Category: KDMC

  • बी के बिड़ला महाविद्यालय में वार्षिक खेल महोत्सव ‘ऊर्जा-03’ संपन्न, 1596 छात्रों की सहभागिता

    बी के बिड़ला महाविद्यालय में वार्षिक खेल महोत्सव ‘ऊर्जा-03’ संपन्न, 1596 छात्रों की सहभागिता

    कल्याण। बी. के. बिड़ला महाविद्यालय, कल्याण के शारीरिक शिक्षण एवं खेल विभाग द्वारा आयोजित वार्षिक खेल महोत्सव ‘ऊर्जा-03’ का सफलतापूर्वक समापन हो गया। दो दिनों तक चले इस खेल महोत्सव में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ महाविद्यालयों के कुल 1596 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन का आधिकारिक वेब पार्टनर ‘इको कैम्पस’ रहा।

    खेल महोत्सव का उद्घाटन महाविद्यालय के शिक्षा निदेशक डॉ. नरेश चन्द्र, प्राचार्य डॉ. अविनाश पाटील, शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डॉ. अनिल तिवारी, खेल निदेशक डॉ. वाई. डी. बागराव, प्रा. रोहिणी पाटील एवं दर्शन फुले की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बॉक्स क्रिकेट मैदान, लम्बी कूद पिट, गोला फेंक एवं चक्र फेंक जैसी नई खेल सुविधाओं का भी उद्घाटन किया गया।

    खेल महोत्सव के प्रथम दिन शतरंज, टेबल टेनिस एवं फ्री फायर जैसे एकाग्रता बढ़ाने वाले खेलों में विद्यार्थियों की विशेष सहभागिता देखने को मिली। वहीं दूसरे दिन त्रिस्तरीय दौड़ प्रतियोगिता, लम्बी कूद, गोला फेंक, रस्साकसी, कैरम, बैडमिंटन, बीजीएमआई ई-स्पोर्ट्स सहित अन्य खेलों का आयोजन किया गया। इस दौरान लगाए गए ‘फन स्टाल’ छात्रों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।

    गौरतलब है कि बी. के. बिड़ला महाविद्यालय पिछले एक दशक से खेल के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। महाविद्यालय के खेल विभाग से जुड़े कई छात्र बॉक्सिंग और कुश्ती में राष्ट्रीय स्तर, जबकि योग एवं रग्बी में फ्रांस और जर्मनी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।

    खेलों को बढ़ावा देने में महाविद्यालय की प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ओ. आर. चितलांगे का निरंतर सहयोग, शिक्षा निदेशक डॉ. नरेश चन्द्र का प्रोत्साहन तथा प्राचार्य डॉ. अविनाश पाटील का मार्गदर्शन उल्लेखनीय रहा है। विद्यार्थियों को खेल संबंधी अत्याधुनिक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सशक्त मंच मिल रहा है।

  • Thane News: प्रजापति समाज विकास मंडल की कार्यकारिणी बैठक संपन्न, नई नियुक्तियों पर लगी मुहर

    Thane News: प्रजापति समाज विकास मंडल की कार्यकारिणी बैठक संपन्न, नई नियुक्तियों पर लगी मुहर

    नवी मुंबई। प्रजापति समाज विकास मंडल रजि., एक राष्ट्रीय सामाजिक संस्था (एनजीओ) की कार्यकारिणी बैठक पनवेल में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्र प्रताप प्रजापति की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

    बैठक के दौरान 11 जनवरी को आयोजित 21वें वार्षिक सम्मेलन की समीक्षा की गई। सम्मेलन को लेकर सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार किया गया और आने वाले कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए कई सुझावों को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया।

    राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्र प्रताप प्रजापति ने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और सहयोगी महानुभावों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से संस्था सामाजिक सेवा के अपने उद्देश्यों को मजबूती से आगे बढ़ा रही है।

    बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से दो नई महत्वपूर्ण नियुक्तियों की भी घोषणा की गई।

    • राज किशोर प्रजापति को अलीबाग तालुका का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
    • लव कुमार प्रजापति को पनवेल महानगरपालिका क्षेत्र के लिए युवा प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया।

    इस अवसर पर राष्ट्रीय मुख्य महासचिव गजेंद्र प्रजापति, रायगढ़ जिला महासचिव इंदर प्रजापति, न्यू पनवेल शहर अध्यक्ष गोवर्धन प्रजापति, सुबोध प्रजापति, इंद्र कुमार प्रजापति, पिंटू प्रजापति, संजय प्रजापति, सियाराम प्रजापति, राकेश कुमार प्रजापति, रोहित प्रजापति सहित अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

    बैठक के अंत में समाजहित में एकजुट होकर कार्य करने और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया गया।

  • Talent Hunt 2026: कांग्रेस ने शुरू किया ‘प्रतिभा खोज’ अभियान, विशेषज्ञों को मिलेगा पार्टी में जुड़ने का अवसर

    Talent Hunt 2026: कांग्रेस ने शुरू किया ‘प्रतिभा खोज’ अभियान, विशेषज्ञों को मिलेगा पार्टी में जुड़ने का अवसर

    मुंबई: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने नई और विशेषज्ञ प्रतिभाओं को अवसर देने के उद्देश्य से ‘प्रतिभा खोज’ अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत देशभर के विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को कांग्रेस पार्टी में काम करने का मंच उपलब्ध कराया जाएगा। यह जानकारी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व विधायक हरि शंकर गुप्ता ने पत्रकार परिषद में दी।

    हरि शंकर गुप्ता ने बताया कि यह अभियान तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहले चरण में ऑनलाइन आवेदन 15 फरवरी तक स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद इन आवेदनों की छानबीन की जाएगी और वरिष्ठ नेताओं, अनुभवी पत्रकारों और समाज के विशेषज्ञों की समिति द्वारा प्रत्यक्ष साक्षात्कार लिया जाएगा। साक्षात्कार के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।

    गुप्ता ने कहा कि इस अभियान से चयनित लोगों को कांग्रेस पार्टी के साथ काम करने का मौका मिलेगा। उन्हें प्रवक्ता, सोशल मीडिया और शोध कार्यों में योगदान देने का अवसर मिलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को देशभर में पहुंचाना और पार्टी में नए, ताजगी भरे चेहरों को जोड़ना है।

    मुंबई कांग्रेस के प्रवक्ता सुरेशचंद्र राजहंस ने बताया कि मुंबई कांग्रेस अध्यक्षा वर्षाताई गायकवाड़ के नेतृत्व में टैलेंट हंट कमिटी बनाई गई है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने और सभी जिलों में समन्वय स्थापित करने का काम कमिटी द्वारा किया जाएगा। राजहंस ने कहा कि यह अभियान कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी के विचारों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

    इस अवसर पर मुंबई कांग्रेस के अन्य नेता निजामुद्दीन राईन, शकील चौधरी और अनुसूचित जाति विभाग मुंबई अध्यक्ष सुभाष भालेराव भी उपस्थित थे।

  • KDMC Politics: कल्याण-डोंबिवली में मनसे का रुख बदला, भाजपा ने बताया 2019 के ‘विश्वासघात’ का नतीजा

    KDMC Politics: कल्याण-डोंबिवली में मनसे का रुख बदला, भाजपा ने बताया 2019 के ‘विश्वासघात’ का नतीजा

    मुंबई। भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को दावा किया कि कल्याण-डोंबिवली नगर निगम (केडीएमसी) में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) द्वारा शिवसेना (शिंदे गुट) को समर्थन दिया जाना, 2019 में उद्धव ठाकरे द्वारा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से किए गए ‘विश्वासघात’ का परिणाम है। भाजपा का कहना है कि अब राजनीतिक फैसलों का असर जमीन पर दिखाई देने लगा है।

    राज्य भाजपा के मीडिया प्रभारी नवनाथ बान ने आरोप लगाया कि शिवसेना (उबाठा) ने मनसे को राजनीतिक रूप से नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि 2017 की तुलना में इस बार मुंबई में मनसे के पार्षदों की संख्या कम हुई है, जबकि शिवसेना (उबाठा) के साथ गठबंधन के बावजूद पार्टी को अपेक्षित लाभ नहीं मिला।

    बान ने संकेत दिया कि कल्याण-डोंबिवली में बना नया राजनीतिक समीकरण अन्य नगर निकायों में भी दोहराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जनता अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को विकास के प्रतीक के रूप में देख रही है।

    गौरतलब है कि बुधवार को मनसे के पांच पार्षदों ने भाजपा के साथ गठबंधन में शामिल एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को केडीएमसी में समर्थन देने की घोषणा की। इसे शिवसेना (उबाठा) के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है, खासकर तब जब दोनों दलों ने हाल ही में बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) का चुनाव एक साथ लड़ा था।

    भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में नवनाथ बान ने कहा कि 2019 में भाजपा के साथ चुनाव लड़ने के बाद उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद के लिए देवेंद्र फडणवीस से विश्वासघात किया था। अब उसी का परिणाम कल्याण-डोंबिवली में दिखाई दे रहा है।

    इस बीच शिवसेना (उबाठा) सांसद संजय राउत ने दावा किया कि केडीएमसी में हुए घटनाक्रम से राज ठाकरे नाराज़ हैं, क्योंकि यह मनसे का आधिकारिक फैसला नहीं था। हालांकि मनसे नेता बाला नंदगांवकर ने कहा कि यह स्थानीय स्तर पर बनी सहमति का नतीजा है।

    संजय राउत के बयान पर पलटवार करते हुए बान ने कहा कि जिन नेताओं ने खुद राजनीतिक नैतिकता को ताक पर रखा, उन्हें दूसरों को नैतिकता का पाठ पढ़ाने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवसेना (उबाठा) जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है।

    भाजपा नेता ने दावा किया कि मुंबई, ठाणे, कल्याण-डोंबिवली, नवी मुंबई समेत राज्य के कई हिस्सों में महायुति को स्पष्ट जनादेश मिला है। साथ ही उन्होंने कुछ धार्मिक नेताओं को लेकर राउत की हालिया टिप्पणियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि शिवसेना (उबाठा) की संतों के प्रति चिंता चुनावी हार के बाद ही सामने आई है, जबकि सत्ता में रहते हुए 2020 में पालघर में दो साधुओं की हत्या के समय पार्टी चुप्पी साधे रही।

  • KDMC Election: कल्याण में भाजपा तटस्थ कार्यकर्ता संदीप तिवारी के नए कार्यालय का उद्घाटन, पैनल 13 की राजनीति में बढ़ी सरगर्मी

    KDMC Election: कल्याण में भाजपा तटस्थ कार्यकर्ता संदीप तिवारी के नए कार्यालय का उद्घाटन, पैनल 13 की राजनीति में बढ़ी सरगर्मी

    कल्याण। भाजपा के तटस्थ कार्यकर्ता संदीप तिवारी के नए कार्यालय का भव्य उद्घाटन विश्वास अपार्टमेंट, शॉप नंबर–4, शंकर पवासे रोड, राय वैली के सामने संपन्न हुआ। कार्याqलय का उद्घाटन महेश गायकवाड़ के करकमलों से किया गया। इस अवसर पर पैनल क्रमांक 13 के कुछ स्थानीय नगरसेवकों की भी विशेष उपस्थिति रही।
    कार्यालय उद्घाटन के अवसर पर शाम 4 बजे से सुंदरकांड पाठ का भव्य धार्मिक आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक, समर्थक एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। भक्तिमय वातावरण और उमड़ी भारी भीड़ ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
    पैनल 13 में चुनावी हलचल तेज
    कार्यालय उद्घाटन के साथ ही स्थानीय राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। चुनावी दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाने वाले पैनल क्रमांक 13 में संदीप तिवारी द्वारा कार्यालय खोले जाने को आगामी चुनावों की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। जिस परिसर में यह कार्यालय स्थापित हुआ है, वहां पूर्व नगरसेवक मनोज राय का भी लंबे समय तक राजनीतिक प्रभाव रहा है।
    अब तक संदीप तिवारी को पूर्व नगरसेवक मनोज राय का करीबी और उनके दाहिने हाथ के रूप में जाना जाता रहा है। दोनों के बीच लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक समन्वय देखा गया है। ऐसे में तिवारी द्वारा स्वतंत्र रूप से सक्रिय होते हुए इस क्षेत्र में कार्यालय खोलना कई राजनीतिक संकेत दे रहा है।
    नए समीकरणों की संभावना
    स्थानीय राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संदीप तिवारी का यह कदम आने वाले समय में नए राजनीतिक समीकरण बना सकता है। क्षेत्र में यह चर्चा जोरों पर है कि तिवारी का बढ़ता जनसंपर्क और प्रभाव मनोज राय के पारंपरिक वोट बैंक को प्रभावित कर सकता है।
    हालांकि संदीप तिवारी की ओर से अभी तक किसी प्रकार की औपचारिक राजनीतिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन कार्यालय उद्घाटन और धार्मिक आयोजन में उमड़ी भारी भीड़ को उनकी बढ़ती ताकत के रूप में देखा जा रहा है।
    राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि आने वाले दिनों में यह कार्यालय स्थानीय राजनीति का नया केंद्र बन सकता है। फिलहाल, इस घटनाक्रम ने राय वैली और आसपास के क्षेत्रों की राजनीति में नई ऊर्जा और सरगर्मी पैदा कर दी है। आगामी चुनावों में इसका क्या असर होगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
    कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित
    इस अवसर पर प्रमुख रूप से सुरेश उपाध्याय, राकेश (मुन्ना) मिश्रा, अमित (मोनू) पाठक, शिवा पाण्डेय, शिवम मिश्रा, बिपिन मिश्रा, दयाराम यादव, संदीप सिंह, कपिल चौहान, रामसूरत चौहान, सुभाष गुप्ता, अनिल गुप्ता, ज्ञानसार पाण्डेय, पवन दुबे, मनीष मौर्य, प्रीतम गुप्ता एवं उमेश पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

  • Aashirwad Foundation:आशिर्वाद फाउंडेशन ने वृक्षारोपण और स्वतंत्रता दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

    Aashirwad Foundation:आशिर्वाद फाउंडेशन ने वृक्षारोपण और स्वतंत्रता दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

    प्रेम चौबे।

    भाईंदर (पश्चिम), उत्तन। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आशिर्वाद फाउंडेशन – जीने का सहारा ने उत्तन क्षेत्र में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस मौके पर संस्था के सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण किया। संस्था की ओर से विशेष नारा दिया गया –
    “एक वृक्ष इस शहर के स्वच्छ वातावरण के लिए।”

    कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के वीर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर मीरा-भाईंदर शहर की पूर्व नगरसेविका एवं समाजसेविका सुनीला शर्मा तथा समस्त ब्राह्मण समाज फाउंडेशन के संस्थापक सतेन्द्र शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

    आशिर्वाद फाउंडेशन की ओर से गणेश पाण्डेय, रामकृष्ण लाल, शांत प्रकाश शर्मा, कृष्ण कुमार, निलेश गुप्ता, विशाल तिवारी, सूरज दूबे और धनंजय दीक्षित सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर वृक्षारोपण किया और हरियाली एवं स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।

    इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि वृक्ष ही जीवन का आधार हैं और हर नागरिक का दायित्व है कि पर्यावरण की रक्षा के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं।

  • TMC: गणेशोत्सव आरास प्रतियोगिता के लिए किया आवाहन,शाडू मिट्टी से बनी गणेश मूर्तियों को मिलेंगे पुरस्कार; ठाणे मनपा की पहल

    TMC: गणेशोत्सव आरास प्रतियोगिता के लिए किया आवाहन,शाडू मिट्टी से बनी गणेश मूर्तियों को मिलेंगे पुरस्कार; ठाणे मनपा की पहल

    ठाणे। ठाणे महानगरपालिका ने हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों के लिए आरास प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया है। मनपा आयुक्त सौरभ राव ने गणेश मंडलों से इस प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की है।

    मनपा द्वारा इस प्रतियोगिता में तीन श्रेणियां रखी गई हैं – रूपांकन (सजावट), स्वच्छता और मूर्तिकार। आरास श्रेणी के विजेताओं को प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹25,000, द्वितीय को ₹20,000, तृतीय को ₹15,000 और सांत्वना पुरस्कार के रूप में ₹10,000 तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। वहीं मूर्तिकार और स्वच्छता श्रेणियों के विजेताओं को ₹10,000, ₹7,000 और ₹5,000 के नकद पुरस्कार के साथ पदक और प्रशंसा पत्र दिया जाएगा।

    इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए इच्छुक मंडलों को मनपा के सूचना जनसंपर्क विभाग, पचपाखड़ी स्थित मुख्यालय से आवेदन पत्र लेना होगा। आवेदन शुक्रवार, 1 अगस्त 2025 से सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे और दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक वितरित किए जाएंगे। आवेदन की अंतिम तिथि गुरुवार, 14 अगस्त 2025 तय की गई है।

    मनपा ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी मंडलों को मनपा द्वारा निर्धारित नियमों और शर्तों का पालन करना अनिवार्य होगा।

  • Clean Drinking Water Facility Launched for Students: भिवंडी मनपा स्कूल में विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल सुविधा शुरू, जनकल्याण चैरिटेबल ट्रस्ट और एस.आर. ग्रुप की पहल

    Clean Drinking Water Facility Launched for Students: भिवंडी मनपा स्कूल में विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल सुविधा शुरू, जनकल्याण चैरिटेबल ट्रस्ट और एस.आर. ग्रुप की पहल

    राष्ट्रीय स्वाभिमान। संजय दुबे
    भिवंडी। जनकल्याण चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से एस.आर. ग्रुप ऑफ़ कंपनीज द्वारा भिवंडी महानगरपालिका स्कूल नंबर 54, रावजी नगर में विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने हेतु एक अत्याधुनिक जल शुद्धिकरण मशीन का उद्घाटन किया गया।

    इस अवसर पर उद्घाटन समारोह के मुख्य उद्घाटक श्री रमाकांत पांडा तथा प्रमुख अतिथि पूर्व नगरसेवक संतोष शेट्टी, एडवोकेट हर्षल पाटिल और प्रशांत लाड उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने इस सामाजिक पहल की सराहना की और संस्थाओं के प्रयासों की प्रशंसा की।

    विद्यालय प्रशासन एवं उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने एस.आर. ग्रुप ऑफ़ कंपनीज के चेयरमैन रमाकांत पांडा, बिस्वारंजन पांडा और जनकल्याण चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी मंगेश यादव तथा विनोद येनागंदला के प्रति आभार व्यक्त किया।

    यह पहल विद्यार्थियों को सुरक्षित और स्वच्छ जल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे उनके स्वास्थ्य और शैक्षणिक वातावरण में सकारात्मक सुधार की उम्मीद की जा रही है।