एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले डॉ. पारसनाथ तिवारी को इस वर्ष “महाराष्ट्र रत्न पुरस्कार” से सम्मानित किया जाएगा।

    यह पुरस्कार सांस्था अखिल भारतीय द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान महासम्मेलन के दौरान प्रदान किया जाएगा, जो 20 अप्रैल 2025, रविवार को पिंपरी चिंचवड के प्रतिष्ठित आचार्य अत्रे रंगमंदिर में संपन्न होगा। देशभर से कई गणमान्य अतिथि और विशिष्ट जन इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।

    डॉ. तिवारी ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए जो कार्य किए हैं, वे प्रेरणास्रोत माने जाते हैं। उनके कार्यों में शिक्षा का प्रसार, सांस्कृतिक जागरूकता, सामाजिक समरसता और जनसेवा को प्राथमिकता दी गई है। यही कारण है कि उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जा रहा है।

    आयोजन समिति का कहना है कि यह सम्मान देशभर के उन विभूतियों को समर्पित है जो अपने क्षेत्र में विशेष पहचान बनाकर समाज के लिए कार्य कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में अन्य विभूतियों को भी सम्मानित किया जाएगा और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी आकर्षण का केंद्र होंगी।

  • पश्चिम बंगाल में हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद का भिवंडी में प्रदर्शन

    भिवंडी | पश्चिम बंगाल में पिछले कई वर्षों से हिंदू समाज पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से भिवंडी में जोरदार प्रदर्शन किया गया। यह आंदोलन बजरंग दल के कोंकण प्रांत मंत्री संदीप भगत के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।प्रदर्शनकारियों ने भिवंडी प्रांत कार्यालय के सामने धरना देकर केंद्र सरकार से पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की। साथ ही, वहां हिंदू समाज पर हो रहे अत्याचारों को तुरंत रोकने की भी अपील की गई।इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाज़ी की और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कठोर कदम नहीं उठाए गए, तो बजरंग दल उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस प्रदर्शन में वैभव महाडिक, दादा गोसावी सहित कई अन्य स्थानीय कार्यकर्ता भी सक्रिय रूप से शामिल रहे।

    मुख्य मांगें:

    >पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए
    >हिंदू समाज पर हो रहे अत्याचारों पर तत्काल रोक लगे
    >दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए”
    यह आंदोलन सरकार और प्रशासन को एक कड़ा संदेश देता है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो इसका विरोध पूरे देशभर में फैल सकता है।

  • ₹3.38 लाख की बिजली चोरी का पर्दाफाश

    भिवंडी: भिवंडी शहर के पास कारिवली ग्राम पंचायत क्षेत्र में टोरेंट पावर कंपनी ने सवा तीन लाख रुपये की बिजली चोरी का मामला उजागर किया है। यह बिजली वितरण एवं वसूली का कार्य संभाल रही कंपनी है।

    जांच के दौरान सामने आया कि हनुमान मंदिर के पास स्थित विश्वनाथ जगन्नाथ पाटील ने अपने घर के पास से गुजर रही टोरेंट पावर की केबल से अवैध रूप से एक साल तक कनेक्शन जोड़कर बिजली का उपयोग किया। उन्होंने बिना बिजली मीटर के सीधे केबल जोड़कर 10329 यूनिट बिजली की खपत की, जिसकी कुल अनुमानित कीमत ₹3,37,974 बताई गई है। इस गंभीर अनियमितता के बाद शांतिनगर पुलिस स्टेशन में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

  • Grand Hanuman Jayanti Procession Held in Nalasopara: हनुमान जन्मोत्सव पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन

    स्थानीय पुलिस प्रशासन और नागरिकों का विशेष सहयोग

  • हवस के हैवान को मिली मौत: नाबालिका की हत्या के आरोपी विशाल गवली ने जेल में लगाई फाँसी

    कल्याण: कल्याण पूर्व में 13 वर्षीय नाबालिका के अपहरण और हत्या के आरोपी विशाल गवली ने शनिवार को तलोजा जेल में फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जेल प्रशासन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी ने बैरक के अंदर ही खुद को फाँसी पर लटकाया।
    23 दिसंबर 2024 को कल्याण पूर्व से 13 वर्षीय मासूम का अपहरण कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस घिनौनी वारदात के बाद आरोपी विशाल गवली अपनी पत्नी साक्षी के साथ फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया था।


    पिछले तीन महीनों से दोनों तलोजा जेल में बंद थे और हाल ही में विशाल गवली के खिलाफ ट्रायल शुरू होने वाला था। मामले को लेकर जनता और मृतक के परिजन लगातार आरोपी को फाँसी की सजा देने की मांग कर रहे थे।
    विशाल की आत्महत्या की खबर सामने आते ही समाज में मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। मृतक नाबालिका के पिता ने कहा, “विशाल को उसके पापों की सजा आखिरकार मिल ही गई।” वहीं शिवसेना नेता महेश गायकवाड़ ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यदि उसे न्यायालय से फाँसी मिलती तो यह न्यायिक दृष्टिकोण से अधिक उचित होता।”
    घटना की खबर फैलते ही आम जनता ने भी राहत की सांस ली। कई लोगों का कहना है कि अब इस मासूम की आत्मा को शांति मिल पाएगी।

  • 1444 dangerous buildings in bhiwandi : भिवंडी में 1444 खतरनाक इमारतें, सैकड़ों परिवारों की जान जोखिम में

    1444 dangerous buildings in bhiwandi : भिवंडी में 1444 खतरनाक इमारतें, सैकड़ों परिवारों की जान जोखिम में

    भिवंडी। भिवंडी निजामपूर महानगरपालिका क्षेत्र में खतरनाक और अति खतरनाक इमारतों की संख्या बढ़ती जा रही है। नगर प्रशासन के अनुसार, फिलहाल शहर में 1444 इमारतें खतरनाक घोषित की गई हैं, जिनमें से 287 इमारतें अति खतरनाक (C-1 श्रेणी) की हैं। इसके अलावा, 738 इमारतें C-2A श्रेणी में हैं जिन्हें खाली कर मरम्मत की जानी चाहिए, जबकि 372 इमारतें C-2B में हैं जिनमें रहते हुए मरम्मत संभव है। 45 इमारतें C-3 श्रेणी में मामूली मरम्मत योग्य हैं। यह जानकारी शहर विकास अधिकारी अरविंद घुगरे ने दी।पिछले वर्ष ऐसी 49 इमारतों को हटाया गया था, लेकिन हाल के महीनों में यह कार्रवाई धीमी पड़ गई है। स्थिति गंभीर है, क्योंकि इन खतरनाक इमारतों में आज भी सैकड़ों परिवार रह रहे हैं, जिससे उनकी जान खतरे में है।पिछले कुछ वर्षों में खतरनाक इमारतों से जुड़ी दुर्घटनाओं में 90 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, इसके बावजूद पालिका प्रशासन की कार्रवाई अपेक्षा के अनुरूप नहीं है।कार्रवाई में सबसे बड़ी बाधा स्थानीय नेताओं का हस्तक्षेप, अवैध निर्माण, और पगड़ी प्रणाली के कारण चल रहे विवाद बन रहे हैं। नागरिकों और प्रशासन से यह अपेक्षा की जा रही है कि वे मिलकर समय रहते ठोस कदम उठाएं, जिससे भविष्य में कोई बड़ा हादसा रोका जा सके।

  • कडोंमपा शिक्षण विभाग द्वारा बाल रक्षा अभियान कार्यशाला संपन्न (Bal Raksha Abhiyan Workshop Concluded by KDMC Education Department)

    कल्याण। कल्याण डोंबिवली महानगरपालिका ( Kalyan-Dombivali Municipal Corporation) के शिक्षण विभाग के तहत बाल रक्षा अभियान को लेकर एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई । शिक्षकों ने बाल सुरक्षा (Child security) से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सावधानियों से शिक्षकों को अवगत कराना था। इसमें स्कूल बस परिवहन की सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, स्कूल बस चालकों से संबंधित अनुचित घटनाओं पर कार्रवाई और अन्य सुरक्षा उपायों पर गहन चर्चा की गई।

    महापालिका शिक्षण विभाग के उपायुक्त संजय जाधव, प्रशासन अधिकारी रमेश चव्हाण और शिक्षणाधिकारी विजय सरकटे के मार्गदर्शन में तथा सहायक कार्यक्रम अधिकारी अर्चना जाधव के समन्वय से यह कार्यशाला सुभेदार वाडा माध्यमिक विद्यालय, कल्याण (पश्चिम) में आयोजित की गई।

    इस कार्यशाला में समतोल फाउंडेशन, ठाणे के विजय जाधव, ठाणे जिला परिषद के अनिल कुऱ्हाडे, सुभेदार वाडा हायस्कूल की उपमुख्याध्यापिका रंजना पाटिल और प्राथमिक विभाग की पोतदार मैडम ने मार्गदर्शन किया।

    कार्यशाला में शिक्षणाधिकारी विजय सरकटे ने विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़ी अतिरिक्त जानकारियाँ साझा कीं। तांत्रिक सहायता चंदन माने ने प्रदान की, जबकि समन्वयक की भूमिका गुरुनाथ इसामे और प्रदीप भोईर ने निभाई।

    इस सफल कार्यशाला ने शिक्षकों को बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए, जिससे वे अपने विद्यालयों में इन उपायों को प्रभावी रूप से लागू कर सकें।